घाटशिला : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत चुकरीपाड़ा गांव निवासी डुइका मुर्मू की बड़ाजुड़ी स्थित विकास अग्रवाल के ईट भट्टा में काम करने के दौरान भट्टा में ही मंगलवार की सुबह अचानक तबियत खराब हो जाने के कारण चक्कर खा कर गिर गया. उसके बाद अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद परिजन पांच लाख मुआवजा की मांग करने लगे. परिजन का कहना था कि कार्यस्थल पर मजदूर की मौत हुई है. परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था.
ग्रामीणों की सूचना पर घाटशिला के जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू व धालभूमगढ़ के जिला परिषद सदस्य हेमन्त मुंडा अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचे. दोनों जिला परिषद सदस्य ने द्विपक्षीय वार्ता कराया. वार्ता के बाद परिवार के आश्रित को दो लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी. इस मौके पर मृतक की पत्नी छिता मुर्मू, पुत्र दिनेश मुर्मू,भाजपा नेता शिवरतन अग्रवाल समेत अनेक लोग उपस्थित थे.
जमशेदपुर : जमशेदपुर में गोलमुरी क्लब के पास स्थित पार्क में मंगलवार की शाम युवकों ने टहलने आयी महिला व युवतियों के साथ मारपीट की. जानकारी के मुताबिक युवकों ने पार्क में पहले हंगामा मचाया और क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ भी मारपीट की. इसके बाद महिला व बच्चों ने विरोध किया तो युवकों ने उनपर पत्थर चलाये. घटना शाम करीब 5.30 बजे की है. बस्तीवासियों की सूचना पर पुलिस को आता देख युवक भाग निकले.
पुलिस ने युवकों की दो बाइक (जेएच05एएम 5279 और जेएच05डीक्यू 8709) और एक मोबाइल जब्त किया है. पत्थरबाजी में सुखदीप सिंह, जसपाल सिंह के अलावा कुछ महिलाएं भी घायल हुई हैं. लोगों के अनुसार पार्क में बाहरी युवक अड्डाबाजी और नशा का सेवन करते हैं. पुलिस शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं करती. इससे युवकों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. यहां महिलाओं के साथ छेड़खानी आम बात है. पुलिस जब्त बाइक और मोबाइल के आधार पर युवकों का पता लगा रही है.
जमशेदपुर : पंजाब के मानसा जिले से पहली बार जमशेदपुर पहुंच रहे रागी अमनप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह अपने मधुर गुरबाणी-कीर्तन से शाम के दीवान में संगत को निहाल करेंगे। चार घंटे का विशेष कीर्तन दीवान साकची गुरुद्वारा साहिब में 23 फरवरी, शुक्रवार को आयोजित किया जायेगा।
विशेष कीर्तन दीवान के संपर्क सूत्र हरमीत सिंह राजा ने बताया की रागी अमनप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह का कीर्तन कार्यक्रम घाटशिला गुरुद्वारा में 24 और 25 फरवरी को सजेगा परन्तु संगत के प्रेमभरे अनुरोध पर उन्होंने साकची गुरुद्वारा में कीर्तन दरबार सजाने पर सहर्ष हामी भरी है। हरमीत सिंह राजा ने बताया कि 23 फरवरी को शाम पांच बजे से लेकर रात नौ बजे तक रागी जत्था अपने 15-सदस्यीय टीम के साथ संगत को गुरबाणी कीर्तन श्रवण करायेंगे। इस दौरान रहरास से सुखासन तक की सभी प्रकिया इनके द्वारा ही की पूरी की जायेगी।
साकची गुरुद्वारा के महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि यह शाम का विशेष कीर्तन समागम साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा। उन्होंने अपील करते हुए जमशेदपुर की गुरुप्यारी साध सगंत को आह्वान किया है कि वे कीर्तन दरबार में हाजरी भर गुरु घर की खुशियाँ प्राप्त करें। काले ने कहा दीवान संबंधी जानकारी के लिए 9570048288 पर संपर्क कर सकते हैं। कीर्तन दरबार के बाद गुरु का अटूट लंगर चलाया जायेगा।
जमशेदपुर : गोलमुरी में आजसू पार्टी का कार्यालय का विधिवत उद्घाटन आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो के हाथों सम्पन्न हुआ. उक्त अवसर पर सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने कहा की कार्यलय का खुलने से क्षेत्र की जनसमस्याओं का निराकरण होगा और संगठन विस्तार को साथ साथ मजबूती प्रदान होगा उम्मीद करते है कार्यालय खुला और आप सभी अपने कर्तव्य का निर्वाह करेंगे आप सभी को बधाई. उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, कमलेश दुबे, अप्पू तिवारी, प्रकाश विश्वकर्मा, अजय सिंह बब्बू, देवाशीष चौधरी , हैरी एंथोनी, धीरज गुप्ता, राजू, राकेश सबलोक, राजेश प्रसाद, राहुल प्रसाद, विवेक कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में लेबरब्यूरो गोलचक्कर के पास मंगलवार सुबह सुबह एक डंपर चालक ने स्कूटी सवार टेल्को निवासी को टक्कर मार दी. गनीमत रही कि स्कूटी सवार व्यक्ति बाल बाल बच गया परंतु स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गयी. स्कूटी सवार व्यक्ति का नाम संजय शर्मा है. वे टेल्कों निवासी है. वहीं स्थानीय लोगों के सहयोग से डंपर चालक को धर दबोचा और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी.
इंटरमीडिएट के बच्चों के साथ हो रहा खिलवाड़ 16 फरवरी को फिजिक्स का परीक्षा के आधा घंटा पहले ही टेलीग्राम ग्रुप में प्रश्न पत्र के साथ उत्तर डाल दिया जाता है और वैसे लोगों को दिया जाता है जिसने पैसे का भुगतान किया है और चैलेंज किया जाता है की बायोलॉजी का भी पेपर हम लोग लिक करेंगे। और कहा जाता है की हमें कोई नहीं रोक सकता और जो बायोलॉजी का इंटरमीडिएट का परीक्षा कल हुआ है उसको भी आधा घंटा पहले ग्रुप में डाल दिया गया। जिससे बायोलॉजी का भी पेपर लीक हो गया और उसमें 2500 से अधिक विद्यार्थी जुड़े हुए थे साथ ही कल जो गणित के पेपर लीकेज होने की भी आशंका जताते हुए जैक काउंसिल से मामले की जांच करने की मांग की है करनदीप सिंह ने एक गंभीर मामला बताते हुए सरकार पर मेहनतकश छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ का आरोप लगाया है। और मामले की जानकारी ट्वीट के माध्यम से झारखंड के मुख्यमंत्री को दी है की जो छात्र रात दिन मेहनत करते हैं वैसे छात्रों के साथ खिलवाड़ को बंद करें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। बायोलॉजी और फिजिक्स का पेपर कैंसिल करें और फिर से परीक्षा की तिथि तय की जाए।
जमशेदपुर, दुमका, गोड्डा और गुमला में पत्रकारों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर : आज AISMJWA के बैनर तले जिले के पत्रकारों ने उपायुक्त अनन्य मित्तल को 7 सूत्री मांग पत्र सौंपा.मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपे गए इस मांग पत्र में लातेहार के युवा पत्रकार और ऐसोसिएशन के पलामू प्रमंडल प्रभारी अजय सिन्हा की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत की सीआईडी जांच की मांग की गई. इसके अलावा दिवंगत पत्रकार अजय के आश्रितों को मुआवजा, पत्नी को एक नौकरी और दो बच्चों को निशुल्क शिक्षा की मांग भी मांग पत्र में की गई है. इस पर उपायुक्त द्वारा मांगपत्र को अग्रसारित करने की बात कही गई.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए ऐसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि लातेहार के पत्रकारों ने 11 फरवरी 2023 को फोन पर सूचना दी कि अजय सिन्हा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है. श्री भाटिया को बताया गया कि अजय सिन्हा की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई और न ही यह कोई दुर्घटना है.उन्होने कहा कि इस मामले की सीआईडी जांच जरूरी है तभी अजय के आश्रितों को न्याय मिलेगा.
ऐसोसिएशन के प्रदेश सलाहकार चरणजीत सिंह ने कहा कि राज्य में पत्रकारों को बीमा और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए बीते 15 सालों से राज्य के पत्रकार मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार का इस पर ध्यान ही नहीं है.
ऐसोसिएशन के शहरी जिला अध्यक्ष गौतम ओझा ने कहा कि देश में न तो पत्रकार सुरक्षा कानून लागू हो रहा है और न राज्य सरकार द्वारा बीमा या पेंशन ही दिया जा रहा है.उन्होने कहा कि आज अगर झारखंड में बीमा योजना लागू हुई होती तो अजय के आश्रितों को थोड़ा सहारा मिल गया होता.
ऐसोसिएशन के जिला महासचिव आशीष गुप्ता ने कहा कि अजय के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी के साथ ही मामले की सीआईडी जांच जरूरी है.
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से ऐसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र शर्मा,सतीश सिन्हा,अरूप मजूमदार,मंटू शर्मा,बिनोद सिंह,कुमार गौरव,अनेक खेमका,परमेश्वर कुमार,अमिताभ कुमार,रॉबिन भुल्लर, रविंदर सिंह रिंकू सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे.ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में अजय सिन्हा की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा.
इसी क्रम में आज ऐसोसिएशन द्वारा गुमला में भी ऐसोसिएशन के पदाधिकारी उस्मान खान के नेतृत्व में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. श्री सत्यार्थी ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि निश्चित रूप से ज्ञापन मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अग्रसारित कर दिया. मौके पर गुमला जिला अध्यक्ष आफताब अंजुम,जिला महासचिव हेमंत दुबे,अमरनाथ कश्यप,संतोष कुमार,रूपेश भगत आदि मौजूद थे.
इसी क्रम में ऐसोसिएशन के प्रदेश सलाहकार अभय पल्लिवार के नेतृत्व में गोड्डा में उपायुक्त की अनुपस्थिति में उपायुक्त के सचिव धीरज ठाकुर और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार को ज्ञापन सौंपा गया. मांग पत्र में एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष परमानंद मिश्रा और महासचिव दिवाकर शर्मा ने राज्य में पत्रकारों को बीमा और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं अब तक न मिलने पर चिंता जताई है.
गोड्डा में ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से एसोसिएशन के जिला सचिव अमरेंद्र सिंह,डॉ रंजन कुमार,इकरारुल हसन आलम,ग्रामीण जिला अध्यक्ष शंकर सुमन आदि मौजूद थे.मौके पर उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत पत्रकार के आश्रितों को आर्थिक सहयोग के लिए पहल करने की बात भी कही.
वहीं आज दुमका में भी ऐसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सियाराम शरण सिंह के नेतृत्व में ऐसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया.मौके पर ऐसोसिएशन के संताल परगना प्रमंडल प्रभारी दशरथ महतो,दुमका जिला महासचिव कुणाल शांतनु,विजय तिवारी, बिष्णु राय,अब्दुल अंसारी,सद्दाम हुसैन,हारून मियां सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे.
जमशेदपुर : मानगो के नया सुभाष कॉलोनी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर के 24 वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर प्रांगण में 72 घंटे का हरे रामा हरे कृष्णा नाम के अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। अनुष्ठान के पूर्व मंदिर कमेटी से जुड़ी हुई हजारों महिलाओं ने पैदल कलश लेकर जल लाने गाजे बाजे एवं बोल बम के नारों के साथ स्वर्णरेखा नदी के तट पर पहुंची। स्वर्ण रेखा नदी के तट पर पूरे विधि विधान से कलश में जल भर संकल्प कराते हुए महिलाओं ने जल लेकर श्री श्री शीतला माता मंदिर पहुंच कर मन्दिर में स्थापित शिवलिंग में जलार्पण किया।
कलश यात्रा में शामिल होकर भाजपा नेता विकास सिंह ने महिलाओं के साथ पैदल कलश में जल लाने स्वर्णरेखा नदी के तट पर गए। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भानु गुप्ता ने बताया 24 वर्ष पूर्व मंदिर का निर्माण करवाया गया था 24 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 72 घंटे का प्रभु के नाम का अष्टजाम आरंभ किया गया है। रुद्राभिषेक एवं माता की चौकी का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अष्टजाम समाप्ति के बाद भंडारे का आयोजन होगा जिसमें लगभग पांच हजार लोगों का आमंत्रित किया गया है।
भानु गुप्ता ने बताया एक वर्ष बाद मंदिर के सिल्वर जुबली मनाई जाएगी जिसके पूर्व मंदिर के ऊपरी भाग में अष्टधातु से बना हुआ गुंबद स्थापित किया जायेगा। कलश यात्रा में मुख्य रूप से विकास सिंह, भानु गुप्ता, अशोक सिंह ,संजय गुड्डू ,कल्लू सिंह ,आलोक सिंह, राम कुशवाहा सहित हजारों महिलाएं शामिल थी
राँची : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड में 12वें मंत्री पद पर झामुमो के दावे को स्वीकार कर लिया है. अब झामुमो चार साल से रिक्त पड़े 12वें मंत्री पद पर दलित विधायक बैजनाथ राम को मंत्री बनाएगा. सत्ता के गलियारे से मिली जानकारी के अनुसार जो पेंच था उसे सुलझा लिया गया है. इसलिए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सरकार जल्द ही अपने दूसरे मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए अंतिम क्षण में शपथ लेने से चूक गए दलित विधायक बैजनाथ राम को शपथ दिलाएंगे.
दरअसल राज्य में 2019 में गठित हेमंत सोरेन सरकार के समय से ही झामुमो और कांग्रेस के पेंच के कारण 12 वां मंत्रीपद रिक्त चल रहा था. मगर हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद गठित नयी चंपाई सोरेन सरकार ने 12 वें मंत्री के तौर पर राजभवन में बैजनाथ राम का नाम भेज चुकी थी. मगर ऐन वक्त पर कांग्रेस के दबाव और विवाद उत्पन्न होने के बाद बैजनाथ राम को राजभवन से आमंत्रण मिल जाने के बाद भी उन्हें बीच रास्ते से वापस कर दिया गया. इसके बाद विधायक बैजनाथ राम उखड़ गए. पार्टी छोड़ने तक की चेतावनी दे डाली. मगर चंपाई सोरेन और झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने व्यक्तिगत तौर पर बैजनाथ राम से बात की. उन्हें समझाया. सीएम ने बैजनाथ राम से दो-तीन दिनों का समय मांगा. इसके बाद मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन दिल्ली गए और गत दिवस वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की. जिसमें यह पेंच को सुलझा लिया गया. कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने अपनी सहमति प्रदान कर दी.
राँची : रिंग रोड पर एक बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी. यह घटना सोमवार देर रात जिले के नामकुम थाना क्षेत्र के टाटीसिलवे-रामपुर रिंग रोड के बड़ाम कवाली के पास घटी है. यहां बस और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.