एक नई सोच, एक नई धारा

सरायकेला: घर के अंदर मोबाइल चलाना पड़ा भारी, आकाशीय बिजली गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में गुरुवार शाम कुदरत का कहर देखने को मिला। सरायकेला थाना क्षेत्र के रुगड़ी साही गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक घटना के वक्त अपने घर के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।e8338deb60d36c32a8c93b9944153168f8b63ada6c4fbeb7b8e66ffc34e7c364.0

खिड़की के रास्ते काल बनकर आई बिजली

​मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:00 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश होने लगी। गांव निवासी श्याम हेम्ब्रम अपने घर के अंदर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान खिड़की के रास्ते आसमानी बिजली सीधे उस पर आ गिरी। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि श्याम का पूरा शरीर काला पड़ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।WhatsApp Image 2026 03 07 at 17.22.01

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें

​हादसे के बाद बदहवास परिजन तुरंत श्याम को सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के जवाब मिलने के बाद परिजन शव को लेकर वापस गांव लौट गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से श्याम के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव में मातम: मजदूरी कर चलाता था परिवार का खर्च

​ग्रामीणों ने बताया कि मृतक श्याम हेम्ब्रम एक मेहनती युवक था। वह मजदूरी करने के साथ-साथ ट्रैक्टर भी चलाता था और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठा रहा था। उसकी अचानक मौत से पूरे रुगड़ी साही गांव में मातम पसरा हुआ है।

विशेषज्ञों की चेतावनी: वज्रपात के समय बरतें सावधानी

​मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने बार-बार चेतावनी दी है कि खराब मौसम या बिजली कड़कने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मोबाइल फोन का उपयोग जोखिम भरा हो सकता है।

  • सावधानी: वज्रपात के समय खिड़कियों से दूर रहें और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इलेक्ट्रोमैग्नेटिक तरंगें आसमानी बिजली को आकर्षित कर सकती हैं।

तीसरी धारा न्यूज के लिए सरायकेला से ब्यूरो रिपोर्ट

error: Content is protected !!