एक नई सोच, एक नई धारा

जमशेदपुर: मानगो में एटीएम ठगों का नया पैंतरा, कार्ड फंसाकर खाते से उड़ाए 11 हजार रुपये

1775476925160

जमशेदपुर: लौह नगरी में एटीएम ठग गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। साइबर अपराधियों ने अब सीधे एटीएम बूथों के भीतर फर्जी हेल्पलाइन नंबरों का जाल बिछाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुद्वारा बस्ती निवासी सुरजीत सिंह ठगी का शिकार बन गए।1775476925160

मदद के नाम पर बिछाया जाल

​जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुरजीत सिंह मानगो गोलचक्कर स्थित एसबीआई (SBI) के एटीएम से नकदी निकालने गए थे। जैसे ही उन्होंने अपना कार्ड मशीन में डाला, वह अंदर ही फंस गया। उस वक्त बूथ पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। घबराहट में सुरजीत की नजर एटीएम की दीवार पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर पड़ी। उन्होंने उसे आधिकारिक हेल्पलाइन समझकर डायल कर दिया।1002518072

बातों में उलझाकर पेट्रोल पंप बुलाया

​फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का सहायक बताते हुए सुरजीत को भरोसे में लिया। शातिर ठग ने उन्हें बातों में उलझाया और कहा कि तकनीकी सुधार के लिए उन्हें पास के पेट्रोल पंप पर आना होगा। जब सुरजीत वहां पहुंचे तो उन्हें कोई नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर वे तुरंत वापस एटीएम पहुंचे, लेकिन तब तक उनका कार्ड गायब हो चुका था।

​हैरानी की बात यह रही कि कुछ ही मिनटों के भीतर उनके मोबाइल पर 11,000 रुपये की निकासी का मैसेज आ गया।

गार्ड के व्यवहार पर हंगामा

​घटना के बाद जब पीड़ित ने शोर मचाया तो वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड का व्यवहार भी संदिग्ध और विवादित रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था और बैंक प्रबंधन की लापरवाही पर कड़े सवाल उठाए हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी

​पीड़ित सुरजीत सिंह ने मामले की लिखित शिकायत मानगो थाना में दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एटीएम केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

सावधानी बरतें: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम में किसी भी दीवार पर लिखे नंबरों पर भरोसा न करें। कार्ड फंसने की स्थिति में केवल बैंक के आधिकारिक टोल-फ्री नंबर या सीधे शाखा से संपर्क करें।

 

तीसरी धारा न्यूज के लिए जमशेदपुर से रिपोर्ट।

error: Content is protected !!