तीसरी धारा न्यूज, जमशेदपुर:
शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित “यूनिक कलेक्शन” कपड़ा दुकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान इस सनसनीखेज कांड का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में कुख्यात मनीष सिंह गैंग से जुड़े छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मैरून रंग की वैगनआर कार, चार अवैध देसी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वर्चस्व और रंगदारी के लिए चलाई थी गोलियां
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बीते 15 मई को कार सवार अपराधियों ने जुगसलाई के नगर परिषद बाजार स्थित कपड़ा दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस वारदात के पीछे अपराधियों का मकसद इलाके में दहशत फैलाना, कारोबारियों से रंगदारी वसूलना और अपना वर्चस्व कायम करना था। घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तौकीर आलम के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे गए अपराधी
विशेष जांच टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों को चिन्हित किया। इसके बाद 19 मई को शहर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम:
- अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन
- राहुल कुमार उर्फ बडकू
- हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी
- राहुल सिंह उर्फ गेटलू
- अंकित सोनकर उर्फ खटीक
- बानेश्वर नामता
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे कुख्यात मनीष सिंह गैंग के सदस्य हैं और रंगदारी व दहशत फैलाने के इरादे से ही उन्होंने फायरिंग की इस घटना को अंजाम दिया था।
पकड़े गए आरोपियों का है लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अपराधियों का पुराना और लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनमें से बानेश्वर नामता के खिलाफ सरायकेला-खरसावां के चांडिल, चौका, आरआईटी, तिरुलडीह और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के अड़सा थाना में हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अंकित सोनकर, राहुल उर्फ बडकू और हरप्रीत सिंह के खिलाफ भी जमशेदपुर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।











