बिरसानगर थाना में आज एक मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक 50 वर्षीय अधेड़ तीन महिलाओं को दे रहा था धोखा। पहली पत्नी के रहते हुए पांच साल से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद इस अधेड़ ने अपने से 30 साल छोटी एक दूसरी युवती से शादी रचा ली।
जानकारी मिलते ही लिव-इन में रह रही महिला बिरसानगर थाना जा पहुंची और मामले की लिखित शिकायत की। दरअसल, मूल रुप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी अब्दुल्ला शेख जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर 2 में एक किराए के मकान में रहकर राज मिस्त्री का काम करता है। इस दौरान वह एक महिला के संपर्क में आया और महिला के साथ लिव- इन में रहने लगा। कुछ दिनों से वह पड़ोस की रहने वाली एक युवती के संपर्क में था। अब युवती के परिजनों ने अब्दुल्ला के साथ उसकी शादी करा दी। जिसके बाद मामला थाना पहुंचा। महिला ने बताया कि अब्दुल्ला पूर्व से शादी शुदा है। उसने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा। अब वह दूसरी युवती के साथ शादी कर अलग रहता है। इसकी सूचना उसने भाजयूमो महिला मोर्चा को दी। जिसके बाद सभी थाने में शिकायत करने पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने विपक्ष के हंगामे के बीच सदन में बजट पेश किया। उम्मीद जताई जा रही थी कि राज्य सरकार बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान देगी और हुआ भी ऐसा ही। झारखंड का इस बार का बजट खास तौर पर ग्रामीण विकास पर केंद्रित रहा। इसमें युवाओं किसानों के अलावा महिलाओं के हित में भी कई घोषणाएं की गई। सरकार की योजनाओं में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का विजन दिखा। जहां सरकार ने बजट में तमाम क्षेत्र वर्ग के लिए बंपर घोशणाएं की। वित्त मंत्री ने 1 लाख 16 हजार 418 करोड़ का बजट पेश किया। जो पिछले साल की तुलना में 15 फीसदी ज्यादा है। बेरोजगारी की मार झेल रहे झारखंड के युवाओं के कौशल रोजगार पर बजट में फोकस रहा है।
किसानों के लिए ख़ास :
◆ किसानों के आर्थिक सहयोग के लिए नई योजना की घोषणा की। ◆ किसान ऋण माफी योजना के तहत 4.5 लाख किसानों को राहत। ◆ किसानों के खाते में 1,427 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। ◆ खाद का इस्तेमाल कम करने पर जोर। ◆ मोटे अनाजों के उत्पाद पर सरकार का जोर। ◆ मिलेट मिशन के लिए 50 करोड़ का प्रवाधान। ◆पशुधन विकास योजना के लिए 300 करोड़ का प्रावधान। ◆ दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ी।
युवाओं के लिए ख़ास :
◆मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देने की घोषणा हुई। ◆राज्य के 1 लाख 40 हजार युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। ◆ गुरूजी क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना एकलव्य प्रशिक्षण योजना में 37000 बच्चों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया। ◆ राजकीय विश्वविद्यालय में इनोवेशन कम स्टार्टअप सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा गया। ◆ बरही, बुंडू, पतरातू, चाईबासा, जमशेदपुर, खूंटी में नए पॉलिटेकनिक कॉलेज खुलेंगे। ◆ राज्य के स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दिया जाएगा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाएं जाएंगे। ◆ स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग के लिए 12 हजार 446 करोड़ रुपये का प्रावधान। ◆ श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के लिए बजट में 67% की बढोतरी की गई। ◆ श्रम नियोजन के लिए 985 करोड़ का बजट प्रस्तावित है।
महिलाओं के लिए ख़ास :
◆ विधवा पुनर्वास योजना में महिलाओं को कई फायदे दिए जाएंगे। ◆ आंगनबाड़ी चलो योजना शुरू की जाएगी। ◆ 800 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। ◆ आंगनबाड़ी केंद्र के लिए 100 करोड़ का बजट का प्रावधान। ◆ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 6000 प्रतिमाह उपलब्ध करायी जाएगी। ◆ आंगनबाड़ी महिलाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। ◆ आंगनबाड़ी सेविकाओं को स्मार्ट फोन दिया जाएगा।
प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) द्वारा झारखंड के हजारीबाग में छापेमारी की गई। इस दौरान मोहम्मद इजहार अंसारी के ठिकानों से 3 करोड़ रुपये की बरामदगी की गई। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा यह छापेमारी आईएएस पूजा सिंघल मामले में हुई, जिनकी गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। बता दें कि आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के खनन से जुड़े मामलों में यह छापेमारी की गई। गौरतलब है कि ईडी ने पूजा सिंघल को झारखंड के कुछ जिलों में मनरेगा के वित्तीय गबन के आरोप में गिरफ्तार किया था।
हालांकि जांच में पता चला कि जब सिंघल झारखंड में बतौर खनन सचिव कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों का फायदा पहुंचाया था। ईडी ने व्यापारी मोहम्मद इजहार अंसारी के घर इसलिए छापेमारी की क्योंकि उन्होंने कुछ शेल कंपनियां स्थापित की थी, जिन्हें कथित तौर पर पूजा सिंघल से मदद मिली थी। बता दें कि ईडी ने शुक्रवार के दिन झारखंड के 4 जिलों में 14 ठिकानों पर छापेमारी की। रांची, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग में छापेमारी के दौरान ईडी ने 3 करोड़ रुपये कैश बरामद किया। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद इजहार अंसारी कहकशा समूह की कंपनियों को नियंत्रित करता है। मो. इजहार को लेकर बताया जा रहा है कि वह तत्कालीन खनन विभाग की सचिव पूजा सिंघल की ओर से कट मनी को इकट्ठा और प्रतिबंधित करने का काम करते थे। बता दें कि मनरेगा घोटाले के सिलसिले में उन्हें पिछले साल ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। हालांकि इसके बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें अस्थायी जमानत दी गई है।
टाटा स्टील के स्थापना दिवस के अवसर पर 3rd मार्च के लिए जुबली पार्क सहित शहर को भी दुल्हन की तरह सजाया जा चुका है। जुबिली पार्क 3 से 5 मार्च तक लाइटिंग आम लोगों के लिए खोला जायेगा। इसमें कंपनी के कई डायरेक्टर भी हिस्सा लेने आ रहे हैं। इस साल संस्थापक दिवस की थीम ग्रीनोवेशन-मेक टुमॉरो ग्रीन है। इस वर्ष के समारोह की प्रमुख विशेषताओं में से एक जमशेदपुर में 40 से अधिक ऐतिहासिक स्थलों को रोशन करना होगा, जिसमें हेरिटेज बिल्डिंग, पूजा स्थल, दर्जनों गोल चक्कर आदि शामिल हैं. शहर की सुंदरता दिखाने के लिए रंग-बिरंगी रोशनी का उपयोग किया जा रहा है, ताकि यह पल नागरिकों एवं आगंतुकों के लिए यादगार रहे।
इस वर्ष के मुख्य आकर्षण
◆ जमशेदपुर नेचर ट्रेल और कोविड वॉरियर पार्क होगा.
◆ जमशेदपुर वर्क्स में स्थापना दिवस समारोह को टाटा स्टील के आधिकारिक हैंडल पर फेसबुक लाइव प्रसारण होगा
◆ थर्ड मार्च को जमशेदपुर वर्क्स में संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन.
◆ पोस्टल पार्क, बिष्टुपुर में कार्यक्रम आयोजित होंगे.
◆ जमशेदपुर वर्क्स के अंदर स्टीलेनियम हॉल में प्रदर्शनी लगेगी
◆ 2 से 5 मार्च तक बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआइ में टेक एक्स 2023, 13वीं विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी लगेगी
◆ 2 से 3 मार्च को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गोपाल मैदान में संस्थापक दिवस खेल का आयोजन.
जाने स्थापना दिवस का इतिहास
टाटा स्टील द्वारा पहली बार संस्थापक दिवस समारोह 3 मार्च 1932 को मनाया गया था. इसकी परिकल्पना सबसे पहले डीएम मदन ने की थी. शुरुआत से ही इस समारोह ने समग्र रूप से कंपनी के प्रति व्यापक वफादारी के साथ विभागीय उत्साह भरने के पैटर्न का अनुसरण किया. संस्थापक दिवस ने पूरे स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को उस दूरदर्शी की स्मृति के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया, जिनकी आस्था और निर्णय, ऊर्जा और दृढ़ता का स्थायी गवाह जमशेदपुर है. यह दुखद लेकिन दिलचस्प है कि 1939 में जब पूरा देश हमारे संस्थापक के शताब्दी समारोह में व्यस्त था, तब जमशेदपुर में तीन मार्च को श्रमिक संघ द्वारा पैदा की गयी गड़बड़ी के कारण कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ था.
अगला महत्वपूर्ण वर्ष 1958 था, जो टाटा स्टील की स्वर्ण जयंती का वर्ष था. प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे. स्वर्ण जयंती समारोह 1 और 2 मार्च, 1958 को आयोजित हुआ. 1967 डायमंड जुबिली वर्ष था. 1982 में टाटा स्टील 75 साल की हो गयी. इस अवसर पर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी मुख्य अतिथि थीं. टाटा स्टील ने 1989 में जेएन टाटा की 150वीं जयंती मनायी. इस साल के संस्थापक दिवस को अभी भी टाटा स्टील के इतिहास में सबसे दुखद दिन माना जाता है. आग लगने की एक घटना ने कई लोगों की जान ले ली. 2007 शताब्दी वर्ष था. इसी साल कोरस टाटा स्टील का हिस्सा बना था. फिलिप वरिन और जिम लेंग जैसे वरिष्ठ कोरस अधिकारी संस्थापक दिवस समारोह में शामिल हुए.
रामगढ़ में हुए उपचुनाव में एनडीए की प्रत्याशी आजसू नेत्री सुनीता चौधरी भारी मतों से चुनाव जीत गई हैं। उनके चुनाव जीतने पर भाजपा और आजसू के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। वहीं महागठबंधन को एक जोरदार झटका लगा। सुनीता चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी को लगभग 22000 मतों से हराकर विजयी हुई है।
वहीं आजसू के पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस के नेतृत्व में भाजपा व आजसू कार्यकर्ताओं ने साकची में जुबली पार्क गेट के पास लोगों में लड्डू का वितरण किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि जनता ने बता दिया है कि एनडीए सरकार ही उनकी हितैषी सरकार है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव का नतीजा आगामी साल 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव का संकेत है। आगामी चुनाव में जनता झूठे वादे कर सत्ता में आने वाली हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
सनातन उत्सव समिति के अध्यक्ष हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह और आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी को कोलकाता के एक होटल से गिरफ़्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों की गिरफ़्तारी जुगसलाई में दर्ज एक आपराधिक मामले में हुई है।
आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि भी हो चुकी है, प्रशासन द्वारा बताया गया कि बुधवार शाम को प्रशासनिक कार्य मे बाधा देने के मामले में जब चिंटू सिंह को कोर्ट द्वारा बेल दिया गया, उसी समय जुगसलाई थाना उसे गिरफ़्तार करने के लिए कोर्ट के बाहर थी, किन्तु चिंटू सिंह किसी तरह पुलिस की नज़रों से बच कर निकलने में सफल रहा, लेकिन यह खेल ज्यादा देर तक चल नहीं पाया और आखिरकार जुगसलाई थाना द्वारा देर रात कोलकाता के एक होटल से गिरफ़्तार कर लिया गया।
रामगढ़ उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है। समाचार लिखे जाने तक छठे राउंड में सुनीता चौधरी 19,007 वोटों से आगे चल रही थी। छठे राउंड तक आजसू की सुनीता चौधरी को 72,472 वोट मिले हैं।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो को 53,465 वोट मिले हैं। वहीं तीसरे नंबर पर प्रत्याशी धनंजय कुमार चल रहे हैं। जिन्हें 2,599 वोट मिले हैं. इससे पहले पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती में आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी आगे चल रही थी। बता दें कि रामगढ़ में रामगढ़ कॉलेज में मतगणना जारी है। वहीं तीन मतगणना कक्ष बनाए गये हैं। 40 टेबलों पर मतों की गिनती जारी है।
बता दें कि 27 फरवरी को संपन्न रामगढ़ उपचुनाव के लिए कुल 67.96 प्रतिशत (कुल 2,28,152 मतदाता) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस उपचुनाव में 18 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला यूपीए समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो और एनडीए समर्थित आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी के बीच है।
पश्चिमी सिहंभूम जिले में भ्रष्टाचार नियंत्रण ब्यूरो जमशेदपुर की टीम ने गुरुवार को चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय में घूस लेते रंगे हाथों नाजिर शेखर पंडित को धर दबोचा है।
बता दें कि भ्रष्टाचार नियंत्रण ब्यूरो की टीम में डीएसपी विजय माहतो, सीओ सुभाष कुमार महतो और उनकी पूरी टीम शामिल थी। बताया जा रहा है कि घूसखोर नाजिर मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय के पीछे स्थित किराए के मकान में रहता हैं। गुरुवार को रोज की तरह नाजिर प्रखंड कार्यालय पहुंचे, वीडियो ग्राफर विकास बोस उर्फ माना से 24 हजार 700 रुपये बिल पास कराने के एवज में आधा पैसा की मांग किया गया था। जिसमें 4 हजार रुपये पर तय हुआ। इससे परेशान होकर विकास बोस इसकी शिकायत जमशेदपुर सोनारी स्थित भ्रष्टाचार नियंत्रण ब्यूरो से किया था। गुरुवार को विकास बोस ने नाजिर को 4 हजार रुपये घूस दिया, तभी घूस लेते निगरानी की टीम ने नजीर शेखर पंडित को धर दबोच लिया। इस घटना के बाद से चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। बाद में भ्रष्टाचार नियंत्रण ब्यूरो ने नाजिर को गिरफ्तार कर अपने साथ जमशेदपुर ले गई। फिलहाल, एसीबी की टीम ने कुछ भी नहीं बताया है. अधिकारियों ने कहा कि इस बारे में जल्द ही जानकारी दी जाएगी।
भारत सरकार ने सभी करदाताओं के लिए पैन और आधार को लिंक करना अनिवार्य कर दिया है। आयकर विभाग की ओर से विलंब शुल्क के साथ पैन और आधार को लिंक करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।
विलंब शुल्क 1000 रुपये है। विभाग ने बताया है कि यदि पैन और आधार लिंक नहीं कराया, तो पैन निष्क्रिय हो जायेगा। आईटीआर फाइल करना संभव नहीं होगा। लंबित रिटर्न को प्रोसेस नहीं किया जायेगा। लंबित रिटर्न जारी भी नहीं होगा। वहीं, त्रुटिपूर्ण रिटर्न के मामले में लंबित कार्यवाही को पूरा नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा उच्च दर पर कटौती की जाएगी।
सोनारी में अंतरराष्ट्रीय वीरांगना फाउंडेशन की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व सुनीता सिंह ने किया और अध्यक्षता वीरांगना फाउंडेशन की राष्ट्रीय महासचिव भारती सिंह ने की।
इस अवसर पर उत्कृष्ट योगदान देने के लिए पांच वीरांगनाओं को तलवार और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली वीरांगनाओं में शोभा सिंह, नीलम सिंह, सीमा सिंह, अंजली सिंह एवम खुशबू सिंह शामिल है। मौके पर महिला दिवस की अध्यक्षता कर रही अंतरराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय वीरानियां फाउंडेशन की महामंत्री भारती सिंह ने कहा कि संगठन के प्रति शहर की तमाम वीरांगनाएं समर्पित रहती है और हर कार्यक्रम में समय निकालकर बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती है। इसी क्रम में उनके संगठन के प्रति योगदान को देखते हुए पांच वीरांगनाओं को राजपूतों की शान तलवार और हरियाली फैलाने के उद्देश्य से पौधा देखकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला दिवस को सफल बनाने में विभा सिंह, रूबी सिंह, रिद्धि सिंह, अंजली सिंह, प्रतिमा सिंह माला सिंह, अर्चना सिंह, मिनी सिंह, सुनीता सिंह, आशा सिंह, प्रीति सिंह, विनीता सिंह आदि वीरांगनाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।