राँची : दीपशिखा और द पिंक पेबल्स की एक अनूठी पहल से झारखंड में पहली बार फारमर्स मार्केट का आयोजन हुआ. दीपशिखा संस्थान तीन दशकों से रांची शहर में मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है. इस संस्थान में ऑटिज्म, मानसिक दिव्यांगता, सेरेब्रल पॉल्सी और विभिन्न अंगों की दिव्यांगता से ग्रस्त बच्चों के इलाज के अलावा उनकी शिक्षा-दीक्षा के साथ सर्वांगीण विकास का इंतजाम किया जाता है.
दीपशिखा और द पिंक पेबल्स द्वारा आयोजित इस बाजार में तरह-तरह के जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगी थी. साथ ही जैविक उत्पादों की बिक्री भी की गई. विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टाल्स महिलाओं द्वारा लगाये गये, जहां जैविक उत्पाद का प्रयोग किया गया था, जैसे रागी मोमो, मिलेट, कॉर्न, इत्यादि मुख्य थे. वहीं बच्चों के लिए एक किड्स जोन का भी आयोजन किया गया था. दीपशिखा एवं एकल के स्टॉल भी लगे थे. इस फारमर्स मार्केट में लोगों ने प्रदर्शनी का लुत्फ उठाया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथी मुख्य वन संरक्षक डी के सक्सेना थे. कार्यक्रम में जेएफटीए ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, कार्यक्रम में रांची के सांसद संजय सेठ और दीपशिखा की कार्यकारी निदेशिका सुधा ल्हीला व कई गणमाण्य लोग शामिल हुए.
जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और रोटरी क्लब जमशेदपुर (दलमा) के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का 120 लोगों ने लाभ लिया. साकची गुरुद्वारा के गोविन्द भवन में आयोजित इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों ने हड्डी रोग सम्बंधित रोगों का समाधान तलाशा. रोटरी क्लब जमशेदपुर (दलमा) के फिजियोथेरिपिस्ट रोहित कुमार अपनी टीम के साथ परामर्शकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. फिजियोथेरेपी की विशेषज्ञ टीम ने घुटना, पीठ, एड़ी, जोड़ पीड़ा, फ्रोजेन शोल्डर और सर्वाइकल स्पोंडलेसिस से जूझ रहे लोगो की फिजियोथेरेपी गयी.
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शिविर में पहुंच कर साकची गुरुद्वारा में किये जा रहे धार्मिक और सामाजिक दायित्व निर्वहन की खूब सराहना की. साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने टीम सहित शिविर का मुआयना किया और हौसला आफजाई की. इस अवसर पर हरविंदर सिंह मंटू, तारा सिंह, अजित सिंह गंभीर ने भी शिविर का दौरा किया. शिविर में रोटरी क्लब की सरस्वती घोष, मनीष कुमार चौधरी, विशाल त्रेहान, डॉ वि मनोहर, रुपसा दास, मानस बेहरा, एस बनर्जी, प्रोतिम बनर्जी, दिलीप घोष, हरविंदर सिंह, सतबीर सिंह गोल्डू समेत अन्य की सराहनीय भूमिका रही.
जमशेदपुर : टाटा स्टील के संस्थापक दिवस की तैयारी के लिए जुबली पार्क को 26 फरवरी से 8 मार्च तक 12 दिन के लिए बंद रखा जाएगा। यह जानकारी जुस्को कॉरपोरेट कम्युनिकेशन की ओर से दी गई है। इस दौरान पार्क से वाहनों का अवागमन बंद रहेगा। वहीं, आम आदमियों की पैदल आवाजाही पर भी रोक रहेगी। 3 से 5 मार्च तक विद्युत सज्जा देखने के लिए आम लोगों के लिए पार्क खुलेगा।
मालूम हो कि पार्क में हर दिन हजारों लोग मॉर्निंग व इवनिंग वॉक करने आते हैं। इस तरह से हजारों लोग 12 दिन तक वॉक करने से वंचित रहेंगे। वहीं, पार्क गेट बंद होने से सोनारी, कदमा के लोगों को साकची जाने के लिए अब मोदी पार्क होते हुए कीनन स्टेडियम के पीछे वाले मेन रोड से साकची की ओर से जाना होगा।
जमशेदपुर : टाटा स्टील की ओर से रविवार को गोपाल मैदान बिष्टुपुर से यूनाइटेड क्लब तक विंटेज कार व बाइक रैली निकाली गयी. टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वीपी चाणक्य चौधरी ने झंडा दिखाकर रैली को रवाना किया. पहले एक-एक कर विंटेज कार निकली, पीछे-पीछे बाइक. गोपाल मैदान में इसे देखने के लिए भीड़ तो जुटी ही थी, रास्ते में भी लोगों ने हाथ हिला-हिलाकर, तो छात्रों ने बैंड बाजे के साथ स्वागत किया. विंटेज कार में कोलकाता के पल्लव राय व सौरव राय और बाइक में पंजाब कॉलोनी मानगो, पूर्वी सिंहभूम के फतेह सिंह ओवरऑल चैंपियन बने.
विंटेज कार रैली 2024 के विजेता पल्लव व सौरव राय हैं पिता-पुत्र
पल्लव राय और सौरव राय पिता-पुत्र हैं. वे वर्ष 2016 से इस तरह की रैली में भाग ले रहे हैं. जमशेदपुर के अलावा कोलकाता व अन्य शहरों में आयोजित रैली में भी वे सम्मानित होते रहे हैं. उनकी वर्ष 1951 मॉडल की मरक्युरी वी8 स्पोर्ट सेडन रैली में आकर्षण का केंद्र रही. इसमें आठ सिलिंडर यानी 4500 सीसी का इंजन है, जो पेट्रोल से चलता है. यह गाड़ी आज भी कंडीशन में है. वे कोलकाता में फादर एंड संस रेस्टोरेशन चलाते हैं. कॉन्फेक्शनरी और रिसॉर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं.
विंटेज बाइक के शौकीन हैं फतेह सिंह
वहीं, फतेह सिंह विंटेज बाइक के शौकीन हैं. इस तरह की बाइक की मरम्मत का काम करते हैं. उन्होंने बताया कि वे कई गाड़ियों के साथ रैली में शामिल हुए, जिसमें द्वितीय विश्वयुद्ध में शामिल टायम्फ मोटरसाइकिल आकर्षण का केंद्र रही. इसका मॉडल 3एचडब्ल्यू 1943 है. उनके दादाजी गुरदेव सिंह कंपनी में फोरमैन थे. उन्होंने कोलकाता में मिलिट्री ऑक्शन डिस्पोजल से आज से 50 वर्ष पहले इसे लाया था. इसमें 350 सीसी इंजन है, जो पेट्रोल से चलता है.
विंटेज कार व बाइक रैली का यह तीसरा एडीशन है. पिछले साल की तुलना में इस बार करीब दोगुनी गाड़ी आयी, जिसमें जमशेदपुर, चाईबासा, रांची के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब से भी पुरानी गाड़ियों के शौकीन शामिल हुए. हमने विंटेज के साथ-साथ नयी तकनीक को भी इसमें शामिल करने की कोशिश की. फ्लैग ऑफ के समय 15 सुपर बाइक थी. मीडिया के लिए आयोजित मेरी पहली गाड़ी कांटेस्ट में कुणाल कुमार को प्रथम, अंजनी कुमार पांडेय को द्वितीय और निर्मल प्रसाद को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ.
पिछले साल से दोगुनी गाड़ियां हुईं शामिल
टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वीपी चाणक्य चौधरी ने कहा कि विंटेज कार व बाइक रैली का यह तीसरा एडिशन है. पिछले साल की तुलना में इस बार करीब दोगुनी गाड़ी आयी, जिसमें जमशेदपुर, चाईबासा, रांची के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब से भी पुरानी गाड़ियों के शौकीन शामिल हुए. उन्होंने कहा कि हमने विंटेज के साथ-साथ नयी तकनीक को भी इसमें शामिल करने की कोशिश की. फ्लैग ऑफ के समय 15 सुपर बाइक साथ थी. मीडिया के लिए आयोजित मेरी पहली गाड़ी कांटेस्ट में कुणाल कुमार को प्रथम, अंजनी कुमार पांडेय को द्वितीय और निर्मल प्रसाद को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ.
जमशेदपुर : राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा निर्देशित कार्यक्रम युवा चौपाल आज गोलमुरी मंडल अंतर्गत शक्ति केंद्र केबल टाउन में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मण्डल प्रभारी जिला उपाध्यक्ष शशांक शेखर ,भाजयूमो जिला महामंत्री अभिमन्यु सिंह ,कार्यक्रम संयोजक मंडल उपाध्यक्ष पप्पू कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सिंह ,शिव कुमार सिंह,उपाध्यक्ष राकेश गिरी, शक्ति केंद्र के अध्यक्ष राजेश कुमार,मंत्री हनी परिहार ,पियूष पॉल, अर्नब दास, बंटी सिंह, कर्मजीत सिंह, कम्मे, पीयूष इश्यू, आदर्श कुमार, कुशल शर्मा, राजीव कुमार, मुख्य रूप से उपस्थित थे।
जमशेदपुर : झारखंड रविदास समाज, स्थानीय समिति बागुनहातु द्वारा रविदास जयंती समारोह का अयोजन प्रातः काल कलश यात्रा से हुई। जिसमें 101 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। पूजा अर्चना के बाद भोग भंडारा का कार्यक्रम चला, जिसके पश्चात पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले से आए हुए प्रसिद्ध झूमर कलाकार श्रीमती छूमकी रानी महतो और उनकी पूरी म्यूजिकल टीम द्वारा प्रस्तुति दी गई। समाज के अध्यक्ष सौरभ दास ने बताया की संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जो महत्व है उनका जो समाज के प्रति योगदान है वो कही न कही मौजूदा नई पीढ़ी भूलते जा रही इसलिए उनके महत्व और योगदान को हमको अपने समाज में और हर जगह आगे बढ़ने की आवश्कता है।
कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में समाजसेवी श्री अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष श्री सुधांशु ओझा, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री अमित अग्रवाल, श्री कंचन दत्ता, समाजसेवी श्री शिव शंकर, समाजसेवी श्री बंटी सिंह और साथ में बाउरी समाज, हो समाज, मुखी समाज, कालिंदी समाज, मॉर्निंग वॉक ग्रुप और अन्य गणमान्य अथिति मौजूद थे।
जमशेदपुर : मानगो दलमा पहाड़ की तराई में बसे कुमरुम बस्ती में संत रविदास के वंशजों ने संत शिरोमणि रविदास जी की 647 वीं जयंती धूमधाम से मनाई। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में रविदास समाज के लोग एकत्रित होकर ठाकुर संत रविदास जी के चित्र में माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन समर्पित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंझगांव महाविद्यालय के प्रधानाचार्य मानदेव रविदास जी शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित रविदास समाज के लोगों ने बताया कि पूरे जिले में संत शिरोमणि रविदास जी की कहीं भी मंदिर अथवा प्रतिमा नहीं स्थापति है जिसका मलाल पूरे समाज को है रविदास समाज के लोगों ने बताया कि लोग उनकी प्रतिमा अपने घर में रखकर ही पूजा अर्चना करते हैं अगर मंदिर रहता तो दुसरे समाज के लोग भी उनकी पूजा अर्चना करते।
मौके में उपस्थित बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा संत शिरोमणि रविदास जी केवल रविदास समाज के नहीं बल्कि देश के सभी समाज के संत और गुरु रहे हैं। उनके लिखे हुए दोहे को लोग अनुसरण करेंगे तो लोगों के जीवन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आएगी। विकास सिंह ने कहा सामाजिक समरसता और ज्ञान के परिमूर्ति रहे हैं संत रविदास। उनकी 647 वीं जयंती के पुनीत अवसर पर रविदास समाज के साथ-साथ कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संत रविदास जी की प्रतिमा के सामने संत रविदास जी स्थाई प्रतिमा और मंदिर बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल बैठा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया के संत रविदास जी कारण ही भारत में रहने वाले सभी लोगों को बराबर का सम्मान और अधिकार मिला हुआ है। कार्यक्रम के बाद ठाकुर संत रविदास जी की आरती की गई इसके बाद पूरे मोहल्ले में प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए सामूहिक रूप से बैठकर एक साथ भोजन कर संत रविदास जी के पद चिन्हों में चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास सिंह, महादेव रविदास, विमल बैठा,गणेश रविदास, संतोष रविदास, सीताराम अग्रवाल, अमरिंदर पासवान, राजेंद्र राम, खोगेंन रविदास, विकास सहानी, अर्जुन रविदास, विक्की रविदास, राजेश रविदास, सपन कुमार, भोक्तो रविदास, अंकित रविदास, छोटे लाल सिंह, संदीप शर्मा, राकेश लोधी, राम सिंह कुशवाहा संतोष चौहान, दुर्गा दत्त, संजय सिंह, गोपी चौधरी, दयाकांत तिवारी, मंजू रविदास, सपना रविदास, प्रतिमा रविदास, लाल मुनी रविदास, रोहित उपाध्याय, विजय सिंह, संजु देवी, अश्वनी सिंह, विजय महतो सहित सैकड़ो लोग शामिल हुए।
जमशेदपुर : सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की ओर से श्रीराम मंदिर की चौथी वर्षगांठ पर संगीतमय श्रीराम कथा शुक्रवार को शंख मैदान में शुरू हुई। कथा शुरू होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, राकेश सिंह सपत्नीक शामिल हुए व कथा व्यास पीठ एवं व्यास का पूजन किया। अयोध्या धाम से आईं मर्मज्ञ कथा वाचक पंडित गौरांगी गौरी ने श्रीराम कथा के पहले दिन श्रीराम कथा महिमा एवं गुरु महिमा का वर्णन किया।
कथा में 5 सदस्यीय संगीत मंडली ने मधुर व मनमोहक भजन प्रस्तुत कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। गौरांगी गौरी ने श्रीराम कथा की महिमा एवं गुरु महिमा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंच संचालन सूर्य मंदिर समिति के वरीय सदस्य गुंजन यादव ने किया। कथा समाप्ति पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के पैकेट का वितरण किया गया। प्रसंग का वर्णन करते हुए पंडित गौरांगी गौरी ने कहा कि श्रीराम कण-कण में रमने वाली शक्ति है और श्री राम कथा सुनने से इंसान भवसागर से पार हो जाता है।
इसकी महिमा जितनी कही जाए, कम ही है। जो भगवान की कथा को श्रवण कर उसे अपने जीवन में चरितार्थ करते हैं उसका जीवन धन्य हो जाता है। गौरी ने कहा कि भगवान जगत गुरु हैं, मनुष्य के जीवन में किसी न किसी गुरु की आवश्यकता रहती है। मनुष्य का जीवन बिना गुरु के अधूरा माना जाता है। गुरु के बिना ज्ञान नहीं मिलता और बिना ज्ञान के ईश्वर की प्राप्ति नहीं होती। जीवन रूपी पतंग की डोर गुरु के हाथ में होने से वे उसे ऊंचाई तक ले जाते हैं, जिससे सही दिशा में चलकर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
जमशेदपुर : आदिवासी बहुल इलाकों में मागे पर्व की धूम शुरू हो गई है। शुक्रवार को हातु मुंडा गोमेया सुंडी की अगुवाई में आदिवासी हो समाज समिति संकोशाई ग्रामसभा द्वारा पर्व मागे पर्व का आयोजन किया गया। यहां पर्व का भव्य आयोजन रविवार तक होगा। मागे पर्व पर शुक्रवार को गांव के दियूरी प्रकाश सुंडी, सह दियूरी लक्ष्मण सोय के मार्गदर्शन में आदिवासियों के पूर्वजों के साथ-साथ देशावली में पूजा की गई। पूजा के जरिए समाज के लोगों को एकजुट लाने की कोशिश होती है। इसके साथ ही यह खेत के काम को खत्म करने के बाद एक-दूसरे के साथ खुशियों को बांटने का भी अवसर होता है। इस अवसर पर अच्छी बारिश की मन्नत मांगी जाती है।
शुक्रवार को इस पर्व को पूरा करने में आदिवासी हो समाज समिति संकोशाई के सभी सदस्य, पदाधिकारी के अलावा जीतू सवैया, सूरजा सुंडी, छोटे सरदार, प्रकाश सोय, मेघनाद गोप, दामु सोय, बल्ले ,संतोष सुंडी, रोशन सामड, राजेश सुंडी, विशाल पूर्ति, दुर्गा दास, आकाश गगराई, गणेश राम, विक्टर हेंब्रम, अर्जुन बिरुली, सिकंदर सिंह, राहुल ऑरोन ने योगदान दिया। पूजा के बाद रविवार तक मागे पर्व की शृंखला में ही संस्कृति और पारंपरिक खेलकूद का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 25 फरवरी को सेता आंदी (कुत्ता शादी) नामक कार्यक्रम भी होगा।
उलीडीह में भी दिखा उल्लास
मागे पूजा का धार्मिक अनुष्ठान उलीडीह पूजा स्थल देशाउली पर दिउरी राजा विरुवा एवं उनके सहयोगी दिउरियों ने सम्पन्न कराया। सात दिनों से चल रहे अनुष्ठान का शुक्रवार को पांचवा दिन था। इस दिन मरांग मागे मनाया गया। पूजा में इष्ट देव महापुरु देशाउली मरांग बुरू, तथा इष्ट देवी जायेर एरा का अनुष्ठान किया गया। हो समाज के लोगों में मुख्य दिउरी एवं उनके सहयोगी दिउरीयों को उनके घर से पूजास्थल देशाउली तक पहुंचाया गया। इसके बाद नाचते-गाते, नारा लगाते दिउरीयों को वापस घर तक पहुंचाया। ग्रामवासी घंटो तक दिउरी के घर के आंगन में नाच-गाना का आनंद लिया।
पूजा को सफल बनाने के लिए आदिवासी जन-कल्याण समिति एवं आदिवासी हो समाज के सदस्य एवं ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग रहा। मौके पर कैलाश विरुवा अनिल बिरुवा, दुर्गा चरण बारी, रायसिंह बिरुवा, साधु चरण समड़, विशाल पुरती, सिंगा देवगम, राजा सवैंया, सुरजू बास्के, साधु बोदरा, लदुरा कोडान्कल आदि मौजूद थे।
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद को सरायकेला, रांची, हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो व चतरा जिला का मेंटर बनाया गया है। झारखंड एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) गुणवत्ता कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने यह आदेश दिया है, ताकि उपरोक्त जिलों के स्वास्थ्य केंद्र को कायाकल्प व नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) में शामिल किया जा सके।
दरअसल, सरायकेला, रांची, हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो व चतरा के किसी सीएचसी या पीएचसी को अब तक एनक्यूएएस सर्टिफिकेट नहीं मिला है। जबकि मुख्यालय से लगातार पत्र भेजा जा रहा है। इससे पूर्व सिविल सर्जन को आदेश दिया गया कि सभी जिलों की सीएचसी या पीएचसी की स्थिति में सुधार कर उनके नाम कायाकल्प व नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) में पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करें। इधर, डॉ. महेश्वर प्रसाद ने इस संबंध में राज्य मुख्यालय से कोई पत्र मिलने से इनकार किया है।