तीसरी धारा न्यूज / आदित्यपुर / 18 नवंबर, 2026
कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में हुई थी निर्मम हत्या, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में बीते 17 नवंबर 2026 को हुए चर्चित निखिल कुमार दे हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. मृतक निखिल कुमार दे (उम्र करीब 20 वर्ष, मूल निवासी शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे, आदित्यपुर, वर्तमान पता- भाटिया बस्ती काली मंदिर के पास) के पिता सोमनाथ दे के लिखित आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या- 331/2026, दिनांक 17.11.2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुरानी दोस्ती और विवाद बना हत्या की वजह, आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि मृतक निखिल कुमार दे और इस कांड का मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त करण सुरेन उर्फ डेले पूर्व में एक-दूसरे के दोस्त रहे हैं. किसी पुराने विवाद को लेकर उनके बीच रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए कई अहम साक्ष्य बरामद करवाए हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाने की बात भी स्वीकार की है.
गिरफ्तार और फरार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने छापेमारी दल की मदद से दो संदिग्धों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया:
- गणेश मुर्मु उर्फ डेबो (उम्र करीब 20 वर्ष, पिता- होपोन मुर्मू, निवासी- हरिओम नगर रोड नं0- 05, इंदिरा बस्ती, थाना- आदित्यपुर).
- अजीत सुरेन उर्फ गुडरु (उम्र करीब 19 वर्ष, पिता- स्व. नकु सुरेन, निवासी- नुवागोड़ा, थाना- सरायकेला, जिला- सरायकेला-खरसावाँ).
वहीं, इस कांड का मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त करण सुरेन उर्फ डेले (निवासी- शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे, थाना- आदित्यपुर) अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, अभियुक्त के बदन में मृतक का खून लगा कपड़ा व अन्य सामान जब्त किया है.
📌 तीसरी धारा न्यूज
अपराध, पुलिस खुलासे और शहर की हर संवेदनशील खबर — तीसरी धारा न्यूज






















