जमशेदपुर/झारखंड: राज्य में महिलाओं और बहनों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक संस्था ‘सेवा ही लक्ष्य (युवाशक्ति)’ ने एक विशेष पहल की शुरुआत की है। संस्था ने घोषणा की है कि रात के समय किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर महिलाएं सीधे उनकी टीम से मदद मांग सकती हैं।
“माँ-बहन सुरक्षित, तो झारखंड सुरक्षित”
संस्था के सक्रिय सदस्य पीयूष ठाकुर ने इस मुहिम को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर साझा करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “अगर हमारी माँ-बहनें सुरक्षित हैं, तभी हमारा झारखंड सुरक्षित रह सकता है।”
पीयूष ठाकुर ने महिलाओं से अपील की है कि यदि राह चलते समय या कहीं घूमने जाने के दौरान कोई भी लड़का छेड़खानी या अभद्र व्यवहार करता है, तो उसे बर्दाश्त न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं और सहायता के लिए संस्था की टीम को सूचित करें।
समाज सेवा के लिए समर्पित युवाशक्ति
’सेवा ही लक्ष्य (युवाशक्ति)’ एक ऐसी संस्था है जो हर प्रकार की सामाजिक गतिविधियों और सेवा भाव के लिए जानी जाती है। संस्था के सदस्य हमेशा समाज हित के कार्यों में तत्पर रहते हैं।
संस्था के अध्यक्ष श्री बिकाश दे एवं मीडिया प्रभारी आयुष सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि पूरी युवाशक्ति पीयूष ठाकुर के इस विचार के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था के सभी युवा हमेशा समाज की भलाई और सुरक्षा के लिए तत्पर हैं और भविष्य में भी रहेंगे।
मदद के लिए यहाँ करें संपर्क
यदि किसी भी महिला या बहन को रात के समय या किसी भी विषम परिस्थिति में सहायता की आवश्यकता हो, तो वे संस्था के इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकती हैं:
सम्पर्क सूत्र: 9608088055
तीसरी धारा न्यूज़ की अपील
सामाजिक सुरक्षा के लिए युवाओं का इस प्रकार आगे आना एक सकारात्मक संदेश है। तीसरी धारा न्यूज़ इस पहल की सराहना करता है और पाठकों से अपील करता है कि इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करें ताकि जरूरत पड़ने पर किसी की मदद हो सके।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़










