जमशेदपुर : डीएसपी सिटी सुधीर कुमार को मीडिया का प्रभार दिया गया है। पहले यह प्रभार पूर्व डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता को था। उनके स्थानांतरित हो जोन के बाद अब यह प्रभार सिटी डीएसपी को दिया गया है। वह अब मीडिया को किसी केस के बारे में जानकारी देने के लिए अधिकृत हैं।
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना अंतर्गत जोजोबेड़ा रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में एक शव मिलने से सनसनी फैल गई,शव से बदबू आने पर स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी और इसकी सूचना गोविंदपुर थाना को दी। सूचना पाकर गोविंदपुर थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। मृतक की उम्र 35 से 40 वर्ष के आस-पास है। शव को हत्या कर मौके पर फेंका गया और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसपर मोबिल डाल दिया गया जिससे शव की पहचान कर पाना मुश्किल है। शव लगभग सप्ताह भर पुराना है। मृतक ने सिर्फ बरमुडा पहना हुआ है। प्रकाश कुमार ने बताया कि आस-पास की बस्तियों से लापाता लोगों की लिस्ट निकालकर पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
जमशेदपुर : सीतारामडेरा स्थित शहीद बाबा दीप जी गुरुद्वारा के द्वारा सीतारामडेरा के सामुदायिक केंद्र में 9 एवं 10 फरवरी को कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस बाबत यह पता चला है 2023 से 2026 तक लिए प्रधान बनें सरदार हरजिंदर सिंह को कार्यक्रम के संचालन से दरकिनार किया गया है। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारा के महासचिव अविनाश सिंह खालसा ने कार्यक्रम के संचालन से प्रधान को दरकिनार कर दिया है और खुद पूरी तरह से संलिप्त हो गए हैं।
इस बात पर सीतारामडेरा की साध संगत ने इसका विरोध किया है और कहा है कि महासचिव द्वारा इस तरह का कार्य अमान्य है और इस वजह से पूरे कार्यक्रम की जवाबदेही पूर्ण रूप से महासचिव की होगी।
रांची समेत तीन जिलों के जेल की मरम्मति व निर्माण कार्य होगा. इसको लेकर गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 2.82 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है. जिन जिलों के जेल में मरम्मति व निर्माण कार्य होगा, उसमें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, घाघीडीह जेल जमशेदपुर और सरायकेला जेल शामिल हैं.
बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग में सीढ़ी का निर्माण, किचन की मरम्मत, ऊपर डिवीजन वार्ड, बाउंड्री वॉल का निर्माण होगा. वहीं घाघीडीह जेल जमशेदपुर में बाउंड्री वॉल, हाई मास्ट लाइट और सरायकेला जेल में वार्ड नंबर एक और पांच की मरम्मति, कारा गुमटी की मरम्मति और सेल की मरम्मति की जायेगी.
राँची : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का आज मंगलवार को अंतिम दिन है. विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11.07 में शुरू हुई. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र पर प्रहार कर रही है. आज हमारी बारी है तो कल किसी और की बारी होगी. हेमंत सरकार के पास बहुमत था. सरकार बहुत बढ़िया चल रही थी. शिबू सोरेन और उनके परिवार के प्रति व्यक्तिगत द्वेष की भावना से हेमंत सरकार गिराई गयी है. इससे राज्य के आदिवासी जनमानस की भावना को ठेस पहुंचा है.
दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि कल राज्यपाल जब सदन में अभिभाषण दे रहे थे, तब उनका आचरण सबने देखा. उनकी बॉडी लैंग्वेज से लग रहा था कि वे सरकार की उपलब्धियों से सहमत नहीं है. दीपिका पांडे ने कहा कि इनके सांसद निशिकांत दुबे पहले दिन से इस सरकार को गिराने की साजिश कर रहे. दीपिका के बयान पर सदन में हंगामा शुरू विपक्ष के सभी विधायक वेल में आये. दीपिका पांडे सिंह अपने भाषण के दौरान भावुक होकर कहा कि हेमंत सोरेन को साजिश करके जेल भेजा गया है, लेकिन जब वह बाहर निकाल कर आयेंगे, तब कुंदन की तरह तप कर निकलेंगे.
भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन का प्रस्ताव दिया था. यह सदन में नहीं आने पर उन्होंने कहा कि हमलोग विधायक नही हैं तो बोल दीजिये. इसपर स्पीकर ने कहा कि आपसे किसने कह दिया कि आप विधायक नहीं हैं. अपने दिमाग में जो कुछ लेकर आते हैं, उसी को सदन में परोसने का काम करते हैं. आप सीधा आसन पर आक्षेप लगा देते हैं.
जेएमएम विधायक सुदीव्य सोनू ने कहा कि जनादेश वाली सरकार के हरण का कुंठित प्रयास किया गया है. इस हरण में राजभवन की भूमिका संदिग्ध है. राजभवन ने अपनी सुचिता और मर्यादा तार-तार कर दिया. हेमंत की गिरफ्तारी के बाद इनके मुंह से लार टपक रहा था कि अब हम सरकार बना लेंगे. कहा कि ये परिवारवाद की बात करते हैं. लेकिन इन्हें अपनी पार्टी में परिवारवाद नहीं दिखता. भाजपा में संघर्ष करने वाले विधायक सदन में बैक बेंचर बने हुए हैं और परिवारवाद वाले नेता जेपी पटेल, भानु प्रताप शाही और अमित मंडल जैसे नेता आगे बैठे हुए हैं.
जमशेदपुर : जमशेदपुर मुख्यालय के डीएसपी के रूप में भोला प्रसाद सिंह की फिर जिले में वापसी हो गई है। इससे पूर्व वह इंस्पेक्टर रहते हुए साकची थाना में थानेदारी कर चुके हैं। उनका कार्यकाल काफी चर्चा वाला रहा था। सोमवार को गृह कारा व आपदा विभाग ने इस बाबत सूचना जारी की है। इसके अलावा राजेंद्र कुमार दुबे को गोड्डा का डीएसपी हेड क़्वार्टर और जय प्रकाश नारायण चौधरी को गोड्डा का एसडीपीओ बनाते हुए पदस्थापना की गई है। अवर सचिव शैलेश कुमार सिन्हा ने उक्त नोटिफिकेशन जारी किया है। बता दें कि भोला प्रसाद की पदस्थापना खैलारी डीएसपी में की गई थी, जहां उन्होंने योगदान भी दे दिया था, लेकिन एन वक्त इनका तबादला किया जाना विभाग में चर्चा का विषय भी बन गया है।
राँची : नये विधानसभा भवन में 5 फरवरी को पंचम झारखंड विधानसभा का चतुर्दश विशेष सत्र है. इसको लेकर सदर एसडीओ ने विधानसभा परिसर के 100 मीटर परिधि में धारा 144 लागू करने का निर्देश दिया है. यहां 5 फरवरी सुबह 8 बजे से लेकर 6 फरवरी रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगा. (जारी…)
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्तादेश में निहित निर्देश के तहत विधानसभा परिसर के 100 मीटर के दायरे में किसी तरह के जुलूस, रैली, प्रदर्शन, घेराव आदि आयोजित नहीं किये जा सकेंगे. सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधानसभा सत्रावधि के लिए एसडीओ ने धारा 144 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए झारखंड विधानसभा (नया विधान सभा) परिसर के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा जारी की है.
जमशेदपुर : पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की पहल पर टीएमएच ने पोटका दिगारसाई के रहने वाले संजय सरदार के पुत्र पवन सरदार का माफ किए 34,800/- रु का चिकित्सा शुल्क। पोटका दिगारसाई के रहने वाले संजय सरदार के पुत्र पवन सरदार जिनका टीएमएच हॉस्पिटल में बकाया बिल 34,800/ हो गया, जिस राशि को भुगतान करने में परिवार असर्मथ थे।
पोटका निवासी समाजसेवी मनोज सरदार ने कुणाल षाड़ंगी को जानकारी दी और अविलंब इस पर हस्तक्षेप का आग्रह किया। उन्होंने परिवार की वित्तीय स्थिति पर संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल प्रबंधन से सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आग्रह किया। अस्पताल प्रबंधन ने बाकी बचे 34,800/- रुपये का शेष बिल माफ़ कर दिया। परिजनों ने अपने इस दुख की घड़ी में साथ देने के लिए पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के प्रति आभार जताया।
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित एक उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की विस्तृत जानकारी रखी गई. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि अपराध मुक्त झारखंड, राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को अवगत कराया गया कि पिछले दिनों नामकुम थाना अंतर्गत असामाजिक तत्वों के द्वारा जेएसएससी बिल्डिंग में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया है जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज किया जा चुका है और अनुसंधान भी जारी है. मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में एसआईटी (एसआइटी) गठित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी का गठन कर जल्द से जल्द मामले का उदभेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इस निमित्त घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा धनबाद के झरिया में हुई घटना की भी जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झरिया में घटित घटना पर एफआईआर दर्ज कर त्वरित जांच की जाए. पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी कि इस घटना पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर है. कई गिरफ्तारियां भी की गई हैं. अनुसंधान जारी है.
हत्या, महिला उत्पीड़न, पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों का उद्भेदन सुनिश्चित हो
मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मौके पर महिला अत्याचार से संबंधित समीक्षा की. महिला अत्याचार के संबंध में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य में विधि व्यवस्था संधारण में प्रयासों की वजह से सांप्रदायिक एवं संवेदनशील घटनाओं में कमी आई है. झारखंड पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से अपराध शीर्ष यथा दहेज प्रताड़ना, चोरी, पोक्सो एवं हत्या के मामलों में भी कमी आई है. मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारियों ने कहा कि महिला अत्याचार के विभिन्न मामलों में वर्ष 2019 में 7650 केस दर्ज किए गए थे. वहीं वर्ष 2020 में 7464, वर्ष 2021 में 7279, वर्ष 2022 में 6963 वर्ष 2023 से अब तक 6132 मामले दर्ज किए गए हैं. पिछले 4 वर्षों में महिला अत्याचार के मामलों में निरंतर कमी आई हैय मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दहेज हत्या के मामलों का शीघ्र उद्भेदन किया जाना सुनिश्चित करें. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके इस निमित्त अनुसंधान ससमय पूरा करें.
रांची, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर, हजारीबाग में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखें
मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने हत्या अपराध से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि हत्या के मामलों में जरूर कमी हुई है परंतु इनका शीघ्र उद्भेदन जरूरी है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची में विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर एवं हजारीबाग में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखें, क्योंकि ऐसी जगहों पर कोई अपराध होता है तो इसका नकारात्मक असर पूरे राज्य में पड़ता है.
पोक्सो एक्ट जघन्य अपराध, नियंत्रण पर हो काम
बैठक में मुख्यमंत्री ने पोक्सो एक्ट से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पोक्सो के मामलों में भी निरंतर कमी आई है. वर्ष 2019 में 1012, वर्ष 2020 में 1236, वर्ष 2021 में 1181, वर्ष 2022 में 1180 वहीं वर्ष 2023 से अबतक 973 पोक्सो एक्ट के मामले दर्ज किए गए हैं. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि पोक्सो एक अत्यंत जघन्य अपराध है। पोक्सो के तहत दर्ज मामलों के अनुसंधान में कोई कोताही नहीं बरती जाए यह सुनिश्चित करें.
जेल में रहकर अपराध को बढ़ावा देने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें.
बैठक में मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि ऐसी भी खबरें मिल रही हैं कि जेल के भीतर से ही कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का गैंग राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनपर कड़ी कार्रवाई करें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एटीएस में एसपी एवं डीएसपी की पोस्टिंग शीघ्र की जाए. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में सहायक सभी संसाधन शीघ्र खरीदें. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी कि आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए वायरलेस उपकरणों के क्रय हेतु प्रशासनिक स्वीकृति तथा बजट उपलब्धता हेतु गृह विभाग से पत्राचार किया गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य सचिव एवं डीजीपी सभी जिलों के डीसी एवं एसपी के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर शीघ्र बैठक करें. बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, डीजीपी अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) संजय आनंद लाठकर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे.
राज्य के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सोमवार को विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे। एक ओर विधायकों को अपने पाले में करने को लेकर जोड़-तोड़ किया जा रहा है तो उधर जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने घोषणा कर डाली है कि वे चंपई सरकार को समर्थन नहीं करेंगे। वे विश्वास मत पर वोटिंग के दौरान तटस्थ रहेंगे।
सरयू राय ने यह भी कहा कि सत्तापक्ष अथवा विपक्ष किसी ने उनसे अपने पक्ष में मतदान के लिए संपर्क भी नहीं किया है। ऐसी स्थिति में गुण-दोष के आधार पर आगे वे सरकार के बारे में राय बनाएंगे। अभी नए सीएम बने हैं। उनके कामकाज को देखना होगा। उनकी रचनात्मक भूमिका सदन में होगी। उन्होंने आशा जताई कि चंपई सोरेन पुरानी राह को बदलेंगे। बड़ी और समानांतर लकीर खीचेंगे।
चंपई सोरेन अपनी अलग लकीर खींचे- सरयू राय
यह पूछे जाने पर कि चंपई सोरेन का कहना है कि हेमंत सोरेन ने विकास की लंबी लकीर खींची है, सरयू राय ने कहा कि वे अपनी अलग लकीर खींचे। वे सरकार के पक्ष में वोट नहीं करेगे। उनकी किसी को जरूरत भी नहीं है। हेमंत सोरेन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्होंने जान-बूझकर मक्खी निगला। वैसे लोगों को आपने आसपास बनाए रखा, जो हानिकारिक साबित हुए। ऐसा भी नहीं है कि उन्हें सचेत नहीं किया गया। उनका कृत्य पांव पर कुल्हाड़ी नहीं, कुल्हाड़ी पर पांव मारना सीखा है। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में सरयू राय ने तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को जमशेदपुर पूर्वी से पराजित किया था।
राज्य हित में निर्णय लेंगे- अमित यादव
बरकट्ठा के निर्दलीय विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि उनका वोट राज्य हित में होगा। सरकार के विपक्ष में वोट करेंगे। साथी विधायकों से भी इस संबंध में विमर्श करेंगे।