जमशेदपुर : शहर की प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और डीबीएमएस कैरियर एकेडमी की फाउंडर मेंबर के. उमा जी के दिवंगत पति स्वर्गीय शास्त्री जी को आज डीसीए के पूर्व छात्रों ने उनके कदमा स्थित निवास पर जाकर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
विदित हो कि के. उमा जी का शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान रहा है। वे डीबीएमएस कैरियर एकेडमी की पूर्व प्रिंसिपल के रूप में वर्षों तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर चुकी हैं और वर्तमान में वह संस्थान की फाउंडर मेंबर के रूप में सक्रिय हैं। उनके पति शास्त्री जी के निधन से शिक्षा जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।
पूर्व छात्रों ने साझा कीं स्मृतियां
श्रद्धांजलि देने पहुंचे पूर्व छात्रों ने स्वर्गीय शास्त्री जी के सरल स्वभाव और उनके द्वारा दिए गए नैतिक मूल्यों को याद किया। उनके अनुसार, शास्त्री जी न केवल के. उमा जी के संबल थे, बल्कि पूर्व छात्रों के लिए भी एक अभिभावक के समान थे।
इस शोकपूर्ण घड़ी में के. उमा जी और उनके परिवार को ढांढस बंधाने वालों में मुख्य रूप से निम्नलिखित गणमान्य और पूर्व छात्र शामिल थे : जगतार नागी, सतवीर सोमू, परविंदर भाटिया, रॉकी, पिनाकी ठक्कर, संजय एवं अन्य।
सभी ने मौन धारण कर पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
धनबाद: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) आज बुधवार, 4 फरवरी 2026 को अपना 54वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसी ऐतिहासिक दिन (4 फरवरी, 1973) को धनबाद की कोयला नगरी में झामुमो की नींव रखी गई थी। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन समारोह में शिरकत करने धनबाद पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत
रांची से धनबाद हवाईपट्टी पहुंचने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ मंत्री हफीजुल हसन भी मौजूद थे। स्वागत समारोह में धनबाद के पूर्व मेयर और मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। वहां से मुख्यमंत्री सीधे रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) के लिए रवाना हुए, जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है।
शिबू सोरेन को ‘भारत रत्न’ देने की गूँज
समारोह के दौरान मंच से एक बड़ी राजनीतिक मांग उठी। झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने केंद्र सरकार से ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की है।
मथुरा प्रसाद महतो का वक्तव्य:
“आज पहली बार गुरुजी शारीरिक रूप से हमारे बीच इस मंच पर नहीं हैं। हमने यह शपथ ली है कि उनके संघर्षों को सम्मान दिलाने के लिए हम धनबाद से लेकर विधानसभा और केंद्र सरकार तक आंदोलन करेंगे। उन्हें भारत रत्न मिलना ही चाहिए।”
भावुक हुआ माहौल
47 वर्षों के इतिहास में यह संभवतः पहला मौका है जब झामुमो अपना स्थापना दिवस अपने संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन (गुरुजी) की अनुपस्थिति में मना रहा है। मैदान में मौजूद कार्यकर्ताओं की आँखों में गुरुजी की यादें और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर अटूट विश्वास साफ झलक रहा था। पूरे गोल्फ ग्राउंड को पार्टी के झंडों और बैनरों से पाट दिया गया है।
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सिकुई-दिकुई अभियान, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति, वॉकेशनल एजुकेशन इनरॉलमेंट, निपुण भारत मिशन, सिकुई-दिकुई अभियान, इको क्लब प्लांटेशन, एसएमसी बैठकों का आयोजन, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, विद्यार्थियों के बैंक खाते की अद्यतन स्थिति, तथा विद्यालयों में आधारभूत संरचना विकास से संबंधित विषयों पर क्रमवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने ई-विद्यावाहिनी में शिक्षकों एवं बच्चों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। U-DISE+ पोर्टल में लगभग 500 विद्यार्थियों का प्रोफाइल अद्यतन नहीं होने पर अप्रसन्नता जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रोफाइल अपडेट कराने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। सिकुई-दिकुई अभियान की समीक्षा में बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में अपेक्षिक सुधार को लेकर उपस्थिति, रिविजन व अन्य जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कक्षा 2 एवं 3 के बच्चों के बेसलाइन सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक चार चरण पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष दो चरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं डहर योजना के तहत ड्रॉप-आउट बच्चों के सर्वे कार्य को लेकर उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए और वास्तविक डाटा प्राप्त हो।
बैठक में विद्यालयों के आधारभूत संरचना विकास से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने भवनहीन विद्यालयों, जर्जर भवनों, मरम्मतीकरण की आवश्यकता वाले विद्यालय भवनों, तथा पेयजल एवं शौचालय निर्माण से संबंधित अद्यतन सूची शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अतिरिक्त एमडीएम स्टीयरिंग कमिटी की बैठक में पटमदा प्रखंड के 45 विद्यालयों में विद्यार्थियों को सेंट्रलाइज्ड किचेन के माध्यम से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीईईओ, बीपीओ व अन्य संबंधित पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।
जमशेदपुर : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया । गालूडीह टोल प्लाजा के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान का नेतृत्व जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) श्री सूरज हेंब्रम ने किया। जांच अभियान मुख्य रूप से यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर केंद्रित था। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां सड़क दुर्घटनाओं की दर चिंताजनक रूप से बढ़ी है।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने 143 से अधिक वाहनों की गहन जांच की। जांच में मुख्य रूप से मोटरसाइकिल में ओवरलोडिंग, हेलमेट, बसों में ओवरलोडिंग, कार में सीट बेल्ट और नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म के इस्तेमाल की जांच की गई। जांच के दौरान लापरवाही बरतने वाले 55 वाहनों वाहन चालकों से दंड स्वरूप 1,10,000 (एक लाख दस हजार रुपये) जुर्माना वसूला।
मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) श्री सूरज हेंब्रम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब परिवहन विभाग की जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क हादसे अधिक हो रहे हैं। इन हादसों को कम करने के लिए ओवरलोडिंग और हेलमेट न पहनने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट के प्रति जागरूकता पर जोर दिया और आम जनता से अपील की कि वे घरों से ही हेलमेट पहनकर निकलें ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जान-माल का नुकसान रोका जा सके।
जमशेदपुर : बजरंगदल जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व मे1992 मे बाबरी ढांचा विध्वंस किया गया था उसी दिन गीता जयंती था इसलिए शौर्य यात्रा पूरे विश्व भर में गीता जयंती के दिन मनाया जाता है। जमशेदपुर महानगर में यह कार्यक्रम कल होना तय हुआ है।
यह यात्रा कल बिष्टुपुर राम मंदिर से तुलसी भवन तक जायेगी, राममंदिर बिष्टुपुर मे पहले शोर्य सभा होगा एवं बलिदान हुये कोठारी बंधु और कारसेवकों को श्रद्धांजली अर्पित की जाएगी। इस कार्यक्रम को संबोधन झारखंड प्रांत के बजरंग दल संयोजक करेंगे, बजरंग दल के सैकड़ो कार्यकर्ता इस कार्यक्रम पर भाग लेंगे। यह कार्यक्रम पूरे देश भर में 1 दिसंबर से 14 दिसंबर तक होना है।
यह शौर्य दिवस हिंदुओं के महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष में मनाया जाता है। कल पूरे जमशेदपुर के कोने-कोने से बजरंग दल के सभी कार्यकर्ता इस यात्रा पर सम्मिलित होंगे और सभी हिंदू समाज के अनेक लोग सम्मिलित होंगे यह कार्यक्रम दोपहर 2:00 से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा,इस कार्यक्रम को सफल बनाने के विहिप के सिंहभूम विभाग के मंत्री अरूण सिंह के नेतृत्व मे जमशेदपुर के विहिप एवं बजरंगदल के सभी कार्यकर्तागण लगे हुए है।
जमशेदपुर : केरला समाजम हिन्दी स्कूल में शनिवार को 24वीं वार्षिक खेलकूद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमान टी.के सुकुमारन ट्रस्टी फाइनेंस केरला समाजम सह विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान अनुरंजन सर द्वारा विद्यालय के ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के सदस्य सह प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में खेलों के प्रति आत्मविश्वास, सहनशीलता, अनुशासन और निष्पक्षता जैसे गुण जागृत होते हैं। खेलों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्व पर प्रेरणादायक संदेश भी दिए।
प्रतियोगिता जिसमें के.जी कक्षा से लेकर दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में नि:स्वार्थ, प्रगति, साहस और तन्मय हाउस के सब जूनियर, जूनियर और सीनियर बच्चों ने भाग लिया।इस प्रतियोगिता में मुख्य रूप से 50m रेस,100 m रेस, 200m रेस, बैलेंसिंग रेस, सेक रेस, स्पून मार्बल रेस और 400 रिले रेस में बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। खेल प्रतियोगिता का आयोजन खेल शिक्षक सी. हेंब्रम सर के मार्गदर्शन में किया गया। इस प्रतियोगिता में तन्मय हाउस 108 अंकों के साथ विजेता रहा। साहस हाउस 96 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। बेस्ट एथलेटिक्स में छात्रों में एमडी सरफराज और छात्राओं में परिनीता सिक्का ने बेस्ट एथलीट होने का गौरव प्राप्त किया।
खेल का संचालन प्रभारी प्रीति कुमारी के द्वारा बड़े प्रभावशाली ढंग से किया गया। इस अवसर पर खेल शिक्षक सी. हेमब्रम, शिक्षक- शिक्षिकाओं, बच्चों के अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विजेता बच्चों को विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान अनुरंजन सर ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
जमशेदपुर : सदर अस्पताल खासमहल जमशेदपुर में 100 बेड वाले आधुनिक Fabricated अस्पताल एवं टाटा स्टील फाउन्डेशन के सहयोग से निर्मित सिकल सेल अनिमिया लैब का उद्घाटन आज राज्य के स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में पोटका के विधायक श्री संजीव सरदार, जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू, घाटशिला के विधायक श्री सोमेश चन्द्र सोरेन, उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, टाटा स्टील फाउंडेशन के श्री सौरभ राय व अन्य गणमान्य शामिल हुए ।
इस अवसर पर माननीय मंत्री ने कहा कि यह केवल एक अवसंरचना का विस्तार नहीं है बल्कि हमारे स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है । जिला अस्पतालों को इतना ससक्त बना देंगे की आगे रेफरल की आवश्यकता नहीं के बराबर हो जाएगी। राज्य सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति को गुणवतापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा-सुलभ सुरक्षित और समय पर मिले। यह अस्पताल अत्याधुनिक स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप निर्मित किया गया है । इसमें प्रशिक्षित डाक्टर, नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मीयों को लगाया जाएगा जो यह सुनिश्चित करेंगे की यहाँ भर्ती होने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो । पूरे कोल्हान में सिकल सेल जांच के लिए कोई भी सरकारी लैब नहीं था, आज टाटा स्टील फाउन्डेशन के सहयोग से सदर अस्पताल खासमहल में विधिवत रूप से उद्घाटन किया जा रहा है, जिससे पूरे कोल्हान के मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। सदर अस्पताल खासमहल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाना है और इसके लिए हम सभी मिलकर कार्य कर रहे है।
कार्यक्रम में माननीय विधायकगण ने भी अस्पताल के सफल संचालन, चिकित्सा के क्षेत्र में लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधायें तथा अन्य विषयों पर बहुमूल्य विचार रखे ।
सदर अस्पताल की कुछ प्रमुख उपलब्धियां
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पूर्वी सिंहभूम में 1390546 (तेरह लाख नब्बे हजार पॉच सौ छियालिस) आभा कार्ड बनाए जा चुके है। अस्पताल में आए हुए मरीजों को उच्च कोटि का डिजिटल स्वास्थ्य अनुभव प्रदान करने के लिए और उनके स्वास्थ्य के रिकार्ड को डिजिटली संरक्षित करने हेतु ई० हॉस्पीटल सेवा के माध्यम से सदर अस्पताल खासमहल, अनुमण्डल अस्पताल घाटशिला एवं शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानगो, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बाहरागोड़ा एवं धालभूमगढ़ में स्कैन एण्ड शेयर और डिजिटल पर्ची सेवा दी जा रही है। आने वाले समय में सारी सेवाएं पेपर लेस करने की योजना है जिससे पेपर बचेगा और पर्यावरण को होन वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।
पूर्वी सिंहभूम जिले में 954894 (नौ लाख चौव्वन हजान आठ सौ चौरानबे) आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके है। सिकल सेल अनिमिया कैम्पेन के तहत 81650 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई है, जिसमें 26 रोगियों की पहचान की गई है और उनका ईलाज किया जा चुका है।
सदर अस्पताल, खासमहल के Intensive Care Unit जो 6 बेड का है उसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में अभी तक 193 (एक सौ तेरानबे) मरीजों का ईलाज किया जा चुका है। सदर अस्पताल खासमहल के Dialysis Unit वित्तीय वर्ष 2025-26 में अभी तक 835 (आठ सौ पैतीस) मरीजों का Dialysis किया जा चुका है।सदर अस्पताल खासमहल के SNCU जो 12 बेड का है उसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में अभी तक 344 (तीन सौ चौवालीस) मरीजों का ईलाज किया जा चुका है।
दिनांक 12.11.2025 से 28.11.2025 तक विशेष रक्त दान शिविर अभियान के तहत कुल 3093 (तीन हजार तीरानबे) यूनिट रक्त संग्रह किया है जो राज्य में सबसे ज्यादा हैं। उल्लास कार्यक्रम के तहत 764 मिर्गी के मरीजों को चिन्हित करते हुए उनका ईलाज कराया जा रहा है।
जमशेदपुर : जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम एवं जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा आज विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जुगसलाई विधायक श्री मंगल कालिंदी, उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल समेत अन्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम — “Fostering disability inclusive Societies for advancing Social Progress” — के अनुरूप कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान एवं सामाजिक प्रगति में उनकी सक्रिय भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में अधिकारियों, दिव्यांगजन प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों ने भाग लेते हुए दिव्यांगजन-हितैषी नीतियों, अवसरों एवं सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा 10 दिव्यांगजनों के बीच ई ट्राई साइकिल का वितरण तथा विभिन्न खेल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व के लिए दिव्यांगजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। माननीय मंत्री ने कहा कि समाज तभी प्रगतिशील माना जा सकता है जब दिव्यांगजनों के लिए समावेशी वातावरण, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित हो। इसी दिशा में राज्य की सरकार माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड के नेतृत्व में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को तेज़ी से लागू कर रही है । उन्होने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याणार्थ कार्य कर रही है। इस दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिव्यांगता के प्रकार की जानकारी, सहायता प्रावधानों तथा तकनीकी सहयोग से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया।
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को आजाद बस्ती से लक्ष्मीनगर जाने वाली सड़क पर दोपहर करीब 2:00 बजे टाटा मोटर्स बस पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के कारण सड़क पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जेम्को चौक से लक्ष्मीनगर जाने वाली यह सड़क अक्सर संकरी हो जाती है क्योंकि सड़क के किनारे दुकानें लगाई जाती हैं। साथ ही, इसी छोटे मार्ग से बड़े वाहनों का भी आवागमन होता है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने यातायात सुचारू कर दिया है और मामले की जांच जारी है।
बागबेड़ा में पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव के नेतृत्व में विधायक संजीव सरदार को सौंपा गया मांग पत्र
जमशेदपुर : झारखंड सरकार द्वारा टाटा स्टील का लीज नवीकरण किए जाने से पूर्व बागबेड़ा, कीताडीह एवं घाघीडीह क्षेत्र के 15 पंचायत क्षेत्रों में सीएसआर मद के तहत स्थायी रूप से नागरिक सुविधाएं बहाल करने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बागबेड़ा के पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने किया।
सौंपे गए मांग पत्र में उल्लेख किया गया कि जमशेदपुर में बागबेड़ा, कीताडीह एवं घाघीडीह क्षेत्र टाटा स्टील संयंत्र से मात्र तीन से पांच किलोमीटर की परिधि में स्थित हैं, जहां टाटा ग्रुप में कार्यरत स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारी, ठेका मजदूर और उनके परिवार सहित लाखों लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद इन इलाकों में पेयजल,साफ-सफाई, स्वच्छता और बिजली जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं का स्थायी प्रबंध अब तक नहीं हो पाया है, जो स्थानीय जनता के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि झारखंड सरकार द्वारा टाटा स्टील के लीज नवीकरण से पूर्व बागबेड़ा, कीताडीह और घाघीडीह क्षेत्र के 15 पंचायतों के लगभग एक लाख लोगों के लिए टाटा स्टील के सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से स्थायी नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से पेयजल योजना, नियमित सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को स्थायी रूप से लागू कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक संजीव सरदार ने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान वे इस जनहित के मुद्दे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे और सरकार स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह करेंगे।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्वकर्ता किशोर यादव ने कहा कि विधायक संजीव सरदार के साथ जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर सीधे तौर पर मांग पत्र सौंपा जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान निकल सके।
इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य राजू ठाकुर, समाजसेवी विशाल सिंह, हर्ष सिंहसहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।