कर्नाटक : बयप्पनहल्ली रेलवे स्टेशन के पास प्लास्टिक के ड्रम में एक महिला का शव बरामद होने के बाद से कर्नाटक पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें हत्या के पीछे सीरियल किलर गिरोह का हाथ होने का शक है।
पुलिस ने 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव 13 मार्च को बरामद किया था। दिसंबर 2022 के बाद यह तीसरी घटना है। यशवंतपुर रेलवे स्टेशन से ड्रम में बंद 20 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। ड्रम को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर फेंका गया था। सीसीटीवी कैमरे में बयाप्पनहल्ली रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के पास ड्रम डंप करने वाले तीन लोगों को देखा गया है। पुलिस को शक है कि यह साइको किलर गैंग है। विशेष टीमें गठित कर पूर्व के मामलों की फिर से जांच की जा रही है। मृतक महिलाओं की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने यशवंतपुर रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच तेज कर दी है। महिलाओं की हत्या कर शवों को ड्रम या बोरे में बंद करने की लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि उन्हें गिरोह का पता लगाने का भरोसा है।
बोकारो : सहारा में जमा राशि का भुगतान कराने की मांग को लेकर सहारा इंडिया के अभिकर्ता एवं जमाकर्ताओं ने आज बोकारो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय भूख हड़ताल कर उपायुक्त और एसपी को ज्ञापन सौंपा।
सहारा इंडिया के अभिकर्ता एवं जमा कर्ता आज सुबह से ही बोकारो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठे हैं और अपनी जमा राशि का जल्द से जल्द भुगतान कराये जाने की मांग कर रहे हैं। जमाकर्ताओं का कहना है कि राशि के मैच उलटी होने के बाद भी सहारा इंडिया के द्वारा उनके पैसों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनकी जमा राशि का भुगतान नहीं हो पाने से उनकी स्थिति दयनीय हो चली है। अपना पैसा होने के बाद भी दूसरों से कर्ज लेकर काम करना पड़ रहा है। भूख हड़ताल के माध्यम से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से प्राप्ति भुगतान की मांग की जा रही है।
जमशेदपुर : धर्म प्रचार अकाली दल के तत्वावधान में टेल्को गुरुद्वारा साहिब में सिख समुदाय ने मंगलवार को नानकशाही संवत 555 वां नया साल मनाया। यहां टाटा मोटर्स के प्लांट हेड रविंद्र कुलकर्णी सहित कई लोगों ने गुरु दरबार में हाजिरी भरी और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेक सुख, समृद्धि, शांति एवम सद्भावना की कामना की। यहां श्रद्धा के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने लंगर भी ग्रहण किया।
सौंदर्यकृत एसी दरबार संगत को समर्पित
इस मौके पर सौंदर्यकृत एसी दरबार साहिब संगत को समर्पित किया गया तथा गुरु दरबार में हाजिरी देने पहुंचे प्लांट हेड रविंद्र कुलकर्णी, एचआर हेड मोहन जी, एडमिनिस्ट्रेशन हेड विवेकानंद सिंह को संगत एवं गुरुद्वारा कमेटी की ओर से शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा कमेटी प्रधान एवं टाटा मोटर्स यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने इस अवसर पर संस्थापक जमशेदजी नुसरवानजी टाटा को श्रद्धा सुमन भेंट करते हुए कहा कि उन्होंने सभी धर्म, पंथ, समाज को जमीन भवन आवंटित कर संस्कृति परंपरा, पहचान को पल्लवित पुष्पित होने के अवसर दिए और उसी की सुखद अनुभूति गुरुद्वारा साहिब का यह दरबार एवं गुरु गोविंद सिंह उच्च विद्यालय दे रहे हैं। उनके अनुसार गुरु महाराज की कृपा एवं संगत के सहयोग से सारा काम पूरा हुआ है।
देहु दरसु सुखदातिया मैं गल विचि लैहू मिलाई जीओ।।
गुरु दरबार में कीर्तन दरबार की शुरुआत बीबा तवलीन कौर के शब्द गायन से हुई, तरनतारन की बीबी रविंदर कौर एवं अमृतसर के भाई मनदीप सिंह के जत्थे ने कीर्तन गायन किया। पंथ प्रचारक भाई जसविंदर सिंह जी सहूर ने नए साल के आगमन तथा चैत्र महीने की कथा की वही कविसर सुरजीत सिंह के जत्थे ने छठे गुरु हरगोविंदजी के विवाह प्रसंग को कविताओं के माध्यम से रखा। इस मौके पर टेल्को टाउन विभाग के एडमिन हेड रजत सिंह, टाटा मोटर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह, ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री हरदीप सिंह सैनी, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह चेयरमैन शैलेंद्र सिंह सिख प्रतिनिधि बोर्ड के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह बिल्ला, अकाली दल अध्यक्ष सुखदेव सिंह, महासचिव रविंद्र सिंह, रामकिशन सिंह, हरजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, रविंदर पाल सिंह, गुरदयाल सिंह, जोगा सिंह सैनी, जत्थेदार कुलदीप सिंह बुग्गे, सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा की चेयरपर्सन बीबी कमलजीत कौर सहित टाटा मोटर्स यूनियन के कई कमेटी मेंबर, गुरुद्वारा कमेटियों के प्रधान, संगत ने हाजिरी भरी।
ईश्वर की बनाई हर रचना में ,सबसे खूबसूरत प्यारी हूँ मैं, चाहें कितने पतझड़ आयें, खिलते फूलों की क्यारी हूँ मैं, हाँ , एक नारी हूँ मैं। इन चूड़ियों को मेरे हाथों की जंजीर समझ न कर गलती, इन जंजीरों को भी पिघला सकती हूँ , वो चिंगारी हूँ मैं, हाँ एक नारी हूँ मैं। कोमल हूँ मैं ,कमजोर नहीं, देखों किसी पर बोझ नहीं, मेरा अपना भी वजूद है, तुम न समझना बेचारी हूँ मैं, हाँ एक नारी हूँ मैं। करुणा, ममता,सहनशील और त्याग ही पहचान है मेरी, एक जीव को जन्म देने वाली, मौत से भी ना हारी हूँ मैं हाँ एक नारी हूँ मैं। अंत में.. जीवन मरण के समय चक्र में हर सवाल का जवाब लिए, दुर्गा, शक्ति का अवतार हूँ, शक्ति स्वरूपा हितकारी हूँ मैं, हाँ एक नारी हूँ मैं।
समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया । इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्था ‘सीड्स’ के प्रतिनिधि रिंपल झा, डीसीपीओ डॉ चंचल कुमारी तथा अन्य मौजूद रहे। COTPA-2003 अधिनियम का कैसे जिले में प्रभावी रूप से क्रियावन्वयन किया जाये जिससे तंबाकू उत्पादों का प्रयोग नहीं करने को लेकर लोगों में जागरूकता आए इसपर विशेष रूप से चर्चा की गई । साथ ही त्रिस्तरीय उड़नदस्ता दल एवं तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति के सदस्यों को COTPA-2003 अधिनियम के विभिन्न धाराओं में की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के संबंध में उन्मुखीकरण किया गया ।
तम्बाकू नियंत्रण हेतु राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्था सोशियो इकोनॉमिक एण्ड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाईटी (सीड्स) के प्रतिनिधि ने राज्य सरकार एवं सीड्स के द्वारा संयुक्त रूप से राज्य के सभी 24 जिलो में चलाए जा रहे तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत COTPA-2003 की विभिन्न धाराओं के बारे में विस्तार से बताया। प्रतिभागियों को तंबाकू संबंधित उत्पादों पर रोक लगाने हेतु उठाए जाने वाले कदमों आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
एसडीएम धालभूम ने कहा कि तम्बाकू के सेवन से न सिर्फ सेहत पर इसका दुष्प्रभाव पड़ता है बल्कि आर्थिक नुकसान भी होता है । इस अभियान को सफल बनाने में हमें मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता हैं जिससे कि हम युवा व नशापान के आदि लोगों को इससे छुटकारा दिला सकें। उन्होने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों से भी अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर कारर्वाई के साथ साथ समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को भी तंबाकू का सेवन करने वालों को इसे छोड़ने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने की आवश्यकता है । त्रिस्तरीय उड़नदस्ता दल को प्रभावी कार्रवाई का निर्देश देते हुए कहा कि तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाए जाने के काफी अच्छे परिणाम सामने आ सकते हैं। सभी स्तर पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा है ।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज राजधानी रांची में बन रहे कांटा टोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने विशेषकर कांटाटोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के जंक्शन पर ट्रैफिक सिस्टम व्यवस्थित रखने की दिशा में उठाए जा रहे तकनीकी पहलुओं की जानकारी जुडको और पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं से ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों फ्लाईओवर के जंक्शन पर स्मूथ ट्रैफिक के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
यूटिलिटी शिफ्टिंग को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने दोनो फ्लाईओवर के निर्माण के क्रम में यूटिलिटी शिफ्टिंग को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अभियंताओं से कहा कि अगर फ्लाईओवर को लेकर किसी तरह की तकनीकी अड़चन आ रही है तो उसका अविलंब समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि दोनों ही फ्लाईओवर का निर्माण तय समय तक हर हाल में हो जाना चाहिए। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि कांटा टोली और सिरम टोली फ्लाई ओवर निर्माण में आधुनिकतम तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है । इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना डाडेल और पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार मौजूद थे।
जमशेदपुर : साकची स्थित टैगोर सोसोईटी हाई स्कूल में मंगलवार को परीक्षा में 83 बच्चे फेल हो गए। बच्चों के परिजनों को परीक्षा परिणाम देने के साथ ही स्कूल से निकालते हुए टीसी दे दिया गया। परिजनों ने प्रबंधन से काफी गुहार लगाई कि उनके बच्चे को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाए पर प्रबंधन ने उनकी एक ना सुनी और उन्हे स्कूल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इधर, स्कूल के बाहर परिजनों के आंसू छलक पड़े और उन्होंने स्कूल के बाहर ही हंगामा शुरु कर दिया। हंगामा होता देख स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे परिजनों को शांत कराया।
8वीं कक्षा के 83 विद्यार्थी शामिल
परिजनों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पूरी बकाया रहने पर रिपोर्ट कार्ड नहीं दिया जा रहा था। उन्होंने पूरी फीस जमा की तब जाकर रिपोर्ट कार्ड दिया गया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन ने फेल हुए बच्चों को प्रमोट करने की भी गुहार लगाई पर प्रबंधन ने प्रमोट करने से मना कर दिया। इस दौरान 8वीं कक्षा के कुल 227 बच्चों में से 83 बच्चों को टीसी दी गई है।
परिजनों को पूर्व में दी गई थी सूचना
स्कूल की प्रिंसिपल मधुचंदा मजूमदार ने बताया कि जिन बच्चों को टीसी दिया गया है वे काफी कमजोर है। इसके पूर्व भी इन्हें चेतावनी दी गई थी कि सभी मन लगाकर पढ़ाई करे। इसके परिजनों को भी बुलाकर यह बताया गया था कि बच्चों पर ध्यान दे, अगर बच्चे फेल करेंगे तो उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाएगा। अब परीक्षा में फेल होने के बाद परिजन प्रमोट करने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा कि राइट टू एजूकेशन के तहत 14 साल से कम उम्र के बच्चों को फेल नहीं करना है पर जितने भी बच्चे फेल हुए है सभी की उम्र 14 साल से ज्यादा है। प्रबंधन ने साफ तौर पर कह दिया है कि इस मामले में कमिटी के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में ही निर्णय लिया जाएगा की आगे क्या करना है।
देश के वरिष्ठ पत्रकार और विचारक वेद प्रताप वैदिक का आज निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वेद प्रताप अपने घर के बाथरूम में फिसल गये, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा सुबह 9 बजे के करीब हुआ है, जिसके तुरंत बाद उन्हें गुडगांव के प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
हाफिज सईद का लिया था इंटरव्यू
वैदिक ने 2014 में पाकिस्तान के खूंखार आतंकी और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का इंटरव्यू लिया था, जिसके बाद वे विवादों में घिर गए थे। उन्होंने कश्मीर को लेकर भी विवादित बयान दिया था। वैदिक ने एक पाक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि अगर पाक और भारत चाहें तो कश्मीर आजाद हो सकता है।
संसद पर भी की थी विवादत टिप्पणी
वेद प्रताप वैदिक ने जब पाकिस्तान में जाकर हाफिज सईद का इंटरव्यू लिया तो उसने पीएम मोदी को लेकर गलत बातें कहीं थी। वहीं, भारत लौटने पर उनका भारी विरोध भी हुआ और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा तक चलाने की मांग उठी।
दो सासंदों ने उनपर कार्रवाई की मांग की तो वैदिक ने कहा था कि वे किसी से नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने किसी से कोई समझौता नहीं किया, जो मैं डरूं। वैदिक ने आगे कहा कि मेरे खिलाफ केवल दो सांसदों ने कार्रवाई की मांग की है, अगर सभी सांसद भी मुझे गिरफ्तार करने की बात कहे तब भी मैं नहीं डरता हूं। उन्होंने कहा कि मेरी गिरफ्तारी की बात अगर संसद करती है, तो मैं उसपर थूकता हूं।
कई बड़े मीडिया संस्थानों में किया काम
वेदप्रताप वैदिक ने कई सालों तक बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया। उन्होंने 10 साल पीटीआई-भाषा के संस्थापक-संपादक की जिम्मेदारी संभाली। जीवन के आखिरी मोड़ तक उनके कई प्रमुख अखबारों में राजनीति और अन्य समाजिक विषयों पर लेख छपते रहे।
चाकुलिया : सहायक आयुक्त उत्पाद पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार धालभूमगढ़ थाना अंतर्गत बेहड़ा एवं चाकुलिया थाना अंतर्गत मटियाबांधी तथा रेंगढ़पहाड़ी में अवैध शराब बिक्री स्थलों पर छापामारी कर अवैध शराब बरामद कर जब्त किया गया। 03 अवैध शराब बिक्रेताओं के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया।
जब्त शराब :-
Kingsgold whisky 750ml (For sale in Arunachal pradesh only)- 18 पीस
McDowells Rum 180ml (For sale in West Bengal only)-48 पीस
Imperial Blue whisky 180ml- 02 पीस कुल विदेशी शराब- 21.75 लीटर
Kingfisher beer 650ml (For sale in West Bengal only)- 15 पीस
Heyward Beer 500ml (For sale in West Bengal only)- 7 पीस कुल बियर:-13.25 लीटर
इंडियन आर्मी में अग्निवीर के तौर पर शामिल होने की इच्छा रखने वाले कैंडिडेट्स के लिए अच्छी खबर है। वे उम्मीदवार जो इच्छुक होकर भी किसी वजह से अब तक अप्लाई नहीं कर पाए हैं, वे अब आवेदन कर सकते हैं। इंडियन आर्मी अग्निवीर रिक्रूटमेंट 2023 के लिए अब आखिरी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। पहले अप्लाई करने की आखिरी तारीख 15 मार्च 2023 थी जिसे आगे बढ़ाकर 20 मार्च 2023 कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी से शुरू हुए थे।
यहाँ भरें फॉर्म
वे कैंडिडेट्स जो इस रिक्रूटमेंट प्रोसेस के तहत आवेदन करना चाहते हैं, वे इंडियन आर्मी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। ऐसा करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट का पता ये है – joinindianarmy.nic.in
जानें किस पद पर होनी है भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग नोटिस जारी हुआ था। जैसे यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब वगैरह। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से इन पद पर कैंडिडेट्स की नियुक्ति होगी। जैसे अग्निवीर जीडी, टेक्निकल, क्लर्क, स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन आदि।
सबसे पहले होगी लिखित परीक्षा
चूंकि इन भर्तियों के लिए बड़ी तादाद में आवेदन आ रहे थे इसलिए छंटनी करने के लिए इंडियन आर्मी ने लिखित परीक्षा का फैसला लिया है। पहले चरण में कैंडिडेट्स को लिखित परीक्षा के माध्यम से सेलेक्ट किया जाएगा। इसके बाद फिजिकल फिटनेस और मेडिकल टेस्ट होंगे।
इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए शैक्षिक योग्यता पद के मुताबिक है। मोटे तौर पर 8वीं से 12वीं पास कैंडिडेट्स अप्लाई कर सकते हैं। आयु सीमा 17.5 से 21 साल के बीच होनी चाहिए। साथ ही जरूरी है कि इन कैंडिडेट्स के डॉक्यूमेंट्स जैसे 10वीं की मार्कशीट वगैरह डिजिलॉकर एकाउंट से जुड़े हों। ये भर्ती चार साल के लिए होगी। इसके बाद 75 प्रतिशत सैनिकों को घर भेज दिया जाएगा और केवल 25 फीसदी को स्थायी नियुक्ति मिलेगी।