जमशेदपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बस्ती विकास समिति के प्रथम केंद्रीय अध्यक्ष जयनारायण सिंह का सोमवार को टीएमएच में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। वे 75 वर्ष के थे। वे अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। 90 के दशक में जयनारायण सिंह ने 86 बस्ती को मलिकाना हक दिलाने को लेकर किए गए आंदोलन को गति प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई थी।
जयनारायण सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वे एक मृदुभाषी एवं मिलनसार व्यक्ति थे। उन्होंने टेल्को मजदूर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनके द्वारा किये गये मजदूर हित एवं सामाजिक कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। जयनारायण सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार की सुबह भुइयांडीह स्वर्णरेखा घाट पर किया जाएगा।
जमशेदपुर : कदमा हिंसा मामले में कारावास में कैद भाजपा नेता अभय सिंह से आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारीगण घाघीडीह कारावास में मिलने पहुँचे। आज सवेरे भाजपा से गिरिडीह के सुरेश साव, हजारीबाग के योगेंद्र प्रताप सिंह और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह जमशेदपुर पहुँचे। जिसके बाद उन्होंने घाघीडीह कारावास में भाजपा नेता अभय सिंह से मुलाकात की।
प्रदेश पदाधिकारीगण ने कहा कि अभय सिंह के मुखर व्यक्तित्व को झारखंड सरकार बर्दाश्त नहीं कर पाई और झूठे आरोप में अभय सिंह जी को कारावास में कैद कर रखा है। झारखंड सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति के विरुद्ध खुलकर बोलने की सजा अभय सिंह को दी जा रही है, लेकिन हमें न्यायिक व्यवस्था पर पूर्ण भरोसा है और अभय सिंह जी जल्द ही सभी आरोपों से मुक्त होकर हमारे और जनता के बीच रहेंगे।
प्रदेश पदाधिकारीगण के साथ निर्भय सिंह, रविंदर सिंह रिंकू, आलोक वाजपेयी, पप्पू सिंह इत्यादि भी अभय सिंह से मिलने कारावास गए थे।
खालसा फ़तेह मार्च के प्रश्नोत्तरी विजेता सहित उत्कृष्ट सेवा के लिए पाँच लोगों को किया गया सम्मानित
जमशेदपुर : सिख इतिहास के सबसे महान योद्धा बाबा बंदा सिंह की शहादत को नमन करने के उद्देश्य से आयोजित सेमिनार में बंदा सिंह बहादुर को सिख कौम का गर्व बताया गया तथा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके सिखी सिद्धांतों पर अमल करने की शपथ भी ली गयी। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा मानगो में रविवार को देर शाम तक चले सेमिनार का आयोजन सिख नौजवान सभा की मानगो यूनिट द्वारा किया गया था।
निडरता और अदम्य साहस का प्रतीक है बंदा सिंह बहादुर की शहादत: भगवान सिंह
सेमिनार में सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने बंदा सिंह बहादुर को निडरता और अदम्य साहस का प्रतीक बताया जबकि बीबी मनप्रीत कौर, हरविंदर सिंह जमशेदपुरी, प्रचारक जगसीर सिंह ने भी बंदा सिंह बहादुर की शहादत गाथा को संगत के साथ बेहद सरल शब्दों में साझा किया।
इस अवसर पर पिछले दिनों टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब से निकले खालसा फतेह मार्च के दौरान संगत के बीच बांटे गए प्रश्नोत्तरी पर्चे के 40 विजेताओं को भी सेमिनार में पुरस्कृत किया गया। जुगसलाई की हरशरण कौर को प्रथम पुरुस्कार मिला जबकि को द्वितीय स्थान टूइलाडुंगरी की बीबी जसबीर कौर को मिला वहीँ तीसरे स्थान के लिए हरदीप सिंह (टूइलाडुंगरी) और गुरशरण कौर (जुगसलाई) को संयुक्त रूप से को पुरुस्कृत किया गया। इसके आलावा अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा करने वाले शख्शियतों में हीरा सिंह, कुलवंत सिंह, जसवंत सिंह जस्सू, बलजीत संसोआ व जसविंदर सिंह को बोले सो निहाल सत्श्रीअकाल उद्घोष के साथ विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। सेमिनार में कुरीतियों के प्रति जागरूक करनेवाले नाटक भी प्रस्तुत किये गए जिसमे ‘सिरोपा’ नाटक को संगत की खूब वाहवाही मिली और बहुत सराहा गया। बच्चों द्वारा कविता पाठ और नाटिका भी प्रस्तुत किये गए। सेमिनार को सफल बनाने के लिए युवा सिख प्रचारक सह मानगो सिख नौजवान सभा के महासचिव हरविंदर सिंह जमशेदपुरी एवं नौजवान सभा के प्रधान जगदीप सिंह गोल्डी ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
अथितियों में भगवान सिंह के अलावा गुरविंदर सिंह सेठी, गुरनाम सिंह बेदी, गुरचरण सिंह बिल्ला, चंचल सिंह, कुलदीप सिंह बुग्गा, हरजिंदर सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, सुरेंदर सिंह छिंदे, संता सिंह, गुरशरण सिंह व जसपाल सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाई गुरप्रताप सिंह, हरविंदर सिंह जमशेदपुरी, जगदीप सिंह गोल्डी, जसवंत सिंह जस्सू, सुखवंत सिंह सुक्खू, हीरा सिंह, कुलवंत सिंह, ग़ुरबचन सिंह राजू, प्रभजोत सिंह शैंकी, अमरिंदर सिंह, बीबी मनप्रीत कौर और अन्य का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
तीरंदाजी में कांस्य पदक जीतने पर भजन कौर को भगवान सिंह ने दी बधाई
अभी हाल के दिनों में सिख खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उम्दा प्रदर्शन करते हुए झारखण्ड राज्य सहित सिख कौम का नाम रोशन किया है। इन्ही सिख खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा करने के लिए सीजीपीसी उन्हें सम्मानित करेगी। सोमवार को सम्मान की घोषणा करते हुए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह ने बताया की यह गर्व की बात है है कि खेल के क्षेत्र में सिख उम्दा प्रदर्शन कर रहें हैं इसलिए संस्थाओं को भी खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका मनोबल ऊँचा रखना चाहिए।
उन्होंने आयरलैंड में आयोजित यूथ एंड कैडेट विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप सिख तीरंदाज भजन कौर द्वारा कांस्य पदक जीते जाने पर उन्हें बधाई दी है। भजन कौर ने यूथ एंड कैडेट विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप, आयरलैंड में कांस्य पदक हासिल किया। टाटा आर्चरी एकेडमी की भजन कौर हाल ही में टाटा के फाउंडर्स डे स्पोर्ट्स में भजन कौर को स्पोर्ट्स पर्सन के खिताब से नवाजा गया था। रविवार को कांस्य पदक के लिए खेले गये मुकाबले में भजन कौर ने चाइनीज ताइपेइ को 7-1 से मात दी है।
जमशेदपुर : राँची से जमशेदपुर एक दिवसीय दौरे पर आए अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी ने शहर भर में कई लोगों से मुलाकात की। गुरविंदर सिंह सेठी ने सर्वप्रथम जमशेदपुर के वरीय व्यवसायी, सीजीपीसी के संरक्षक सह समाजसेवी दिवंगत गुरदयाल सिंह भाटिया की स्मृति में बिष्टुपुर जी टाउन स्थित गुरुद्वारा गुरबाणी कीर्तन, अंतिम अरदास एवं गुरु लंगर में शामिल हुए। अंतिम अरदास में शामिल होने आए पूर्व डीआईजी राजीव रंजन से भी मुलाकात की। उनके साथ काफी देर तक कई विषयों पर बातें हुई।
रघुवर दास से हुई शिष्टाचार मुलाकात
अपने दौरे के दौरान गुरविंदर सिंह सेठी ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से शिष्टाचार मुलाकात की। जहाँ रघुवर दास ने गुरविंदर सिंह सेठी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ग्राम विकास प्रमुख के पितृ शोक में शामिल हुए
गुरविंदर सिंह सेठी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत ग्राम विकास प्रमुख एवं वरिष्ठ संघ प्रचारक महेंद्र जी के पिता के निधन होने पर गोविंदपुर स्थित उनके घर जाकर शोक व्यक्त किये।
निर्भय सिंह से की मुलाकात, कई विषयों पर हुई चर्चा
गुरविंदर सिंह सेठी ने भाजपा नेता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह से काशीडीह स्थित कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कई विषयों पर चर्चा हुई। अभय सिंह की रिहाई और आगे की न्यायिक प्रक्रिया को लेकर काफी देर तक बातें हुई। आगामी 2024 में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी के नेतृत्व में होने वाली लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को लेकर भी विचार विमर्श हुआ।
सरदार गुरदीप सिंह पप्पू से कार्यालय में की मुलाकात
सरदार गुरदीप सिंह पप्पू के माता के निधन में शामिल नहीं हो पाने के कारण गुरविंदर सिंह सेठी ने अपने दौरे के दौरान सरदार गुरदीप सिंह पप्पू के कार्यालय में जाकर मुलाकात की एवं शोक व्यक्त किया। इस दौरान कुछ राजनीतिक चर्चाएं भी हुई।
सिख नौजवान सभा ने किया गुरविंदर सिंह सेठी को सम्मानित
इस दौरे के दौरान सिख नौजवान सभा द्वारा मानगो गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में गुरविंदर सिंह सेठी भी शामिल हुए। जहाँ सिख नौजवान सभा द्वारा गुरविंदर सिंह सेठी को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज मे उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपना योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया गया। गुरविंदर सिंह सेठी के इस दौरे के दौरान धर्मेंद्र कुमार, सतीश कुमार, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंदर सिंह रिंकू, भाजपा नेता चंचल भाटिया इत्यादि साथ में रहे।
जमशेदपुर : राँची से जमशेदपुर एक दिवसीय दौरे पर आए अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी ने भाजपा नेता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह से काशीडीह स्थित कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कई विषयों पर चर्चा हुई।
अभय सिंह की रिहाई और आगे की न्यायिक प्रक्रिया को लेकर काफी देर तक बातें हुई। कई राजनैतिक मुद्दों पर भी चर्चाएं हुई, जिसमें गुरविंदर सिंह सेठी ने अपने विचारों को खुलकर रखा। आगामी 2024 में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी के नेतृत्व में होने वाली लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को लेकर विचार विमर्श हुआ। इस दौरान गुरविंदर सिंह सेठी के साथ धर्मेन्द्र कुमार, सतीश कुमार एवं रविंदर सिंह रिंकू मौजूद थे।
जमशेदपुर के वरीय व्यवसायी, सीजीपीसी के संरक्षक सह समाजसेवी दिवंगत गुरदयाल सिंह भाटिया की स्मृति में शुक्रवार से बिष्टुपुर जी टाउन स्थित गुरुद्वारा में गुरुवाणी का अखंड पाठ आरंभ हुआ था जिसका समापन आज 9 जुलाई रविवार को हुआ। गुरबाणी कीर्तन एवं अंतिम अरदास के बाद गुरु लंगर का भी आयोजन था।
दिवंगत गुरुदयाल सिंह भाटिया के अंतिम अरदास और गुरुलंगर में पूर्व डीआईजी राजीव रंजन, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंदर सिंह रिंकू, सरदार शैलेन्द्र सिंह, गुरदीप सिंह पप्पू, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, परविंदर सिंह सोहेल, शिव शंकर सिंह, चंचल भाटिया, धर्मेंद्र कुमार, सतीश कुमार एवं शहर के कई नामी हस्तियाँ श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित हुए।
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने व्यवसायियों से रंगदारी मांगने के आरोपी को 72 घंटे के भीतर कोलकाता से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्त में आये युवक का नाम बंटी गुहा है। पुलिस ने युवक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किये हैं।
सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि बीते 5 जुलाई को वादी अमित चावला ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 91556 93181 के जरिये सोनू सिंह के नाम से किसी ने उनसे रंगदारी की मांग की है। बताया कि उनके अन्य पड़ोसी दुकानदार मोहन प्रसाद एवं विवेक झा से भी रंगदारी की मांग की गई है। उनके लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करते हुए तफ्तीश शुरू की गई। तफ्तीश के क्रम में पता चला कि उक्त मोबाइल धारक कोलकाता में है, जिसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को देते हुए एक टीम को कोलकाता भेजा गया। टीम 72 घंटे के भीतर बंटी गुहा नामक युवक को, जो परसुडीह थाना अंतर्गत गोल पहाड़ी का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर शहर लाई।
पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि शहर के करीब 25 दुकानदारों एवं व्यवसायियों को फोन कर सोनू सिंह के नाम से रंगदारी की मांग की गई थी। बताया गया कि आरोपी ने सीतारामडेरा थाना एवं जुगसलाई थाना क्षेत्र के कुछ दुकानदारों से रंगदारी की रकम वसूल भी की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने बंटी गुहा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बंटी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के कदमा, टेल्को, साकची, जुगसलाई, बिष्टुपुर एवं सीतारामडेरा थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापामार दल में थाना प्रभारी रंजीत कुमार, एएसआइ रवि रंजन कुमार, पंकज कुमार तिवारी एवं चालक सुनील कुमार पांडे शामिल थे।
प्रधान सरदार भगवान सिंह नौ जुलाई को पुनः सीजीपीसी का कार्यभार संभाल लिया है। वे पारिवारिक कारणों से पंजाब प्रवास पर थे। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह 29 जून से पारिवारिक कारणों से पंजाब प्रवास पर थे तथा उनके स्थान पर वरीय उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह बुग्गा सीजीपीसी के कार्यवाहक प्रधान की भूमिका निभा रहे थे। उनकी अनुपस्थिति में सीजीपीसी कार्यकलापों की सुचारु रूप से देखरेख करने के लिए भगवान सिंह ने समस्त सीजीपीसी के सदस्यों का सहृदय धन्यवाद ज्ञापन किया।
जमशेदपुर : आस पास के क्षेत्रों में घरों में घुसकर चोरी करने वाले चड्डी बनियान गैंग के आठ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गैंग की महिला सदस्य भी पुलिस की गिरफ्त में आई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के गुणा जिला निवासी लाल सिंह उर्फ काले, भोपाल निवासी फतेह सिंह, ज्वाला मुखी, अशोकनगर निवासी मंजीत पारदी, मंगल उर्फ मांगीलाल पारदी, विदिशा निवासी विक्की बोगिया उर्फ विक्की राम सिंह, कुईया बाई उर्फ गीता बाई और बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी निवासी संजय मुखी शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के कई सामान बरामद किए हैं।
जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि 3 जून की रात बागबेड़ा में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद 15 जून को बिरसानगर गुड़िया मैदान के पास भी चोरी की थी। 30 जून को चाकुलिया के दो घरों में चोरी करने के बाद सभी बर्मामाइंस में चोरी का प्लान बना रहे थे। इसी दौरान सभी को पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी चड्डी बनियान गैंग से जुड़े है और गुलगुलिया है। सभी घूम घूम का चोरी करते हैं। गैंग में शामिल महिलाएं गुब्बारे बेचने के बहाने रेकी करती हैं और पुरुष साथियों को इलाके की जानकारी देते हैं। इसके बाद गैंग के अन्य सदस्य घरों में घुसकर चोरी करतें हैं। इसके पकड़ाने से इलाके में चोरी की घटनाओं में कमी आयेगी।