तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 25 नवंबर, 2026
सोपोडेरा आवास में तड़के ली अंतिम सांस, ब्रेन हेमरेज से जूझ रहे थे मंगल कारूवा
जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी सह जेएलकेएम नेता मंगल कारूवा (उम्र 55 वर्ष) का उनके सोपोडेरा स्थित आवास में तड़के सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे ब्रेन हेमरेज की बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा था, जहां चिकित्सकों द्वारा उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए घर ले जाने की हिदायत दी गई थी।
पार्वती घाट में विधिपूर्वक संपन्न हुआ अंतिम संस्कार
मंगल कारूवा के निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार पार्वती घाट में विधिपूर्वक किया गया, जहां बड़ी संख्या में परिजन, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
समाज और राजनीतिक जगत के कई प्रमुख लोग रहे मौजूद, दी भावुक श्रद्धांजलि
अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि सभा के दौरान मूलवासी कारूवा समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरुचरण मुखी, महासचिव गणपति कारूवा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विकास मुखी, मुखी समाज विकास समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष बबलू कारूवा, जेएलकेएम नगर अध्यक्ष रामप्रकाश महतो, जिला अध्यक्ष स्वप्न कुमार महतो, जेएलकेएम नेत्री रेखा कालिंदी, पिंकी महतो, आदिवासी सुरक्षा परिषद जमशेदपुर के अध्यक्ष रामसिंह मुंडा, पीके कारूवा, समाजसेवी रमाकांत कारूवा, संतोष कारूवा, राम मुखी, दीपू कारूवा, अशोक बेहरा, गिरीश मुखी तथा अनुसूचित जाति जनजाति एकता मंच के जिला संरक्षक रंजन कारूवा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और अश्रुपूर्ण नेत्रों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में हुई याद, अपूरणीय क्षति बताई गई
उपस्थित नेताओं और समाजसेवियों ने कहा कि मंगल कारूवा एक जुझारू, कर्मठ, सक्रिय कार्यकर्ता और सिपासलार थे, जिन्होंने समाज व जनहित के मुद्दों पर हमेशा आगे बढ़कर काम किया। उन्होंने कहा कि उनके जाने से जो रिक्तता आई है, उसकी भरपाई भविष्य में संभवतः नहीं हो पाएगी और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी; सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
तीसरी धारा न्यूज — जनसेवा और संघर्ष को समर्पित एक जुझारू व्यक्तित्व को भावभीनी श्रद्धांजलि; क्षेत्र की हर बड़ी व संवेदनशील खबर के लिए जुड़े रहें झारखंड के नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज के साथ!





















