तीसरी धारा न्यूज (जमशेदपुर):
शहर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोइलाडेरा (घोड़ाबांधा) में शनिवार को कथित तौर पर गाय चोरी करते हुए एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर निवासी मोहम्मद सोहेल के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गोइलाडेरा में संदिग्ध अवस्था में गाय ले जाते देख ग्रामीणों को युवक पर शक हुआ। इसके बाद लोगों ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस स्थल पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस फिलहाल आरोपी युवक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है। साक्ष्यों और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











