जमशेदपुर : कदमा शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 4 स्थित तरुण संघ के प्रांगण में आदर्श बाल मध्य एवं उच्च विद्यालय के विद्यार्थी को मोटिवेट करके के लिए महाराणा एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा कार्यक्रम में पूर्व डीआईजी राजीव रंजन सिंह सम्मिलित हुए। साथ ही अतिथि के रूप के महाराणा एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के संस्थापक अध्यक्ष रंभा देवी, कुंवर अजय सिंह, मानस सिंह, केपी सिंह एवं अन्य लोग सम्मिलित थे।
श्री सिंह बच्चो को मोटिवेट करते कहा की हमारा जन्म अमीर परिवार में हो रहा है या आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में ,यह हमारे हाथ में नहीं है। लेकिन हम किस मुकाम पर पहुंच कर हमारा जीवन समाप्त होगा यह पूरा हमारे मेहनत ,ईमानदारी और हमारे चरित्र पर निर्भर करेगा।इसलिए बहुत जरूरी है की हम बच्चो को बड़ा सपना दिखाए। भारत देश में युवा वर्ग करीब 70 करोड़ है, इसलिए भारत देश विकास के लिए युवाओं को सशक्त बनाना है।
जमशेदपुर : कदमा सोनारी लिंक रोड में मॉर्निंग वॉक सह जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा नेता सह पूर्व डीआईजी राजीव रंजन सिंह स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। साथ साथ जमशेदपुर एवं झारखंड के समग्र विकास एवं मौजूदा भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कमल चिन्ह पर वोट करने के लिए लोगो को प्रेरित किए।
जमशेदपुर : शहर के अधिवक्ता एवं समाजवादी चिंतक सुधीर कुमार पप्पू ने शहर में विकसित हो रही खाओ गली संस्कृति पर रोक लगाने का आग्रह जिला एवं पुलिस प्रशासन से किया है। पिछले कुछ वर्षों से अपराधियों और नशेड़ियों में ठेला दुकान गुमटी लगाने की होड़ सी मची हुई है।
जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन, जेएनएसी तथा टाटा स्टील के पदाधिकारीगण मुकदर्शक बने हुए हैं। शहर के चारों तरफ अतिक्रमण अपनी चरम सीमा पर है, सरकारी हो या गैर सरकारी जमीन दबंगो के माध्यम से खरीद बिक्री का खेल चल रहा है। वहीं नई संस्कृति पनपी है कि किसी भी रोड के किनारे दुकान या ठेला लगा दिया जाता है, भाड़ा पर लगाकर अवैध कमाई की जाती है।
ये अपने ठेले और दुकान से विभिन्न तरह के नशे का गैर कानूनी वस्तुएं उपलब्ध करवाते हैं, रात में खुलेआम ठेले या दुकान के ऊपर रखकर सेवन करते हैं और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते रहते हैं। जिसके चलते आम जनता को भी काफी मुश्किल और दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हर रोज़ सड़क जाम, गुंडे नशेड़ियों के माध्यम से रोड पर लगे हुए ठेले में ही नशीले पदार्थ का सेवन,आते जाते माता और बहनों के साथ छेड़खानी गंदे भद्दे कमेंट, चैन स्नेचिंग, मोबाइल चोरी, किसीके साथ कभी भी मारपीट, खून खराबा और भी तरह-तरह के गैर कानूनी हरकतें होते रहते हैं।
आज के समय में इसी किस्म के अतिक्रमित जगह में ठेला और दुकान लगाकर उसे जगह को खाओ-गली बनाने का नया फैशन जमशेदपुर शहर में चल रहा है। जिस पर प्रशासनिक अधिकारी, टाटा स्टील के पदाधिकारी, जेएनएसी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि गण, सांसद, विधायक, मंत्री मुंह में दही जमाए बैठे रहते हैं। जब कोई अप्रिय घटना घट जाती है तब सभी आंदोलन करने पर उतारू होते हैं।
बिस्टुपुर, साकची, कदमा, सोनारी और जमशेदपुर के हर जगह से सबको मुक्त करवा दिया जाए और सभी रास्तो को अतिक्रमण मुक्त किया जाए तो शायद जमशेदपुर की जनता चैन से और बेझिझक आना-जाना कर सकेंगे। एवं नशा मुक्त शहर बन पाएगा। अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने जमशेदपुर के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियो और जेएनएसी से इसके निवारण करने का प्रयास करने की जरुरत पर बल दिया है।
मुम्बई : स्टार प्लस की नई धारावाहिक ‘इस इश्क़ का रब राखा’ 16 सितंबर 2024 से प्रसारित हो रही है। जमशेदपुर की खूबसूरत अदाकारा अर्शी भारती का किरदार भी इस धारावाहिक में देखने को मिल रहा है। फहमान खान द्वारा रणबीर नामक पायलट का मुख्य किरदार निभाया जा रहा है जिसकी को-पायलट के रूप में अर्शी भारती है। अर्शी भारती के किरदार का नाम तान्या सक्सेना है। को-पायलट के रूप में अर्शी भारती काफी खूबसूरत लग रही है जिसे लोगों का भी बहुत प्यार मिल रहा है।
आपको बता दें कि इससे पूर्व अर्शी भारती मशहूर धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी तारक मेहता के बॉस की सेक्रेटरी के किरदार के रूप में कार्य कर चुकी हैं और बॉलीवुड में अर्जुन कपूर स्टारर फ़िल्म पानीपत में भी इन्होंने अभिनय किया था।
स्टार पल्स की इस नई धारावाहिक के बारे में बात करें तो मेघला, एक बंगाली परिवार से है, और रणबीर, एक पंजाबी है, अलग-अलग संस्कृतियों और मान्यतायों से आते हैं। यह दोनों अलग-अलग पर्सनैलिटी किस तरह से एक साथ आते हैं और उनकी जिंदगी में क्या क्या होता है, यह दर्शकों के लिए रोमांच का विषय होगा। बाजवा परिवार और सेन परिवार के बीच संस्कृतियों का टकराव दिखाया गया है। चूंकि ये दोनों परिवार बहुत अलग बैकड्रॉप वाले हैं, इसलिए यह तय है की दर्शकों के बीच उत्साह और रुचि पैदा होने वाला है।
जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आहूत बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज 2 के तहत जमशेदपुर प्रमण्डल के 1197 ग्रामों में से 1043 कुल अदद ग्राम एवं आदित्यपुर प्रमण्डल के 443 ग्रामों में 246 अदद ग्राम 1 स्टार, 3 स्टार, एवं 5 स्टार में परिलक्षित हैं, दिसम्बर 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसे यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जमशेदपुर प्रमण्डल अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु कुल निर्धारित लक्ष्य 13218 के विरूद्ध 231 अदद व्यक्तिगत शौचालय एवं आदित्यपुर प्रमण्डल अंतर्गत कुल निर्धारित लक्ष्य 6593 के विरूद्ध 76 अदद व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है जिस पर उपविकास आयुक्त ने अप्रसन्नता जताई। उन्होने निर्देशित किया कि योग्य लाभुकों को प्रेरित करते हुये स्वयं से शौचालय निर्माण कर लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। अबुआ आवास में चिन्हित योग्य लाभुक जिनको पूर्व में शौचालय का लाभ नही मिला है उन्हें आवास निर्माण के साथ-साथ शौचालय निर्माण पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
सभी पंचायतों में प्लास्टिक पृथ्थकरण शेड के निर्माण हेतु संबंधित अंचल अधिकारी से NOC प्राप्त है परन्तु कुल 54 अदद शेड का निर्माण पूर्ण किया गया है जो कि निर्धारित लक्ष्य से कम है। उपविकास आयुक्त के द्वारा दिसम्बर 2024 तक सभी पंचायत एवं प्रमण्डल स्तर पर प्लास्टिक पृथ्थकरण शेड का निर्माण पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु ग्राम स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जल जीवन मिशन अन्तर्गत प्रति पंचायत 10 चापाकल निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। SVS( Single village scheme) एवं SVS cluster में जिनका स्रोत तैयार नही हुआ है उसके वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया । कुलियाना MVS (Multi village scheme) की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुये कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया । SVS /SVS Cluster में घरों में कनेक्शन का कार्य जल्द पूर्ण करने तथा बागबेड़ा MVS योजना के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में कार्यपालक अभियंता, एसडीओ, एई, जेई तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार अबुआ आवास, बिरसा हरित ग्राम, मंइयां सम्मान योजना की समीक्षा बैठक की गई। उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित वी.सी में सभी बीडीओ, डीपीएम जेएसएलपीएस, एपीओ डीआरडीए, जिला समन्वयक- आवास, डीपीएम पंचायती राज, सभी प्रखंड समन्वयक, पंचायत सचिव तथा अन्य संबंधित जुड़े। बैठक में अबुआ आवास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवंटित लक्ष्य के आलोक में प्राथमिकता सूची के अनुसार लाभुकों को अद्यतन तिथि तक रजिस्ट्रेशन/स्वीकृति नहीं करने पर उप विकास आयुक्त ने अप्रसन्नता जाहिर की। उन्होने सभी प्रखडों को सख्त निर्देश दिया कि 26 सितंबर तक कुल आवंटित 29934 लक्ष्य के विरूद्ध शत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। तक समयावधि तक रजिस्ट्रेशन नहीं होने एवं प्राथमिकता से नीचे के लाभुकों का रजिस्ट्रेशन करने की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई की बात कही गई।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अबुआ आवास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृति लाभुकों को प्रथम किस्त/द्वितीय किस्त एवं तृतीय किस्त विमुक्त करने की गति सभी प्रखण्डों में धीमी है। अविलम्ब किस्त भुगतान हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारी/कर्मी को दिया गया। जिला द्वारा निर्गत की जा चुके प्रथम किस्त/द्वितीय किस्त के विरूद्ध आवासों में प्लिन्थ स्तर/लिंटेल स्तर का कार्य तीव्र गति से कराते हुए शतप्रतिशत आवासों का जियो टैग करने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारी/कर्मी को दिया गया।
बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त लक्ष्य के आलोक में 30 सितंबर तक शतप्रतिशत पौधारोपण कराने का निदेश दिया गया है। साथ ही 24 सितंबर से प्रखण्डवार स्थल निरीक्षण करने हेतु जिला स्तरीय टीम को निदेश दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के वैसे लाभुक जिनका बैंक खाता संख्या में त्रुटि/ केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण योजना के तहत राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, उक्त को लेकर बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए लाभुकों के खाते में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की राशि पुन: हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया।
जमशेदपुर : हर वर्ष की भांति मानगो बैकुंठ नगर वास्तु विहार कॉलोनी मे रवि शंकर केपी( मानगो वास्तु विहार साई सेवा समिति के अध्यक्ष) जी के अध्यक्षता में समिति के माध्यम से और बस्ती वासियों के सहयोग से दसवें साई महोत्सव का आयोजन भव्यता पूर्ण किया गया। इस कार्यक्रम में सुबह से ही साई नाथ की पूजा पाठ शाम को साई पालकी यात्रा और रात मे साई आरती भजन के साथ महा प्रसाद का आयोजन किया गया था।
साई महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता, विशिष्ट अतिथि स्वरूप जमशेदपुर शहर के जाने-माने अधिवक्ता सह समाज सेवी सुधीर कुमार पप्पू, सोनारी भाजपा के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी राहुल भट्टाचार्जी, जुगसलाई के समाजसेवी देवेंदर सिंह भाटिया उपस्थित हुए। सभी का सम्मान रवि शंकर केपी ने साई नाथ की अंग वस्त्र पहनाकर किया। अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू और समाजसेवी राहुल भट्टाचार्जी ने रवि शंकर केपी को अंग वस्त्र और साई नाथ की चित्र देकर सम्मानित किया।
दसवें साई महोत्सव कार्यक्रम में अतिथि स्वरूप सोनारी भाजपा के भोलानाथ साहू, बरुन झा, निरेन सरकार, मनसा गोप, कदमा भाजपा के युवा नेता विशाल राय, आकाश बेहरा, अभिषेक कुमार, सुमित जायसवाल और सर्वेश मौजूद हुए। सभी का स्वागत अंग वस्त्र पहना कर रवि शंकर केपी ने किया। पूजा अर्चना के पश्चात सभी लोगो ने मिलकर महाप्रसाद ग्रहण किया। रवि शंकर केपी को हृदय की गहराई से आभार प्रकट करते हुए साई नाथ से उनको और उनके पूरे परिवार पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखने की मंगल कामना की गई।
जमशेदपुर : राष्ट्रीय सनातन सिख सभा के राष्ट्रीय संयोजक अधिवक्ता कुलविंदर सिंह ने जुगसलाई की महान सिख संगत को उनकी शानदार विरासत, इतिहास, मर्यादा पर पहरा देने की अपील की है। कुलविंदर सिंह के अनुसार जुगसलाई और रिफ्यूजी कॉलोनी की सिख संगत की भावना समर्पण की दुहाई हर गुरुद्वारे में दी जाती है कि पंथ के प्रति प्यार समर्पण सीखना है तो इनसे सीखिए, लेकिन जुगसलाई की सिख संगत के अनदेखी के कारण देश-विदेश में जमशेदपुर की बदनामी हो रही है। जुगसलाई नहीं बल्कि सारी संगत जानती है कि शैलेंद्र सिंह को धर्म और पंथिक मर्यादा से कोई मतलब नहीं है बल्कि अपनी राजनीति चमकाते हैं। कभी कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन में वोट देने की अपील करते हैं और कब बीजेपी के बड़े नेताओं के पास जाकर सिखों के लिए टिकट मांगने लगते हैं। यह इतने कमजोर और याचक बन गए हैं कि सामने वाला सिखों को कमजोर समझने लगा है।
तभी तो जब झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनने पर हिदायतुल्लाह खान को बधाई देने गए उन्हें गुरु नानक देव जी की तस्वीर भेंट की, उसने पैरों में चप्पल पहन रखी है और सर भी नंगा है। जो इंसान अपने आप को झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रधान एवं तख्त श्री हर मन्दिर जी पटना साहेब जैसे पवित्र स्थल का पूर्व कार्यकारी प्रधान बताता है, उसकी करतूत से हर सिख का सर झुकता है और शर्मिंदगी का एहसास होता है।
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा एवं दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल हुए और इन्होंने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की तस्वीर भेंट की। उसकी फोटो प्रेस में आई है जो सिखों को शर्मसार कर रही है कि राज्य मंत्री ने सर नहीं ढका है और वह श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की फोटो ग्रहण कर रहा है। यहां नित्यानंद राय से यह सिख बहुल इलाका से टिकट देने की मांग करते हैं।
कुलविंदर सिंह के अनुसार उन्होंने हिदायतुल्लाह प्रकरण को सेंट्रल कमेटी के बैठक में उठाया था तो सरदार भगवान सिंह ने भी शैलेंद्र सिंह की हिमायत की थी और उन्हें धक्के मरवा कर बैठक से बाहर करवा दिया था। संगत को समझ जाना चाहिए कि इन्हें पद चाहिए, पंथिक मर्यादा तार तार होती रहे उसे इनको कोई मतलब नहीं है। अगर जुगसलाई की संगत सही में धर्म प्रेमी है तो उन्हें कमेटी के प्रधान महेंद्र सिंह पर दबाव बनाना चाहिए कि शैलेंद्र सिंह को कमेटी से बाहर का रास्ता दिखाएं क्योंकि उनके कारण पंथ की बदनामी होती है।
जमशेदपुर : सोनारी शांति सद्भावना समिति के सचिव सह अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के पदधारियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि सारा काम जिला पुलिस एवं प्रशासन करती है। केंद्रीय समिति के पदधारी बस फोटो खींचने तथा अखबारों में समाचार देने के लिए झूठी वाह-वाही लेते हैं और अपनी पीठ खुद थपथपाते हैं।
उन्होंने केंद्रीय समिति के अध्यक्ष और महासचिव से पूछा है कि वह बताएं कि जनहित में या पूजा समिति के हित में उन्होंने कौन से काम किए हैं जो उल्लेखनीय रहे हैं। जब किसी तरह का काम नहीं करना है तो नया सदस्य बनने एवं पूजा समिति से तीन हजार रूपए क्यों लिए जाते हैं और लगभग जमशेदपुर में 400 पूजा समिति से वार्षिक सहयोग शुल्क तीन सौ रुपए क्यों लिया जाता है? जिला प्रशासन ही घाट की साफ सफाई से लेकर व्यवस्था बनाना और टावर बनाने का काम करता है।
केंद्रीय समिति के पद धारी सिर्फ वहां प्रशासन के सामने अपना चेहरा चमकाते हैं, संगठन के नाम पर अपने हित साधते हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की तत्परता नहीं होने के कारण गत वर्ष में बेली बोधन वाला घाट में घटना घट चुकी है जबकि स्थानीय स्तर पर सारा काम थाना स्तरीय शांति सद्भावना समिति करती है। शांति समिति के पदधारी एवं सदस्य मनोयोग से माँ के श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं।
माँ के आगमन से लेकर विजया दशमी तक जिला प्रशासन के पदाधिकारी और पुलिस के जवान दिन रात अहर्निश सेवा में लगे रहते हैं, जिससे माँ के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। जबकि केंद्रीय समिति के पदाधिकारी अपने राजनीतिक आका के कहने के अनुसार चलते हैं और यहां भी दलीय राजनीति से ऊपर नहीं उठते हैं। क्षेत्र में बैठक के वक्त थाना स्तरीय शांति समिति को अनदेखी कर निर्णय लेते हैं एवं केंद्रीय शांति समिति एवं थाना स्तरीय शांति समिति से भी किसी प्रकार का भी समन्वय स्थापित नहीं किया जाता है।
अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने अध्यक्ष को सलाह दी है कि समितियों एवं श्रद्धालुओं के हित में जितने काम किया जा रहे हैं उन कामों को सार्वजनिक करें, आय व्यय को भी सार्वजनिक करें और इस प्रकार से चंदा लेने का काम बंद करें। नए सदस्यता एवं वार्षिक सहयोग राशि को लेकर पूर्व अध्यक्ष चंद्रनाथ बनर्जी के द्वारा अपने कार्यकाल में विरोध भी किया गया था परंतु अभी वर्तमान केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की कार्यशैली से असंतुष्ट होकर एक समानांतर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति कार्य कर रही है।
जमशेदपुर : बिहार पटना केंद्र स्थित विहिप बिरसा सेवा प्रकल्प झारखंड के अलावा भारत के अनेक राज्य में कार्यरत है। विहिप जमशेदपुर महानगर अंतर्गत धर्म प्रसार आयाम द्वारा सात दिवसीय आरोग्य रक्षक प्रशिक्षण वर्ग जुगसलाई के राजस्थान शिव मंदिर में 22 सितंबर से प्रारंभ हो गया।
मुख्य अतिथि के के रूप में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वर्तमान में पद्मश्री भूषण अवार्ड सम्मानित तथा बिरसा सेवा प्रकल्प के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नारायण सिंह जी द्वारा उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण में लगभग बिहार झारखंड के 50 पंचायत के सुदूर प्रखंडों से महिला प्रशिक्षु प्रशिक्षण में सम्मिलित हुए हैं। वर्ग का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा, संस्कार, आत्मरक्षा, सेवा, योग तथा स्वावलंबन के संदर्भ में प्रशिक्षण देना है। चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण देने वालों में डॉ भोला लोहार, डॉ जे. एन. दास, पुनम रेड्डी, सविता सिंह के अलावा जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से चिकित्सक द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बिरसा सेवा प्रकल्प के राष्ट्रीय मंत्री श्री संजय सिंह जी, बिहार झारखंड क्षेत्रीय मंत्री आनंद जी, डॉ रविंद्र नारायण जी ने प्रकल्प के माध्यम से समाज में महिलाओं की सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समाज की महिला अगर प्रस्तुत होती है, तो पूरा परिवार और समाज प्रशिक्षित होता है। ग्रामीण क्षेत्र मे परिवार के लोग स्वस्थ कैसे रहे छोटी-छोटी जानकारी देने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उद्धाटन कार्यक्रम मे प्रांत मठ मंदिर प्रमुख देवेंद्र गुप्ता जी, जिला मंत्री चंद्रिका भगत, विभाग संगठन मंत्री श्री मिथिलेश महतो, घाटशिला संगठन मंत्री सुभाष चटर्जी जी, सविता सिंह, मीना सिंह, संजय सिंह, दुर्गावाहिनी रितु शर्मा, धर्म प्रसार प्रमुख एम साईं पदमजा, सह प्रमुख विवेक सिंह जी के अलावा सभी सदस्यगण उपस्थित रहे।