सरायकेला : सड़कों पर दौड़ने वाली वाहनों पर लगे तेज हार्न और प्रेशर हार्न से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि दो पहिया वाहन में कंपनी के द्वारा लगाया गया साइलेंसर को बदलकर माडिफाइड साइलेंसर लगा दिया जाता है, जिसके कारण सड़क पर आवागमन करने वालो के साथ अन्य लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। बताया जाता है कि माडिफाइड साइलेंसर की आवाज इतनी तेज होती है, वहीं तेज हार्न के कारण भी लोगों के ऊपर इसका सीधा असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि तेज हार्न के कारण कान कुछ समय के लिए सुनापन लगने लगता है साथ ही तेज हार्न का असर दिमाग पर पड़ता है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने घरों में रहने वाले लोगों और बच्चों के बीच भी इसका सीधा असर पड़ता है।

वर्तमान समय में तेज हार्न और माडिफाइड साइलेंसर का प्रचलन बढ़ता जा रहा है जिसके कारण लोगों को इससे जूझना पड़ रहा है। मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सरायकेला खरसावां जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए अविलंब इस पर अंकुश लगाई जाए।










