तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 24 नवंबर, 2026
कोल्हान की सिख संगत में श्रद्धा और उत्साह, सोनारी गुरुद्वारा से निकला नगर कीर्तन
सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर मंगलवार को पूरे कोल्हान की सिख संगत में अपार श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। जुगो जुग अटल श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की रहनुमाई, पंज प्यारों की अगुवाई और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की देखरेख में सोनारी गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन का आगाज किया गया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरु दरबार में टेका माथा, मानवता के संदेश को आत्मसात करने का किया आह्वान
नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए जिले के उपायुक्त राजीव रंजन सोनारी गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने संगत को “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” बुलाते हुए प्रकाश पर्व की बधाई दी और गुरु नानक देव जी के मानवता व भाईचारे के संदेश को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला एंड टीम तथा सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह एंड टीम ने उपायुक्त को सम्मानित किया।
विधायक पूर्णिमा साहू को सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी सोनारी गुरुद्वारा पहुंचीं और संगत को श्री गुरु नानक देव जी के अवतार दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविंद्र कौर तथा स्थानीय यूनिट की बीबियों ने विधायक पूर्णिमा साहू को सम्मानित किया।
विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा नगर कीर्तन, स्कूली बच्चे व महिलाएं करेंगी गुरु महिमा का गायन
सोनारी गुरुद्वारा से आरंभ होकर यह नगर कीर्तन शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ शाम पांच बजे साकची गुरुद्वारा में पहुंचकर संपन्न होगा। नगर कीर्तन में विभिन्न स्कूलों के बच्चे और महिलाएं शब्द-कीर्तन करते हुए गुरु जी की महिमा का गायन कर रही हैं, वहीं पूरे रास्ते में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं।
साकची गुरुद्वारा में होगा भव्य स्वागत, आतिशबाजी बनेगी आकर्षण का केंद्र
नगर कीर्तन के शाम पांच बजे साकची गुरुद्वारा पहुंचने पर वहां के प्रधान निशान सिंह की अगुवाई में भव्य एवं जोरदार स्वागत किया जाएगा। इस दौरान साकची गुरुद्वारा परिसर में होने वाली शानदार आतिशबाजी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
तीसरी धारा न्यूज — गुरु नानक देव जी की वाणी, मानवता का संदेश और श्रद्धा का ये पावन संगम; आस्था और सद्भाव की हर बड़ी झलक के लिए जुड़े रहें झारखंड के नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज के साथ!





















