तीसरी धारा न्यूज | 19 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
जमशेदपुर में बड़ा हादसा, चार मजदूर चपेट में आए
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक भयावह हादसा हो गया। परिसर के भीतर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक जमीन धंस गई, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे चार मजदूर बुरी तरह दब गए। अचानक हुए इस हादसे से पूरे कंपनी परिसर में अफ़रा-तफ़री और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
एक मजदूर की जान गई, एक की हालत गंभीर
हादसे के बाद सहकर्मियों और राहत कर्मियों की मदद से सभी दबे मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान बागबेड़ा निवासी लगभग 40-45 वर्षीय मजदूर संजय शर्मा की मौत हो गई। वहीं एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के सीसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना में दो अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं, जिनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
ठेका कंपनी के तहत काम कर रहे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि मृतक संजय शर्मा समेत सभी पीड़ित मजदूर P.N. कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधीन ठेका मजदूर के रूप में परिसर में काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर अचानक जमीन धंसने से मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
10 दिनों में दूसरी घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय सूत्रों और मजदूरों का दावा है कि पिछले 10 दिनों के भीतर टाटा टिनप्लेट परिसर में हादसे में मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही को लेकर मजदूरों और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। घटना के बाद टीएमएच अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े किए।
तीसरी धारा न्यूज
निष्पक्ष खबर, सीधी नज़र – जन-जन तक हर सच!






















