धनबाद: धनबाद जिले में बदमाशों का खौफ कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। लूट की घटना में नाकाम रहने पर लूटेरों ने युवक को पीट डाला। मामला धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड में बुधवार शाम तीन बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम रोजगार सेवक संजय शाह से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से छोड़ी गई बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक बड़ादाहा पंचायत भवन से सांवलापुर बस्ती जाने वाली सड़क पर बाइक सवार तीन युवकों ने साइकिल सवार ग्राम रोजगार सेवक संजय शाह से मोबाइल लूटने की कोशिश की। जब उनका प्रयास विफल रहा, तो तीनों बदमाशों ने साइकिल सवार पर हमला कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि संजय शाह बलियापुर प्रखंड कार्यालय में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं। हर दिन की तरह बुधवार को भी वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद साइकिल से सांवलापुर बस्ती के रास्ते अपने घर रांगामाटी लौट रहे थे। उसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक पर तीन युवक सवार थे। बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने फोन पर बात करते हुए अचानक संजय शाह की जेब से मोबाइल झपटने की कोशिश की।











