राँची : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो रांची के चुटिया में शुरू हो गया. शाह के रोड-शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुये हैं. चुटिया के इंदिरा गांधी चौक से सरस्वती शिशु मंदिर तक एक घंटे तक यह रोड शो चलेगा. शाह रांची के भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में यह रोड शो कर रहे हैं.
कार्यक्रम में रांची से प्रत्याशी संजय सेठ, हटिया विधानसभा विधायक नवीन जायसवाल शामिल हैं. इसके अतिरिक्त महानगर भाजपा के कई नेता, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह आदि शामिल हुए हैं. बाबूलाल व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी सहित अन्य बड़े नेता इस रोड शो में शामिल नहीं हैं.
रोड-शो के बाद शाम 7 बजे अमित शाह विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे. पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार, शाह के अति व्यस्तता के कारण 18 मई को बोकारो में होने वाली आम स्थगित कर दी गयी है.
जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय निर्वाचन के अभ्यर्थियों का व्यय सम्बंधी लेखा की दूसरी जांच व्यय प्रेक्षक श्री एस.पी.जी मुदलियार, व्यय प्रेक्षक श्री ईश गुप्ता एवं व्यय कोषांग के वरीय पदाधिकारी श्री दीपांकर चौधरी की उपस्थिति में वाणिज्य कर कार्यालय, जमशेदपुर के सभागार में किया गया । विदित हो कि निर्वाची पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल द्वारा सभी अभ्यर्थियों के व्यय सम्बंधी लेखा की जांच हेतु तीन तिथियां निर्धारित की गई हैं ।
तीसरा व्यय लेखा मिलान 22 मई को किया जाएगा । पूर्वाह्न 10:30 से 5:00 बजे अपराह्न तक व्यय लेखा का मिलान किया जा रहा । उक्त को लेकर अभ्यर्थी को स्वयं अथवा अपने प्राधिकृत चुनाव अभिकर्ता के माध्यम से लेखा जांच दल के समक्ष जांच कराने हेतु मूल व्यय पंजी के साथ उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है।
गुड़ाबांदा : जमशेदपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री किल्लु शिव कुमार नायडू द्वारा गुड़ाबांदा प्रखंड में कलस्टर एवं चेकनाका का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक रेरुआ मुड़ाठाकुरा कलस्टर पहुंचे जहां उन्होने पोलिंग पार्टी व पुलिस बल के आवासन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं मतदान केन्द्र संख्या 181, 182, 183 में मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराये गए मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय व चहारदीवारी आदि का निरीक्षण किया तथा कलस्टर से मतदान केन्द्रों की दूर आदि की समीक्षा कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगदी, ड्रग्स, उपहार की वस्तु, अवैध शराब और हथियार के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी
सामान्य प्रेक्षक ने गुड़ांबादा प्रखंड से सटे ओडिशा के बॉर्डर पर बनाये गए अंतर्राज्यीय चेकनाका तेतुलडांगा और मुचरीशोल का निरीक्षण कर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पहिया वाहनों की जांच गंभीरता से करें। आपत्तिजनक सामग्री मिलते ही उसे जब्त कर अविलंब कार्रवाई के लिए इसकी सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दें । शांतिपूर्वक एवं निष्पक्षता से चुनाव संपन्न कराया जा सके इसके मद्देनजर चेकनाका के माध्यम से नगदी, ड्रग्स, उपहार की वस्तु, अवैध शराब और हथियार के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखे जाने का भी निर्देश दिया गया।
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि, निर्वाचनों के लिए सभी निर्वाचकों जिन्हें निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किये गये है, से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने मतदान स्थल पर अपना मत डालने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने हेतु अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (वोटर कार्ड) दिखाएंगे। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा-
(01) आधार कार्ड।
(02) मनरेगा जॉब कार्ड।
(03) बैंकों / डाकघरों द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक ।
(04) श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड।
(05) ड्राइविंग लाइसेन्स ।
(06) पैन कार्ड।
(07) एनपीआर के अन्तर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड।
(08) भारतीय पासपोर्ट।
(09) फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज।
(10) केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र।
(11) सांसदो/विधायकों/ विधान परिषद् सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र।
(12) यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार।
जमशेदपुर : लोकसभा चुनाव 2024 में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारत चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल ने मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश घोषित किया है। इसलिए पूर्वी सिंहभूम में 25 मई को मतदान के दिन कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश (Paid Leave) मिलेगा।
सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय, निजी उपक्रम, संस्थान, व्यवसाय से जुड़े किसी भी कर्मी की नहीं कटेगी सैलरी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) के आलोक में निदेशित किया गया है कि प्रत्येक व्यक्ति जो किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम, मॉल अथवा किसी अन्य स्थापना में नियोजित है एवं लोक सभा/विधान सभा में मतदान करने के हकदार है को मतदान के दिन अवकाश मंजूर किया जायेगा। अवकाश मंजूर किये जाने की स्थिति में किसी ऐसे व्यक्ति की मजदूरी से कोई कटौती या कमी नहीं की जायेगी।
पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी संस्थान / दुकान (शिफ्ट में कार्य कराने वाले संस्थान / मॉल/दुकान सहित) लोकसभा निर्वाचन-2024 के क्रम में दिनांक-25.05.2024 को (मतदान तिथि को) बन्द रहेंगे।
दैनिक मजदूरी पर कार्यरत कर्मी एवं आकस्मिक कर्मी भी अवकाश एवं मजदूरी के हकदार होंगे।
यह धारा किसी ऐसे निर्वाचक को लागू नहीं होगी जिसकी अनुपस्थिति से उस नियोजन के सम्बन्ध में जिसमें वह लगा हुआ है, कोई खतरा या सार्वजनिक हानि हो सकती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उप श्रमायुक्त, उप मुख्य कारखाना निरीक्षक, सहायक उप श्रमायुक्त, सहायक निदेशक, नियोजनालय, सभी श्रम अधीक्षक, को निदेश दिया गया है कि स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर उक्त आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे। साथ ही निर्देशित किया गया है कि उपर्युक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हों। आदेश का उल्लंघन, कानून के सुसंगत धाराओं के अधीन दण्डनीय होगा।
मतदाता सूची वितरण का 18 मई को अंतिन दिन, सभी बीएलओ को शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करना का दिया गया निर्देश
जमशेदपुर : 18 मई जिले में मतदाता सूचना पर्ची वितरण का अंतिम दिन है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार पिछले 07 मई से मतदाता सूचना पर्ची का वितरण बीएलओ द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर किया जा रहा है। वैसे मतदाता जिनको मतदाता सूचना पर्ची अभी तक प्राप्त नहीं हो पाई है उनसे जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अपील किया है कि टोल फ्री 1950 पर शिकायत करें, आपके क्षेत्र के बीएलओ द्वारा घर पर जाकर मतदाता सूचना पर्ची उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में जिले के शत प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने हेतु घर-घर मतदाता सूचना पर्ची पहुंचाने के साथ-साथ रंगीन वोटर गाइड भी उपलब्ध कराई जा रही है । इसके साथ ही सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश है कि मतदाता सूचना पर्ची वोटर या उनके परिवार के सदस्य को ही दें । लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सभी मतदाता की भागीदारी जरूरी है। शहर हो या सुदूर गांव, प्रत्येक मतदाता तक मतदाता पर्ची पहुंचाई जा रही है, ताकि सभी मतदाता अपने बूथ के बारे में जागरुक हो सकें।
मतदाता सूचना पर्ची और रंगीन वोटर गाइड में क्या जानकारियां हैं ?
मतदाता सूचना पर्ची के आगे भाग पर निर्वाचक नामावली में भाग संख्या व नाम, क्रम संख्या, पोलिंग स्टेशन का नाम तथा मतदान का दिनांक, क्यू आर कोड इत्यादि का उल्लेख है। मतदाता सूचना पर्ची के पीछे के भाग पर पोलिंग स्टेशन का नक्शा तथा बीएलओ का नाम, बीएलओ का कॉन्टेक्ट नम्बर, मतदान करने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेज का विवरण तथा अन्य महत्वपूर्ण निर्देश आदि उल्लिखित है।
रंगीन वोटर गाइड में चित्रों के माध्यम से मतदाता ईवीएम से कैसे अपना मतदान करें तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही सुविधा जैसे सक्षम-ईसीआई एप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, अपने अभ्यर्थी को जाने (नो योर कैन्डिडेट) ऐप तथा सी-विजिल ऐप की जानकारी दी गयी है। इसके साथ ही पंजीकरण, मतदान, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को घर से मतदान तथा डाक मतपत्र की सुविधा के बारे में भी बताया गया है।
जमशेदपुर : इस्पात नगरी के सिख व्यवसायी एवं शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा कमेटी सीतारामडेरा के वरीय सलाहकार रहे सरदार चरणजीत सिंह सबलोक (चन्नी) ने इसे दुर्भाग्य जनक बताया कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था होने के बावजूद सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की और से बयान जारी होता है कि जो बीजेपी को वोट देगा वह सिख नहीं है। क्या इतने दिन बुरे आ गए हैं कि अब सिख होने के लिए सीजीपीसी से प्रमाण पत्र चाहिए। सीजीपीसी के कुछ लोग घिनोनी और स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं। क्या ये सिख उन लोगों के साथ बैठकर भोजन करेगा, जिनके पूर्वजों ने सिख गुरुओं को शहीद किया और सिखों का नाम निशान मिटाने को कोई कोर कसर नहीं छोड़ा।
सीजीपीसी क्या 1984 भूल गई है। जो भुलक्कड़ है इतिहास पढ़ लें, क्या उनके ऐलान से कांग्रेस को फायदा नहीं होगा? 1984 की कांग्रेस से बीजेपी लाख गुणा अच्छी है। जो किसान आंदोलन में जुल्म की बात कर रहे हैं वह बताएं, कौन पदाधिकारी और रिश्तेदार इस आंदोलन में शहीद हुआ है।
चरणजीत सिंह चन्नी ने धार्मिक नेताओं को सलाह दी है कि वह गुरुद्वारों की कमेटी में पद के लिए हो रही मारामारी गुटबाजी को खत्म करें। सीजीपीसी मुख्यालय में मारपीट हुई, जो सिख इतिहास का सबसे बदनुमा दाग है। आपस में कैसे भाईचारा बढ़े, सामाजिक एकता हो, शिक्षा और रोजगार में कैसे तरक्की करें। इस पर ध्यान देने की बजाय अपने धंधा और रुतबा के लिए खास राजनीतिक दल की दलाली नहीं करनी चाहिए।
जमशेदपुर : झारखण्ड हाई कोर्ट ने मेसर्स चंदूका हाई टेक स्टील प्राइवेट लिमिटेड प्रकरण को खारिज कर दिया है। मून सिटी मानगो के अभिषेक कुमार झा ने मैसेज चंदूका हाई टेक, इसके निदेशक अमित गुप्ता एवं निदेशक अंशु गुप्ता के खिलाफ साल 2021 में स्थानीय न्यायालय में एक शिकायत वाद दर्ज कराया। अभिषेक के अनुसार उनकी पार्टनरशिप फर्म जेआर एंड कंपनी चंदूका हाई टेक्स्ट एंगल और पट्टी मैटेरियल्स का व्यवसाय 2019 से कर रहे हैं।
आरोपी अमित गुप्ता एवं अंशु गुप्ता ने दो करोड़ 89 लाख 41 हजार 702 रुपए लिए और सामग्री की आपूर्ति नहीं की। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में 7 जुलाई 2022 को आईपीसी की धारा 406 और 420 और आपराधिक साजिश की धारा 120 बी के तहत संज्ञान लिया और सम्मन जारी कर दिया।
इस आदेश के खिलाफ आरोपी अमित गुप्ता एवं अंशु गुप्ता के वकील सुधीर कुमार पप्पू ने झारखंड हाई कोर्ट की शरण ली। झारखंड हाई कोर्ट में अमित गुप्ता एवं अंशु गुप्ता का पक्ष वरीय अधिवक्ता नितिन पंसारी ने रखा एवं अभियुक्त गण के विरुद्ध लिए गए संज्ञान को धारा 482 सीआरपीसी के अंतर्गत उच्च न्यायालय झारखंड रांची ने निरस्त कर दिया।
जमशेदपुर : लोकसभा निर्वाचन 2024 में वृद्ध मतदाताओं (85+) एवं दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग के माध्यम से वोट कराए जा रहे हैं। घाटशिला प्रखंड के मसांग टुडू, जिनकी बूथ संख्या 188 है, उन्होंने होम वोटिंग के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गौरतलब है कि सभी छह विधानसभा क्षेत्र के 85+ आयु एवं कम से कम 40 फीसदी दिव्यांगता वाले मतदाताओं को प्रथम चरण में 14-19 मई तक एवं दूसरे चरण में 21-22 मई तक होम वोटिंग माध्यम से पोस्टल बैलेट द्वारा मतदान कराया जाएगा। इसी क्रम में मतदान कर्मी मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदान करा करा रहे हैं।
जमशेदपुर : भाजपा नेता विकास सिंह की बेटी अंशिका सिंह ने सीबीएसई बोर्ड के 10 वीं परीक्षा में 92% अंक लाया। डी ए वी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर के प्रधानाध्यपिका प्रज्ञा सिंह ने अंशिका सिंह को विद्यालय बुलाकर मिठाई खिलाकर अच्छे अंक लाने के लिए बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य शुभकामनाएं दिया ।