सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन हुआ अलर्ट महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन एवं प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह आदित्यपुर पहुंचे, कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण तैयारी को लेकर बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी अनुसार उपायुक्त नितिन कुमार सिंह टीम के साथ आदित्यपुर, एन आई टी परिसर एवं कार्यक्रम स्थल का विशेष निरीक्षण एवं एस पी मुकेश कुमार लुणायत भी दौरे में साथ थे। इधर पुर्वी सिंहभूम के डीएम भी पदाधिकारीयों संग पंहुचें थे। इससे पहले उपायुक्त महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित आदित्यपुर एन आई टी, जमशेदपुर आगमन के मद्देनजर कार्यक्रम की तैयारी एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आयडा सभाकर में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक किया गया।
जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र के बाद अब मानगो नगर निगम क्षेत्र में भी आवारा पशुओं को चिह्नित कर पकड़ने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इसे लेकर शुक्रवार को सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में आवारा पशुओं की धरपकड़ के लिए टीम का गठन किया गया। टीम को निर्देश दिया गया कि शहरी इलाकों में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजा जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। बैठक के बाद क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग कराई गई। सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद ने बताया कि जिला पशुपालन पदाधिकारी के निर्देश पर उनके द्वारा भेजे गए डॉक्टर और कर्मियों की टीम आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजेगी।
इस कार्य में मानगो नगर निगम आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गांधी मैदान, शंकोसाई सहित अन्य क्षेत्रों में तीन आवारा पशुओं को चिह्नित किया गया है। इस दौरान नगर मिशन प्रबंधक, सफाई पर्यवेक्षक सहित निगम के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार कोहरे का कहर जारी है। राज्य के 20 जिलों में शनिवार को भी जनजीवन प्रभावित रहा। दृश्यता में कमी से रांची से आनेजाने वाले सात विमानों को रद्द कर दिया गया।
वहीं ट्रेन और बस सेवाओं के भी देर से आने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को सबसे घना कुहासा रांची में रहा। यहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी और मध्य भाग के जिलों में घने कुहासे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिले भी प्रभावित रहेगे। शनिवार को मेदिनीनगर में 150 मीटर, देवघर में 300 मीटर और जमशेदपुर में दृश्यता 700 मीटर रही।
रांची एयरपोर्ट पर विमानों के रद्द होने से शनिवार को भी बड़ी संख्या में यात्री परेशान रहे। कुहासे से विमानों के रद्द होने के संदेश मिलने पर बुकिंग रिशिड्यूल कराने के लिए यात्रियों में गहमागहमी रही।
इन जिलों में आज छा सकता है घना कुहासा
राज्य के जिन जिलों में रविवार को घने कुहासे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, लातेहार शामिल हैं। जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज समेत 13 जिले शामिल हैं। काफी घने कुहासे वाले जिलों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। सिमडेगा, सरायकेला, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम में कोहरा का असर राज्य के शेष जिलों की तुलना में कम रह सकती है।
कुहासे से तापमान में भी आई गिरावट
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कुहासे से तापमान में भी कमी आई है। रांची का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया। बीएयू मौसम केंद्र के अनुसार रांची के कांके का तापमान राज्य में सबसे कम 6.2 डिग्री दर्ज किया। वहीं लोहरदगा का 7.7 डिग्री रहा। जबकि लातेहार का 8.7, खूंटी का 9.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आ रही नम हवा और ठंडी सतह से वायु टकराने के बाद ठंडी हवा के कारण जलवाष्प की महीन बूंदे ही कुहासा का रूप धारण कर लेती है। इसमें कभी कभी धूलकण और प्रदूषण से आनेवाले तत्व भी इसमें शामिल रहते हैं। इससे दृश्यता में कमी आने लगती है। दिन के दौरान पड़नेवाली धूप की किरणें भी इससे बाधित होती हैं। इससे तापमान में गिरावट होती है और दिन के दौरान भी कनकनी बढ़ती है।
रद्द और विलंब से आनेवाले विमान
रद्द रहनेवाले विमानों में 6ई 7561-7562 कोलकाता-रांची कोलकाता, 6ई 7089-7014 कोलकाता रांची कोलकाता, 6ई 6287-576 दिल्ली रांची दिल्ली, 6ई 7674-7235 कोलकाता रांची कोलकाता, आईएक्स 1046-1047 दिल्ली रांची दिल्ली, आईएक्स 1239-1248 बेंगलुरु रांची बेंगलुरु और 6ई 6493-6184 अहमदाबाद रांची अहमदाबाद आवाजाही करनेवाले विमान शामिल हैं। सुबह का विमान घंटों विलंब से रांची आए। पुणे, हैदराबाद, चेन्नई समेत अन्य जगहों से आनेवाले छह विमान सेवाएं एक से चार घंटे तक लेट से रांची आए।
ट्रेन और बसें भी लेट पहुंचीं
घने कोहरे के कारण जम्मूतवी संबलपुर ट्रेन आठ घंटे विलंब, मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस 2.30 घंटे विलंब से आई। उत्तर बिहार से रांची आनेवाली बस सेवाएं भी लेट से आ रही हैं।
बिहार की आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने तीन लाख मासिक वेतन और अन्य सुविधाओं के साथ अपने राज्य में नौकरी का ऑफर दिया है. इसको लेकर जदयू ने मंत्री पर निशाना साधा है और उन पर झूठा वादा करने का आरोप लगाया है.
जेडीयू नेता सरयू रॉय ने कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी, मंत्री या सचिव को नियमों से हटकर किसी को पद पर नियुक्त करने का अधिकार नहीं है.
दुमका में सरयू रॉय ने कहा, “…ज्यादा से ज्यादा वे एक डॉक्टर को नियुक्त कर सकते हैं और उसे 30 हजार रुपये तक का वेतन दे सकते हैं. इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है. मुझे लगता है कि जिस महिला के साथ यह घटना घटी है, वह भी यह समझ गई है और अपने काम पर लौट गई है.”
उन्होंने कहा कि इस बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. किसी भी सरकारी अधिकारी, मंत्री या सचिव को नियमों से हटकर किसी को पद पर नियुक्त करने का अधिकार नहीं है. जो लोग ऐसी बातें कह रहे हैं, वे तथ्यों के आधार पर नहीं बोल रहे हैं.
इधर बिहार में भी जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि इरफान अंसारी ने अहले सुबह झूठ बोल दिया. उन्होंने कहा, “आप स्वास्थ्य मंत्री हैं लेकिन आपको अपने विभाग की भी जानकारी नहीं है. एनएचएम में बहाली की समिति में स्वास्थ्य मंत्री सदस्य नहीं होते, इरफान अंसारी को तो बहाली का अधिकार ही नहीं है.”
उन्होंने आगे कहा कि इरफान अंसारी ने तो यहां तक कह दिया कि तीन लाख रुपये प्रति महीने वेतन देंगे. झारखंड सरकार आयुष डॉक्टरों को मात्र 40 हजार मासिक वेतन देती है. आयुष चिकित्सकों को कॉन्ट्रैक्ट पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के रूप में 25 हजार दिए जाते हैं. उनको ऐसा बोलने का अधिकार किसने दिया?
जदयू नेता ने झारखंड के मंत्री के झूठ बोलने को पैगंबर की इच्छा का अपमान करार देते हुए माफी मांगने और पद से इस्तीफा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो वे झारखंड के स्वास्थ्य विभाग का रूल रेगुलेशन जारी करें.
बता दें कि झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, “बिहार में महिला डॉक्टर डॉ. नुसरत प्रवीण के साथ हुई अमानवीय और शर्मनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया. हिजाब खींचना सिर्फ एक महिला का नहीं, संविधान और इंसानियत का अपमान है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के मानवीय निर्णय से यह साफ संदेश गया है कि झारखंड में बेटियों और डॉक्टरों के सम्मान से कोई समझौता नहीं.” उन्होंने आगे लिखा, “डॉ. नुसरत प्रवीण को झारखंड में प्रतिमाह तीन लाख मासिक वेतन, सरकारी नौकरी, मनचाही पोस्टिंग, सरकारी फ्लैट, पूर्ण सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिला. यह नियुक्ति नहीं, सम्मान की जीत है. जहां अपमान था, वहां झारखंड ने इंसानियत की मिसाल पेश की.”
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित साई मंदिर के समीप शनिवार को ट्रैफिक जांच के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब एक दंपति पुलिस के कथित अमानवीय व्यवहार का शिकार हो गया. घटना में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर निवासी दंपति स्कूटी से सोनारी जा रहे थे. इसी दौरान साई मंदिर के पास ट्रैफिक जांच में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था. इस पर पुलिस कर्मियों और दंपति के बीच कहासुनी हो गई. दंपति का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और महिला को गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीर आक्रोशित हो उठे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया.
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों ने घायल महिला को न्याय दिलाने की मांग की है.
जमशेदपुर : केरला समाजम हिन्दी स्कूल में तीन दिवसीय युवा महोत्सव शनिवार को सम्पन्न हो गया। युवा महोत्सव के अंतिम दिन एकल नृत्य और समूह नृत्य का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इसमें सब जूनियर, जूनियर और सीनियर के बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर निर्णायक मंडली और शिक्षक – शिक्षिकाओं का दिल जीत लिया।
इस प्रतियोगिता में निर्णायिका के रूप में सुश्री सिमली मुखी तथा श्रीमान हरीश मुखी निर्णायक के रूप में हमारे बीच उपस्थित थे। निर्णायक मंडली ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आयोजित है- हिंदी एलोकेशन, इंग्लिश एलोकेशन ,भाषण, आशुभाषण, कविता अंताक्षरी, जेनरल क्विज, एकल गीत, समूह गीत, संगीत अंताक्षरी, एकल नृत्य, समूह नृत्य का आयोजन किया गया।
अंत में प्रधानाचार्य श्रीमान अनुरंजन सर ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की तथा उन्होंने कहा कि प्रतिभा की निखार उसके परीक्षण से होता है। इसकी जाँच प्रतियोगिता और मुकाबले से ही संभव है। इसी उद्देश्य से युवा महोत्सव का आयोजन किया जाता है तथा युवा महोत्सव बच्चों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। अंत में प्रधानाचार्य निर्णायक मंडली को स्मृति चिह्न प्रदान किये। इस मौके पर शिक्षक- शिक्षिका तथा बच्चे उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता में विजेता साहस हाउस 228 अंक के साथ तथा प्रगति हाउस 190 अंक के साथ उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. 20 दिसंबर को मुंबई के BCCI हेडक्वार्टर में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें उन 15 खिलाड़ियों के नामों पर मुहर लगी जो सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलते दिखेंगे.
T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से हो रहा है. ये ICC टूर्नामेंट 8 मार्च तक खेला जाएगा.
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए किन खिलाड़ियों को मौका?
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया में ज्यादातर उन्हीं खिलाड़ियों को मौका मिला है, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज में खेलते दिखे थे. T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की कप्तानी अगर सूर्यकुमार के हाथों में दी गई है तो पेस अटैक की कमान जसप्रीत बुमराह संभालते दिखेंगे. स्पिन का दारोमदार वरुण चक्रवर्ती-कुलदीप यादव के कंधों पर होगा. इन सबके अलावा हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल टीम इंडिया में ऑलराउंडर के तौर पर चुने गए हैं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज में प्रदर्शन रहा दमदार
साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज में T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुने गए ज्यादातर खिलाड़ियों का प्रदर्शन धमाकेदार रहा था. उसी का नतीजा है कि सेलेक्टर्स ने उन्हें वर्ल्ड कप की टीम में भी बनाए रखने का फैसला किया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज के 4 मैचों में 187 रन बनाकर तिलक वर्मा टीम के टॉप स्कोरर रहे थे. उनके बाद हार्दिक पंड्या रहे, जिन्होंने 3 पारियों में 186 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट और 2 अर्धशतक के साथ 142 रन बनाए थे. गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने कमाल का प्रदर्शन साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था. उन्होंने 4 मैचों में सबसे ज्यादा 10 विकेट चटकाए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे.
अच्छी बात ये है कि भारतीय टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले भी अपने होम ग्राउंड पर ही खेलने हैं. मतलब उन्हीं पिचों पर जहां साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका दमखम दिखा है. फर्क बस इतना है कि T20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए मुकाबला एक से नहीं 20 टीमों से है.
सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में 22 दिसंबर 2025 को स्वर्गीय श्रीमती सोना देवी जी की पावन स्मृति में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में तथा इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित होगा. कार्यक्रम विश्वविद्यालय के विवेकानंद ऑडिटोरियम में प्रातः 10 बजे से संध्या 4 बजे तक चलेगा.
ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, यह आयोजन न केवल मानवता की सेवा का प्रतीक है, बल्कि आने वाले वर्षों में इसे विश्वविद्यालय की वार्षिक परंपरा के रूप में मनाया जाएगा. यह पहल युवा वर्ग में रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी उद्देश्य रखती है.
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री प्रभाकर सिंह ने बताया कि यह शिविर माता सोना देवी जी की उस करुणा, दया और ममता को समर्पित है, जिन्होंने समाजसेवा और शिक्षण कार्यों के माध्यम से नई पीढ़ी को संवेदनशीलता और सेवा का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि सोना देवी विश्वविद्यालय की स्थापना भी इन्हीं मानवीय मूल्यों को केंद्र में रखकर की गई है.
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि स्वर्गीय एस. डी. सिंह (मार्शल) और माता सोना देवी जी की स्मृति में प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह जनसेवा की परंपरा समाज को बेहतर दिशा देने का प्रयास है. रक्तदान को “जीवनदान” की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए.
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा पिछले कई दिनों से घाटशिला के विभिन्न क्षेत्रों — कीताडीह, फुलडुंगरी, मऊभंडार, गुरुद्वारा रोड, स्टेशन रोड और घाटशिला बाजार में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. छात्र-छात्राएं घर-घर जाकर लोगों को रक्तदान के लाभों के बारे में जानकारी दे रहे हैं और उन्हें इस पुण्य कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
स्थान – विवेकानन्द सभागार, सोना देवी विश्वविद्यालय, एन.एच-33, कीताडीह, घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम समय – प्रातः 10 बजे से संध्या 4 बजे तक
शहर में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जहां पुलिस–प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है, वहीं शहर की जमीनी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जिला मुख्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर बीती रात चोरों ने आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
घटना साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के समीप की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार चोर देर रात गैस कटर की मदद से दुकानों के ताले काटकर चोरी कर फरार हो गए. शनिवार सुबह जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जिन दुकानों में चोरी की घटना हुई है, उनमें अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान और विष्णु की पान दुकान सहित अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं. दुकानदारों का कहना है कि दुकानों से नकदी के अलावा खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सामान चोरी हुआ है. फिलहाल सभी दुकानदार नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. जिला मुख्यालय के इतने करीब इस तरह की चोरी की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने इलाके में रात की गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.
जमशेदपुर : टाइगर क्लब द्वारा संस्था के संस्थापक स्व. निरंजन सिंह की याद में आठवीं बार रक्तदान शिविर का आयोजन जमशेदपुर सदर अस्पताल में किया गया।
इस मौके पर संस्था के सदस्यों द्वारा स्व. निरंजन सिंह को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस रक्तदान शिविर में कुल 113 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, साथ ही संस्था के सदस्यों द्वारा लोगों से अपील की गई कि रक्तदान करते रहें, रक्तदान करने से डरें नहीं, क्योंकि रक्तदान ही महादान है जिससे लोगों की जीवन को बचाया जा सकता है तथा रक्तदान करना खुद को भी स्वस्थ रखने के लिए भी बहुत जरूरी है।
इस मौके पर क्लब के सदस्यों के रूप में सौरभ गिरी, रोहित सिंह, विकास यादव, जय तिवारी, निरज दुबे इत्यादि उपस्थित थे।