545 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, कर्मियों के बकाया वेतन के साथ पीएफ व ग्रेच्युटी का होगा भुगतान
लगभग 25 साल से बंद पड़ी केबुल कंपनी (इंकैब) के कर्मचारियों के लिए उम्मीद की एक नयी किरण जगी है. नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) ने वेदांता लिमिटेड के पुनरुद्धार प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. सोमवार को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया. अनुमान है कि दुर्गा पूजा से पहले अंतिम फैसला आ सकता है. यदि यह योजना अमल में आती है तो कंपनी को नया जीवन मिलेगा और सैकड़ों कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा.
वेदांता का प्रस्ताव : 545 करोड़ का निवेश वेदांता ने इंकैब को पुनर्जीवित करने के लिए 545 करोड़ रुपये का निवेश करने और कर्मचारियों को बकाया राशि चुकाने का प्रस्ताव दिया है. इस प्लान को इंकैब की कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स (सीओसी) ने 99 प्रतिशत मतों से मंजूरी दी थी. इंडियन केबल वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राम विनोद सिंह ने बताया कि एनसीएलटी से मंजूरी मिलने के बाद आइबीसी की धारा 53 के तहत कर्मचारियों को 24 महीने और ऑफिसर ग्रेड को 12 महीने का वेतन मिलेगा. साथ ही वेदांता ने पीएफ, ग्रेच्युटी और अन्य मदों में जमा राशि का अलग से भुगतान करने का आश्वासन भी दिया है.कंपनी का इतिहास : उत्थान से बंदी तक इंकैब (पूर्व नाम केबुल कंपनी) की स्थापना 1920 में हुई थी. यह कंपनी कभी करोड़ों की आमदनी करती थी, लेकिन आर्थिक संकट के कारण 1988 में इसका नाम बदलकर इंकैब इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर दिया गया. बाद में काशीनाथ तापुरिया और फिर मलेशियाई कंपनी लीडर यूनिवर्सल ने इसका अधिग्रहण किया.1999 में कंपनी प्रबंधन संकट में आया और दिसंबर 1999 तक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया. अप्रैल 2000 से कंपनी बंद है. बंदी के समय जमशेदपुर में 1850 और देशभर में 2500 कर्मचारी कार्यरत थे.फैक्ट फाइल
बंद होने के समय कर्मचारी (जमशेदपुर) : 1450 वर्तमान में जमशेदपुर में : लगभग 1292
रिटायरमेंट के बाद शेष : लगभग 900 पुणे : 180 कर्मचारी
कोलकाता : 60 कर्मचारी अन्य स्थान : 60 कर्मचारी
बंदी के समय संपत्ति (जमशेदपुर) : 120 करोड़ वर्तमान अनुमानित कीमत : लगभग 500 करोड़
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित एक आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्लांट में गुरुवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि प्लांट परिसर में खाना बनाने के दौरान यह हादसा हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में प्लांट के अंदर रखा अधिकांश सामान उसकी चपेट में आ गया. आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई.
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और झारखंड अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिसके कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान मानगो थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही.
आरओ प्लांट की देखरेख करने वाले टिंकू ने बताया कि वह प्लांट परिसर में खाना बना रहा था. उसी दौरान पास में रखे कपड़े और बेडशीट में अचानक आग लग गई. आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह तेजी से फैलती चली गई. जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया.
इस आगजनी की घटना में पानी की कई जार, मोटर, पाइप, बिजली के उपकरण समेत अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए. टिंकू के अनुसार, इस हादसे में करीब चार से पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक और व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.
जमशेदपुर : जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन आगामी 20-21 दिसंबर को होटल रमाडा में होगा. दो दिवसीय इस महोत्सव में कला, संगीत, मीडिया, लेखन और सिनेमा क्षेत्र की मशहूर हस्तियां भाग लेंगी. जानिए क्या है दो दिन के पूरे कार्यक्रम.
20 जनवरी के सत्र
पहले दिन 20 दिसंबर का शुभारंभ युवा दिलों की धड़कन राहगीर के संघर्ष, राजेश जैस के फिल्मी डायलॉग, अभिषेक चौबे का बॉलीवुड सफर, मनोज सिन्हा का कार्टून कॉर्नर, मनीष पुष्कले की ब्रश, पद्म श्री भज्जू श्याम का कैनवास, पुनीता मिश्र के सोहराय और आकांक्षा सिंह के वर्ली आर्ट के साथ आपके हाथों का छाप होगा. यह कार्यक्रम सुबह सवा दस बजे से 11.30 बजे तक होगा. साढ़े ग्यारह बजे से महोत्सव का उदघाटन और सम्मान समारोह शुरू होगा, जिसमें डॉ.अंजुम शर्मा, व्योमेश शुक्ल, बाबुषा कोहली, डॉ.रविदत्त वाजपेयी, प्रोफेसर स्वाति पराशर, बीएल मित्तल, डॉ.मयंक मुरारी और अचल प्रियदर्शी भाग लेंगे.
उदघाटन समारोह के अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मंत्री योगेन्द्र प्रसाद, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, वरिष्ठ चित्रकार मनीष पुष्कले, लेखक और पत्रकार सोपान जोशी, डीएसडब्ल्यू, दिल्ली यूनिवर्सिटी डॉ.रंजन त्रिपाठी और फिल्म अभिनेता राजेश जैस होंगे. दोपहर बाद दो बजकर 20 मिनट से शाम साढ़े तीन बजे के बीच व्यापार और निवेश की समझ विषय पर एक सत्र होगा, जिसमें बनवारी लाल मित्तल मुख्य वक्ता होंगे.
इस सत्र का संचालन साहित्यकार विनोद दूबे करेंगे. साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच बदलता भारत, बदलती मीडिया कहानी विषयक सत्र होगा. इस सत्र के वक्ता डॉ.अंजुम शर्मा होंगे. शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच साइलेंट सिनेमा से ओटीटी तक विषय पर सत्र होगा, जिसमें फिल्म अभिनेता राजेश जैस और लेखक डीएन ओझा, डॉ.भारती गोरे होंगे. इस सत्र के सूत्रधार दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज के प्रोफेसर एमके पांडेय होंगे.
शाम साढ़े पांच से साढ़े छह बजे के बीच पद्म श्री विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें लक्ष्मण सिंह, सुंडाराम वर्मा, भज्जू श्याम, जमुना टुडू, डॉ.दमयंती बेसरा, चामी मुर्मू, डॉ.जानुम सिंह सोय, प्रेमलता अग्रवाल, शशाधर आचार्या, दीपिका कुमारी और छुटनी देवी शामिल हैं. साढ़े छह बजे से संवाद, साहित्य और लोकतंत्र विषय पर एक सत्र होगा, जिसमें राज्यसभा के सभापति हरिवंश का विशेष उदबोधन होगा. रात आठ बजे से दस बजे तक संगीत की महफिल सजेगी, जिसमें राहगीर का परफॉर्मेंस होगा. पहले दिन ही सरकारी गलियारों से ओटीटी तक-हिन्दी का बढ़ता दायरा, व्यंग्य की धार-राजनीति, समाज और सच, पूर्वोत्तर गीता ज्ञान यात्रा का शुभारंभ, भारत के सबसे रंगीन कोने से बातचीत, बोलचाला की भाषा में कविता-हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं की मिली जुली कविता सरीखे सत्र होंगे, जो ढ़ाई बजे से शाम साढ़े सात बजे के बीच होंगे. ये सारे सत्र क्रिस्टल हॉल में समानांतर चलेंगे.
दूसरे दिन का शुभारंभ बैक लॉन में सुबह 10 बजे से शुरू होगा. ब्रेकिंग न्यूज से रील्स तक-रिपोर्टिंग की असल रियलिटी नामक सत्र में एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन, इंडिया टूडे के डिप्टी एडिटर डॉ.अंजुम शर्मा और प्रभात खबर के पूर्व संपादक अनुज कुमार सिन्हा शामिल होंगे. पौने बारह बजे से 12 बजकर 25 मिनट तक सिकुड़ती नदियों की कहानी-जल संकट और जन भागीदारी पर डॉ.दिनेश कुमार मिश्र का व्याख्यान होगा. शब्द, समाज और सरोकार नामक सत्र 12 बजकर 25 मिनट से होगा, जिसमें लेखक और पत्रकार सोपान जोशी का व्याख्यान होगा. लंच के बाद दोपहर 2 बजकर 40 मिनट से साढ़े तीन बजे तक लकीरों में छुपा सच-हिन्दी कार्टून की ताकत सत्र में कार्टूनिस्ट आबिद सूरती और मनोज कुमार सिन्हा भाग लेंगे. अंत चेतना और स्व उत्थान-भारतीय साहित्य की दृष्टि के वक्ता वशिष्ठ चौधरी और रविदत्त वाजपेयी होंगे. शाम 4 बजकर 20 मिनट से स्क्रीन अनकट-निर्देशक और अभिनेता से बेबाक संवाद नामक सत्र को अभिनेता अभिषेक चौबे और पंकज झा संबोधित करेंगे. कहानी की कक्षा-शब्दों से लेकर पुस्तक तक का सफर विषयक सत्र को स्टोरीबाज दिव्यप्रकाश दूबे संबोधित करेंगे. रात साढ़े सात बजे से पद्मश्री गुलाबो सपेरा का मोहक कालबेलिया नृत्य होगा. इसी के साथ दूसरे दिन क्रिस्टल हॉल में कैनवास और ब्रश की जादुई क्लास, जहां रंगे बोलेंगे, गांधी और विनोबा-परिवार, समाज और राजनीति में सात्विकता के पथ प्रदर्शक, हिन्दी के प्रचार में जुटे समाज सेवियों का सम्मान, जल जंगल और जन भागीदारी, दर्शन की सीमाएं नहीं होती-एक गहन विचार यात्रा, शंकराचार्य से वीर सावरकर तक-धर्म, राष्ट्र और साहित्य, जब लगेगा गजल कविता का तड़का, तब बनेगा माहौल सत्र का समानांतर संचालन होगा.
इस महोत्सव में शहर के पांच साहित्यकारों को विद्यादीप वयोवृद्ध साहित्य गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा. इनके नाम हैं-डॉ.सी भास्कर राव, दिनेश्वर प्रसाद सिंह दिनेश, अरविंद विद्रोही, लक्ष्मी निधि और निर्मला ठाकुर. इनके अलावा डॉ.जूही समर्पिता, प्रसन्नजोत तिवारी, गोविंद दोदराजका, सुखदेव महतो, जयनंदन, हरि मित्तल, कमल किशोर अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, विजय शर्मा और टैगोर सोसायटी को विद्यादीप सम्मान से नवाजा जाएगा.
सरकारी एवं टाटा लीज की भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। भू-माफिया एवं असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण से न केवल सरकार के राजस्व को क्षति पहुंच रही है, बल्कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उक्त के मद्देनजर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा संबंधित मामलों में जांचोपरांत विधि सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त के आदेशानुसार अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु कुल 5 टीमों का गठन किया गया है। टीम-1 (जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए) एवं टीम-2 (जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए) में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी अवैध निर्माण कार्यों की पहचान करेंगे तथा चिन्हित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार बिजली एवं पानी के संयोजन विच्छेद की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
टीम-3 (जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए) एवं टीम-4 (जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए) में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी चिन्हित अवैध निर्माणों को नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत ध्वस्त/हटाने की नियमानुसार कार्रवाई करेंगे । वहीं टीम-5 को सड़क किनारे स्थित अतिक्रमण को निरंतर रूप से हटाने का निर्देश दिया गया है।
अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई से 48 घंटे पूर्व अधिसूचित क्षेत्र समिति एवं मानगो नगर निगम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं चिन्हांकन का कार्य किया जाएगा। कार्रवाई के उपरांत सभी प्रतिनियुक्त टीमें संबंधित पदाधिकारी के नेतृत्व में सप्ताह में नियमित रूप से कार्य करेंगी तथा निर्धारित शुल्क के साथ विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन उप नगर आयुक्त, अक्षेस, जमशेदपुर / मानगो नगर निगम को समर्पित करेंगी।
इसके अतिरिक्त, टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित लीज नवीकरण की भूमि पर अतिक्रमण की समीक्षा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय क्रॉस फंक्शनल टीम का गठन किया गया है, जो दिनांक 01.01.2026 से अगले आदेश तक कार्यरत रहेगी। क्रॉस फंक्शनल टीम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ क्षेत्रीय कर्मियों/पर्यवेक्षकों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में अतिक्रमण की जांच कराएं, अतिक्रमण हटाने/रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई का दैनिक प्रतिवेदन अपने माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर को समर्पित करें। साथ ही अंचल अधिकारी, जमशेदपुर को टाटा लीज क्षेत्र के अतिरिक्त सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने हेतु भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर एवं सख्ती से चलाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा संचालित सड़क परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क, एलिवेटेड कोरिडोर निर्माण के क्रम में अतिक्रमण, भूमि अधिग्रहण, विद्युत, पेयजल स्वच्छता, जूस्को आदि विभागो से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अंतर विभागीय अधिकारियों के साथ विद्युत लाइन, पेयजल पाइप लाइन शिफटिंग करने हेतु एक साप्ताह के अंदर संयुक्त स्थल निरीक्षण, आवश्यक सर्वे कर समस्या का समाधान निकाले। अतिक्रमण मामले पर कार्रवाई करते हुए स्वीकृत नाक्शा व डिजाईन के हिसाब से यथाशीघ्र काम प्रारंभ करने तथा जमीन अधिग्रहण मामले पर ससमय अनुमान्य मुआवजा राशि देने सहित गलत म्यूटेशन मामले पर अंचल निरीक्षक जमशेदपुर को गलत म्यूटेशन को रद् करने की कार्रवाई शुरू करने का निदेश दिया। बाबा तिलका माझी डिमना चौक मामले पर अनुमंडल पदाधिकारी को वार्ता कर समाधान निकालने हेतु निदेश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास एवं आवागमन सुदृढ़ीकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में सभी कार्य निर्धारित समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं। साथ हीं इस बात को सुनिश्चित किया जाय कि मूलभुत नागरिक सुविधायें सुचारू रूप से चलते रहे। इस बाबत सभी विभागों, एजेंसियों के पदाधिकारी आपसी समन्वय बना कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करें। बैठक में उपायुक्त के अलावे वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री सबा आलम अंसारी, अपर उपायुक्त श्री भागीरथ प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्रीमति गुंजन कुमारी सिन्हा, एसडीओ धालभूम श्री चंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग व जूस्को के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित मौजूद थे।
धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों एवं विकास योजनाओं का भौतिक निरीक्षण उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान द्वारा किया गया। निरीक्षण के क्रम में धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित नरसिंहगढ़ +2 उच्च विद्यालय में संचालित लैब का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित लैब कोऑर्डिनेटर द्वारा लैब में उपलब्ध समस्त उपकरणों की जानकारी विस्तृत रूप से दी गई। उप विकास आयुक्त द्वारा लैब में उपलब्ध सभी उपकरणों की सूची का विधिवत संधारण रजिस्टर में करने का निर्देश दिया गया।
लैब कोऑर्डिनेटर द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को ऐप डेवलपमेंट एवं कोडिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि विद्यार्थियों का उपस्थिति रजिस्टर संधारित किया जाए, साथ ही प्रत्येक कक्षा की स्टिल फोटोग्राफी अथवा छोटे-छोटे वीडियो क्लिप तैयार कर प्रत्येक माह के अंत में प्रखंड विकास अधिकारी, धालभूमगढ़ को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्यालय के शिक्षक अंबिका दास को अटल टीनकेरिंग लैब का नोडल शिक्षक नियुक्त करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत उप विकास आयुक्त द्वारा धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत मनरेगा एवं ग्रामीण/अबुआ आवास योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया गया। ग्राम कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ में मनरेगा योजना अंतर्गत लाभुक जोबा सिंह, मंगला सिंह एवं मनोरंजन सिंह की क्रमशः आम बागवानी एवं मिश्रित बागवानी योजनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बागवानी में इंटरक्रॉपिंग, नियमित पटवन, घास सफाई, पेस्टीसाइड का छिड़काव एवं मृत पौधों के प्रतिस्थापन हेतु प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी पंचायत में अबुआ आवास योजना अंतर्गत 12 लाभुक के निर्माणाधीन आवासों का भौतिक निरीक्षण किया गया। सभी लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के अगले क्रम में पंचायत जुगीशोल में लाभुक गणेश महतो एवं हेमंत महतो की मनरेगा योजना अंतर्गत मिश्रित बागवानी का निरीक्षण किया गया तथा बागवानी कार्यों में इंटरक्रॉपिंग, नियमित सिंचाई, घास सफाई एवं पेस्टीसाइड छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी ग्राम में अबुआ आवास योजना अंतर्गत लाभुक विजय महतो, प्रभाती महतो, सुकरू सिंह एवं पोस्टू कर्मकार के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया एवं सभी आवासों को ससमय पूर्ण करने हेतु संबंधित पंचायत सचिव एवं प्रखंड समन्वयक, आवास योजना (ग्रामीण) को निर्देशित किया गया।
पंचायत जुगीशोल, ग्राम पाण्डुदा में दीदी बाड़ी योजना अंतर्गत लाभुक दुलारी सोरेन एवं धनमानी सोरेन के कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाभुकों द्वारा सेम, करेला, साग, लौकी एवं लहसुन की खेती की जा रही है। साथ ही ग्राम पाण्डुदा में अबुआ आवास योजना अंतर्गत लाभुक सुहागी मुर्मू एवं संध्या देवी के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर संबंधित पंचायत सचिव एवं प्रखंड समन्वयक, आवास योजना (ग्रामीण) को आवास शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर में आगामी 29 दिसंबर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियां यों के मद्देनजर आज दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस क्रम में प्रशासनिक टीम के द्वारा अभियान के दूसरे दिन आदर्श स्वीटस से लेकर एनआईटी गेट तक अभियान चलाया गया.
जेसीबी पॉकलेन की मदद से लगातार दो दिनों तक चलाए गए इस अभियान के दौरान लगभग 400 स्थाई और अस्थाई दुकानें हटाई गई. आदर्श स्वीट्स से लेकर एनआईटी गेट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. सशस्त्र पुलिस बल की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और ठेलों को जेसीबी पॉकलेन की मदद से हटाने और ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई.
हालांकि प्रशासनिक सख्ती को देखते हुए अनेक स्थाई और अस्थाई दुकानदारों ने स्वतः दुकान में रखे हुए समान को हटाने के साथ हीं अपनी दुकानों को भी सुरक्षित हटा लिया था. परन्तु जिन दुकानों ने प्रशासनिक चेतावनी के बावजूद अपनी दुकानें और उसमें रखे समानों को नहीं हटाया. उसे प्राशासनिक टीम के द्वारा जे सी बी पॉकलेन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. प्रशासनिक टीम ने शहर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इस अभियान को पुनः जरूरी बताया है.
जस्टिस एमएस सोनक झारखंड हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे. इस पद पर उनकी नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की 8 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्ति के बाद होगी. यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में लिया गया.
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक इस वक्त बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश हैं. 28 नवंबर 1964 को जन्मे जस्टिस सोनक ने गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाईस्कूल से प्रारंभिक शिक्षा पूरी की. इसके बाद धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी और एमएस कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की.
इसके अतिरिक्त उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी हासिल किया है. अक्टूबर 1988 में जस्टिस सोनक महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए. उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में दीवानी और संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक और कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की. वे केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता, राज्य सरकार तथा वैधानिक निगमों के विशेष अधिवक्ता भी रहे.
कई मामलों में एमिकस क्यूरी तथा विधिक सहायता योजना के तहत अदालत की सहायता कर चुके हैं. इसके अलावा, वे कई विधिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों से भी जुड़े रहे हैं. उनके पास न्यायिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों का लंबा अनुभव है. 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था.
जस्टिस एमएस सोनक न्यायिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय सरोकारों के लिए भी पहचाने जाते हैं. उन्होंने इतिहास रचते हुए गोवा में ‘लिविंग विल’ या एडवांस मेडिकल डायरेक्टिव दर्ज कराने वाले पहले व्यक्ति बनने का गौरव प्राप्त किया था.
झारखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सनसनीखेज खुलासा किया है कि उनकी जान को खतरा है. खुफिया सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की साज़िश के तहत उनके खिलाफ हमले की योजना बनाई जा सकती है.
सूर्य सिंह बेसरा इन दिनों ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हैं और 19 दिसम्बर को सुबह 11 बजे वे जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके अपनी सुरक्षा से संबंधित मुद्दे पर बातचीत करेंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनवरी 2025 में झारखंड सरकार के गृह सचिव की ओर से जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक को आदेश दिया गया था कि पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा को अंगरक्षक उपलब्ध कराया जाए. बावजूद इसके, अब तक उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है. श्री बेसरा ने बताया कि वे लंबे समय से बिना अंगरक्षक के असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
बेसरा ने अपने बयान में बताया कि वे 15 से 17 दिसम्बर तक भुवनेश्वर में अपने गुरु और भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय नयन चांद हेंब्रम के श्राद्धकर्म में शामिल होने गए थे. वहां उन्हें कुछ सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारियों से मुलाकात हुई, जिनसे बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है.
उन्होंने कहा कि खुफिया विभाग के पूर्व पदाधिकारियों ने उन्हें आगाह किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, जो उन्हें राजनैतिक प्रतिद्वंदी मानती है, उनके खिलाफ साजिश रच सकती है. श्री बेसरा ने कहा कि वे इस सूचना को काफी गंभीरता से ले रहे हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं.
सूर्य सिंह बेसरा ने बताया कि वे झारखंड राज्य आंदोलन के संस्थापकों में से एक हैं और झारखंड पीपुल्स पार्टी (JPP) एवं ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) के संस्थापक रहे हैं. उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में वे घाटशिला विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए थे, और 2017 में संताली भाषा में ‘गीतांजलि’ और ‘मधुशाला’ के अनुवाद के लिए साहित्य अकादमी द्वारा सम्मानित हुए थे.
उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र अंगरक्षक देने की मांग की है ताकि संभावित खतरे से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता प्रवर्तन निदेशालय (इडी) द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जमशेदपुर के साकची स्थित भाजपा के जिला मुख्यालय का घेराव करने जा रहे थे. इसी बीच भाजपा के कार्यकर्ता भी कार्यालय से बाहर निकल गए.
कांग्रेस के नेताओं की ओर वे लोग आगे बढ़े और भाजपा के झंडा के साथ उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे.
जमशेदपुर पुलिस द्वारा एहतियात के तौर पर सड़क की घेराबंदी कर दी गई थी. एक तरफ भाजपा और एक तरफ कांग्रेस के कार्यकर्ता थे. दोनों ओर से जमकर हंगामा हुआ और कई बार ऐसी स्थिति आयी की आपस में हाथापाई हो जाती. किसी तरह माहौल को संभाला गया. करीब आधे घंटे तक साकची बंगाल क्लब के पास या हंगामा होता रहा.