जमशेदपुर : एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच 33 पर भिलाईपहाड़ी के पास ट्रेलर चालक से लूट मामले का पुलिस ने 24 घंटे में ही उद्भेदन कर दिया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में दाउद खान, मो आदिल, राज मंडल और मो इमरान शामिल है. सभी जुगसलाई के रहने वाले है. (जारी…)
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है. वहीं आरोपियों के पास से लूटे गए रुपये भी बरामद कर लिए गए है. घटना 24-25 सितंबर के देर रात एक बजे की है. ट्रेलर चालक बिहार से सारण जिला निवासी शंकर सिंह ट्रेलर को ओडिसा से लेकर चांडिल की ओर जा रहा था. रास्ते में भिलाई पहाड़ी के पास दो स्कूटी पर सवार चार युवकों ने पहले ओवरटेक कर रोका और फिर ट्रेलर के केबिन में चढ़कर मारपीट करते हुए दस हजार रुपये लूट लिए. (जारी…)
भागने के क्रम में चालक ने एक स्कूटी का नंबर देख लिया. शंकर ने घटना की जानकारी शंकर ने पुलिस को दी. इधर, पुलिस ने स्कूटी नंबर के आधार पर लुटेरों की पहचान की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सभी ने बताया कि सभी ने हाइवे में चालकों से लूट के लिए गैंग तैयार किया था. यह उनकी पहली घटना थी पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में लोगों के आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने और फर्जी सर्टिफिकेट बनाने की जानकारी पर साकची पुलिस ने मानगो के उलीडीह थाना अंतर्गत टैंक रोड स्थित एक घर में मंगलवार को छापेमारी की. पुलिस पहुंती को घर में ताला लगा था. इसके बाद पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और वापस लौट गयी.वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि इस घर में पांच से छह कंप्यूटर हैं और युवक यहां पर आकर काम करते हैं. (जारी…)
विदित हो कि साकची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो में फर्जी सर्टिफिकेट बनाए जा रहे है.इस मामले में पुलिस ने बर्मामाइंस और मानगो के दाईगुट्टू से कुछ युवकों को हिरासत में लिया. इनसे पूछताछ की. पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली, इसके बाद पुलिस ने मानगो के टैंक रोड में भी छापेमारी की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जमशेदपुर : यूसिल की नरवा पहाड़ कॉलोनी निवासी सुखराम मुखी ने अपनी बेटी रूमन मुखी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराया है. सुखराम मुखी ने तीन माह पूर्व बिष्टुपुर स्थित ट्रेंड्स शोरूम में काम करने के दौरान बेटी को अश्लील मैसेज भेज कर परेशान करने वाले अमर शाह पर उसे अगवा करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. (जारी…)
साकची थाना में सौंपी लिखित शिकायत में सुखराम मुखी ने बताया है कि मंगलवार को वह अपनी पत्नी अनिता मुखी, पुत्र लोचन देव मुखी एवं बेटी रूमन मुखी के साथ नरवा से बाजार करने के लिए साकची आये थे. साकची में सामानों की खरीदारी करने के बाद वे सभी खाना खाने के लिए साकची आहार होटल में गये थे. वहां खाना खाने के बाद बेटा एवं पत्नी होटल में ही थे, जब बेटी रूमन कोल्ड ड्रिंक्स लेने के लिए बाहर गई, लेकिन उसके बाद वह नहीं मिली. यहां तक कि उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. (जारी…)
सुखराम मुखी ने कहा कि तीन माह पूर्व उनकी बेटी एवं अमर साह बिष्टुपुर स्थित ट्रेंड्स शोरूम में साथ काम करते वक्त आपस में बात किया करते थे. लेकिन बाद में अमर ने उसे मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेज कर परेशान करना शुरू कर दिया और मना करने पर धमकी भी दिया करता था. इसके मद्देनजर सुखराम ने अमर द्वारा ही बेटी का अगवा किये जाने का यकीन जताते हुए साकची पुलिस से उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने एवं बेटी को मुक्त कराने का आग्रह किया है.
रांची : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की प्रथम बैठक में मंगलवार को आयोजित की गई. इस बैठक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान ने सारे सदस्यों का स्वागत किया. सदस्यों के परिचय के उपरांत बैठक की कार्रवाई प्रारंभ की गई. सबसे पहले गढ़वा जिले के मुमताज अंसारी की शिकायत पर निर्णय लिया गया कि अविलंब जिले के पुलिस अधीक्षक से अब तक की गई कार्रवाई रिपोर्ट मंगाई जाए. (जारी…)
ज्ञात हो कि गढ़वा में पुलिस पर एक अल्पसंख्यक मोहम्मद वसीम सज्जाद की हत्या का आरोप है, जिन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से आयोग इसे गंभीरता से लिया है. बैठक में निर्णय लिया गया कि 1984 दंगा पीड़ितों को मुआवजा दिलाने हेतु गृह विभाग से अधत्तन प्रतिवेदन की मांग की जाए. सिख समुदाय के पिछड़ी जाति को पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु अब तक क्या कार्रवाई हुई इसकी जानकारी लेने हेतु पिछड़ा वर्ग आयोग एवं कार्मिक विभाग से रिपोर्ट ली जाए. (जारी…)
राज्य के अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप का लाभ दिलाने के संबंध में अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम से पूरी जानकारी मांगी जाए. शिक्षण संस्थानों को अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान का प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु शिक्षा विभाग से जानकारी प्राप्त की जाए. ज्ञात हो कि अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान के रूप में ईसाई, मुस्लिम, सिख, बौद्ध एवं भारतीय संस्थान आते हैं. इस बैठक में उपाध्यक्ष शमशेर आलम एवं ज्योति सिंह मातृ, डॉक्टर मोसालुद्दीन तौसीफ, सुशील मरांडी, वारिस कुरैशी, शफा अंसारी, बरकत अली, इकरारुल हसन, सविता टुडू उपस्थित थे.
रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के दो उपायुक्त को जिला बंदोबस्त पदाधिकारी का प्रभार दिया है। जमशेदपुर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को अगले आदेश तक जमशेदपुर का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, पलामू के उपायुक्त शशिरंजन को भी पलामू का बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दूसरी ओर, खान निदेशक अरवा राजकमल को अगले आदेश तक झारखंड राज्य खनिज विकास निगम के एमडी का अतिरिक्त प्रभार दियाग या है। वहीं, भोर सिंह यादव को निदेशक उद्योग बना दिया गया है। ये सारे बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
चांडिल : सरायकेला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी राशन वितरण मामले में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। डीलरों की मनमानी को लेकर आये दिन ग्रामीण ब्लॉक और सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के हमसदा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने राशन डीलर की मनमानी के विरोध में अनुमंडल कार्यालय पहुंच कर कार्रवाई की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने स्थानीय राशन डीलर सुधीर हांसदा पर राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। (जारी…)
ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर सुधीर हांसदा द्वारा दो महीने के राशन वितरण को लेकर लाभुकों से फिंगरप्रिंट लिया गया है, लेकिन लोगों को एक महीने का ही राशन दिया जा रहा है। इसी मामले को लेकर ग्रामीण एसडीओ कार्यालय पहुंचे जहां एसडीओ की अनुपस्थिति में संबंधित पदाधिकारी ने मामले की पड़ताल की। इसके बाद ग्रामीण को आश्वस्त किया गया कि 30 सितंबर तक एक महीने का बकाया राशन सभी लाभुकों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद सभी ग्रामीण वापस लौट गए।
जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव में टीम मूनका की जबर्दस्त जीत हुई है। अध्यक्ष विजय आनंद मूनका और महासचिव मानव केडिया समेत सारे पदाधिकारी जीतने में सफल रहे हैं। सोंथालिया टीम का एक भी पदाधिकारी चुनाव नहीं जीत पाया है। खुद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुरेश सोंथालिया लगभग 500 वोटों के अंतर से हार गये हैं। (जारी…)
1698 वोटों में विजय आनंद मूनका को लगभग 1100 और सुरेश सोंथालिया को 600 वोट मिले हैं। सोंथालिया टीम की इस करारी हार ने सुरेश सोंथालिया की साख और प्रतिष्ठा को न केवल बट्टा लगाया है बल्कि चैंबर में उनकी किंगमेकर की छवि को भी नेस्तनाबूद कर दिया है। इस अप्रत्याशित रिजल्ट पर सुरेश टीम में निराशा और हताशा है। उनके टीम के लोगों का कहना है कि यह फर्जी वोट के जरिए जीत हुई है और इस रिजल्ट को कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। (जारी…)
88.8 प्रतिशत पड़े वोट:
26 सिंतबर को हुई वेन्यू वोटिंग में कुल 639 वोट पड़े। इसके पहले तीन दिन की रिमोट ई वोटिंग में 1059 वोटरों ने मतदान किया था। कुल 1912 वोटरों में से 1698 ने मतदान किय। इस तरह मतदान का प्रतिशत 88.8 रहा है। मंगलवार 26 सितंबर को सुबह 9 बजे से चैंबर की आम सभा हुई। इसके बाद 11 बजे से शाम 5 बजे तक वेन्यू ई वोटिंग हुई, जिसे लेकर चैंबर के सदस्यों में काफी उत्साह देखा गया।
झारखण्ड : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित नेतरहाट इको रिट्रीट (ECO RETREAT) – 2023 के आयोजन की तैयारियों से संबंधित बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष टूरिज्म विभाग के अधिकारियों ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से नेतरहाट इको रिट्रीट 2023 के आयोजन से संबंधित विभाग द्वारा की जा रही तैयारी की विस्तृत जानकारी रखी गई।
झारखंड को पसंदीदा पर्यटन राज्य के रूप में पहचान देना लक्ष्य
बैठक में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि नेतरहाट इको रिट्रीट-2023 के आयोजन का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं घरेलू पर्यटकों को आकर्षित करना है, ताकि झारखंड को पसंदीदा पर्यटन राज्य के रूप में पहचान मिल सके। बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नेतरहाट इको रिट्रीट आयोजन को सफल बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नेतरहाट इको-रिट्रीट फेस्टिवल पर्यटकों के लिए आकर्षक, सुंदर एवं निवेश की संभावनाओं वाला झारखंड के बारे में जानने का एक शानदार अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इको रिट्रीट फेस्टिवल का उद्देश्य पर्यटकों के साथ-साथ निजी क्षेत्रों को भी यहां निवेश के लिए आकर्षित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राज्य में पर्यटन क्षेत्र को पुनर्जीवित करने में भी मदद करेगा। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इस इको रिट्रीट फेस्टिवल कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास करें। (जारी…)
नेतरहाट पर्यटन स्थल आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बने हुए निजी घरों को सुसज्जित करने का भी कार्य करें। स्थानीय लोगों को जो उसे क्षेत्र में निवास करते हैं उनके मकानों को सुसज्जित करने में उनका पूरा सहयोग करें। रोड कनेक्टिविटी को दुरुस्त करें। विद्युत प्रकाश के लिए सौर ऊर्जा के माध्यम से भी लाइट्स लगाए जाएं। बैठक में मुख्यमंत्री ने वन विभाग के वरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेतरहाट पर्यटन क्षेत्र में वर्तमान वर्षों के संरक्षण के साथ-साथ चिन्हित रिक्त भूमि पर मिशन मोड में वृक्षारोपण का कार्य भी सुनिश्चित की जाए ताकि नेतरहाट पर्यटन क्षेत्र आने वाले दिनों में भी हरा भरा रहे।
नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल्स में सुविधाओं का पूरा रखें ख्याल
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि नेतरहाट इको रिट्रीट फेस्टिवल्स में सम्मिलित होने वाले सभी मेहमान पर्यटकों का पूरा ख्याल रखें। इको रिट्रीट फेस्टिवल से संबंधित सभी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। पर्यटकों के ठहरने से लेकर खाने-पीने और मनोरंजन के साथ-साथ कौन-कौन से क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा इसकी पूरी तैयारी रखें। पर्यटकों को झारखंड की कला- संस्कृति, रहन-सहन से रूबरू कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतरहाट में चिल्ड्रन एक्टिविटी की सारी सुविधाएं सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने विभाग के पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नेतरहाट में स्थायी रूप से चिल्ड्रन पार्क की स्थापना करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इको रिट्रीट फेस्टिवल्स के दौरान हेल्थ इमरजेंसी को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर के साथ-साथ पूरी मेडिकल टीम की व्यवस्था भी दुरुस्त रखें।(जारी…)
बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के समक्ष टूरिज्म निदेशक श्रीमती अंजलि यादव ने इको रिट्रीट नेतरहाट-2023 के आयोजन के तैयारी की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रखी। अधिकारियों ने तैयारी से संबंधित प्रत्येक बिंदु से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल, पर्यटन विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, निदेशक पर्यटन श्रीमती अंजलि यादव, निदेशक आईपीआरडी श्री राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य उपस्थित थे।
जमशेदपुर : जमशेदपुर में दो दिन पूर्व हुए एमजीएम में महिला की मौत मामले में पति ललन शर्मा एसएसपी आफिस पहुंचे है। वहीं उन्होंने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए पत्नी मानती देवी के इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं उन्होंने एसएसपी से यह भी फरियाद लगायी है कि एमजीएम के अधीक्षक को निर्देश दिया जाये कि मानती देवी का तीन डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी में करायी जाये। (जारी…)
इससे उनकी मत्यु का पता चल पायेगा और इस मामले में जो डॉक्टर और नर्स दोषी हो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। ललन शर्मा ने बताया कि मानती देवी को डिलीवरी के लिए 19 सितंबर को एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें गायनिक विभाग की एचओडी अंजलि श्रीवास्तव के देख रेख में रखा गया था। वहीं उन्होंने पुत्री को जन्म दी। डिलीवरी आपरेशन से हुई थी, जिससे 8 दिन बाद छुट्टी मिलने वाली थी। (जारी…)
तभी 24 सितंबर की सुबह 10 से 11 बजे के बीच नर्स ने मानती देवी को इंजेक्शन दी, जिसके बाद मानती की तबियत और बिगड़ने लगी और उनकी मृत्यु हो गयी। इसमें साफ साफ डॉक्टरों की लापरवाही है। शव के कागजात भी उन्हें नहीं मिले है। वहीं मानती के पति ललन दिव्यांग है।
जमशेदपुर : ईद मिलाद उन नबी के मौके पर 28 सितंबर को शहर में निकलने वाले जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन एवं विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर जिला सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कौशल किशोर एवं उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार ने पेश-ए-इमाम, मस्जिद के अध्यक्ष/सचिव के साथ कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। एसडीएम धालभूम श्री पीयूष सिन्हा, एएसपी सिटी श्री सुमित अग्रवाल, डीसीएलआर श्री रविन्द्र गागराई, एसडीएम घाटशिला श्री सत्यवीर रजक, डीटीओ श्री धनंजय समेत नगर निकायों के पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी बैठक में मौजूद रहे। (जारी…)
पेश- ए- इमाम व मस्जिद के अध्यक्ष/सचिव ने डीजे तथा जुलूस में ट्रेलर या अन्य भारी वाहन को नहीं शामिल किए जाने को लेकर अपनी ओर से आश्वस्त किया जिसका प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। नागरिक सुविधाओं से संबंधी कुछ समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराया जिसमें जलजमाव, साफ-सफाई, सड़क मरम्मतीकरण आदि थे जिसपर यथोचित कार्रवाई को लेकर आश्वस्त किया गया।
चौक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, शहर को 7 जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी की हुई प्रतिनियुक्ति
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कौशल किशोर ने कहा कि जुलूस के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। जुलूस प्रारंभ होने से ससमय गंतव्य स्थान तक पहुंचने में शांति समिति के सदस्य, जुलूस की नुमाइंदगी करने वाले प्रबुद्धजन तथा वॉलंटियर की भूमिका काफी महत्व होती है, उम्मीद है जिला प्रशासन को परस्पर सहयोग प्राप्त होगा। विधि व्यवस्था संबंधी किसी भी तरह की सूचना मिले तो तत्काल संबंधित थाना प्रभारी, मजिस्ट्रेट एवं वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें। किसी भी भ्रामक खबर का हिस्सा नहीं बनें। विशेषकर युवा वर्ग की काउंसिलिंग पर बल देते हुए कहा कि तेज गति से वाहन नहीं चलायें, हॉर्न या साइलेंसर में किसी प्रकार का बदलाव कर सड़क पर स्टंट नहीं करें जिससे जानमाल का कोई नुकसान हो तथा शांतिपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनायें।
त्यौहार सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो इसमें सभी जिलेवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है- उप विकास आयुक्त
उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि जुलूस के बेहतर संचालन तथा साफ-सफाई व अन्य को लेकर जो भी सुझाव या समस्या जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया गया है उन सभी पर यथोचित कार्रवाई ससमय सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्यौहार सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो इसमें समस्त जिलेवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, आपस में एक दूसरे के साथ बेहतर समन्वय बनाकर रखें तथा प्रशासन का भी अपेक्षित सहयोग करें। प्रशासन की ओर से जुलूस मार्ग में एंबुलेंस के साथ चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। सोशल मीडिया पर किसी अपुष्ट सूचना को दूसरे से शेयर नहीं करें जिससे अफवाह जैसी स्थिति उत्पन्न हो। सोशल मीडिया की विशेष रूप से निगरानी की जाएगी तथा किसी भी प्रकार से अफवाह या भ्रामक खबरों को प्रचारित-प्रसारित करने पर दोषियों को चिन्हित कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
बाइकर्स गैंग तथा असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रहेगी – एसडीएम, धालभूम
एसडीएम धालभूम श्री पीयूष सिन्हा ने कहा कि निर्धारित रूट में ही जुलूस निकालें इसमें किसी भी प्रकार से डायवर्जन की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित रूट गांधी मैदान मानगो, आम बगान साकची, साकची गोलचक्कर स्ट्रेट माइल रोड टाउन ऑफिस, बिष्टुपुर गोलचक्कर, सेंटर प्वाइंट, कदमा थाना होते हुए धातकीडीह सेंट्रल मैदान में समाप्त होगी। शहर में लगे सीसीटीवी, वीडियोग्रफी व ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की जाएगी। बाइकर्स गैंग तथा असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रहेगी ताकि विधि व्यवस्था संधारण में कोई बाधा नहीं उत्पन्न हो सके। बैरिकेडिंग, ड्रॉपगेट या विधि व्यवस्था के संधारण संबंधी जो भी आवश्यक कदम होंगे उसे जिला प्रशासन द्वारा उठाया जाएगा।