तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित उपडाकघर में नौकरी पर वापस लौटने का झांसा देकर एक निलंबित पूर्व डाककर्मी द्वारा दो चेक चोरी करने और खाताधारक के खाते से 60 हजार रुपये की ठगी करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर बिरसानगर उपडाकपाल सूर्यशेखर पाल के बयान पर सिदगोड़ा साबरमती रोड निवासी अंकित कुमार सिंह और निलंबित पूर्व डाककर्मी तुषार के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों की व्यस्तता का उठाया फायदा, चुराए दो चेक
जानकारी के अनुसार, घटना तीन अक्तूबर की है। आरोपी तुषार पूर्व में चांडिल डाकघर में कार्यरत था, जिसे पूर्व में जालसाजी के आरोप में डाक विभाग द्वारा निलंबित कर दिया गया था। तीन अक्तूबर को वह बिरसानगर उपडाकघर पहुंचा और वहां के कर्मचारियों को झांसा दिया कि विभाग ने उसे यहां नई जॉइनिंग का निर्देश दिया है। इसके बाद डाकाघर में कर्मचारियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर उसने चालाकी से दो चेक चुरा लिए।
सादे कागज पर हस्ताक्षर कराकर खाते से उड़ाए 60 हजार
चेक चोरी करने के बाद आरोपी सीधे खाताधारक के घर पहुंचा और उन्हें हस्ताक्षर में गड़बड़ी होने का झांसा देकर एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद चोरी किए गए चेकों और धोखाधड़ी से हासिल किए गए हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर उसने खाताधारक के खाते से पहले 20 हजार रुपये और फिर दूसरी बार में 40 हजार रुपये (कुल 60 हजार रुपये) अवैध रूप से निकाल लिए।
सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के लिए तुषार अपने साथी अंकित कुमार सिंह की बुलेट मोटरसाइकिल से बैंक पहुंचा था। उसने खुद बाहर रुककर अपने साथी अंकित को रुपये निकालने के लिए बैंक के अंदर भेजा। बैंककर्मियों को जब लेन-देन पर संदेह हुआ और वे पूछताछ करने लगे, तो आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गया। बिरसानगर थाना पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और बाइक के नंबर के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
सत्य, निष्पक्षता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध!

















