तीसरी धारा न्यूज | 20 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों की हुई समीक्षा
एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच और संक्रमित लोगों तक उपचार व जरूरी सहयोग पहुंचाने के लिए जिले में जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला एड्स नियंत्रण एवं रोकथाम समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिले में 3,410 पीएलएचआईवी चिह्नित
बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों में बताया गया कि इस वर्ष अब तक जिले में कुल 7,220 लोगों की एचआईवी जांच पूरी की जा चुकी है। वहीं, जिले में वर्तमान में 3,410 पीएलएचआईवी (एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोग) चिह्नित हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को जांच और नि:शुल्क उपचार की सुविधाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का स्पष्ट निर्देश दिया।
चार मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित होगी कार्ययोजना
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एचआईवी नियंत्रण के लिए चार प्रमुख बिंदुओं— प्रिवेंशन (बचाव), डिटेक्शन (जांच), ट्रीटमेंट (उपचार) तथा केयर एंड सपोर्ट (देखभाल एवं सहयोग) पर एक साथ काम करना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा जरूरतमंदों को समय पर मुफ्त इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
अंतर-विभागीय समन्वय से बढ़ेगा जागरूकता का दायरा
जमीनी स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा, समाज कल्याण और नगर निकायों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि संक्रमित लोगों के प्रति समाज में संवेदनशीलता और सहयोगात्मक दृष्टिकोण होना चाहिए ताकि भ्रांतियों और भेदभाव को खत्म किया जा सके। बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान समेत कई विभागों व पीएलएचआईवी समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
तीसरी धारा न्यूज — सच का साहस, जनता की आवाज़





















