तीसरी धारा न्यूज | 22 सितम्बर 2026 | जमशेदपुर
जमशेदपुर में बढ़ रही श्रद्धालुओं की आस्था
जमशेदपुर स्थित हिंदूपीठ प्रांगण में विराजमान भगवान गणपति महाराज के प्रति शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में आस्था लगातार गहरी होती जा रही है। विशेषकर महिलाओं में गणपति बाप्पा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु हर बुधवार को सुबह और शाम होने वाली भव्य आरती में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं तथा भगवान गणेश को लड्डू और पुष्पमाला अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
‘एक लड्डू एक माला’ अभियान की शुरुआत
श्रद्धालुओं की इस अटूट श्रद्धा और उत्साह को ध्यान में रखते हुए हिंदूपीठ कार्यकारिणी ने एक बड़ा निर्णय लिया है। संगठन की ओर से ‘एक लड्डू एक माला समर्पण अभियान’ चलाने का संकल्प लिया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जमशेदपुर एवं आसपास के सभी गणपति भक्तों को बारी-बारी से भगवान श्री गणेश को लड्डू और माला समर्पित करने का पावन अवसर प्रदान करना है।
रानी श्रीवास्तव को सौंपी गई कमान
अभियान को सुचारू और व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए हिंदूपीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने रानी श्रीवास्तव को ‘एक लड्डू एक माला समर्पण अभियान’ का मुख्य संयोजक नियुक्त किया है। उनकी देखरेख में इस पूरे अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भक्तों को इससे जोड़ा जाएगा।
नमिता उपाध्याय और चंदा सिंह बनीं सह-संयोजिका
इसके साथ ही अभियान के सफल संचालन के लिए नमिता उपाध्याय और चंदा सिंह को सह-संयोजिका की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरी टीम मिलकर शहर के कोने-कोने तक गणेश भक्तों से संपर्क साधेगी और उन्हें इस धार्मिक व सामाजिक अभियान का हिस्सा बनाएगी। इस घोषणा के बाद से ही हिंदूपीठ से जुड़े सदस्यों और महिला श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है।
तीसरी धारा न्यूज — निष्पक्ष खबर, हर खबर पर नज़र!





















