एक नई सोच, एक नई धारा

1002112429
रात में सीओ ने बालू लदा हाइवा पकड़ा, कई वाहन ले भागे चालक

घाटशिला अंचल की सीओ निशांत अंबर ने मंगलवार की देर रात बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. जानकारी के अनुसार, सीओ रात करीब 12:30 बजे से 1:00 बजे के बीच काशिदा-कोदरनाला हाइवे के पास गश्त पर थीं.

1002112429

बालू लदे हाइवा और भारी वाहनों की आवाजाही देख जांच शुरू की. इसी दौरान एक हाइवा को पकड़ा, जबकि कई वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये. जब्त वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था. उसपर लगभग 600 सीएफटी बालू लदा था. सीओ ने बताया कि इंजन नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जायेगी. जब्त वाहन को तुरंत घाटशिला थाना को सुपुर्द कर दिया गया. पूरे मामले की सूचना खनन विभाग को दी गयी है. रात में एक महिला सीओ द्वारा ऐसी कार्रवाई से बालू तस्करों में हड़कंप मच गया है. कई वाहन मौके से भाग निकले. सीओ ने कहा कि सरकार के निर्देश का कड़ाई से पालन किया जायेगा. बालू के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. जब्ती के बाद हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. वाहन को थाने ले गयी.

1002112415
मानवाधिकार का अर्थ है जियो और जीने दो : डॉ शैलेंद्र कुमार

सालबनी स्थित यामिनी कांत महतो शैक्षणिक संस्थान में बुधवार को यामिनी कल्याणी महतो कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड कॉमर्स तथा यामिनी कांत बीएड कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में मानवाधिकार दिवस मनाया गया.

मौके पर संगोष्ठी हुई. गालूडीह थाना के एसआइ अजय बागे ने मानवाधिकार पर जानकारी दी. संस्थान के सचिव नारायण प्रसाद ने उन्हें सम्मानित किया. जेकेएम कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड कॉमर्स के प्राचार्य डॉ आर श्रीकांत नायर ने मानवाधिकार के उल्लंघन रोकने के प्रयास पर चर्चा की. डॉ शैलेंद्र कुमार व डॉ पूनम कुमारी ने मानवाधिकार का स्पष्ट अर्थ जियो और जीने दो पर बल दिया. संस्थान के निदेशक डॉ सुमंत सेन ने मानवाधिकार के संरक्षण के लिए जागरुकता पर जोर दिया. मौके पर सहायक व्याख्याता सुशांति कुमारी, अनीता महतो ने मानवाधिकार पर पेपर प्रस्तुत किया. प्रशिक्षु सीमा निखत, स्वीटी कुमारी, निर्मल, सुश्री बनर्जी, सोनालिका महतो, ज्योति कुमारी, लिपिका मुर्मू ने अपना पेपर को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया.

1002112415

राष्ट्र गान के बाद नाटक, नृत्य किया प्रस्तुत:

मौके पर राष्ट्र गान के बाद नृत्य व नाटक प्रस्तुत किये गये. इस अवसर पर सचिव नारायण प्रसाद, संजू राय, डॉ सुमंत सेन, डॉ आर श्रीकांत नायर, डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ पूनम कुमारी, डॉ आशा वर्मा, डॉ पूनम कुमारी कर्ण, डॉ नंदन दास, सहायक व्याख्याता श्यामली दत्ता, सुशांति कुमारी, गीताश्री, पूनम टुडू, प्रीति कुमारी, अंगना सरकार, पिंकी सिंह, विवेक रंजन कुईला, प्रमित सिट, विनीता टुडू, अनीता महतो आदि उपस्थित थे.

जाति, लिंग, धर्म और राष्ट्रीयता पर भेदभाव का विरोध करें : डॉ बसंत पंडित

गालूडीह. सालबनी स्थित स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बुधवार को मानवाधिकार दिवस मनाया गया. प्राचार्य डॉ बसंत पंडित ने कहा कि हर व्यक्ति को सम्मान और न्याय के साथ जीने का अधिकार मिले. जाति, लिंग, धर्म, राष्ट्रीयता या किसी अन्य आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए. महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाषण, कविता व पीपीटी प्रस्तुतीकरण से बताया कि मानवाधिकार दिवस हमें संकल्प लेने का अवसर देता है. हम अन्याय के खिलाफ आवाज उठायेंगे. कमजोरों का साथ देंगे और समानता को बढ़ावा देंगे. आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग भेदभाव के शिकार हैं. हिंसा का सामना करते हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य से वंचित हैं. अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से दूर हैं. हम छोटी-छोटी बातों में न्याय, सम्मान और समानता का पालन करें, तो समाज में बड़े बदलाव ला सकते हैं. बीएड संकाय के विद्यार्थियों के बीच पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता हुई. इसमें प्रथम सोमा महतो, द्वितीय रूपा सोरेन और तृतीय भानु प्रिया सरदार रही. मौके पर प्राध्यापक संजीव कुमार तिवारी, सुंदरम प्रियदर्शी, राजेश्वर वर्मा, डॉ अरिंदम सिंह, प्राध्यापिका कुमारी प्रियंका, नमिता भगत व कमलेंदु रॉय मौजूद थे.
नरसिंहगढ़ प्लस टू स्कूल में जागरुकता शिविर

धालभूमगढ़. अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में नरसिंहगढ़ प्लस टू हाई स्कूल में जागरुकता शिविर लगाया गया. यहां बच्चों को मानवाधिकार की जानकारी दी गयी. मौके पर धालभूमगढ़ थाना के एएसआइ फिलिप कुजूर, पीएलवी कार्तिक महतो, मुन्ना हांसदा, प्रधानाध्यापक निर्मलेन्दु महतो, अंबिका दास आदि उपस्थित थे. शिविर में बच्चों को मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी गयी.

1002112397
धालभूमगढ़ बीडीओ को ज्ञापन सौंप बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग

धालभूमगढ़ प्रखंड की जूनबनी पंचायत के उप मुखिया सुजन कुमार मान्ना ने बुधवार को बीडीओ बबली कुमारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों की स्थिति बदतर होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है.

1002112397

खास तौर पर मरीजों, बुजुर्गों व बच्चों को स्कूल, अस्पताल एवं अन्य कार्यों के लिए आवागमन दुष्कर हो गया है.

उन्होंने मांग की है कि अविलंब जर्जर सड़कों का निर्माण कराया जाये. ज्ञापन में जिला परिषद रोड भारत सेवाश्रम हरिनधुकड़ी होते हुए विश्वजीत दास गुप्ता के घर तक लगभग 2 किमी सड़क का निर्माण, रघुनाथडीह दिल्ली गेट चौक से लेकर बगुला नदी किनारे तक लगभग 4 किमी सड़क का निर्माण, डोभा रेल फाटक से लेकर जूनबनी गांव तक लगभग 5 किमी सड़क निर्माण, महतो पाड़ा मुख्य सड़क से लेकर गोलक मुंडा के घर तक लगभग 2 किमी सड़क निर्माण, रघुनाथडीह जेल से होते हुए एनएच तक लगभग 4 किमी सड़क निर्माण, जयरामडीह एनएच से सुपाई हेंब्रम के घर तक लगभग 2 किमी सड़क निर्माण, हरिनधुकड़ी साहब पूर्ति के घर से भटाई जोड़ पुलिया तक लगभग 1 किमी सड़क निर्माण कराने की मांग की. बीडीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द इन सड़कों को किसी भी योजना के तहत बना दिया जायेगा. उप मुखिया ने हरिनधुकड़ी हरि मंदिर चौक परिसर पर एक हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की. इस मौके पर साहब पूर्ति उपस्थित थे.

1002112384
अनुमंडल के 116 लैंपसों में अध्यक्ष और सचिव का चुनाव 2026 में होगा
1002112384

घाटशिला अंचल सहकारिता कार्यालय में बुधवार को सहकारिता पदाधिकारी मंजू वर्जिनिया एक्का की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित हुई. घाटशिला अनुमंडल के बीसीओ रत्नेश कांत झा और जितेंद्र भगत मुख्य रूप से उपस्थित थे.

1002112360
चार सत्रों की 323 छात्राओं को मिले प्रमाण पत्र

घाटशिला के काशिदा स्थित बीडीएसएल महिला महाविद्यालय में बुधवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ. यहां मुख्य अतिथि बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, जिप सदस्य देवयानी मुर्मू, प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, सोसायटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह और सचिव कुमार सत्यम उपस्थित थे.

1002112360

प्रभारी प्राचार्या पुष्पा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया. अतिथियों ने चार सत्रों की कुल 323 छात्राओं को डिग्री प्रमाण पत्र प्रदान किये. महाविद्यालय की 8 टॉपर छात्राओं को सम्मानित किया गया. इनमें गोल्ड मेडलिस्ट निकिता पाती सहित अनुप्रिया मंडल, गुलनाज परवीन, सावित्री पूर्ति, अर्चना पाल, नीमा महतो, स्मृति डे और मधुमिता मन्ना हैं.

लड़की शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार आगे बढ़ता है : कुणाल षाड़ंगी

मुख्य अतिथि कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि बीडीएसएल महाविद्यालय ने बेटियों को शिक्षित कर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि लड़की शिक्षित होती है, तब पूरा परिवार ज्ञान व जागरुकता से आगे बढ़ता है. महिला शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने छात्राओं को जीवन की चुनौतियों से नहीं डरने और सोशल मीडिया के अति उपयोग से सावधान रहने की नसीहत दी. छात्राएं अपनी क्षमता, रुचि और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ें. उन्होंने कहा कि जो काम आपको पसंद हो, उसी में आगे बढ़ें तभी आप उत्कृष्ट बन सकती हैं. प्रभारी प्राचार्या पुष्पा गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय गरीब, पिछड़े और आदिवासी समुदाय की लड़कियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है. पिछले वर्षों में महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम 73 प्रतिशत से 96 प्रतिशत के बीच रहा है. समारोह में गणेश मुर्मू, एसके पति, डॉ डीपी कुंडू, रूमा सीट, अरविंद घोष समेत शिक्षक उपस्थित थे।

1002112337
स्वास्थ्य विभाग में योजना राशि निकासी को नियुक्त होंगे बिल क्लर्क

पूर्वी सिंहभूम जिला में केंद्र द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के कार्यक्रम की राशि निकासी के लिए प्रखंड स्तर पर बिल क्लर्क की नियुक्ति होगी ताकि, योजना से जुड़े खर्च की निकासी और भुगतान सुगमता से हो सके।

1002112337

इससे प्रखंड के अकाउंट मैनेजर व प्रभारी को बिल क्लर्क बनाने की तैयारी शुरू है। 2 सितंबर को राज्य के अपर मुख्य सचिव ने इस मुद्दे पर झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति की कार्यकारणी के साथ बैठक की थी, जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के क्रियान्नवयन में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो।

1002112267
दिल्ली धमाके की जांच के बीच झारखंड के हजारीबाग में NIA का छापा, डॉक्टर के घर पहुंची

दिल्ली में लाल किला के पास हुए विस्फोट की जांच के बीच एनआईए ने झारखंड के हजारीबाग में छापेमारी की है। एनआईए और एटीएस की टीम हजारीबाग के पेलावल थाना क्षेत्र के अंसार नगर पहुंची और एक संदिग्ध डॉक्टर के घर पर दबिश दी।

1002112267

सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध डॉक्टर के इनपुट पर की गई है।

संदिग्ध डॉक्टर एम्स में पढ़ाई करने के बाद रांची में काम करता था। साथ ही वह हजारीबाग में भी एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करता था। एनआईए उसे पिछले साल भी गिरफ्तार कर चुकी है। NIA ने डॉक्टर को पिछले साल आतंकी घटना में संलिप्त पाए जाने के कारण गिरफ्तार कर लिया था। एनआईए की टीम ने दूसरी बार डॉक्टर के घर पर दबिश दी है।

एनआईए के अधिकारी एटीएस के साथ तीन गाड़ियों से गुरुवार की सुबह इलाके में पहुंचे और संदिग्घ के घर पर दबिश दी। एनआईए की टीम ने घर के सदस्यों से पूछताछ की। मौके पर अतिरिक्त फोर्स भी तैनात कर दी गई है। सूत्रों ने बताया कि एनआईए संदिग्ध आतंकी शाहनवाज को लेकर मिले इनपुट पर पहुंची है। उसे 2023 में गिरफ्तार किया गया था।

बताया जाता है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अक्तूबर 2023 में शहनवाज आलम को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी पुणे टेरर मॉड्यूल के मामले में हुई थी।वह मूल रूप से हजारीबाग का रहने वाला है। वह 2019 में हजारीबाग में डकैती और चोरी के कई मामलों में भी गिरफ्तार हो चुका है।

वह 8 से 9 महीने जेल में रहा फिर दिसंबर 2020 में उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद वह कथित तौर पर हैंडलर के संपर्क में आया। पुणे पुलिस की हिरासत से भागने के बाद एनआईए ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

गौरतलब है कि एनआईए की यह कार्रवाई ऐसे वक्त में सामने आई है जब एनआईए दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके की छानबीन में जुटी है। दिल्ली ब्लास्ट में व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का लिंक सामने आया है। इस मामले में एनआईए ने व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल से जुड़े कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है।

एनआईए ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के रफियाबाद इलाके के निवासी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला को अरेस्ट किया है। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। डॉ. बिलाल नसीर मल्ला दिल्ली ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार होने वाला 8वां आरोपी है। डॉ. मल्ला अल-फलाह यूनिवर्सिटी में भी काम कर चुका है।

1002112256
शिकंजे में आए गोवा अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स, थाईलैंड में हिरासत में लिए गए, भारत किया जाएगा डिपोर्ट

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में ले लिया गया है। इन्हें थाईलैंड से भारत डिपोर्ट किया जाएगा और इस संबंध में प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

1002112256

गोवा के नाइट क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हुई थी और इसके बाद से ही दोनों भाई गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड फरार हो गए थे। दोनों भाइयों को भारत में मुकदमे के लिए वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दोनों भाइयों पर रॉ की भी थी नजर

सूत्रों के मुताबिक, ब्लू कॉर्नर नोटिस के जरिए लूथरा बंधुओं की लोकेशन ट्रेस होने के बाद सौरभ और गौरव दोनों थाईलैंड में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग रॉ के अधिकारियों की भी लगातार निगरानी में थे। उनकी हर गतिविधि को मॉनिटर किया जा रहा था।

दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द

इससे पहले गोवा नाइट क्लब आग मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द कर दिए थे। सूत्रों ने टाइम्स नाउ को बताया कि विदेश मंत्रालय ने अग्निकांड के मुख्य आरोपियों एवं ‘बर्च बाय रोमियो लेन’नाइट क्लब के मालिकों सौरभ और गौरव लथूरा के पासपोर्ट रद्द कर दिए। गोवा सरकार ने दोनों भाइयों का पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया था। दोनों भाई सात दिसंबर की सुबह देश छोड़कर थाईलैंड के फुकेट चले गए।

इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था

मंत्रालय को गोवा सरकार से गौरव और सौरभ लूथरा के संबंध में एक पत्र मिला था। मंत्रालय नियमों के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के तहत उनके पासपोर्ट रद्द किए गए। गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा छह दिसंबर की रात को हुई घटना के बाद थाईलैंड भाग गए थे। उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, गौरव और सौरभ ने 7 दिसंबर की सुबह 1:17 बजे मेकमाईट्रिप पर टिकट बुक किए थे। उस समय दमकलकर्मी और पुलिस अरपोरा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग बुझाने और फंसे लोगों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। एक अधिकारी ने बताया, गोवा पुलिस और गोवा अग्निशमन सेवा आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए जूझ रही थी, उसी दौरान लूथरा बंधुओं ने देश से भागने की तैयारी शुरू कर दी थी।

1002112242
एमजीएम अस्पताल में 600 कर्मचारियों की बायोमीट्रिक जांच शुरू, ड्यूटी से गायब रहने वालों पर गिरेगी गाज

कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लंबे समय से बनी अव्यवस्थाओं को सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

1002112242

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अस्पताल में तैनात लगभग 600 कर्मचारियों, जिनमें डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीकी कर्मी, वार्ड बॉय और सफाई कर्मचारी शामिल हैं, की बायोमिट्रिक अटेंडेंस आईडी तलब की है।

शिकायतों के अंबार के बाद प्रशासन ने कसा शिकंजा

इस कदम से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति है और सभी कर्मचारी खुद को जांच के दायरे में महसूस कर रहे हैं। बीते कई महीनों से मरीजों, परिजनों और संस्थान से जुड़े विभिन्न स्रोतों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

एमजीएम से कई डॉक्टर ड्यूटी समय में अस्पताल में मौजूद नहीं रहते, ओपीडी नियत समय पर शुरू नहीं होती, इमरजेंसी में मरीजों को समय पर चिकित्सक नहीं मिलते। वार्डों में नियमित राउंड नहीं लगाए जाते। कुछ डॉक्टरों पर यह आरोप भी लग रहा है कि वे ड्यूटी के समय निजी प्रैक्टिस में ज्यादा सक्रिय रहते हैं।

बायोमिट्रिक से खुलेगी हर कर्मचारी की हकीकत

बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू होने के बाद एमजीएम का हर कर्मचारी, चाहे वह डॉक्टर हो या सफाईकर्मी, रियल टाइम डिजिटल निगरानी के दायरे में होगा। इससे स्पष्ट रूप से पता चलेगा कि कौन समय पर आता है, कौन देर से पहुंचता है, कौन बिना सूचना के गायब रहता है और किसने कितने घंटे का कार्य किया।

बायोमीट्रिक सिस्टम के चलते अब न तो रजिस्टर में मनमर्जी से हाजिरी दर्ज की जा सकेगी और न ही किसी दूसरे कर्मचारी से उपस्थिति दर्ज करवाने की कोई गुंजाइश बचेगी। प्रत्येक शिफ्ट की रिपोर्ट सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी, जिससे ड्यूटी की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

एमजीएम अस्‍पताल के 600 कर्मचारियों की सतत निगरानी

एमजीएम में लगभग 600 कर्मी कार्यरत हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि अस्पताल के सभी विभागों के डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी को एक साथ डिजिटल अटेंडेंस मॉनिटरिंग में शामिल किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर अलग-अलग विभागों का विश्लेषण भी किया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस विभाग में सबसे अधिक अनुपस्थिति है। कहां स्टाफ की वास्तविक कमी है और कहां केवल कागजों में संख्या पूरी दिखायी जा रही है।

मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बायोमीट्रिक रिपोर्ट के आधार पर आने वाले दिनों में कई कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की संभावना बनती दिख रही है। इनमें लगातार अनुपस्थिति पर वेतन कटौती, बार-बार ड्यूटी से गायब रहने पर शोकॉज नोटिस, गंभीर मामलों में विभागीय कार्रवाई या निलंबन और ओवरटाइम व अतिरिक्त भुगतान अब पूरी तरह डिजिटल डेटा के आधार पर तय होना शामिल है।

प्रशासन का मानना है कि इस सख्ती से अस्पताल की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार आएगा। ओपीडी और इमरजेंसी में समय पर डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।

उपचार में होने वाली देरी कम होगी और वार्डों में नियमित निगरानी सुनिश्चित होगी। इसका सबसे बड़ा लाभ मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा, जो लंबे समय से एमजीएम में बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे थे।

लंबे समय से उठते रहे हैं सवाल

एमजीएम अस्पताल को लेकर यह आरोप लगातार उठते रहे हैं कि यहां समय पर डॉक्टर नहीं मिलते, कई जांच सुविधाएं कागजों में उपलब्ध हैं, लेकिन व्यवहार में मरीजों को बाहर भेज दिया जाता है, और दवाओं व संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं हो पाता। इन परिस्थितियों को देखते हुए उपायुक्त ने यह कार्रवाई शुरू की है।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के इस कदम के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अब एमजीएम में गैरजिम्मेदारी, मनमानी और ड्यूटी से गायब रहना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बायोमिट्रिक रिपोर्ट के आधार पर कुछ बड़े नामों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

1002112236
टाटा स्टील 636 करोड़ में खरीदेगी थ्रिवेणी पेलेट्स की 50.1% हिस्सेदारी, 9.06 लाख शेयर खरीदे जाएंगे

टाटा स्टील 636 करोड़ रुपये में थ्रिवेणीपेलेट्स प्राइवेट लिमिटेड (टीपीपीएल) की 50.1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। बुधवार को टाटा स्टील बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

1002112236

9,06,801 शेयर खरीदेगी टाटा स्टील

कंपनी ने इस अधिग्रहण की सूचना स्टॉक एक्सचेंज को भेजकर पुष्टि की। टाटा स्टील अगले 3-4 महीनों के भीतर नकद भुगतान के माध्यम से 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 9,06,801 शेयरों का अधिग्रहण करेगी।

टीपीपीएलओडिशा के जेयपुर में संचालित होता है। इसके पास ब्राह्मणी रिवरपेलेट्स लिमिटेड (बीआरपीएल) की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

बीआरपीएल की सालाना उत्पादन क्षमता चार मिलियन टन है और इसके पास लगभग 212 किलोमीटर लंबी सलरी पाइपलाइन भी है, जो इस अधिग्रहण को टाटा स्टील के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है। यह अधिग्रहण टीपीपीएल की कुल 50.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का प्रतिनिधित्व करता है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन

वित्तीय वर्ष 2024-25 में टीपीपीएल ने 2,479.34 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया। हालांकि टैक्स अदायगी के बाद कंपनी को 45.14 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। कंपनी की कुल नेटवर्थ 1,472.80 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

टाटा स्टील प्रबंधन के अनुसार, यह अधिग्रहण भारत में लौह अयस्क पेलेट की आपूर्ति को मजबूत और सुगम बनाने की रणनीति के तहत किया जा रहा है। इससे कंपनी की पेलेट निर्माण क्षमता और लॉजिस्टिक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा।

error: Content is protected !!