जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने जिले में पढ़ने-लिखने की संस्कृति (Reading Culture) और आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है. “नई कहानियां गढ़ने के लिए पुस्तकें दान करें” अभियान के तहत प्रशासन पंचायतों, विद्यालयों और सामुदायिक केंद्रों में सुलभ पठन स्थल विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है.

ज्ञान-साझा अभियान: युवाओं के लिए नई प्रेरणा
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन का उद्देश्य मौजूदा पुस्तकालयों को सुदृढ़ करना है ताकि समाज के हर वर्ग के शिक्षार्थियों तक पुस्तकों की समान पहुँच सुनिश्चित हो सके. प्रशासन ने जमशेदपुर के नागरिकों, संस्थानों और पुस्तक-प्रेमियों से इस ज्ञान-साझा अभियान में भागीदार बनने की अपील की है.
दान की जाने वाली पुस्तकों का विवरण:
- नई अथवा पूर्व-प्रयुक्त (अच्छी स्थिति में) पुस्तकें दान की जा सकती हैं.
- बाल साहित्य, पाठ्य-पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, संदर्भ ग्रंथ, साहित्य, इतिहास और विज्ञान जैसे विषयों की पुस्तकें स्वीकार्य हैं.
- पुस्तकों की भाषा हिंदी, अंग्रेजी, स्थानीय/आदिवासी अथवा अन्य कोई भी हो सकती है.

दानकर्ताओं को मिलेगा विशेष सम्मान
इस नेक काम में सहयोग करने वाले नागरिकों को प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा:
- सम्मान पट्टिका: सभी दानकर्ताओं के नाम पूर्वी सिंहभूम पुस्तकालय सम्मान पट्टिका पर अंकित किए जाएंगे.
- निशुल्क सदस्यता: 10 या उससे अधिक पुस्तकें दान करने वालों को एक वर्ष की निशुल्क पुस्तकालय सदस्यता दी जाएगी.
- आजीवन सदस्यता: 100 या उससे अधिक पुस्तकें दान करने वाले दानकर्ताओं को आजीवन निशुल्क पुस्तकालय सदस्यता के साथ भविष्य की साहित्यिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
कहाँ जमा करें पुस्तकें?
नागरिक निम्नलिखित केंद्रों पर संपर्क कर अपनी पुस्तकें जमा कर सकते हैं:
| क्रम सं. | स्थान | संपर्क व्यक्ति | संपर्क नंबर |
|---|---|---|---|
| 1 | DC ऑफिस | योगेश कालिंदी | 9576707950 |
| 2 | JNAC ऑफिस | राज गौरव सिंह | 6299590266 |
| 3 | DM नगर पुस्तकालय, साकची | अश्विनी गुप्ता | 6201354621 |
| 4 | टाउन हॉल, सिदगोड़ा | सुरेश गुप्ता | 9905504807 |
| 5 | ECC फ्लैट, कदमा | योगेश राणा | 9031065077 |
| 6 | बिष्टुपुर कम्युनिटी सेंटर | कुलदीप भगत | 8969678359 |
डाक/कूरियर से भेजने का पता:
श्री ज्योति पुंज (संपर्क: 9471511844), जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC), हिरासिंह बगान, साकची, जमशेदपुर – 831007.
अधिक जानकारी के लिए: 7970625111 पर संपर्क करें.










