
ताजा खबर











गोड्डा (महागामा): झारखंड के गोड्डा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ महागामा अनुमंडल मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने लूट का दुस्साहसिक प्रयास किया। हालांकि, सुरक्षा गार्ड की जांबाजी और शाखा प्रबंधक की सूझबूझ के आगे डकैतों के मंसूबे फेल हो गए।

घटना सोमवार दोपहर की है, जब केचुआ चौक स्थित बैंक की शाखा में चार अपराधी लूट की नीयत से पहुंचे थे। दो अपराधी हेलमेट पहनकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। बैंक में तैनात 50 वर्षीय सुरक्षा गार्ड विनोद कुमार सिंह ने जब उन्हें सुरक्षा नियमों के तहत हेलमेट हटाने को कहा, तो अपराधियों ने उन पर सीधी फायरिंग कर दी।
गोली गार्ड के कंधे को छूते हुए निकल गई। घायल होने के बावजूद विनोद कुमार सिंह ने हिम्मत नहीं हारी, जिसके बाद बदमाशों ने उनसे बंदूक छीनने की कोशिश की और दो राउंड फायरिंग की।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच शाखा प्रबंधक ने अपनी जान की परवाह किए बिना इमरजेंसी अलार्म बजा दिया और तुरंत लॉकर रूम को सुरक्षित लॉक कर दिया। अलार्म के शोर से घबराकर अपराधी बैंक के अंदर कैश काउंटर तक नहीं पहुंच सके और मौके से फरार हो गए। भागते समय भी अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की।
वीरेंद्र कुमार सिंह को तत्काल महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गार्ड अब खतरे से बाहर हैं। स्थानीय लोगों और बैंक कर्मियों ने विनोद कुमार सिंह को ‘असली हीरो’ बताया है, जिनकी मुस्तैदी के कारण बैंक में जमा करोड़ों रुपए सुरक्षित रहे।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो और थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
तीसरी धारा न्यूज का सवाल: क्या सीमावर्ती इलाकों में बैंक सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने की जरूरत नहीं है? अपराधियों के बढ़ते हौसले प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

जमशेदपुर (टेल्को): टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को से रामाधीन बागान ग्वाला बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक बड़ी दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई। छठ घाट के समीप झाड़ियों में लगी भीषण आग ने वहां खड़ी एक विशालकाय ‘वोल्टास’ क्रेन को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसे समय रहते काबू कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, छठ घाट के पास स्थित झाड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। चिलचिलाती धूप और सूखी घास की वजह से लपटें तेजी से फैलीं और पास ही खड़ी एक वोल्टास क्रेन को घेर लिया। आग क्रेन के टायरों तक पहुँच चुकी थी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे एक जागरूक नागरिक ने बिना देर किए स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत टाटा मोटर्स कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की फायर ब्रिगेड टीम सायरन बजाती हुई मौके पर पहुँची।
दमकल कर्मियों ने युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए आग बुझाना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की इस तत्परता की वजह से आग क्रेन के इंजन या अन्य संवेदनशील हिस्सों तक नहीं पहुँच सकी, वरना एक बड़ा धमाका या लाखों का नुकसान हो सकता था।
स्थानीय निवासियों ने टाटा मोटर्स की फायर टीम और उस जागरूक राहगीर की जमकर प्रशंसा की है, जिनकी सतर्कता से यह हादसा टल गया।
तीसरी धारा न्यूज की अपील: गर्मी के मौसम में सूखी झाड़ियों और कूड़े के ढेर में जलती हुई बीड़ी या माचिस न फेंकें, आपकी एक छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

दुबई/अबू धाबी: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग ने अब खाड़ी देशों के ‘लक्जरी’ जीवन को दहशत में बदल दिया है। दुबई और अबू धाबी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहरों में मिसाइलों के मलबे गिरने के बाद वहां रहने वाले दुनिया के सबसे अमीर लोग किसी भी कीमत पर क्षेत्र छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग सुरक्षा खरीदने के लिए अपनी तिजोरियां खोल रहे हैं।

युद्ध के चलते एयरस्पेस बंद होने और अनिश्चितता के बीच प्राइवेट जेट (निजी विमानों) की मांग में भारी उछाल आया है।
शनिवार को ईरान के जवाबी हमले के बाद दुबई का नजारा बदल गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आसमान में इंटरसेप्ट की गई मिसाइलों के धुएं के निशान देखे गए।
सुरक्षा फर्मों के अनुसार, केवल अमीर परिवार ही नहीं बल्कि बड़ी वैश्विक कंपनियां (Corporations) भी अपने अधिकारियों को वहां से निकालने के लिए संपर्क कर रही हैं। सुरक्षा विशेषज्ञ इयान मैककॉल ने बताया कि मांग इतनी अधिक है कि संसाधन कम पड़ रहे हैं।
युद्ध के चलते वैश्विक एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं सीमित कर दी हैं:
तीसरी धारा न्यूज का विशेष विश्लेषण: यह घटना दिखाती है कि युद्ध केवल सरहदों तक सीमित नहीं रहता। दुबई जैसे ग्लोबल हब में करोड़ों खर्च कर सुरक्षा खरीदना यह संकेत है कि मिडिल ईस्ट में अस्थिरता अब गहरे आर्थिक और सामाजिक संकट की ओर बढ़ रही है।

तेहरान/तेल अवीव: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण संघर्ष के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। शनिवार की सुबह, जब ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई तेहरान स्थित अपने सुरक्षित किलेनुमा दफ्तर में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे, तभी अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में उनकी मौत हो गई।

यह ऑपरेशन इतना सटीक था कि इसने ईरान के सुरक्षा घेरे की धज्जियां उड़ा दीं। आइए जानते हैं कैसे इजरायली खुफिया एजेंसी ने इस असंभव मिशन को अंजाम दिया।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली इंटेलिजेंस ने तेहरान के लगभग सभी ट्रैफिक कैमरों को सालों पहले ही हैक कर लिया था।
इस मिशन में AI एल्गोरिदम ने रीढ़ की हड्डी का काम किया। AI की मदद से सुरक्षाकर्मियों के पते, उनकी ड्यूटी के घंटे और उनके आने-जाने के रास्तों का डेटा तैयार किया गया। एक इजरायली अधिकारी ने गर्व से कहा, “हम तेहरान की गलियों को यरुशलम की तरह जानते थे।”
इजरायल ने इस हमले में अपनी अत्याधुनिक ‘स्पैरो’ (Sparrow) मिसाइल का इस्तेमाल किया। यह मिसाइल 1000 किलोमीटर दूर से किसी डाइनिंग टेबल जितने छोटे लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह मिसाइल ईरान के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम की पकड़ में भी नहीं आई।

विशेषज्ञों के लिए यह सबसे बड़ा सवाल है कि युद्ध के तनाव के बीच 86 वर्षीय खामेनेई सुरक्षित अंडरग्राउंड बंकर के बजाय अपने ऑफिस में क्यों थे। इजरायली अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने हमले के लिए शनिवार सुबह का समय इसलिए चुना क्योंकि उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी कि खामेनेई और उनके सभी सीनियर अधिकारी एक साथ कंपाउंड में मौजूद होंगे। अगर वे एक बार बंकर में चले जाते, तो उन्हें ढूंढना और मारना नामुमकिन हो जाता।
इस हमले से पहले इजरायल ने साइबर हमलों और ड्रोन के जरिए ईरान के एयर डिफेंस को पंगु बना दिया था। एक सैन्य अधिकारी के शब्दों में, “हमने हमला करने से पहले उनकी आंखें (रडार) छीन ली थीं।”

जमशेदपुर (कदमा): कदमा के उलियान, सूर्य पथ स्थित कार्यालय में भारतीय ओबीसी विचार मंच का प्रथम स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न ओबीसी जातियों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की और समुदाय के संवैधानिक अधिकारों एवं सुरक्षा को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

सभा की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी अध्यक्ष विजय यादव ने की, जबकि संचालन महामंत्री सुजीत शर्मा ने किया। सुजीत शर्मा ने मंच के पिछले एक वर्ष के सफल संचालन का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे संगठन ने समुदाय को जोड़ने का कार्य किया है। कार्यक्रम की शुरुआत जोशपूर्ण जयघोष के साथ की गई।
सभा में उपस्थित वक्ताओं ने ओबीसी समुदाय की निरंतर हो रही उपेक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक समुदाय संगठित नहीं होगा, तब तक संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति कठिन है।
”ओबीसी के सभी समुदायों को संगठित कर जल्द ही एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सरकार तक अपनी जायज मांगों को मजबूती से पहुंचाया जाएगा।”
कार्यक्रम को प्रखर वक्ता शम्भु सिंह गांधी, रविन्द्र सैनी, धर्मेन्द्र वर्मा, राकेश साहू, रंजीत बास्के, चन्द्र मोहन चौधरी, मिथलेश रजक, राजकुमार, और धिरेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि अधिकारों की लड़ाई के लिए आपसी मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आना समय की मांग है।
सभा के अंत में विनोद यादव ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम का समापन अल्पाहार के साथ हुआ। इस दौरान भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

आदित्यपुर: शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने के अपने संकल्प को दोहराते हुए, आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय में सोमवार को होली के उपलक्ष्य में भव्य ‘रंगोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में पूरा कैंपस रंगों से सराबोर नजर आया, जहाँ विद्यार्थी, प्राध्यापक और कर्मचारी सभी एक ही रंग में रंगे दिखे।

समारोह का विधिवत शुभारंभ कुलपति डॉ. एस. एन. सिंह ने हवा में गुलाल उड़ाकर किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा:
”होली हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सौहार्द का पर्व है। यह त्योहार हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और हमें भेदभाव भूलकर एक साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”
इस अवसर पर कुलाधिपति श्री सुखदेव महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और अटूट एकता का प्रतीक है। यह भारतीय संस्कृति की उस सुंदरता को दर्शाता है जो सामाजिक सद्भाव को मजबूत करती है।
‘रंगोत्सव’ के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने डीजे और संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया। विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर त्योहार की बधाई दी। उत्सव को और खास बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए विशेष भोज का भी प्रबंध किया गया था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुलसचिव डॉ. याहया मजूमदार, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश, और एचआर प्रमुख रविकांत की अहम भूमिका रही। इस दौरान सभी विभागों के सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विश्वविद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से इस उत्सव को यादगार बनाया।
तीसरी धारा न्यूज की ओर से श्रीनाथ विश्वविद्यालय के समस्त परिवार को होली की हार्दिक शुभकामनाएं!

रांची/सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सोमवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने सरायकेला की सांस्कृतिक धरोहर और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुलाकात के दौरान मनोज चौधरी ने मुख्यमंत्री को सरायकेला की विश्व प्रसिद्ध पहचान छऊ मुखौटा, मोर पंख और श्याम रंग का दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, सरायकेला के मशहूर लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया।
अध्यक्ष मनोज चौधरी ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें सरायकेला की अर्थव्यवस्था और जनभावनाओं से जुड़े दो मुख्य मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया गया:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला की इन मांगों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार सरायकेला के विकास और वहां की सांस्कृतिक धरोहर को अक्षुण्ण रखने के लिए हरसंभव मदद करेगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, गणेश महली, गणेश चौधरी सहित सरायकेला के कई वरिष्ठ कलाकार और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जमशेदपुर (बारीडीह): आज बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होलिका दहन का पर्व बारीडीह क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बारीडीह भाजपा मंडल के युवा मोर्चा उपाध्यक्ष श्री सतीश जी एवं डीएस फ्लैट बारीडीह के निवासियों के सहयोग से होलिका दहन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर ‘सेवा ही लक्ष्य’ (युवाशक्ति) के संस्थापक पीयूष ठाकुर सहित भारी संख्या में स्थानीय युवा, महिलाएं और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए पीयूष ठाकुर ने जमशेदपुर पुलिस प्रशासन और पुलिस कप्तान (SSP) से विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि होली के उल्लास के बीच अक्सर कुछ आवारा तत्व जानबूझकर या अनजाने में महिलाओं के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार जैसी गलत गतिविधियों को अंजाम देते हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे तत्वों पर पुलिस कड़ी नजर रखे और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करे।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पीयूष ठाकुर ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। उन्होंने कहा:
”अगर होली के दौरान किसी महिला के साथ कोई अनजान व्यक्ति बिना अनुमति के रंग खेलता है या दुर्व्यवहार करता है, तो वे तुरंत 9608088055 पर संपर्क कर सकती हैं या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें। ‘युवाशक्ति’ की टीम मदद के लिए तत्पर रहेगी।”
संस्थापक पीयूष ठाकुर ने जमशेदपुर वासियों से अपील की कि वे होली के दौरान किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने संदेश दिया कि त्योहार बिना किसी मानसिक तनाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए, तभी इसकी सार्थकता है।
तीसरी धारा न्यूज की अपील: सुरक्षित रहें, शालीनता से होली खेलें और हुड़दंगियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

नई दिल्ली/देशभर: आज 3 मार्च 2026 को पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ होलिका दहन का पर्व मनाया जा रहा है। हालांकि, इस वर्ष फाल्गुन पूर्णिमा पर ग्रहों का एक दुर्लभ और जटिल संयोग बन रहा है। आज सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में चंद्र ग्रहण लग रहा है, जिसके कारण होलिका दहन के समय को लेकर लोगों में काफी जिज्ञासा है।

ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, आज दोपहर से ही ग्रहण का प्रभाव शुरू हो जाएगा। द्रिक पंचांग के मुताबिक समय सारणी कुछ इस प्रकार है:
शास्त्रों के अनुसार, ग्रहण और सूतक काल के दौरान शुभ कार्य वर्जित होते हैं। इसलिए आज होलिका दहन शाम 6:47 बजे (सूतक समाप्ति के बाद) से लेकर रात 8:50 बजे के बीच करना सबसे श्रेष्ठ और शुभ रहेगा।
नीचे दी गई तालिका में आप अपने शहर के अनुसार सटीक समय देख सकते हैं:
| शहर | होलिका दहन का समय (आज शाम) |
|---|---|
| दिल्ली / नोएडा | शाम 6:48/6:50 से रात 8:50 तक |
| लखनऊ / वाराणसी | शाम 6:52/6:48 से रात 8:48/8:50 तक |
| जयपुर / जोधपुर | शाम 6:47 से रात 8:50 तक |
| पटना / रांची | शाम 6:54 से रात 8:15 तक |
| मुंबई / बेंगलुरु | शाम 6:48/6:47 से रात 8:50 तक |
| भोपाल / रायपुर | शाम 6:48/6:47 से रात 8:50/8:47 तक |
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक ‘होलिका दहन’ आज संपन्न होने के बाद, कल 4 मार्च 2026 को देशभर में रंगों का त्योहार धुलेंडी (होली) हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि ग्रहण के बाद पवित्र नदियों में स्नान और दान का विशेष महत्व है, जिससे ग्रहण के नकारात्मक प्रभाव दूर होते हैं।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और पंचांग गणनाओं पर आधारित है। तीसरी धारा न्यूज केवल सूचनात्मक उद्देश्य से इसे साझा कर रहा है। स्थानीय परंपराओं के अनुसार समय में आंशिक भिन्नता संभव है।

नई दिल्ली/जेद्दा: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद होने के कारण फंसे भारतीय यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर इंडिगो एयरलाइंस आज, 3 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा से भारत के विभिन्न शहरों के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित कर रहा है।

बीते 28 फरवरी को अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से मिडिल ईस्ट के कई हिस्सों में एयर स्पेस को बंद कर दिया गया था। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बाधित हुईं और बड़ी संख्या में भारतीय यात्री जेद्दा सहित अन्य खाड़ी शहरों में फंस गए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ये विशेष उड़ानें वर्तमान हवाई क्षेत्र की स्थितियों और आवश्यक सुरक्षा मंजूरियों के आधार पर संचालित की जाएंगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे यात्रियों के साथ पारदर्शी संवाद बनाए रखें।
”मंत्रालय ने एयरलाइंस को रिफंड (धनवापसी), टिकट रिशेड्यूलिंग और यात्री सहायता संबंधी सभी नियामक नियमों का पालन करने की सलाह दी है। विदेशी विमानन प्राधिकरणों और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क साधा जा रहा है ताकि सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।”
वर्तमान में भारत और खाड़ी देशों के बीच चलने वाली विदेशी एयरलाइंस भी सीमित सेवाएं दे रही हैं। विमान और क्रू मेंबर्स के पुनर्गठन के जरिए स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है।
तीसरी धारा न्यूज की अपील: खाड़ी देशों में फंसे यात्रियों के परिजन धैर्य रखें और आधिकारिक दूतावास या एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबरों के संपर्क में रहें।