जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत कालू बगान में शुक्रवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ गया कि दोनो पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी. दोनो तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. इस घटना में एक युवक को भी गोली लगी है. इधर, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. वहीं घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला जगदीप सिंह हत्याकांड से जुड़ा है. जनवरी माह में जगदीप की पीट–पीट कर हत्या कर दी गई थी. इसी मामले में दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था. गोलू नामक युवक अपने एक साथी के साथ कालू बगान को ओर गया था. इसी बीच मारपीट शुरू हो गई और 50–60 की संख्या में युवकों ने गोलू को पकड़कर पिटना शुरू कर दिया. गोलू का साथी मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमशेदपुर : आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के प्रवाह और इसके निर्माण कार्य पर नकेल कसने को लेकर सभी थानों की पुलिस सक्रिय है. इसी कड़ी में शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर सुन्दरनगर थाना पुलिस ने चिरुगोड़ा के जंगल में अवैध रूप से संचालित हो रहे तीन देशी शराब के भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए शराब बनाने वाले उपकरण जप्त किए हैं.
वहीं मौके पर पुलिस ने 200 केजी अवैध महुआ बरामद किया जिसे विनष्ट कर दिया. इस संबंध में जानकारी देते हुए सुंदर नगर थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी की गई है. उन्होंने बताया कि किसी भी हाल में क्षेत्र में अवैध शराब की भट्ठियों का संचालन होने नहीं दिया जाएगा. हालांकि छापेमारी में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. शराब माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बिहार : पूर्णिया में एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
घटना चंपानगर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव की है. मंगलवार की दोपहर रंजना देवी अपने घर में अकेली सो रही थी. इसी दौरान उसका जेठ (भैसुर) पिंटू महतो अचानक आया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. सूचना मिलते ही ग्रामीण लहूलुहान हालत में महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बता दें कि मृतक सीतामढी का रहने वाली है.
‘लुधियाना में किया था प्रेम विवाह’
मृतक के पति कन्हैया महतो ने बताया कि मेरी पत्नी की हत्या मेरे बड़े भाई ने कर दी है. उसने अपनी प्रेम कहानी बताते हुए कहा, मैं अपनी पत्नी से पहली बार पंजाब में मजदूरी करने के दौरान मिला था. इसके बाद हम दोनों ने अपने माता-पिता की सहमति से पंजाब के लुधियाना में प्रेम विवाह कर लिया. मेरी शादी को अभी 7 महीने ही बीते थे और मेरे सनकी भाई ने मेरी पत्नी की हत्या कर दी.
‘महिला के नाखून उखाड़े और आंख भी फोड़ दी’
मेरा भाई अपनी पत्नी को भी पीटता था. इस कारण वह उसे छोड़कर भाग गई. उसे उम्मीद नहीं थी कि मेरा भाई मेरी पत्नी की हत्या कर देगा. वहीं, मृतक के परिजनों की मानें तो हत्यारा भैसूर ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए दर्दनाक हत्या की है. हत्या करने के बाद उसने महिला के नाखून उखाड़ दिए और चाकू मारकर उसकी आंख भी फोड़ दी.
मामले में पुलिस ने कही ये बात
चंपानगर थाना पुलिस भोला ततमा ने बताया कि चंपानगर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव में एक महिला की हत्या कर गयी है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी जेठ ने अपने भाई की पत्नी की हत्या की है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पोस्टमॉर्टम के बाद महिला का शव उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नम्बर 8 में गुरुवार को मीटर से छेड़खानी मामले में जब बिजली विभाग के एसडीओ शाहनवाज़ अंसारी जाँच के लिए पहुँचे तो घर के मालिक शेख सफीर ने अपने दोस्त मोहम्मद सागिर को बुला लिया। जिसने बातचीत के दौरान एसडीओ और उनकी टीम से गाली गलौज करते हुए हमला कर दिया। जिसकी खबर तुरन्त मानगो थाना को दी गयी, जिसके बाद पीसीआर ने आकर एसडीओ और उनकी टीम को बचाया। जिसके बाद शेख सफीर और मोहम्मद सागिर के नाम एफआईआर दर्ज किया गया और घर मालिक शेख सफीर को गिरफ्तार कर लिया गया, किन्तु मोहम्मद सागिर थाने में बात पहुँचने पर भाग निकला और अभी भी फरार है।
प्रशासन द्वारा इस मामले में दोनों अभियुक्त के ऊपर धारा 341, 323, 353, 332, 504, 506 एवं 34 लगाया गया है। इन धारा में 341 किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रोकने की कोशिश करने को लेकर लगा है। धारा 323 जानबूझकर झगड़ा करने और चोट पहुंचाने के इरादे को लेकर लगाया गया है। धारा 353 एवं 332 लोकसेवक को ड्यूटी करने से रोकने के लिए आपराधिक बल के प्रयोग करने पर लगाया गया है। शांतिभंग करने के आरोप में धारा 504 और झगड़ा करने एवं जानमाल की धमकी देने को लेकर धारा 506 लगाया गया। वहीं एक से अधिक व्यक्ति द्वारा आपराधिक कार्य करने को लेकर धारा 34 भी लगाया गया है। अब इन धाराओं के लगना साफ तौर पर यह इंगित करता है कि शेख सफीर और मोहम्मद सागिर किस मानसिकता के साथ एसडीओ और उनकी टीम पर हमला किया था।
बताया जाता है कि मोहम्मद सागिर एक बिल्डर है जो ऑप्टिमस कंस्ट्रक्शन से अपना कार्य चलाता है और जिसका कार्यालय 5/1, आलीशान टॉवर, फेज-1, रोड नम्बर-9, आज़ाद नगर, मानगो में ही स्थित है। नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर मो. सागिर के एक नजदीकी साथी से यह भी पता चला है कि वह अनैतिक तरीकों से कई बिल्डिंग को बनाया है और उसके बिल्डिंग में नक्शा विचलन का भी मामला सामने आता है।
उस साथी के अनुसार मो. सागिर के ऊपर राज्य के एक मंत्री का हाथ है और वह उसी के दम पर अपना कार्य करता है। खबर यह भी है कि इस मामले से खुद को बचाने के लिए वह राज्य के इस मंत्री से सम्पर्क में है और अपनी इसी राजनीतिक पहुँच की वजह से वह इससे मामले से बचने की कोशिश कर रहा।
चाईबासा : भाकपा माओवादी के नक्सलियों ने मनोहरपुर थाना क्षेत्र में कई जगहों पर पोस्टरबाजी की है. पोस्टर में लिखा है कि लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करें. वैकल्पिक जनता की नव जनवादी सत्ता निर्माण करने के पद पर आगे बढ़े. इसके अलावा नक्सलियों ने पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी कई बातें लिखी है.
गुरुवार की सुबह-सुबह जब लोग अपने घरों से निकले तो देखा कि इलाके में जगह-जगह नक्सलियों के पोस्टर और बैनर लगे हैं. जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर बैनर को जब्त कर लिया. पुलिस आगे की जांच में जुटी है. नक्सलियों ने मनोहरपुर में पोस्टर लगाकर बीजेपी के खिलाफ प्रचार किया है और किसान-मजदूर विरोधी कानूनों पर नाराजगी जतायी है.
पोस्टर में बीजेपी उम्मीदवारों की हत्या करने की भी बात लिखी है. मालूम हो कि कोल्हान और सारंडा के जंगलों में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चला रहे हैं. जिसमें सुरक्षा बलों को सफलता भी मिल रही है. अब तक नक्सलियों के कई कैंप नष्ट किये जा चुके हैं और नक्सलियों के विस्फोटक सामग्री समेत हथियार भी बरामद किये गये हैं. सुरक्षा बलों की लगातार बढ़ती कार्रवाई के बाद नक्सलियों का पोस्टर वार तेज होता जा रहा है.
जमशेदपुर : कदमा के डाॅली साहू दहेज हत्याकांड में अभियुक्त पति सोनू सिंह को जमशेदपुर कोर्ट ने सात साल के कारावास और दस हजार जुर्माने की सजा सुनाई है. अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंजू कुमारी ने धारा 304बी के तहत दहेज हत्याकांड का दोषी पाते हुए सात साल के कारावास और 498ए के तहत दहेज प्रताड़ना का दोषी पाते हुए तीन साल के कारावास और दस हजार जुर्माने की सजा सुनाई है.
सितंबर 2020में मृतका का फांसी लटका शव ससुराल में पाया गया था, चोट के थे निशान
मृतका डाॅली साहूका फांसी लटका शव 24 सितंबर 2020 को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सुर पथ स्थित ससुराल में पाया गया था. शव पर काफी चोट के निशान थे फिर भी पुलिस दहेज हत्या का केस नहीं करके अस्वाभाविक मौत का केस कर रही थी. छत्तीसगढ के रहनेवाले मृतका के पिता अनिल साहू ने अपनी बेटी की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया था.उन्होंने कहा था कि 2019 में बेटी की शादी के बाद से ही उसे पति और ससुराल वाले दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित करते थे. उनलोगों ने दो लाख रुपये की मांग की थी. अनिल साहू ने बताया कि उनका दामाद शराब पीकर अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था. साहू ने बताया कि उसके भाई ने दामाद को खर्चे के लिए पैसे भी दिए थे और ससुराल वालों को डाॅली के पिता के खराब आर्थिक हालात की जानकारी भी दी थी फिर भी वे लोग डिमांड करते रहे और बेटी के साथ प्रताड़ना जारी रही.
आरोपी पति सोनू सिंह घटना के बाद से फरार था लेकिन कदमा पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही थी. पुलिस की उदासीनता को देखते हुए अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने जमशेदपुर न्यायालय में शिकायतवाद दायर किया जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर कदमा थाने में दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या का मामला दर्ज हुआ. आगे चलकर आरोपी पति ऑटो चालक सोनू सिंह की गिरफ्तारी हुई. इस मामले में ससुरालवालों के खिलाफ अनुसंधान जारी है.
तीन साल से ज्यादा समय तक चले इस केस में गवाहों के बयान, घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने पति सोनू सिंह को पिछले दिनों दोषी पाया और आज यह फैसला सुनाया. सूचक सह मृतका के पिता अनिल साहू की तरफ से अपर लोक अभियोजक राकेश कुमार, अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू और सहयोगी अधिवक्ता बबिता जैन ने न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखा. छत्तीसगढ के रहनेवाले मृतका के पिता अनिल साहू और परिजनों ने न्यायालय के प्रति आभार जताया है. इस मामले में मीडिया के रोल के प्रति भी उन्होंने कृतज्ञता जाहिर की जिस वजह से मामला हाईलाइट हुआ और न्याय मिलने में मदद मिली.
जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत रामलीला मैदान के पास रविवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने काशीडीह निवासी अर्चना साहू के पर्स की छिनतई कर ली. जब तक अर्चना लोगों से मदद की गुहार लगाती तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए. इधर, घटना की सूचना साकची पुलिस को दी गई. सूचना पाकर साकची पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फूटेज की जांच की जिसमें बदमाशों की गतिविधि दर्ज की गई है. सीसीटीवी में बदमाश साफ-साफ दिखाई दे रहे है.
जानकारी देते हुए अर्चना ने बताया कि उसने मानसरोवर होटल के पास स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले और उसे पर्स में रख लिया. पर्स में पहले से ही तीन-चार हजार रुपये नकद थे. वह रुपये निकालने के बाद पैदल ही काशीडीह स्थित अपने घर जा रही थी.रास्ते में पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और पर्स छीनकर भाग गए. अर्चना ने बताया कि पर्स में लगभग 22-25 हजार रुपये नगद, मोबाइल और अन्य सामान मौजूद थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दोनों ज़िलों के एसपी ऑफिस पहुंचे ऐसोसिएशन के पदाधिकारी
जमशेदपुर : कल रात फतेह लाईव पोर्टल न्यूज के संपादक चरणजीत सिंह को मिली धमकी के बाद से ही AISMJWA के पदाधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए घोर निन्दा की है.सभी पदाधिकारियों ने एक सुर में धमकी देने वालों की गिरफ्तारी की मांग दोनों जिला के एसएसपी और एसपी से की है. आज सुबह ऐसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया के नेतृत्व में पदाधिकारी पहले जमशेदपुर एसएसपी किशोर कौशल से मिले जहां परसुडीह थाना प्रभारी को चरणजीत सिंह से लिखित शिकायत लेकर कठोर कार्रवाई करने का आदेश पत्रकारों की शिकायत के बाद एस.एस.पी ने दिया. इसके बाद सभी पत्रकार सरायकेला – खरसावां जिले के एसपी मनीष टोप्पो से मिले जहां एसपी ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस को इस मामले में हरसंभव मदद की जाएगी ताकि आरोपी पकड़े जाएं. उन्होने कहा कि अगर मेरे कार्यकाल में कोई भी ग़लत काम करता है तो मुझे सीधे सूचना दें और अगर अवैध धंधों में लिप्त लोग पत्रकारों को धमकी देंगे तो कठोर कार्रवाई भी होगी.
ऐसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव ने दोनों जिला के पदाधिकारियों से मुलाकात करने के बाद कहा कि पत्रकारों को डरने की जरूरत नहीं है बल्कि मुखर होकर खबर लिखे ऐसोसिएशन आपके साथ है. उन्होने दोनों जिले के एसपी से कहा कि ऐसी हरकत करने वाले लोग जल्द गिरफ्तार हों ताकि दोबारा कोई ऐसा न करें. ऐसोसिएशन के प्रदेश सलाहकार और फतेह लाईव के संपादक चरणजीत सिंह ने कहा कि मुझे नंबर बदल-बदल कर लगातार फोन आ रहे हैं. उन्होने सरायकेला एसपी ऑफिस में भी सभी पत्रकारों को अपना फोन दिखाया कि मुझे अभी भी फोन आ रहे हैं. वे बोले ऐसी धमकियां मुझे रोक नहीं सकती मैं सच्चाई को दिखाता रहूंगा.
मौके पर ऐसोसिएशन के कोल्हान प्रभारी अजय महतो, जमशेदपुर शहरी जिला अध्यक्ष विनोद सिंह, जिला महासचिव आशीष गुप्ता, देवेंद्र सिंह, अनिमेष अंबष्ट, रॉबिन भुल्लर, सरायकेला जिला अध्यक्ष गोलक बिहारी, जिला उपाध्यक्ष पंकज महतो, दिलीप चंद महतो सहित अन्य पत्रकार साथियों ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पुलिस को ठोस कदम उठाने की जरूरत है. आज सुबह ऐसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र जायसवाल बंटी ने भी एस एस पी जमशेदपुर से फोन पर शिकायत की थी जिस पर उन्होंने पत्रकारों को हरसंभव मदद और सख्त कार्रवाई की बात कही थी.
रामगढ़ : रामगढ़ जिले के कुज्जू में पुलिस ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपये चुराने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक पेचकस, तीन चाभी, फर्जी नंबर लिखा पेपर, फेविकोल और एक मोबाइल बरामद किया है. रामगढ़ एसपी डॉ. विमल कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 7 अप्रैल को इंडियन ओवरसीज बैंक मरार शाखा रांची रोड के मैनेजर ने कुजू ओपी पहुंचकर सूचना दी कि बैंक के एटीएम में दो संदिग्ध व्यक्तियों ने छेड़छाड़ की है. इस संबंध में मांडू थाना में प्राथमिक दर्ज की गई.
पुलिस कप्तान डॉ. विमल कुमार ने रामगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक मरार शाखा के एटीएम के आसपास छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया. युवक ने अपनी पहचान चंदन कुमार (24) वर्षीय फतेहपुर जिला गया बिहार बताया. युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एटीएम खोलने में प्रयोग किया गया चाभी, पेचकस और अन्य सामान बरामद किया गया.
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस कप्तान ने बताया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उस पर बिहार और यूपी में मामला दर्ज है. आरोपी का एक सहयोगी भी है, जो फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. छापेमारी टीम में रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, मांडू थाना प्रभारी रंजीत यादव, कुजू ओपी प्रभारी दिगंबर पांडे, एसआई साबिर हुसैन, एएसआई वीरेंद्र कुजूर सदल बल शामिल रहे.
रामगढ़ एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि अभियुक्त चाभी और पेचकस के जरिए एटीएम में तकनीकी गड़बड़ी करता था और अपने सहयोगी का फर्जी नंबर वन कस्टमर केयर के रूप में लिखकर एटीएम रूम में चिपका देता था. लोग जब पैसा निकालने के लिए एटीएम कार्ड मशीन में डालते तो कार्ड फंस जाता था. अन्य उपभोक्ता की तरह पास में खड़ा अभियुक्त लोगों को कथित कस्टमर केयर के नंबर पर कॉल करने को कहता था.
लोग कॉल कर शिकायत करते तब आरोपी का सहयोगी ही कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर पहुंचता और समस्या का समाधान करने की बात कहते हुए किसी तरह कार्ड का पिन जान लेता था. साथ ही कार्ड नहीं निकल पाने का बहाना कर बैंक की शाखा में शिकायत करने को कहता था. जब लोग चले जाते तो आरोपी और उसका सहयोगी मिलकर एटीएम कार्ड निकाल रुपये की निकासी कर लेता था.
जरीडीह : बोकारो डीसी विजया जाधव के निर्देश पर रविवार को उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त के मार्गदर्शन एवं उत्पाद निरीक्षक के पर्यवेक्षण में जिला उत्पाद टीम ने जरीडीह थाना के सहयोग से नूतनडीह ग्राम में छापेमारी की. इस दौरान अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. छापेमारी के क्रम में विधिवत तलाशी के दौरान बाउंड्री के अंदर बने एक कमरे एवं जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए शराब सहित अन्य सामग्री रिकवरी की गई.
जमीन के अंदर गाड़े ड्राम के अंदर बोरे में रखी, विदेशी शराब एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है. छापामारी के बाद नूतनडीह निवासी अभियुक्त बसंत महतो के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कराया गया. छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक संजीत देव, सदर अवर निरीक्षक कृष्णा प्रजापति एवं अवर निरीक्षक चंद्रपुरा दीपिका कुमारी, जरीडीह थाना प्रभारी अमित राय समेत पुलिस अधिकारी सोनू चौधरी, विकास विश्वकर्मा एवं सशस्त्र बल शामिल थे.
टीम ने मौके से विदेशी शराब – 675 लीटर (विभिन्न ब्रांड) के जब्त किया. टीम ने विभिन्न ब्रांड के 4,000 लेबल, 4,000 ढक्कन, नकली होलोग्राम 5,000 तथा एक जरकीन में केरामेल 05 लीटर जब्त किया है.