बिरसानगर: बिजली की बदइंतजामी से उबल रहे बिरसानगर का पारा अब सातवें आसमान पर है। भारतीय जनता पार्टी बिरसानगर मंडल ने गुरुवार को सीधी लड़ाई का बिगुल फूंक दिया। मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने गोविंदपुर विद्युत कार्यालय पर हुंकार भरी और अफसरों को ज्ञापन पकड़ा दिया।
जनता त्रस्त, विभाग मस्त
बिरसानगर के घर-घर में अंधेरा पसरा है। तार झूल रहे हैं, ट्रांसफार्मर हर घंटे जवाब दे रहे हैं और वोल्टेज इतना लो कि पंखे तक रेंग रहे हैं। इस आग उगलती गर्मी में जनता पसीने से तर है, मगर बिजली विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
बापन बनर्जी की दहाड़
ज्ञापन सौंपने के बाद मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने तीसरी धारा न्यूज़ से हुंकार भरी, “सुन लो बिजली विभाग के साहब, जनता को अंधेरे में रखोगे तो खुद अंधेरे में चले जाओगे। 7 दिन की मोहलत दे रहे हैं। 29 मई तक हर घर में करंट नहीं दौड़ा, तो बिरसानगर का बच्चा-बच्चा सड़क पर होगा। फिर जो तूफान आएगा वो कुर्सी समेत बहा ले जाएगा।”
भाजपा की आर-पार की मांगें
1. जर्जर तार फेंको: लटकती मौत को 7 दिन में हटाओ 2. ट्रांसफार्मर बदलो: जलते ट्रांसफार्मर की जगह नई मशीन लगाओ 3. कटौती बंद करो: रोस्टर के नाम पर लुका-छिपी का खेल बंद हो 4. जवाब दो: 24 घंटे में शिकायत निपटाओ, वरना अफसर जवाब देने तैयार रहें
विभाग की घिसी-पिटी सफाई
गोविंदपुर के सहायक अभियंता ने वही पुराना राग अलापा — “टीम भेज रहे हैं, काम चल रहा है।” भाजपाइयों ने दो टूक कहा कि अब कागजी घोड़े नहीं दौड़ेंगे, मीटर में करंट दौड़ना चाहिए।
29 मई के बाद संग्राम तय
भाजपा मंडल का रोडमैप तैयार है। पहला हमला: हर चौक-चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान। दूसरा हमला: विद्युत कार्यालय का तालाबंदी घेराव। आखिरी हमला: पूरे बिरसानगर में चक्का जाम। बापन बनर्जी का साफ संदेश है — अब जनता के सब्र का बांध टूट चुका है।
तीसरी धारा न्यूज़ के लिए बिरसानगर से ग्राउंड जीरो रिपोर्ट











