
ताजा खबर











तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 21 नवंबर, 2026
रंगरेटा महासभा और बीर खालसा दल ने किया सम्मान, पद्म सम्मान न मिलने पर जताया खेद
लौहनगरी जमशेदपुर के चर्चित समाजसेवी और चिकित्सक डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू के जीवन के 94 वर्ष पूरे करने के अवसर पर रंगरेटा महासभा और बीर खालसा दल की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर रंगरेटा महासभा के संस्थापक मंजीत सिंह गिल ने कहा कि झारखंड में सिखों का नाम रोशन करने वाले डॉ. सिद्धू को अब तक पद्म सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर रंगरेटा महासभा बहुत जल्द राज्यपाल और जमशेदपुर सांसद को ज्ञापन सौंपेगी।
शहीदी दिहाड़े पर मिलेगा ‘झारखंड सिक्ख रतन सम्मान’, गरीबों के मसीहा बताया गया
मंजीत सिंह गिल ने घोषणा की कि अगले महीने एग्रिको मैदान में आयोजित शहीदी दिहाड़े के अवसर पर डॉ. सिद्धू को ‘झारखंड सिक्ख रतन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से सिख समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बीर खालसा दल के अध्यक्ष रविन्दर सिंह रिंकू और सलाहकार प्रीतम सिंह भाटिया भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सिद्धू झारखंड में सिखों की आन, बान और शान होने के साथ-साथ आजीवन जरूरतमंद और गरीब मरीजों के लिए मसीहा बने रहे हैं। रविन्दर सिंह ने कहा कि डॉ. सिद्धू को पद्म सम्मान दिलाने के संदर्भ में बहुत जल्द राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर मांग की जाएगी।
पुष्प गुच्छ व शॉल ओढ़ाकर किया गया अभिनंदन, ‘बोले सो निहाल’ के गूंजे जयकारे
सम्मान समारोह के दौरान गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह, चरणजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू का अभिनंदन किया तथा इस दौरान ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
📌 तीसरी धारा न्यूज
समाज, सम्मान और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / आदित्यपुर / 21 नवंबर, 2026
दोपहर करीब 12 बजे हुई घटना, पिलर के सहारे रोककर बचाई गई जान
आदित्यपुर के खरकई पुल पर शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी ने छोटे पुल से नदी में छलांग लगा दी। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। किशोरी को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव के प्रयास शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से किशोरी को नदी में पुल के पिलर के पास सुरक्षित पहुंचाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना के बाद कुछ समय तक किशोरी को गहरे पानी के किनारे पुल के पिलर के पास सुरक्षित रखा गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव भी तेज था, जिसके चलते बचाव अभियान के दौरान टीम को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी के प्रयासों से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने किशोरी को लिया हिरासत में/थाने ले गई, छलांग लगाने के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों के सहयोग से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकलवाने के बाद उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी ने नदी में छलांग क्यों लगाई और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
जनसुरक्षा, हर बड़ी अपडेट और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / रांची / 20 नवंबर, 2026
चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के कारण मौसम में बड़ा बदलाव
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ का सीधा असर अब झारखंड के कई हिस्सों में दिखने लगा है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ी है और मौसम विभाग ने स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया है। रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से राज्य के मौसम में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 20 नवंबर को झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक, इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात (ठनका गिरने) की भी संभावना बनी हुई है। लगातार या तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन में दिक्कतों की स्थिति पैदा हो सकती है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, जनजीवन प्रभावित होने की आशंका
रांची मौसम केंद्र के अनुमान के अनुसार, आज दक्षिणी और मध्य झारखंड में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। तेज हवा और बारिश के मद्देनजर लोगों को खुले स्थानों, कच्चे ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
23 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज, अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस पूरे दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों का संभावित मौसम इस प्रकार रहेगा:
📌 तीसरी धारा न्यूज
मौसम अपडेट, जनसुरक्षा और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / सरायकेला / 19 नवंबर, 2026
गोपाल मैदान में आदिवासी जनसंवाद के दौरान हुई थी घटना, आंदोलनकारियों के सम्मान पर उठे सवाल
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे 1990 के दशक में अविभाजित बिहार के घाटशिला विधानसभा से पूर्व विधायक रहे सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले की घटना को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस घटना की अनुसूचित जाति जनजाति एकता मंच सरायकेला-खरसावां के जिला संरक्षक सह मूलनिवासी संघ के जिला उपाध्यक्ष रंजन कारूवा ने कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि आजसू के संस्थापक रहे सूर्य सिंह बेसरा झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे हैं और अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनका संघर्ष, योगदान व समर्पण अविस्मरणीय है।
आंदोलन के ऐतिहासिक योगदान को किया याद, सीसीटीवी और उच्चस्तरीय जांच की मांग
रंजन कारूवा ने कहा कि 72 घंटे के झारखंड बंद के दौरान रेल चक्का जाम करने पर पृथक् झारखंड राज्य से जुड़े विषयों को लेकर तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए दिल्ली बुलाया था। उन्होंने बताया कि अलग झारखंड राज्य के लिए सूर्य सिंह बेसरा ने अपनी विधायकी तक त्याग दी थी। ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी और सम्मानित नेता के साथ मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और चिंताजनक है, जिसने आंदोलनकारियों के सम्मान और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्री कारूवा ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और उच्चस्तरीय जांच-पड़ताल कर इस घटना में पर्दे के पीछे छिपे आकाओं का नाम उजागर किया जाए।
टीएमएच में बेहतर इलाज व सुरक्षा की मांग, भविष्य में ऐसी घटना रोकने पर जोर
इसके साथ ही उन्होंने टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाजरत सूर्य सिंह बेसरा को बेहतर चिकित्सा सुविधा और समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। रंजन कारूवा ने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासनिक विभाग को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी आंदोलनकारी, सम्मानित वरिष्ठ नागरिक या आम लोगों के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।
📌 तीसरी धारा न्यूज
झारखंड की राजनीति, आंदोलनकारियों के सम्मान और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 19 नवंबर, 2026
मैट्रिमोनियल ग्रुप के जरिए संपर्क और फर्जी दस्तावेज दिखाने का आरोप
गुवाहाटी (असम) से जमशेदपुर पहुंची एक पीड़ित महिला ने मीडिया के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, शादी मैट्रो ग्रुप के जरिए अमित विश्वकर्मा नामक युवक से उसका संपर्क हुआ था, जिसने खुद को विधुर बताया था और उसकी मां अनीता शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की थी। महिला का आरोप है कि गुवाहाटी जाकर युवक ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज व ऑफर लेटर दिखाए और अपनी मां को सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी बताया। बाद में ऑफर लेटर की जांच करने पर उसके संपादित (एडिटेड) होने का दावा किया गया तथा यह भी आरोप लगाया गया कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसका 9 साल का बच्चा भी है।
2024 से चल रहा मामला, पॉस्को केस और जमानत के बाद प्रताड़ना के आरोप
महिला के अनुसार, 9 वर्षीय नाबालिग बेटी द्वारा कथित तौर पर गलत व्यवहार किए जाने की बात कहे जाने के बाद उसने मामले की जानकारी ली। महिला का कहना है कि वर्ष 2024 में वह आदित्यपुर आई थी और आदित्यपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराकर मामला गुवाहाटी ट्रांसफर कराया गया, जहाँ पॉस्को केस चल रहा है। आरोप है कि वारंट होने के बाद माफी और आश्वासन के आधार पर जमानत पर आपत्ति नहीं की गई, लेकिन जमानत मिलने के बाद कथित तौर पर प्रताड़ना और धमकियां दी जाने लगीं।
आपत्तिजनक फोटो वायरल करने, एआई व फर्जी प्रेस पहचान के दावे; बिष्टुपुर पुलिस की मदद का जिक्र
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बेटी का बयान रोकने के लिए दबाव बनाया गया और व्हाट्सएप व सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक व एआई जनरेटेड तस्वीरें तथा चैट साझा कर बदनाम करने की कोशिश की गई। महिला का यह भी दावा है कि युवक ने खुद को एक प्रेस से जुड़ा बताकर पहचान पत्र दिखाया, जबकि बाद में उसे केवल ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करने की बात सामने आई। महिला के अनुसार, उसने बिष्टुपुर थाने को पूरा घटनाक्रम बताया और पुलिस अधिकारियों व स्थानीय लोगों की मदद से युवक को हिरासत में दिलवाया गया, जबकि आगे की कानूनी कार्रवाई और कोर्ट में मामला जारी होने की बात कही गई है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
हर बड़ी, संवेदनशील और बेबाक खबर — झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 18 नवंबर, 2026
कदमा भवन में आयोजित हुई बैठक, दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए की गई प्रार्थना
जमशेदपुर के कदमा भवन में झारखंड क्षत्रिय संघ की मैनेजमेंट कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से दिवंगत समाजसेवी स्व. निर्भय सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शोकसभा का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
समाज के लिए अपूरणीय क्षति है निर्भय सिंह का निधन: शंभू नाथ सिंह
गौरतलब है कि बीते 5 नवंबर को समाजसेवी निर्भय सिंह जी का आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे पूरे सामाजिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके निधन से समाज ने एक बेहद कर्मठ, मिलनसार और सेवाभावी व्यक्तित्व को खो दिया है। संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निर्भय सिंह जी का जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए क्षत्रिय संघ की ओर से परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का पूर्ण आश्वासन दिया। इसके पश्चात क्षत्रिय भवन में भी स्व. निर्भय सिंह जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। बैठक के अंत में झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की महासचिव मंजू सिंह द्वारा इस आशय की प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।
📌 तीसरी धारा न्यूज
समाज, संवेदना और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 18 नवंबर, 2026
पेयजल समस्या और नए फिल्टर पंप हाउस की अनियमितता को लेकर भड़के जनप्रतिनिधि
जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति, नए फिल्टर पंप हाउस के निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं अन्य गंभीर जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुखर तेवर देखने को मिले हैं। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा ने संयुक्त रूप से पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर से मुलाकात कर उन्हें सात सूत्री मांग पत्र सौंपा है। इस दौरान स्थानीय समस्याओं को लेकर विभाग के कामकाज पर भी सवाल उठाए गए।
1140 क्वार्टरों में नियमित जलापूर्ति और बंद पड़ी जलापूर्ति चालू करने की मांग
सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से बागबेड़ा के 1140 क्वार्टरों में नियमित, निर्धारित समय पर और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की गई है। इसके अलावा, रोड नंबर-4 स्थित काली मंदिर परिसर के पास पिछले तीन महीने से ठप पड़ी जलापूर्ति को तत्काल प्रभाव से चालू कराने की बात कही गई है। नेताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करोड़ों की लागत से बने नए फिल्टर पंप हाउस की उच्चस्तरीय जांच की मांग
पंसस सुनील गुप्ता ने कड़े शब्दों में आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2025 में लगभग 1 करोड़ 88 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से निर्मित नए फिल्टर पंप हाउस में बड़े पैमाने पर वित्तीय और तकनीकी अनियमितताएं बरती गई हैं। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जिससे एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश होगा और इसमें संलिप्त विभागीय पदाधिकारियों व संवेदकों की मिलीभगत बेनकाब हो सकेगी।
कुँवर सिंह मैदान का समतलीकरण और अन्य मांगें शामिल
मांग पत्र में इसके अलावा कई अन्य अहम बिंदु भी शामिल हैं, जिनमें—
कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
जनसमस्याओं, प्रशासनिक जवाबदेही और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / आदित्यपुर / 18 नवंबर, 2026
कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में हुई थी निर्मम हत्या, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में बीते 17 नवंबर 2026 को हुए चर्चित निखिल कुमार दे हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. मृतक निखिल कुमार दे (उम्र करीब 20 वर्ष, मूल निवासी शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे, आदित्यपुर, वर्तमान पता- भाटिया बस्ती काली मंदिर के पास) के पिता सोमनाथ दे के लिखित आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 331/2026, दिनांक 17.11.2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुरानी दोस्ती और विवाद बना हत्या की वजह, आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि मृतक निखिल कुमार दे और इस कांड का मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त करण सुरेन उर्फ डेले पूर्व में एक-दूसरे के दोस्त रहे हैं. किसी पुराने विवाद को लेकर उनके बीच रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए कई अहम साक्ष्य बरामद करवाए हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाने की बात भी स्वीकार की है.
गिरफ्तार और फरार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने छापेमारी दल की मदद से दो संदिग्धों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया:
वहीं, इस कांड का मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त करण सुरेन उर्फ डेले (निवासी- शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे, थाना- आदित्यपुर) अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, अभियुक्त के बदन में मृतक का खून लगा कपड़ा व अन्य सामान जब्त किया है.
📌 तीसरी धारा न्यूज
अपराध, पुलिस खुलासे और शहर की हर संवेदनशील खबर — तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 18 नवंबर, 2026
झारखंड के संघर्षशील योद्धा और आजसू के प्रथम महासचिव रहे हैं सूर्य सिंह बेसरा
जमशेदपुर से इस वक्त की एक बड़ी और राजनीतिक हलचल पैदा करने वाली खबर सामने आ रही है। झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक श्री सूर्य सिंह बेसरा पर जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हुए हमले की घटना ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। इस घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जानकारों का कहना है कि सूर्य सिंह बेसरा झारखंड आंदोलन के उन अग्रणी और संघर्षशील योद्धाओं में से हैं, जिन्होंने अलग राज्य के सपने को धरातल पर उतारने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। वह ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के प्रथम महासचिव भी रहे हैं और झारखंड के हितों के लिए उन्होंने अपनी विधायकी तक का त्याग कर दिया था।
घटना की चौतरफा भर्त्सना, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जाँच की माँग
सूर्य सिंह बेसरा जैसे वरिष्ठ और सम्मानित आंदोलनकारी पर हमले की इस घटना की जितनी भी भर्त्सना की जाए, वह कम है। विभिन्न संगठनों और समर्थकों ने इस कायराना हरकत की कड़ी शब्दों में निंदा की है। मांग उठाई जा रही है कि इस पूरे मामले की बिना किसी विलंब के निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर यह मांग जोर पकड़ रही है कि इस मामले की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाई जाए और इस घटना में संलिप्त जो भी दोषी या उपद्रवी तत्व पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के तहत बेहद कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
📌 तीसरी धारा न्यूज
झारखंड की राजनीति, सुरक्षा और हर बड़ी खबर — तीसरी धारा न्यूज

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 18 नवंबर, 2026
डिमना चौक की तरफ से आ रही कंपनी की बस ने मारी टक्कर, उमड़ी भारी भीड़
जमशेदपुर के पारडीह चौक से इस वक्त की एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है, जहाँ झारखंड के महान आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो की मूर्ति के खंडित होने से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात डिमना चौक की ओर से आ रही एक कंपनी की अनियंत्रित बस अचानक बेकाबू हो गई और सीधे शहीद निर्मल महतो की मूर्ति से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मूर्ति खंडित हो गई। इस घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सनसनी फैल गई।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सूझबूझ से मामला शांत, कंपनी प्रतिनिधि भी पहुँचे
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना और मानगो थाना की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। इसके बाद स्थानीय लोगों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू हुई। दोनों पक्षों के बीच आपसी मध्यस्थता और प्रशासनिक समझाइश के बाद फिलहाल मामले को शांत करा लिया गया है।
25 दिसंबर को जयंती, चेतावनी- जल्द नहीं बनी मूर्ति तो होगा विशाल प्रदर्शन
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले पर आगे की रणनीति तय करने के लिए बुधवार शाम को एक विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसमें मूर्ति के पुनर्निर्माण और आगे के कदमों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों और समर्थकों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा है कि आगामी 25 दिसंबर को शहीद निर्मल महतो की जयंती है। ऐसे में यदि प्रशासन और संबंधित कंपनी द्वारा जल्द से जल्द मूर्ति का दोबारा निर्माण कराकर उसे स्थापित नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर और विशाल स्तर पर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
📌 तीसरी धारा न्यूज
शहर की हर सुगबुगाहट, प्रशासनिक हलचल और झारखंड की हर बड़ी खबर — तीसरी धारा न्यूज