दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान 807 के लिए शाम करीब 5:52 बजे आईजीआई हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया, क्योंकि एसी यूनिट में आग लगने की सूचना मिली थी। विमान में 175 यात्री सवार थे। हालांकि, फ्लाइट शाम करीब 6.38 बजे सुरक्षित उतर गई।
राँची : पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कब्जे वाली भूमि से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के दो आरोपियों की जमानत याचिका पर रांची PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई. पहली याचिका राजकुमार पाहन की ओर से दायर की गई थी, जिसमें कोर्ट द्वारा समन किए जाने के बाद अग्रिम जमानत मांगी गई है.
इस मामले में ईडी और राजकुमार पाहन की ओर से बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. वहीं दूसरी याचिका कोलकाता रजिस्ट्री कार्यालय के कर्मी तापस घोष ने दायर की थी, जिसमें उसने नियमित जमानत मांगी है. इस याचिका पर कोर्ट 21 मई को सुनवाई करेगा.
जमशेदपुर : आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के प्रवाह और इसके निर्माण कार्य पर नकेल कसने को लेकर सभी थानों की पुलिस सक्रिय है. इसी कड़ी में शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर सुन्दरनगर थाना पुलिस ने चिरुगोड़ा के जंगल में अवैध रूप से संचालित हो रहे तीन देशी शराब के भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए शराब बनाने वाले उपकरण जप्त किए हैं.
वहीं मौके पर पुलिस ने 200 केजी अवैध महुआ बरामद किया जिसे विनष्ट कर दिया. इस संबंध में जानकारी देते हुए सुंदर नगर थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी की गई है. उन्होंने बताया कि किसी भी हाल में क्षेत्र में अवैध शराब की भट्ठियों का संचालन होने नहीं दिया जाएगा. हालांकि छापेमारी में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. शराब माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
राँची : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो रांची के चुटिया में शुरू हो गया. शाह के रोड-शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुये हैं. चुटिया के इंदिरा गांधी चौक से सरस्वती शिशु मंदिर तक एक घंटे तक यह रोड शो चलेगा. शाह रांची के भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में यह रोड शो कर रहे हैं.
कार्यक्रम में रांची से प्रत्याशी संजय सेठ, हटिया विधानसभा विधायक नवीन जायसवाल शामिल हैं. इसके अतिरिक्त महानगर भाजपा के कई नेता, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह आदि शामिल हुए हैं. बाबूलाल व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी सहित अन्य बड़े नेता इस रोड शो में शामिल नहीं हैं.
रोड-शो के बाद शाम 7 बजे अमित शाह विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे. पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार, शाह के अति व्यस्तता के कारण 18 मई को बोकारो में होने वाली आम स्थगित कर दी गयी है.
जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय निर्वाचन के अभ्यर्थियों का व्यय सम्बंधी लेखा की दूसरी जांच व्यय प्रेक्षक श्री एस.पी.जी मुदलियार, व्यय प्रेक्षक श्री ईश गुप्ता एवं व्यय कोषांग के वरीय पदाधिकारी श्री दीपांकर चौधरी की उपस्थिति में वाणिज्य कर कार्यालय, जमशेदपुर के सभागार में किया गया । विदित हो कि निर्वाची पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल द्वारा सभी अभ्यर्थियों के व्यय सम्बंधी लेखा की जांच हेतु तीन तिथियां निर्धारित की गई हैं ।
तीसरा व्यय लेखा मिलान 22 मई को किया जाएगा । पूर्वाह्न 10:30 से 5:00 बजे अपराह्न तक व्यय लेखा का मिलान किया जा रहा । उक्त को लेकर अभ्यर्थी को स्वयं अथवा अपने प्राधिकृत चुनाव अभिकर्ता के माध्यम से लेखा जांच दल के समक्ष जांच कराने हेतु मूल व्यय पंजी के साथ उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है।
गुड़ाबांदा : जमशेदपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री किल्लु शिव कुमार नायडू द्वारा गुड़ाबांदा प्रखंड में कलस्टर एवं चेकनाका का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक रेरुआ मुड़ाठाकुरा कलस्टर पहुंचे जहां उन्होने पोलिंग पार्टी व पुलिस बल के आवासन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं मतदान केन्द्र संख्या 181, 182, 183 में मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराये गए मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय व चहारदीवारी आदि का निरीक्षण किया तथा कलस्टर से मतदान केन्द्रों की दूर आदि की समीक्षा कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगदी, ड्रग्स, उपहार की वस्तु, अवैध शराब और हथियार के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी
सामान्य प्रेक्षक ने गुड़ांबादा प्रखंड से सटे ओडिशा के बॉर्डर पर बनाये गए अंतर्राज्यीय चेकनाका तेतुलडांगा और मुचरीशोल का निरीक्षण कर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पहिया वाहनों की जांच गंभीरता से करें। आपत्तिजनक सामग्री मिलते ही उसे जब्त कर अविलंब कार्रवाई के लिए इसकी सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दें । शांतिपूर्वक एवं निष्पक्षता से चुनाव संपन्न कराया जा सके इसके मद्देनजर चेकनाका के माध्यम से नगदी, ड्रग्स, उपहार की वस्तु, अवैध शराब और हथियार के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखे जाने का भी निर्देश दिया गया।
घाटशिला : संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री सुबोध कुमार ने घाटशिला प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्र अंतर्गत मतदाता सूचना पर्ची वितरण कार्य का औचक निरीक्षण किया । जिला में 25 मई को लोकसभा चुनाव है। इस निमित बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक मतदाताओं तक चुनाव के कम से कम पांच दिन पूर्व मतदाता सूची का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने का प्रयास जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड ने मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें मतदाता सूचना पर्ची मिली है या नहीं इसकी जानकारी ली । साथ ही सभी को 25 मई को वोट देने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचना पर्ची वितरण कराने का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने बूथ की भी जानकारी उपलब्ध करानी है । कई बार मतदाताओं को जानकारी के अभाव में एक-बूथ से दूसरे बूथ भटकना पड़ता है, ऐसे में इस बार के लोकसभा चुनाव में इस समस्या के निराकरण की दिशा में चुनाव आयोग द्वारा पहल की गई है ताकि मतदाताओं को पूर्व से ही जानकारी रहे और मतदान प्रतिशत भी बढ़ाया जा सके।
जमशेदपुर : कल दिनांक 16.05.2024 को लोकसभा चुनाव 2024 में जमशेदपुर के निर्दलीय प्रत्याशी सौरव विष्णु ने अपने तूफानी चुनावी दौरे के क्रम में धतकीडीह बस्ती, मेडिकल बस्ती , संडे मार्केट, गोलमुरी मार्केट का दौरा किया। इस चुनाव में लड़ रहे सभी प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा शिक्षित और मातृभूमि के लिए कुछ करने के लिए चाहत लिए 20 वर्षों बाद विदेश से स्वदेश लौटे सौरव विष्णु जमशेदपुर वासियों के दिलों में अपने कार्यशैली और आकर्षित करने की कला से अपने लिए एक बड़ा समर्थक वर्ग बनाने में कामयाब होते दिख रहे हैं।
जमशेदपुर शहर में एक भी विश्व स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण अस्पताल ना होना इन्हें विचलित करता है ,और ये लोगों से वादा कर रहे हैं कि इस शहर में एम्स की स्थापना करवाना इनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। साथ ही टाटा स्टील द्वारा संचालित टीएमएच अस्पताल पर शहर वासियों की निर्भरता कम हो सके यह इनका प्रयास रहेगा। शहर के फुटपाथ दुकानदारों की तकलीफ देखकर विचलित होते हैं कि इस 46 डिग्री सेल्सियस तापमान में ये गरीब किस तरह एक गमछा के सहारे खुद को बचाए हुए हैं।
शहर के हर हिस्से में एक स्ट्रीट वेंडर जोन बनवाने का वायदा यह शहर वासियों से कर रहे हैं। शहर वासियों से मिल रहे इस अप्रत्याशित जन समर्थन से उनके हौसले बुलंद है और यही जन समर्थन उनके सपनों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है । इनका साथ अपने चुनाव चिन्ह बाल्टी को लेकर चुनाव प्रचार करना भी लोगों को खूब भा रहा है।
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि, निर्वाचनों के लिए सभी निर्वाचकों जिन्हें निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किये गये है, से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने मतदान स्थल पर अपना मत डालने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने हेतु अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (वोटर कार्ड) दिखाएंगे। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा-
(01) आधार कार्ड।
(02) मनरेगा जॉब कार्ड।
(03) बैंकों / डाकघरों द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक ।
(04) श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड।
(05) ड्राइविंग लाइसेन्स ।
(06) पैन कार्ड।
(07) एनपीआर के अन्तर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड।
(08) भारतीय पासपोर्ट।
(09) फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज।
(10) केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र।
(11) सांसदो/विधायकों/ विधान परिषद् सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र।
(12) यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार।
जमशेदपुर : लोकसभा चुनाव 2024 में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारत चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल ने मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश घोषित किया है। इसलिए पूर्वी सिंहभूम में 25 मई को मतदान के दिन कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश (Paid Leave) मिलेगा।
सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय, निजी उपक्रम, संस्थान, व्यवसाय से जुड़े किसी भी कर्मी की नहीं कटेगी सैलरी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) के आलोक में निदेशित किया गया है कि प्रत्येक व्यक्ति जो किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम, मॉल अथवा किसी अन्य स्थापना में नियोजित है एवं लोक सभा/विधान सभा में मतदान करने के हकदार है को मतदान के दिन अवकाश मंजूर किया जायेगा। अवकाश मंजूर किये जाने की स्थिति में किसी ऐसे व्यक्ति की मजदूरी से कोई कटौती या कमी नहीं की जायेगी।
पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी संस्थान / दुकान (शिफ्ट में कार्य कराने वाले संस्थान / मॉल/दुकान सहित) लोकसभा निर्वाचन-2024 के क्रम में दिनांक-25.05.2024 को (मतदान तिथि को) बन्द रहेंगे।
दैनिक मजदूरी पर कार्यरत कर्मी एवं आकस्मिक कर्मी भी अवकाश एवं मजदूरी के हकदार होंगे।
यह धारा किसी ऐसे निर्वाचक को लागू नहीं होगी जिसकी अनुपस्थिति से उस नियोजन के सम्बन्ध में जिसमें वह लगा हुआ है, कोई खतरा या सार्वजनिक हानि हो सकती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उप श्रमायुक्त, उप मुख्य कारखाना निरीक्षक, सहायक उप श्रमायुक्त, सहायक निदेशक, नियोजनालय, सभी श्रम अधीक्षक, को निदेश दिया गया है कि स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर उक्त आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे। साथ ही निर्देशित किया गया है कि उपर्युक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हों। आदेश का उल्लंघन, कानून के सुसंगत धाराओं के अधीन दण्डनीय होगा।