दिल्ली : देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने छह राज्यों को पत्र लिखकर वायरल इंफेक्शन के चलते मामलों में अचानक आई बढ़ोतरी को रोकने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक राज्यों से टेस्टिंग, ट्रीटिंग, ट्रैकिंग और वैक्सीनेशन पर जोर देने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि ये ऐसे कुछ राज्य हैं जहां अधिक संख्या में मामले दर्ज किए जा रहे हैं जिनमें स्थानीय तौर पर संक्रमण फैलने का संकेत मिल रहा है और संक्रमण को रोकने के लिए जोखिम का आकलन कर और महामारी के खिलाफ लड़ाई में अब तक मिली सफलता को खोए बिना उसके अनुसार उपायों का पालन करने की जरूरत है।
पत्र में कहा गया है कि यह अहम है कि राज्य को कड़ी निगरानी रखनी चाहिए और संक्रमण के उभरते प्रसार को नियंत्रित करने के लिए चिंता की स्थिति पैदा होने से पहले कार्रवाई करनी चाहिए। मंत्रालय ने पत्र में राज्यों को सूक्ष्म स्तर (जिला और कस्बों) पर कोविड की स्थिति की जांच करने और कोविड-19 के त्वरित और प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक उपायों के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है। देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 754 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,92,710 हो गई है। देश में करीब चार महीने बाद संक्रमण के 700 से अधिक दैनिक मामले सामने आए हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,623 पर पहुंच गई है। देश में पिछले साल 12 नवंबर को संक्रमण के 734 दैनिक मामले सामने आए थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार कर्नाटक में संक्रमण से एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,790 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार भारत में अभी तक कुल 4,41,57,297 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.64 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र की रहनेवाली 13 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण करने और दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी राजेश गोप को एडीजे वन सह स्पेशल कोर्ट पोस्को के न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय ने गुरुवार को दोषी करार दिया है। मामले में सजा के बिंदु पर कोर्ट 20 मार्च को सुनवाई करेगी। अपर लोक अभियोजक राजीव कुमार के अनुसार मामले में 7 लोगों की गवाही हुई है।
रात के 11 बजे आरोपी ने किया था अपहरण
मामले में कहा गया था कि आरोपी राजेश गोप ने नाबालिग लड़की का अपहरण 21 सितंबर 2021 की रात के 11 बजे घर से ही कर लिया था। इसके बाद से नाबालिग लड़की का कुछ भी पता नहीं चल रहा था। कुछ दिनों के बाद नाबालिग लड़की चाइल्ड लाइफ तक पहुंची थी। इसके बाद परिवार के लोगों के सुपुर्द किया गया था। परिवार के लोग मामले को लेकर सोनारी थाने में गये थे।
संसद में एक बार फिर पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल पा रही है। दोनों सदनों में चालू बजट सत्र के पांचवें दिन भी कार्यवाही बिना चले स्थगित हो गई। राहुल गांधी के लंदन वाले बयान पर दोनों सदनों में हंगामा बरपता रहा और कार्यवाही बाधित होती रही। आज यानी शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो भारी शोर-शराबा और नारेबाजी के कारण कार्यवाही की आवाज ही दब गई। चालू बजट सत्र के दूसरे चरण में चार दिनों की कार्यवाही पहले ही हंगामे की भेंट चढ़ चुकी है।
राज्यसभा की कार्यवाही 20 मार्च 11 बजे तक के लिए स्थगित:
राज्यसभा में भी आज यानी शुक्रवार को पक्ष और विपक्ष का भारी हंगामा देखने को मिला है। भारी हंगामा को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही 20 मार्च 2023 को 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अब राज्य सभा की कार्यवाही सोमवार को 11 बजे के बाद शुरू होगी।
लोकसभा में जारी है हंगामा:
राज्यसभा की कार्यवाही भारी हंगामा के बाद सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है। इसके बाद कुछ देर तक लोकसभा की कार्यवाही जारी रही, लेकिन पक्ष और विपक्ष के भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही भी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना:
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि बीजेपी के सदस्य इधर-उधर क्यों बोल रहे हैं, संसद में चर्चा करने से क्यों डरते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी से डर गई है। अधीर रंजन चौधरी ने पीएम मोदी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पीएम मोदी का 56 इंच का सीना अब सिकुड़ गया है।
दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को भलस्वा लैंडफिल साइट पर पहुंचे और जल्द कूड़े के पहाड़ को खत्म करने का वादा दोहराया। हालांकि, इस बीच एक नया विवाद भी खड़ा हो गया है। भाजपा ने केजरीवाल की कुछ तस्वीरें जारी करके उनपर तंज कसा है जिनमें दिल्ली के सीएम लैंडफिल साइट पर बिछी ग्रीन कार्पेट पर चलते हुए दिख रहे हैं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने तस्वीरों के साथ केजरीवाल को ‘राजा साहेब’ कहते हुए घेरा।
दरअसल, एमसीडी चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि उनकी पार्टी निगम की सत्ता में आई तो दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ों को खत्म कर दिया जाएगा। गाजीपुर, भलस्वा और ओखला लैंडफिल साइट से कूड़ा हटाने का काम चल रहा है। एमसीडी में जीत हासिल करने के बाद अब ‘आप’ का बड़ा लक्ष्य लैंडफिल साइट्स को खत्म करना है। कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को देखने के लिए केजरीवाल गुरुवार को मेयर शैली ओबेरॉय और स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के साथ भलस्वा लैंडफिल साइट पर पहुंचे।
केजरीवाल के दौरे की कुछ तस्वीरें जारी करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने लिखा, ‘लैंडफिल साइट का विजिट किया तो ग्रीन कार्पेट लगाकर चले… क्योंकि राजा हैं साहेब.. हद है AAP की अरविंद केजरीवाल जी।’ बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, ‘लैंडफिल साइट पर अरविंद केजरीवाल के लिए ग्रीन कार्पेट स्वागत। आपके जूते देखे, खास हैं। इन्हें जमीन पर मत उतारिएगा, मैले हो जाएंगे।’
वहीं, दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने लिखा, ‘वाह महाराज .. आप तो आम आदमी थे कभी। अरविंद केजरीवाल जी के ठाठ देखिए- जब भलस्वा लैंडफिल साइट का निरिक्षण करने पहुंचे तो वहां साहब के चलने के लिए ग्रीन कार्पेट बिछाए गए- कहीं जूता मैला ना हो जाए।’
झारखंड : आज विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारनियोजन पोर्टल का मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुभारंभ करेंगे। बता दें श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल के जरिए से सरकार नियोक्ता एवं रोजगार ढूंढ रहे कैंडिडेट को एक प्लेटफार्म उपलब्ध करवाने की कोशिश कर रही है। इस पोर्टल पर नियोक्ता अपने व्यवसाय और उससे संबंधित मानव बल के बारे में जानकारी साझा कर सकते हैं। साथ ही आवश्यक मानव बल के लिए रिक्तियां भी निकाल सकेंगे। साथ ही रोजगार के लिए कैंडिडेट खुद को रजिस्टर कर अपना आवेदन भी भर सकेंगे।
इसके साथ ही सरकार की अपेक्षा है कि राज्य के युवाओं के लिए सभी नियोक्ताओं से वे राज्य के प्रति अपने सामाजिक और नैतिक जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए स्वेच्छा से झारखंड राज्य के निजी क्षेत्र के रोजगार में 75% स्थानीय भागीदारी देने के लिए झारखंड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय कैंडिडेट का नियोजन अधिनियम 2021 का अनुपालन करें।
झारखंड : गुरुवार को हुई बारिश से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। प्रदेश के रांची समेत कई जिलों तेज आंधी के साथ बारिश हुई। आने वाली 20 तारीख तक प्रदेश में ऐसी ही स्थिति रहेगी। यानी आने वाले कुछ दिन प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में 20 मार्च तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान यहां बादल छाए रहेंगे। साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश में 20 तारीख तक तेज आंधी और बादल गरजने के साथ हल्की और मध्यम स्तर की बारिश की भी संभावना जताई है। 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगीं। गुरुवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में तीन डिग्री गिरावट आई है। वहीं राजधानी रांची के ताममान में भी तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 33.8 से गिरकर 30.8 पहुंच गया।
आंधी और बारिश में दो लोगों की गई जान
मौसम विभाग के मुताबिक, बादलों का एक समूह प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, इसके चलते आज रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, दुमका, धनबाद और गिरडीह में ओले गिरने की संभावना है। वहीं प्रदेश में बीते कल हुई आंधी और बारिश की वजह से दर्जनों पेड़ टूट गए। इतना ही नहीं राजधानी रांची समेत यहां के कई इलाकों में घंटो बिजली गुल रही। बारिश के चलते देर रात बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सका। इतना ही नहीं इस बारिश के चलते दो लोगों की जान चली गई। रांची में आंधी और बारिश के दौरान यहां के एक इलाके में एक छात्रा के ऊपर ठनका गिर गया। जिससे की उसकी मौत हो गई। छात्रा का नाम रितिका मुंडा था। वहीं जमशेदपुर में बारिश के दौरान बिजली की तार गिर गई। इसमें झुलसकर एक महिला की जान चली गई।
हैदराबाद, एएनआइ। हैदराबाद के सिकंदराबाद में गुरुवार शाम स्वप्नलोक परिसर में लगी भीषण आग में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वाले 6 लोगों में 4 लड़कियां और 2 लड़के हैं। बता दें कि यह एक बहुमंजिला व्यावसायिक परिसर है।
हैदाबाद नॉर्थ जोन की डीसीपी चंदना दीप्ति ने जानकारी दी कि जांच के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा, हालांकि संभावना है कि दम घुटने की वजह से इन लोगों की मौत हुई हो। अधिकारी ने कहा, ‘हमें सूचना मिली है कि छह लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है।’
कई लोगों का अस्पताल में चल रहा इलाज: अधिकारी
अधिकारी ने आगे बताया कि 12 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया और उनमें से छह की एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, बाकी लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। पीड़ित तेलंगाना के वारंगल और खम्मम जिलों के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने कहा कि वे एक मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत थे, जिसका परिसर में एक कार्यालय था।
आग पर काबू पाने में लगेगा समय: अधिकारी
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आग शाम करीब 7.30 बजे उस परिसर में लगी जहां कई कार्यालय हैं। आग बुझाने के लिए चार दमकल गाड़ियों सहित 10 से अधिक अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया था क्योंकि आठ मंजिला इमारत की एक मंजिल से बड़ी लपटें निकल रही थीं। बचाव अभियान की निगरानी कर रहे एक अन्य अधिकारी ने कहा कि आधी रात तक इमारत से काफी धुआं निकल रहा था और इसे कम होने में कुछ समय लगेगा।
शॉर्ट-सर्किट की वजह से लगी आग
उन्होंने कहा कि बचाव कर्मी अभी भी अंदर फंसे किसी व्यक्ति की तलाश के लिए इलाके में छानबीन कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया गया है। इससे पहले जनवरी में सिकंदराबाद में एक पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। आग से तबाह हुई इमारत को बाद में ध्वस्त कर दिया गया।
अन्य की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। वरिष्ठों के सहयोग निसंकोच आगे बढ़ेंगे। सभी मोर्चां पर श्रेष्ठता बनाए रखेंगे। लंबी दूरी की यात्रा की संभावना रहेगी। समय सुधार की ओर बना हुआ है। आस्था और विश्वास से सफलता पाएंगे। कार्य व्यापार में उछाल आएगा। धार्मिक गतिविधियों से जुड़ेंगे, मनोरंजक गतिविधियां बढ़ेंगी। सभी ़क्षेत्रों में बेहतर रहेंगे, मित्रों का साथ पाएंगे। शिक्षा पर जोर देंगे, योजनाओं पर अमल बढ़ाएंगे। अध्यात्म में रुचि रहेगी, तेजी से काम लेंगे। शुभ अंक : 8 और 9 शुभ रंग : कत्थई कलर
वृष
समय उत्तरोत्तर सुधार पर रहेगा। भाग्य बल से चहुंओर बेहतर प्रदर्शन बढ़ाएंगे। लाभ औसत से अच्छा बनेगा। नवीन प्रयासो में सहजता दिखाएंगे। आकस्मिकता असहजता दूर होगी। गुरुजनों और परिजनों की सीख सलाह से आगे बढ़ेंगे। महत्वपूर्ण विषयों में उत्साह दिखाएंगे। जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार रखेंगे। व्यवस्था पर भरोसा बढ़ाएंगे। जोखिमपूर्ण कार्यां से बचेंगे। मितभाषी बने रहेंगे। बड़ों की सुनेंगे। सफलता प्रतिशत बढ़त पर रहेगा। स्थितियां सुखद होंगी। नियम व व्यवस्था से चलेंगे। शुभ अंक : 6 8 और 9 शुभ रंग : नीला
मिथुन
आवश्यक कार्यां को यथाशीघ्र पूरा करने का प्रयास रखें। दिन की शुरूआत अपेक्षाकृत अधिक अच्छी रहेगी। मामले लंबित रखने से बचें। भावावेश में प्रतिक्रिया न दें, अपरिचितों से दूरी रखें, अफवाह से प्रभावित न हों। जल्दबाजी में कार्य व्यापार एवं समझौते न करें। अत्यधिक भार उठाने से बचें। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। कामकाज में रुटीन संवारेंगे। खानपान पर ध्यान देंगे। कार्ययोजनाओं को नियमित रखेंगे। परिजनों की सीख सलाह से सफलता मिलेगी, बड़ों की सुनें। शुभ अंक : 5 और 8 शुभ रंग : फिरोजी
कर्क
समय की शुभता बढ़त पर रहेगी। साझेदारी के प्रयास बल पाएंगे। साहस और संपर्क बढ़ाएंगे। नेतृत्व क्षमता और सामंजस्यता बनाए रखेंगे। व्यक्तिगत संबंधों को मजबूत बनाएंगे। सहकारिता बढ़ाने की कोशिश रहेगी। स्थिरता में वृद्धि होगी। विभिन्न मोर्चां पर प्रभावी परिणाम पाएंगे। दाम्पत्य जीवन खुशहाल बनेगा। उपलब्धियों से उत्साहित रहेंगे। बड़े लक्ष्य बनाएंगे। श्रमशीलता बनाए रखेंगे। समकक्षों का भरोसा जीतेंगे। व्यक्तिगत प्रयास बेहतर रहेंगे। वाणी व्यवहार प्रभावी रहेगा। दाम्पत्य में मिठास रहेगी। शुभ अंक : 2 8 और 9 शुभ रंग : बेबी पिंक
सिंह
कर्मठता और सेवाभावना को बल मिलेगा। लोभ प्रलोभन और प्रभाव में नहीं आएं। नौकरीपेशा वर्ग ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करेगा। परिश्रम व लगन से आगे बढ़ेंगे। अवरोधों को धैर्यपूर्वक दूर करेंगे। सक्रियता और संतुलन से आगे बढ़ेंगे। अनुशासन अनुपालन बनाए रखेंगे। सेवाक्षेत्र से जुड़ेंगे, बजट से चलेगे। भ्रम बहकावे में आने से बचें। निवेश पर नियंत्रण रखें। दैनिक रुटीन संवारें। बड़ों की सीखों और जिम्मेदारियों पर ध्यान दें। पेशेवर प्रयास फलेंगे , उपलब्धियां पूर्ववत् रहेंगी, जिम्मेदारी से कार्य करें। शुभ अंक : 1 और 9 शुभ रंग : स्वर्णिम
कन्या
स्वार्थ संकीर्णता से उूपर उठने की कोशिश बढ़ाएंगे। मित्रों की मदद से जीत का प्रतिशत संवरेगा। प्रेम और स्नेह के प्रसंग सफल होंगे। मन के मामले पक्ष में बनेंगे। प्रतिस्पर्धी गतिविधियों में प्रभावशाली रहेंगे। भावनात्मक मामलों में सकारात्मक रहें। मैत्री भावना बढ़ेगी। स्वजनों से मतभेद दूर होंगे। घर परिवार में सुख सौख्य सहजता बढ़ेगी। बड़ों की आज्ञाकारिता बनाए रखेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन बेहतर बना रहेगा। आर्थिक लाभ में वृद्धि होगी। सक्रियता साहस से आगे बढ़ेंगे। शुभ अंक : 2 5 8 शुभ रंग : समुद्री
तुला
आवश्यक कार्यां को दिन के आरंभ में ही पूरा कर लेने की सोच रखें। अतिसंवेदनशीलता एवं बड़बोलेपेन से बचें। निजी मामलों में अनुभवियों बात ध्यान से सुनेंगे। भावावेश में आने से बचेंगे। धैर्य और विश्वास दिखाएं। विनम्रता और विवेक से काम लें। संसाधनों में रुचि बढ़ाएंगे। भवन वाहन के मामलों में सक्रियता आएगी। सुनी बातों पर भरोसा करने से बचें। पारिवारिक मामलों में रुचि रहेगी। अकारण हस्तक्षेप से बचें। जानकारी साझा करने में सजग रहें। परिजनों से सुलह सामंजस्य बनाए रखें। शुभ अंक : 6 8 और 9 शुभ रंग : जमुनिया
वृश्चिक
कार्यक्षेत्र में साख सम्मान बनाए रखेंगे। पेशेवरों और बंधु बांधवों से सीख सलाह रखेंगे। करीबियों के साथ सहयोग से आगे बढ़ेंगे। साहस पराक्रम बना रहेगा। लोगों से मेलजोल में सहज रहेंगे। सुविधाओं पर जोर रखेंगे। साख प्रभाव बढ़त पर रहेगा। जिम्मेदारों से भेंट मुलाकात होगी, वातावरण में अनुकूलन रहेगा। संबंधों का लाभ उठाएंगे। महत्वपूर्ण जानकारी जुटाएंगे। यात्रा एवं व्यापार में सफल होंगे। सामाजिक विषयों में रुचि बढ़ाएंगे। महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सकती हैं। शुभ अंक : 2 और 3 शुभ रंग : वासंती
धनु
घर परिवार से से करीबी बढ़ाएंगे। जीवनशैली आकर्षक रहेगी। भव्य आयोजनों से जुड़ेंगे। स्वजनों से भेंट होगी, अतिथि आगमन होगा। सबसे बनाकर चलेंगे। मान सम्मान पर जोर देंगे। सभी का समर्थन बना रहेगा। निजी जीवन में शुभता रहेगी। सबके हित की भावना रहेगी। उत्सव की रूपरेखा बनेगी। सुखद वातावरण रहेगा, सहयोग समर्थन मिलेगा। संस्कारों को बल मिलेगा। आर्थिक प्रयास संवरेंगे। खुशियां साझा करेंगे। कुल कुटुम्बियों से सलाह रखेंगे। नए लोगों से मेलजोल बढ़ाएंगे। शुभ अंक : 3 8 और 9 शुभ रंग : पीला
मकर
विभिन्न प्रयासों में गति आएगी। लंबित कार्यां को आगे बढ़ाएंगे। कला कौशल संवरेंगे। नीति नियम बनाए रखेंगे। साझीदारी के कार्य बनेंगे। सकारात्मकता बढ़त पर रहेगी। प्रतिस्पर्धा का भाव रखेंगे। साहस और पराक्रम से जगह बनाएंगे। रचनात्मकता बढ़ेगी। कार्य विस्तार को बल मिलेगा। जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार रखेंगे। संबंधों के प्रति सजग रहेंगे। आवश्यक कार्यां को आगे बढ़ाएंगे। सहजता सामंजस्य रखेंगे। नवाचार में रुचि दिखाएंगे। सभी का समर्थन प्राप्त होगा। अपनों के लिए प्रयासरत रहेंगे। शुभ अंक : 8 और 9 शुभ रंग : गहरा नीला
कुंभ
महत्वपूर्ण कार्यां को आरंभिक घंटों में ही पूरा करने की सोच रखें। समय मिरित प्रभाव का है। अनजानों से दूर रहेंगे। खर्च पर नियंत्रण बढ़ाएंगे। वाणिज्य व्यापार में निरंतरता लाएंगे। पेशेवर कार्यां को गति देंगे। निवेश व विस्तार के कार्यों से जुड़ेंगे। विभिन्न मामलों में सजगता रखें। न्यायिक मामले उभरने की आशंका है। धैर्य दिखाएं। नीति नियम का पालन रखें। व्यवस्था और अनुशासन अपनाएं। कामकाजी संबंधों में मजबूती आएगी। धूर्त लोगों से सतर्क रहें। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। शुभ अंक : 2 5 और 8 शुभ रंग : मोर पंख के समान
मीन
आय के विविध स्त्रोत सृजित हो सकते हैं। व्यवसायिक गतिविधियों में प्रभाव बनाए रहेंगे। श्रेष्ठ जनों से भेंट का लाभ उठाएंगे। प्रबंधन संवारने में सफल होंगे। पैतृक पक्ष के़े मामले बेहतर रहेंगे। अनुभव का लाभ मिलेगा। सभी सहयोग होंगे। करियर कारोबार में प्रभाव रहेगा। सामंजस्य बढ़ाएंगे। चहुंओर शुभता रहेगी। शासकीय विषय बनेंगे। पुरस्कृत हो सकते हैं। उल्लेखनीय परिणाम पाएंगे। व्यवसायिक गतिविधियों में आगे रहेंगे। सहकर्मी सहायक होंगे। शुभ प्रस्ताव प्राप्त करेंगे। संवाद संपर्क सकारात्मक रहेंगे। शुभ अंक : 3 8 और 9 शुभ रंग : एक्वा कलर
समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आहूत की गई । सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नेहा संजना खलखो, एसीएमओ डॉ. आलोक रंजन महतो, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आर एन झा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, सभी एमओआईसी, सीडीपीओ, डीपीसी हाकिम प्रधान, डीडीएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे । बैठक में ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश सभी सीडीपीओ एवं एमओआईसी को दिया गया । निदेशक डीआरडीए ने शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव व बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए शत प्रतिशत उपलब्धि पर जोर दिया और हर स्वास्थ्य कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की । जिले में अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक संस्थागत प्रसव में 89% उपलब्धि है, सभी एमओआईसी एवं सीडीपीओ को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सेविका एवं सहिया के माध्यम से हरेक गर्भवती महिला को डिलीवरी होने तक फॉलो करें । डिलीवरी जिला के अंदर किसी अस्पताल में हो या पड़ोसी जिला, पड़ोसी राज्य में बस ये सुनिश्चित करें कि संस्थागत प्रसव ही हो ।
जिले के सरकारी अस्पतालो में उपलब्ध कराये जा रहे चिकित्सीय सुविधा से आम लोगों का भरोसा बढ़ा है। दोनों अनुमंडल अस्पताल एवं सभी प्रखंडों के सीएचसी में फरवरी माह में करीब 29 हजार मरीज आए जिनमें 4542 को एडमिट किया गया, एमजीएम में 117 तथा सदर अस्पताल में सिर्फ 5 मरीज रेफर हुए । जिले में अबतक 109408 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया है, पिछले ढाई महीने में आयुष्मान कार्ड बनाने में काफी गति आई है जिसमें 38961 लोग लाभान्वित हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना में सरकारी अस्पतालों की प्रतिभागिता बढ़ाने का निदेश दिया गया। कुपोषण उपचार केन्द्रों में औसत बेड ऑक्यूपेंसी रेट 81 फीसदी है, ग्रामीण क्षेत्र में कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए शत प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी रखने का निदेश दिया गया। बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ रोग खोज, परिवार नियोजन, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गयी । विशेष संचारी रोग अभियान पर भी चर्चा की गयी ।
बहरागोड़ा प्रखंड सभागार में सभी मुखिया के बीच मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के संबंध में एक दिवसीय ओरियंटेशन प्रोग्राम किया गया। जिसमें बहरागोड़ा प्रखंड के 26 पंचायत के सभी मुखिया तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश साहू एवं प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ राजेश कुमार सिंह उपस्थित थे।
सभी मुखिया को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से संबंधित सारी जानकारियां विस्तृत में बताई गई तथा इससे संबंधित डायरी, लीफलेट्स नियमावली दिया गया। जिला पशुपालन पदाधिकारी ने सभी मुखिया को यह बताया कि बिना उनके सहभागिता का इस योजना को धरातल पर उतारना मुश्किल है एवं उन लोगों से चयनित लाभुकों के अंशदान को जमा करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विस्तृत रूप से बताया कि माननीय मुख्यमंत्री का यह महत्वकांक्षी योजना को बहुत ही बारीकी से कैसे धरातल पर उतारा जा सकता है। साथ ही यह भी कहा गया कि वे लोग समय समय पर इन योजनाओं का समीक्षा करते रहेंगे तथा पशुपालन से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत संबंधित पंचायत के पशु मित्र या प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी एवं पशु चिकित्सक को अवगत कराएंगे। बैठक में पंचायत के मुखिया, पशुमित्र आदि उपस्थित थें।