तीसरी धारा न्यूज | 22 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
पीएम मॉल के पास से पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जमशेदपुर में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिष्टुपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 21 सितंबर की रात पीएम मॉल के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे स्कूटी सवार दो युवकों को पुलिस ने दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्कूटी के चोरी की होने की बात स्वीकार की।
छापेमारी में 8 शातिर चोर गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के अन्य 6 सदस्यों को धर दबोचा गया, जिससे गिरफ्तार अभियुक्तों की कुल संख्या 8 हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार उर्फ गोलू, गुनीराम मुर्मू, कारू मांझी, विक्रांत साहनी, विक्रम साहनी, अशोक पात्रो, पेलाराम सरदार और काशीनाथ सरदार शामिल हैं।
21 चोरी की बाइक व 3 एंड्रॉयड मोबाइल जब्त
पुलिस ने अपराधियों के ठिकाने से विभिन्न स्थानों से चुराए गए कुल 21 दोपहिया वाहन (स्प्लेंडर, जुपिटर, एक्टिवा आदि) बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के कब्जे से 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। यह गिरोह शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा पार्क और पार्किंग एरिया के आस-पास से खड़ी गाड़ियों की चोरी करता था।
नंबर प्लेट बदलकर पड़ोसी राज्य ओडिशा में बिक्री
अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह वाहनों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उनका रजिस्ट्रेशन नंबर व नंबर प्लेट बदल देता था। इसके बाद इन चोरी की गाड़ियों को ग्रामीण इलाकों तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में बेच दिया जाता था। पुलिस अब बरामद वाहनों के इंजन व चेसिस नंबर का सत्यापन कर रही है।
सराहनीय रही छापेमारी टीम की भूमिका
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित इस विशेष छापेमारी टीम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस उपाध्यक्ष (सी.सी.आर.) कर रहे थे। टीम में बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के साथ कई उप-निरीक्षक व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे, जिनकी तत्परता से वाहन चोरी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
तीसरी धारा न्यूज — सत्य की धार, अपराध पर सीधा प्रहार!





















