जमशेदपुर स्कूली एवं साक्षरता विभाग ने सिर्फ दो शिक्षकों से स्कूल चलाने का फार्मूला निकाल लिया है। बकायदा इसका रूटीन भी जारी कर दिया है कि कैसे महज 2 शिक्षक पूरा स्कूल संचालित कर सकते हैं। इस रूटीन को रूटीन को आधार मानते हुए अपने हिसाब से कक्षाओं का तर्कसंगत ढंग से विभाजन करने का निर्देश दिया गया है।स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के रवि कुमार की ओर से जारी पत्र में 2 शिक्षक वाले विद्यालय के लिए यह रणनीति उपलब्ध कराई गई है। अबतक अक्सर ऐसे स्कूलों में अतिरिक्त शिक्षक देने की मांग की जाती थी, लेकिन अब जब 2 शिक्षकों से ही स्कूल चलाने का फार्मूला जारी कर दिया गया है तो ज्यादा उम्मीद नहीं है कि ऐसे स्कूलों में अतिरिक्त शिक्षक दिए जाएंगे। विभाग की ओर से जारी विस्तृत पत्र में 2 शिक्षक की विद्यालय हेतु रणनीति कॉलम में इस बाबत विस्तृत जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया कि यदि किसी विद्यालय में दो शिक्षक कार्यरत हैं तो वे अपनी कक्षाओं का बंटवारा विभाग द्वारा उपलब्ध रूटीन से कर सकते हैं। इस फार्मूले के रूटीन में कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों को एक ही शिक्षक द्वारा संयुक्त रूप से पढ़ाने की योजना रखी गई है, क्योंकि उक्त कक्षाओं में बच्चों के लिए सीखने की सामग्री, मसलन हिंदी और अंग्रेजी के सरल शब्द, अंक, छोटी संख्याएं, सरल गणितीय प्रक्रिया आदि कम रहती हैं। इसलिए उन्हें संयुक्त रूप से पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे स्कूलों में कक्षा 1 एवं 2 की कक्षाएं हमेशा संयुक्त रूप से ही लिए जाने की बात कही गई है। वहीं, कक्षा 3, 4 एवं 5 के बच्चों को भी सहभागी कक्षा में पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विभाग की ओर से 8 अलग-अलग घंटी का कक्षा कार्यक्रम उपलब्ध कराया गया है, जिसमें हर विषय को लेकर शिक्षकों को कार्यक्रम उपलब्ध कराया गया है कि कैसे एक कक्षा में बच्चों को पढ़ाया जाना है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद सदस्या खत्म होने के बाद पहली बार शनिवार को प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और पीएम मोदी-अदाणी के रिश्ते पर सवाल उठाए।
‘हवा निकल गई”
एक जर्नलिस्ट ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने पूछा कि उनके द्वारा ‘मोदी सरनेम’ पर की गई टिप्पणी को भाजपा ने ओबीसी का अपमान बताया है, जिस पर राहुल ने कहा- आप भाजपा के लिए इतना डायरेक्टरी क्यों काम कर रहे हैं। थोड़ा घूमघाम कर सवाल पूछिए। इतना दबाव में काम मत करो। हवा निकल गई।
गांधी माफी नहीं मांगता”
एक अन्य पत्रकार के द्वारा यह पूछने पर ”भाजपा के लोग बार-बार कहते हैं कि आपने विदेश में जाकर जो भाषण दिया, उसके लिए आप माफी क्यों नहीं मांग लेते? कोर्ट ने भी आपसे माफी मांगने के लिए कहा था। इस पर आप क्या सोचते हैं?” पर राहुल ने कहा, ”राहुल गांधी सोचता है कि मेरा नाम सावरकर नहीं है। मेरा नाम गांधी है और गांधी किसी से माफी नहीं मांगता।”
मुझे लोकसभा में बोलने नहीं दिया गया”
कांग्रेस नेता ने कहा, ”मैने लोकसभा में कहा कि मुझे बोलते दीजिए। एक बार तो बोलने दीजिए। मैंने स्पीकर को दो बार चिट्ठी लिखी, उनसे मिला भी। मैंने कहा कि मुझे बोलने दीजिए। इस पर उन्होंने कहा कि मैं कुछ नहीं कर सकता। जब आप नहीं कर सकते तो कौन करेगा? शायद मुझे जाकर मोदी जी से पूछना पड़ेगा, जो वो करने नहीं देंगे?”
कर्नाटक में पीएम मोदी के रोड शो के दौरान सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला प्रकाश में आया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोड शो के दौरान एक युवक प्रधानमंत्री मोदी के काफिले के पास पहुंच गया।हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया है. फिलहाल, शख्स के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
युवक से पूछताछ में जुटी पुलिस
तीन महीने के अंदर दूसरी बार पीएम मोदी की सुरक्षा में गड़बड़ी से हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि पीएम मोदी की तरफ दौड़ लगाने की कोशिश करते वक्त युवक को मौके पर मुस्तैद पुलिसबल ने पकड़ लिया। शख्स ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में पकड़ लिया. सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
दावणगेरे में निकाला जा रहा था पीएम मोदी का रोड शो
दावणगेरे में पीएम मोदी का रोड शो निकाला जा रहा था। सड़क के दोनों तरफ भीड़ जुटी थी। इस दौरान नारेबाजी चल रही थी. इसी बीच, शख्स ने भागकर पीएम तक पहुंचने की कोशिश की। पीएम की गाड़ी के पास ये शख्स पहुंच गया था। बताया गया कि ये शख्स काफिले में घुसने की कोशिश कर रहा था। पीएम के इतने करीब पहुंच जाना गंभीर सवाल माना जा रहा है।
पीएम की कार तक पहुंचा युवक?
बताते चलें कि पीएम मोदी कर्नाटक के दौरे पर हैं। उन्होंने वहां जनसभा की। उसके बाद रोड शो किया. दरअसल, पीएम के रोड शो को लेकर तीन से चार लेयर की सुरक्षा रखी दी गई था रोड के दोनों तरफ बैरिकेड लगाए गए थे. यहां मौजूद लोगों को पहले से बता दिया गया था कि बैरिकेड जंप करके सड़क पर नहीं आना है। सिर्फ अभिवादन करना होगा. इसके बावजूद, आरोपी युवक बैरिकेड जंप करके पीएम की तरफ बढ़ने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस और होमगार्ड ने उसे पकड़ लिया. एसपीजी ने उसे हिरासत में ले लिया. इसे गंभीर सुरक्षा चूक माना जा रहा है. इससे पहले, जनवरी में कर्नाटक के हुबली में पीएम के रोड शो के दौरान एक बच्चा प्रधानमंत्री के करीब आ गया था।
करौली बाबा का सबसे पहले चिकित्सक से विवाद हुआ था. फिर कानपुर के एक अधिवक्ता ने वीडियो वायरल करके बाबा को चैलेंज दिया था. अब झारखंड के युवक ने आरोप लगाया है कि आश्रम से उसके पिता गायब हो गए हैं.
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के बिधनू थाना क्षेत्र से लेकर आसपास के तमाम इलाकों में हर किसी की जुबां पर जिस बाबा की सबसे अधिक चर्चा है, वह करौली बाबा हैं. नोएडा के एक डॉक्टर से सबसे पहले विवाद के बाद लगातार बाबा पर विवादों में घिरते जा रहे हैं. कानपुर शहर के एक अधिवक्ता ने तो बाबा को खुला चैलेंज देते हुए वीडियो वायरल किया था, जिसमें वह कह रहा था कि अगर उसके दोनों बेटों का बाबा इलाज कर देंगे तो वह अपनी पूरी संपत्ति बाबा के नाम कर देगा. इसके बाद एक झारखंड के युवक ने बाबा पर आरोप लगाया है कि उसके पिता करौली आश्रम से लापता हो गए.
हालांकि, अब बाबा भी अपने बचाव में नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अब बहती गंगा में सभी हाथ धोएंगे. इस वाक्य से उनका संदर्भ उनके प्रति रचने वाली गहरी साजिश से था, जो बात वह पहले दिन से कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि जितनी जांचें होनी हैं हो जाएं, सब दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. आश्रम में हजारों लोग रोज आते हैं तो क्या हम सभी पर नजर रखेंगे? उन्होंने कहा, अब हमारे अधिवक्ता अपने तरीके से पक्ष रखेंगे.
बाबा के बदले चेहरे के भाव: जैसे-जैसे मीडियाकर्मी सवाल पूछ रहे थे, वैसे-वैसे बाबा के चेहरे का भाव बदल रहा था. आवेशित होकर बाबा ने कहा कि चैलेंज वालों का तो बुखार नहीं ठीक होता, फिर कोई दूसरी समस्या कैसे सही होगी? उन्होंने कहा, कि इस आश्रम में जो भक्ति और आस्था के साथ आता है, उसे ही शांति मिलती है, बाकी को नहीं.
पुलिस के आला अफसर कर रहे जांच: कानपुर पुलिस के आला अफसर एक ओर जहां बाबा के विवादों संबंधी सभी मामलों की जांच कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वह बाबा को बदनाम किए जाने व उनके खिलाफ अगर साजिश रची गई तो उन साजिशकर्ताओं को लेकर भी गोपनीय ढंग से जानकारी कर रहे हैं. पूरे मामले पर संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा कि जो साक्ष्य हैं उनके आधार पर ही कार्रवाई होगी. बिना किसी तथ्य के हम कार्रवाई नहीं कर सकते.
आश्रम की कैंटीन में करते भोजन, बुक कराते रेलवे व एयर टिकट: बिधनू क्षेत्र के करौली आश्रम की सुविधाएं दिल्ली व अन्य बड़े शहरों के आश्रमों जैसी हैं. यहां भक्त कैंटीन में मनपसंद भोजन करते हैं, जबकि उनकी सुविधा के लिए रेलवे व एयर टिकट की बुकिंग भी आसानी से हो जाती है. आश्रम में जहां बाबा का दरबार लगता है, वहां एक साथ 500 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है. भक्त बताते हैं, कि अगर कोई नौ दिन रुककर हवन करा लेता है तो बाबा का दावा है उसकी मनोकामना पूरी हो जाती है.
पटना: तमिलनाडु के नाम पर फर्जी वीडियो वायरल (Video Viral) करने के मामले में ईओयू (EOU) जांच कर रही है. बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप को बुधवार को रिमांड पर लिया गया.
गुरुवार सुबह तक रिमांड की अवधि है. इस बीच मनीष कश्यप (Manish Kashyap) के साथ अब खान सर भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है. यही नहीं बल्कि बीजेपी के एक नेता की संपत्ति और कुछ नेताओं के कॉल डिटेल की जांच की मांग की गई है. बुधवार (22 मार्च) को जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव (JAP Pappu Yadav) ने इस मामले पर खूब बोला.
पूर्व सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बीजेपी नेता और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा की संपत्तियों की जांच होनी चाहिए. कई बीजेपी नेता ऐसे हैं जिनके फोन कॉल डिटेल की जांच होनी चाहिए. तमिलनाडु मामले के मामले पर आगे कहा कि बीजेपी की भूमिका की जांच होनी चाहिए. बिहारियों को तमिलनाडु में मरवाने की तैयारी थी. उन्माद पैदा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है. कुछ यूट्यूबर्स के चलते पत्रकारिता जगत का सम्मान गिरा है.
सरकार के दायरे में आकर काम करने की जरूरत
मनीष कश्यप का नाम लिए बगैर पप्पू यादव ने कहा कि सवाल ये उठता है कि जब पत्रकार दलित, हिन्दू, मुस्लिम हो जाए तो ऐसे पत्रकारों का लाइसेंस रद्द होना चाहिए. ऐसे मामलों में कठोर कानून बनाने की जरूरत है. सोशल मीडिया, यूट्यूबर को सरकार के दायरे में आकर काम करने की जरूरत है. कुछ यूट्यूबर माफिया के पैसे से सोशल मीडिया चला रहे हैं जो समाज के लिए खतरनाक हो गए हैं. पटना के कोचिंग संचालक खान सर के खिलाफ भी जांच होनी चाहिए. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करने वालों की जांच होनी चाहिए. कई कोचिंग संस्थान के लोग भी इसमें शामिल हैं जिनकी जांच जरूरी है.
पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र और इंसानियत खतरे में है. नेता भी लगातार जातीय उन्माद फैलाने में जुट गए हैं. मनीष कश्यप के समर्थन में 23 मार्च को बिहार बंद को लेकर कहा कि इसे जातीय रंग देने की कोशिश की जा रही है. तेजस्वी यादव से अपील की है कि ऐसे अपराधी प्रवृति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें. फर्जी पत्रकार और अपराधी किस्म के पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
झारखंड के एनएच 33 पर इतनी अड़चने आई कि इसपर एक किताब लिखी जा सकती है. यह बाते देश के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जमशेदपुर के गोपाल मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए कहा. गुरुवार को नितिन गडकरी जमशेदपुर समेत आस पास के लोगों की सुविधा के लिए 3800 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर और 10 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे थे.परिवहन मंत्री दिल्ली से वायु मार्ग से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. यहां से उन्हे कड़ी सुरक्षा में परिसदन ले जाया गया. थोड़ी देर आराम करने के बाद परिवहन मंत्री बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान पहुंचे. गोपाल मैदान में उनका स्वागत किया गया. मौके पर परिवहन मंत्री ने विशिष्ट अतिथियों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने बटन दबाकर डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर समेत 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. मौके पर मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा, एनएचएआई के टेक्निकल मेंबर महादेव सिंह, एनएचएआई के चीफ जनरल मैनेजर, सीजेएम एसके मिश्रा, एएस कपूर, स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के चीफ इंजीनियर एके दास के अलावा अन्य अतिथि मौजूद रहे.
झारखंड में दो लाख करोड़ की सड़क बनेगी : नितिन गडकरी
परिवहन मंत्री ने जमशेदपुर से पूरे देश को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले सालों में सरकार झारखंड में दो लाख करोड़ से ज्यादा की सड़के बनाएगी. झारखंड हिंदुस्तान का प्रगतिशील राज्य बनेगा. झारखंड का जमशेदपुर शहर बहुत विकसित शहर है. यहां देश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बनने जा रहा है जिससे जमशेदपुर समेत झारखंड के विकास में बढ़ावा मिलेगा.
वाटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन से होता है विकास परिवहन मंत्री ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन फ़िट्ज़गेराल्ड केनेडी की बात को दोहराते हुए कहा कि जॉन ने एक बात कही थी कि अमेरिका एक धनवान देश है इसलिए यहां कि सड़के बेहतर नहीं है जबकि अमेरिका कि सड़कें बेहतरीन है इसलिए देश धनवान है. उनकी इस बातों पर अमल करते हुए देश में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. देश के विकास में झारखंड का बहुत बड़ा योगदान है. झारखंड में सड़क निर्माण ने यहां उद्योग की संख्या बढ़ेगी जिससे रोजगार बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि विकास के लिए वाटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन को जरूरत होती है जो झारखंड के जमशेदपुर में है.
देश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर होगा जमशेदपुर में उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में बनने वाला डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर देश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर होगा. यह देश में नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी छाप छोड़ेगा. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के ट्रैफिक को देखते हुए अगले 50 सालों का खाका तैयार कर इसका निर्माण किया जा रहा है.
झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में राँची के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर आज से शुरू हुए एच पी बोधनबाला ट्राफी (सीनियर अंतर जिला एलिट ग्रुप क्रिकेट प्रतियोगिता) के उद्घाटन मैच में गत वर्ष की उपविजेता टीम पश्चिमी सिंहभूम ने एकतरफा मुकाबले में पाकुड़ को 202 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किया. कल जे एस सी ए ओवल मैदान पर पश्चिमी सिंहभूम का दूसरा लीग मैच जामताड़ा जिला से है. कल अगर पश्चिमी सिंहभूम की टीम जामताड़ा को पराजित कर देती है तो इसका सेमी फाईनल में खेलना पक्का हो जाएगा.
राँची के एच ई सी धुर्वा में स्थित जे एस सी ए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए इस मैच के टास पाकुड़ के कप्तान ने जीता. भारी मौसम को देखते हुए विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया. कल रात हुई बारिश के कारण दोनों अंपायरों ने 50-50 ओवरों के मैच में कटौती करते हुए 43-43 ओवरों का मैच कराने का निर्णय लिया. हलांकि टास जीतकर भी पाकुड़ के गेंदबाज़ भारी मौसम का लाभ नहीं ले पाए और पश्चिमी सिंहभूम के दोनों उद्घाटक बल्लेबाजों क्रमशः अरविंद कुमार एवं जयप्रकाश राजपूत ने मात्र 8.4 ओवरों में 77 रन ठोक कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए. इसी स्कोर पर जयप्रकाश चार चौकों एवं तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुआ. पाकुड़ को दूसरी सफलता जल्द ही हाथ लगी जब तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए प्रियांशु श्रीवास्तव को मात्र 9 रन पर चलता कर दिया. परन्तु चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान अनुराग संजय पुर्ति के इरादे कुछ और ही थे. उसने अरविंद के साथ मिल कर तीसरे विकेट के लिए 127 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया. 223 रन के स्कोर पर जब अरविंद कुमार का विकेट गिरा तब तक अरविंद ने दस चौकों एवं आठ छक्कों की मदद से 119 रनों की शानदार शतकीय पारी खेल चुका था. पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने निर्धारित 43 ओवर में सात विकेट खोकर 320 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया. कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए छः चौकों एवं पाँच छक्कों की मदद से 95 रन बनाए और मात्र पाँच रन से शतक बनाने से चूक गया. अन्य बल्लेबाजों में हर्ष कुमार ने 25 नाबाद एवं कुमार करण ने 14 रन बनाए. पाकुड़ की ओर से सबसे अच्छी गेंदबाजी आलोक शर्मा ने की जिसने मात्र 38 रन देकर चार खिलाड़ियों को आउट किया। मो० नसीब आलम को दो सफलता हाथ लगी.
जीत के लिए 43 ओवर में 321 रनों का पहाड़ सा स्कोर का पीछा करने उतरी पाकुड़ की पूरी टीम 27.4 ओवर में मात्र 118 रन पर ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पाकुड़ की ओर से गौरव चौधरी (32 रन) एवं भानु आनंद (19 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया. पश्चिमी सिंहभूम की ओर से सबसे घातक गेंदबाजी आयुष पाल ने की जिसने मात्र 19 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. विशाल टी साव को तीन जबकि अजीत कुमार सिंह को दो विकेट हासिल हुए.
मैच की समाप्ति के बाद पश्चिमी सिंहभूम के अरविंद कुमार को उसके शानदार शतकीय पारी के लिए “मैन आफ द मैच” के पुरस्कार से नवाजा गया. यह पुरस्कार जे एस सी ए के पूर्व कोषाध्यक्ष सह मैच पर्यवेक्षक गोविंदा मुखर्जी ने प्रदान की. इधर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा एवं महासचिव असीम कुमार सिंह ने टीम की शानदार जीत पूरे टीम को बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि यह टीम आगे मैचों में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखेगी
जमशेदपुर :ठाकुर प्यारा सिंह दुर्गा पूजा मैदान से आज हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष में प्रातः 8:00 भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ यह कलश यात्रा काशीडीह मैदान से निकलकर मानसरोवर होटल, राजीव गांधी चौक, मोहम्मडन लाइन साकची, से होते हुए साक्ची संजय मार्केट, टैंक रोड के रास्ते शीतला मंदिर साकची में पहुंचकर पूजन किए
मां भगवती, माता शीतला, भगवान वीर बजरंगबली समेत राजा रामचंद्र के पूजन करने के पश्चात कुएं से जल भरकर पुनः काशीडीह मैदान आकर यह कलश यात्रा का समापन हुआ।
गायत्री परिवार के सभी सदस्यों ने काशीडीह रामनवमी मैदान में पहुंचकर गायत्री माता के पूजन आरती करने के पश्चात सबों को प्रसाद और फल वितरण किया गया
यह अनुष्ठान आज से प्रारंभ होकर प्रत्येक दिन संध्या 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक श्री राम हनुमंत कथा का आयोजन भी आज से प्रारंभ होगा जो प्रत्येक दिन यह आयोजन चलता रहेगा । 29 तारीख मार्च को इसकी पूर्णाहुति की जाएगी।
आगामी 30 मार्च को भव्य शोभा यात्रा रामनवमी का निकाला जाएगा जो सीतारामडेरा भालुबासा बाराद्वारी होते हुए काशीडीह पहुंचेगी।
27 मार्च को जंबू अखाड़ा समिति द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. उक्त जानकारी समिति के संरक्षक बंटी सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी.उन्होंने रामनवमी महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 22 मार्च से 72 का घंटों का अखण्ड हरि राम नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा. जिसमें बंगाल और झारखंड के प्रसिद्ध 26 हरिकीर्तन मंडली भाग लेगी. वहीं 25 और 26 मार्च को पंडित अखिल पांडे द्वारा सम्पूर्ण रामायण का पाठ किया जाएगा. 27 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. इस कलश यात्रा में अखाड़ा समिति को 21 लड़के कलश उठाएंगे जो स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर मंदिर परिसर आएंगे.
कलश यात्रा के दौरान आकर्षक झांकी निकाली जाएगी. झांकी में शिवजी, राधाकृष्ण एवं हनुमान आकर्षण के केंद्र रहेंगे.आर्कषक आतिशबाजी किया जाएगा. अखाड़ा के खिलाड़ी शस्त्र के साथ सुशोभित रहेंगे. 28 मार्च सप्तमी के दिन हनुमान पूजा अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. समिति के कलाकारों द्वारा विभिन्न करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा. 29 मार्च अष्टमी को आशीष एवं श्रद्धा दास एंड ग्रुप के द्वारा भजन का कार्यक्रम होगा. 30 मार्च नवमी को 10 प्रकार के फूलों से हनुमान जी का अभिषेक किया जाएगा.
इस दौरान विशेष विद्युत सजावट किया जाएगा. विद्युत सजावट के लिए बंगाल के चंदननगर से कारीगर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. रामनवमी महोत्सव के दौरान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान से संबंधित पोस्टर लगाया जाएगा. प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से संस्थापक कमल किशोर सिंह उर्फ जंबू, मधुसूदन गोस्वामी, लाइसेंसी रणवीर मंडल, विजय सिंह, रवीन्द्र मास्टर, जंग बहादुर सिंह, सन्नी, प्रिंस, केशव राव, संजय हजारी, अरविन्द कुमार, काकुली, आरती मुखी, रवि विश्वनाथ, विश्वनाथ गुप्ता, उपेन्द्र कुमार, विश्वजीत चक्रवर्ती सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
जमशेदपुर के सोनारी के कचरा डंपिंग में लगी आग और कचरा डंपिंग से फैलने वाले दुर्गंध के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल पूर्वोत्तर बेंच कोलकाता ने अहम सुनवाई की।
जस्टिस बी अमित सथेलकर और डॉ अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से इसकी सुनवाई की, जिसमें शिकायतकर्ता संजय उपाध्याय हाजिर हुए। यह सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की गयी. इस दौरान यह बताया गया कि 15 फरवरी को झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड की ओर से एक जवाब दाखिल किया गया है. इसमें प्रदूषण बोर्ड ने जानकारी दी है कि उन्होंने वहां जाकर स्थिति की जानकारी ली थी, जिसके बाद पाया था कि दोमुहानी के पास कचरा की डंपिंग गैर साइंटिफिक तरीके से किया जा रहा है।
जमशेदपुर अक्षेस और मानगो नगर निगम को उन्होंने तत्काल आदेश दिया कि कचरा में लगी आग को बुझाये और सही तरीके से सॉलिड वेस्ट का निस्तारन करें. इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जनवरी में क्षेत्रीय पदाधिकारी प्रदूषण विभाग ने पहले जनवरी में निरीक्षण किया था जबकि 7 फरवरी को भी जब निरीक्षण किया था तो आग निकल ही रहा था. यह भी बताया गया है कि जहां डंपिंग की जा रही है, वह स्थायी डंपिंग साइट नही है. एनजीटी ने आश्चर्य व्यक्त किया कि प्रदूषण बोर्ड ने इसके नियंत्रण को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं दिया है, जो चौंकाने वाला कृत्य है. सुनवाई के दौरान झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड की ओर से शपथ पत्र दायर किया गया है. इसके अलावा सेंट्रल प्रदूषण बोर्ड ने भी अपना शपथ पत्र दायर किया है. इस सुनवाई के दौरान कहा गया है कि जमशेदपुर की डीसी कचरा निस्तारन की विस्तृत रिपोर्ट अगले तिथि की सुनवाई 5 अप्रैल के तीन दिन पहले जवाब दाखिल करने को काह गया है।
दो सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर हुई तैनाती, तैयार हो रहा डीपीआर
जमशेदपुर अक्षेस की ओर से उपायुक्त के माध्यम से शपथ पत्र दिया किया गया है. इस सुनवाई के दौरान सौंपे गये शपथ पत्र में बताया गया है कि तत्काल कचरा का निस्तारन का कदम उठाया जा रहा है. अभी आग को बुझा दिया गया है. आग बाद में भी नहीं लगे, इसके लिए पूरे एरिया की घेराबंदी की जा रही है, जिसके लिए टाटा स्टील की ओर अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया जा चुका है. इसके अलावा वहां पानी के दो टैंकर, दो एक्सकेवेटर को स्थायी. तौर पर तैनात कर दिाय गया है। स्थायी तौर पर दो सिक्यूरिटी गार्ड और सुपरवाइजर को तैनात कर दिया गया है।
यह भी बताया गया है कि वहां के कचरा के निस्तारन और शिफ्टिंग को लेकर लखनऊ के आरसीयूइएस और आदित्यप कंस्ट्रक्शन कंसोरटियम को बहाल किया गया है, जिसके माध्यम से डीपीआर तैयार किया जा चुका है. तीन माह में सारे कचरा का निस्तारन कर लेने की बात कहीं गयी है और बायो रेमेडिएशन वर्क इसके जरिये किया जा सकेगा. इसके अलावा घर घर से कचरा का उठाव का टेंडर किया जा चुका है, जो 20 साल के लिए किया जा चुका है. यह भी बताया गया है कि तत्काल टाटा स्टील की ओर से मिले 14.95 हेक्टेयर की पोटका के बेगुनडीह के जमीन पर लैंडफिल साइट को विकसित किया जायेगा. इसके लिए पर्यावरणीय स्वीकृति मिल चुकी है. इसके अलावा खैरबनी में भी कचरा प्लांट की स्थापना की जा रही है ताकि सोनारी दोमुहानी के पास किसी तरह का डंपिंग नहीं हो सके।
जुगसलाई में प्लास्टिक और कचरा का रिसाइक्लिंग को लेकर चलाया अभियान
जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर नौ के नया बाजार बोरा पट्टी, वार्ड नंबर 12 के जुगसलाई नगर परिषद सभागार एवं वार्ड नंबर 3- हिल्व्यू एरिया में स्वयं सहायता समूह द्वारा प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के लिए शपथ ली गयी. जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में वार्ड नंबर 12 के प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्ष, सीआरपी एवं ब्रांड एंबेसडर द्वारा कचरे के निस्तारीकरण करने की प्रक्रिया को विभिन्न स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच साझा किया गया।ममता शर्मा द्वारा गीला कचरा से खाद बनाने के तरीके, चंद्रलता जैन द्वारा गोबर के इस्तेमाल से अगरबत्ती, धूप, दीया एवं राखी बनाने की प्रक्रिया, अरविंदर कौर द्वारा टिशू पेपर के इस्तेमाल से सैनिटरी पैड बनाने की प्रक्रिया व उमरावती द्वारा मैदा या आटे का प्रयोग कर चाय के गिलास एवं कप बनाने की प्रक्रिया को साझा किया गया. सुलेखा चौधरी द्वारा सब्जी एवं फल के बीजों का इस्तेमाल कर एवं बेकार की वस्तुएं का इस्तेमाल कर सजावट की चीजें को बनाने की प्रक्रिया बताया गया. साथ ही साथ वार्ड नंबर 3 में सामूहिक स्वच्छता शपथ एवं ‘कचड़े का स्रोत पृथक्करण’ को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया. इस मौके पर जुगसलाई नगर परिषद से नगर प्रबंधक समेत कई उपस्थित थे।