जमशेदपुर:
लौहनगरी में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। ताजा मामला परसुडीह थाना अंतर्गत सुभाष नगर, राजेंद्र पथ का है, जहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर नकद, जेवर और घरेलू सामान समेत लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
श्राद्ध कर्म में गया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र पथ निवासी शिव शंकर दास के परिवार में एक सदस्य की मृत्यु हो गई थी। इस कारण पूरा परिवार श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए अपने पैतृक आवास बहरागोड़ा गया हुआ था। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और जमकर उत्पात मचाया।
गैस सिलेंडर तक उठा ले गए चोर
शिव शंकर दास के बेटे सूरज ने बताया कि उनके पिता पूजा भंडार की दुकान चलाते हैं और वह स्वयं फल व्यवसायी हैं। चोरों ने घर के अलमारी के लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, शातिर चोर घर के घरेलू सामान और गैस सिलेंडर तक उठा ले गए।
सूरज ने बताया कि घर की देखरेख की जिम्मेदारी खकरीपाड़ा निवासी उनके भगिना सोनू को सौंपी गई थी, लेकिन इसी बीच चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार बहरागोड़ा से वापस लौटा और बुधवार को परसुडीह थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
तीसरी धारा न्यूज











