दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान 807 के लिए शाम करीब 5:52 बजे आईजीआई हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया, क्योंकि एसी यूनिट में आग लगने की सूचना मिली थी। विमान में 175 यात्री सवार थे। हालांकि, फ्लाइट शाम करीब 6.38 बजे सुरक्षित उतर गई।
मुम्बई : सीबीआई ने डीएचएफएल (Dewan Housing Finance Corporation Ltd) के पूर्व निदेशक धीरज वधावन को 34,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वधावन को सोमवार शाम मुंबई से हिरासत में लिया गया और उसे मंगलवार को दिल्ली की एक विशेष अदालत में पेश किया गया, अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सीबीआई ने उनके खिलाफ 2022 में पहले ही आरोपपत्र दायर कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि वधावन को एजेंसी ने यस बैंक भ्रष्टाचार मामले में पहले गिरफ्तार किया था और वह जमानत पर थे। सीबीआई ने 17 बैंकों के कंसोर्टियम से 34,000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से संबंधित डीएचएफएल मामला दर्ज किया था। इसे देश का सबसे बड़ा बैंकिंग ऋण धोखाधड़ी का मामला माना जाता है।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीने वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है. इस दौरान 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे. पीएम मोदी के नामांकन के लिए चार प्रस्तावक – पंडित गणेश्वर शास्त्री, बैजनाथ पटेल, लालचंद कुशवाहा और संजय सोनकर रहे. पीएम मोदी जब नामांकन करने पहुंचे तब उन्होंने जिलाधिकारी एस. राजलिंगम को दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम किया. पीएम नरेंद्र मोदी ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया.
पीएम मोदी ने खास मुहूर्त में दाखिल किया नामांकन
पीएम मोदी ने गंगा सप्तमी के साथ ही पुष्य नक्षत्र में नामांकन पत्र दाखिल किया. पीएम मोदी के नामांकन को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला. तेज धूप के बीच भी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे. साथ ही नामांकन में शामिल होने के लिए कई बड़े नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी के नामांकन पर कहा कि पीएम मोदी का भव्य रोड शो पूरे काशी, उत्तर प्रदेश व देश को उत्साहित करने वाला था. प्रधानमंत्री मोदी का मिशन जरूर सफल होगा, वह एक पृथ्वी और एक भविष्य की बात करते हैं.
लोकतंत्र के सिपाही को खड़े हो कर पीएम ने किया नमस्कार
मां गंगा और काशी के कोतवाल काल भैरव की पूजा के बाद नीली सदरी पहने पीएम मोदी वाराणसी कलक्ट्रेट में दाखिल होते हैं. नामांकन के लिए चार प्रस्तावक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ कमरे में दाखिल होते हैं. सामने कुर्सी पर निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे वाराणसी के जिलाधिकारी एस. राजलिंगम बैठे हुए हैं. मोदी खड़े होकर उन्हें नमस्कार करते हैं. अपना हलफनामा और जरूरी दस्तावेज सौंपते हैं. फिर शपथ पढ़ते हैं. यह तस्वीर अपने आप में अनूठी है. लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत तस्वीर. देश के सबसे बड़े पद पर बैठे पीएम मोदी लोकतंत्र के सिपाही को खड़े होकर नमस्कार करते हैं.
संदेशखाली : लोकसभा चुनाव के बीच पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में एक बार फिर तनाव जैसी स्थिति देखने को मिली. महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पीटा. इतना ही नहीं इन महिलाओं ने कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फाड़ दिए. घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है.
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ये हमला टीएमसी विधायक सुकुमार महतो के सहयोगी तातन गायेन पर हुआ है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं और भीड़ एक शख्स के पीछे भागते हैं और उसे जब पकड़ लेते हैं तो पहले तो उसे जमकर कूटते हैं फिर उसके कपड़े भी फाड़ दिए जाते हैं. आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ता फर्जी वीडियो बना रहे थे. इसके बाद संदेशखाली थाने का घेराव भी किया गया. इस दौरान महिलाओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई.
#WATCH | West Bengal: A clash broke out between TMC and BJP workers in Sandeshkhali, more details awaited. pic.twitter.com/4Cnh3F9RNM
दरअसल, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आज रविवार को उत्तर 24 परगना जिले में संदेशखाली पलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया था. ये कार्यकर्ता डकैती के झूठे मामले में गिरफ्तार किए गए पार्टी कार्यकर्ता की रिहाई की मांग कर रहे थे. इस दौरान पुलिस से झड़प हो गई. साथ ही महिलाओं ने टीएमसी नेता के घर पर भी हमला कर दिया.
इस बीच रविवार को बीजेपी ने संदेशखाली थाने के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र की उम्मीदवार रेखा पात्रा भी थीं. रेखा पात्रा ने दावा किया कि भ्रष्टाचार का दौर अब भी जारी है. ये लोग हमारे नाम पर केस करने की धमकी दे रहे हैं. तृणमूल साजिश रच रही है. उन्होंने मां-बहनों पर अत्याचार किया है. हमारा आंदोलन राजनीतिक नहीं था. दिलीप मल्लिक, भक्त दास, बाबू मंडल ये सभी लोग बीजेपी को बदनाम करने के लिए कर रहे हैं, क्योंकि वह हमारे साथ खड़ी है.
पश्चिम बंगाल : कांथी लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सौमेंदु अधिकारी के काफिले पर बम से हमले की खबर है। बताया जाता है कि भाजपा प्रत्याशी सौमेन्दु अधिकारी के जुलूस और कार को निशाना बनाकर उपद्रवियों ने सड़क पर बम फेंके। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। यह हमला अर्गोवाल इलाके के काली बाजार के पास हुआ है। जिस वक्त उपद्रवियों ने बम फेंका उस वक्त भाजपा प्रत्याशी सौमेन्दु अधिकारी का जुलूस रास्ते से गुजर रहा था।
सौमेन्दु अधिकारी तमलुक लोकसभा सीट से दो बार टीएमसी के सांसद रह चुके हैं। 2021 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अपने भाई शुभेंदु अधिकारी के बीजेपी में शामिल होने के बाद खुद को तृणमूल से दूर कर लिया था। सौमेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी हैं, वह लगातार तीन बार से सांसद हैं। कांथी सीट से लोकसभा अधिकारी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है और इस सीट पर मेशा अधिकारी परिवार का वर्चस्व रहा है। इस सीट से तीन बार से शिशिर अधिकारी तृणमूल कांग्रेस से सांसद हैं।
मॉस्को : रूस ने दावा किया है कि अमेरिकाभारतीय आम चुनाव में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहा है। रूस ने ये भी कहा कि यह भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के अभियान का हिस्सा है। रूसी विदेश मंत्रालय की आधिकारिक प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि अमेरिका देश में होने वाले आम संसदीय चुनावों को जटिल बनाने के लिए भारत में आंतरिक राजनीतिक स्थिति को असंतुलित करना चाहता है।
जब उनसे भारतीय चुनावों में अमेरिकी हस्तक्षेप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “बिल्कुल। मुझे लगता है कि यह संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से भारत में चल रहे आम संसदीय चुनावों को जटिल बनाने की इच्छा है और भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के अभियान का हिस्सा है।” उन्होंने आगे कहा कि इसका कारण देश में होने वाले आम संसदीय चुनावों को जटिल बनाने के लिए भारत में आंतरिक राजनीतिक स्थिति को असंतुलित करने की इच्छा है। उन्होंने कहा, ”बेशक, यह भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का हिस्सा है।”
"Unfounded Accusations:" US Aims to Destabilise India During #LokSabha2024 – Russian Foreign Ministry
Spox Maria Zakharova has said Washington lacks simple understanding of India's national mentality and history, as America continues to make "unfounded accusations" about… pic.twitter.com/M8G0gtiP92
भारत ने इससे पहले अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) पर उसकी चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने और वार्षिक रिपोर्ट का बहाना बनाकर देश के खिलाफ दुष्प्रचार जारी रखने का प्रयास करने के लिए आलोचना की थी। धार्मिक स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन के लिए भारत की आलोचना करने वाली यूएससीआईआरएफ की नवीनतम रिपोर्ट पर असामान्य रूप से तीखी प्रतिक्रिया में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि संगठन को राजनीतिक एजेंडे के साथ एक पक्षपाती इकाई के रूप में जाना जाता है।
जायसवाल ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग को राजनीतिक एजेंडे वाले एक पक्षपाती संगठन के रूप में जाना जाता है। वे वार्षिक रिपोर्ट के हिस्से के रूप में भारत पर अपना प्रचार प्रकाशित करना जारी रखते हैं।” उन्होंने कहा, “हमें वास्तव में कोई उम्मीद नहीं है कि यूएससीआईआरएफ भारत के विविध, बहुलवादी और लोकतांत्रिक लोकाचार को समझने की कोशिश करेगा।” जयसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के उनके प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।” यूएससीआईआरएफ ने अपनी नई वार्षिक रिपोर्ट में धार्मिक स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन के लिए भारत की आलोचना की है।
पटना : छह महीने से ज्यादा समय तक जेल में रहने वालों के लिए बुरी खबर है। बिहार सरकार ने यह फैसला लिया है कि ऐसे लोग कभी मुखिया और सरपंच नहीं बन पाएंगे। उन्हें पंचायत चुनाव से वंचित रखा जाएगा। पंचायती राज विभाग ने इसे लेकर जहानाबाद के डीएम को पत्र लिखा है।
दरअसल जहानाबाद के जिलाधिकारी ने जेल की सजा काट रहे व्यक्ति के वार्ड सचिव का चुनाव लड़ने संबंधी मार्गदर्शन पंचायती राज विभाग से मांगा था। जिसके जवाब में पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने जहानाबाद के डीएम को पत्र लिखा है।
डीएम को भेजे गये पत्र में इस बात का जिक्र है कि 6 माह से ज्यादा समय तक जेल में सजा काटने वाला व्यक्ति पंचायत प्रतिनिधि का चुनाव या फिर ग्राम पंचायत के तहत स्थित किसी वार्ड के वार्ड सचिव का चुनाव नहीं लड़ पाएगा। ऐसे लोगों को कभी भी चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। ऐसा व्यक्ति वार्ड सचिव का चुनाव भी नहीं लड़ सकता।
यरुशलम: ईरान में 2022 में महसा अमिनी की मौत के बाद ईरानी विद्रोह की आवाज बने रैपर को मौत की सजा सुनाई गई है। 33 वर्षीय तूमाज सालेही के खिलाफ जारी मौत की सजा को लेकर ईरान की राज्य संचालित समाचार एजेंसी और न्यायपालिका की ओर से औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है। सालेही उस समय चर्चा में आए, जब उन्होंने एक वीडियो में अमिनी को लेकर, “समवन्स क्राइम वाज डांसिंग विथ हर हेयर इन द विंड” रैप गाया था। उन्होंने एक अन्य रैप में इस्लामी गणतंत्र की भी आलोचना की थी।
अमेरिका और UN विशेषज्ञों ने फैसले की आलोचना की
मौत की सजा की सूचना सामने आने के तुरंत बाद अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी आलोचना की है। उन्होंने इसे देश में वर्षों से बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शनों के खिलाफ तेहरान की निरंतर कार्रवाई का संकेत बताया।
मौत की सजा का नोटिस मिला- वकील
यह जानकारी पहली बार तब सामने आई, जब ईरान के सुधार समर्थक शार्ग अखबार की रिपोर्ट में कहा गया कि सालेही को इस्फहान में एक अदालत ने मौत की सजा दी है। सालेही के वकील अमीर रईसियन ने गुरुवार को बताया कि उन्हें अपने मुवक्किल के खिलाफ मौत की सजा का नोटिस मिला है। वह इसके खिलाफ अपील दायर करने की योजना बना रहे हैं।
पैन कार्ड और आधार कार्ड ऐसे डॉक्यूमेंट हैं जिन्हें देशभर में इस्तेमाल किया जाता है और नागरिकों के पास ये होने चाहिए। आए दिन आधार कार्ड को लेकर ताजा अपडेट आते रहते हैं। इस बीच इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा एक सर्कुलर जारी किया गया है जिसे टैक्सपेयर को जरूर जान लेना चाहिए। पैन और आधार कार्ड को लिंक करवाने की आखिरी तारीख को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। जानें कैसे करें लिंक और ऐसा न करने पर क्या हो सकती है परेशानी?
क्या बोला सीबीडीटी?
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी सीबीडीटी द्वारा एक सर्कुलर में कहा गया कि तक्सपैयर्स से कई शिकायतें मिली हैं जिनमें कहा गया कि उन्हें इस बारे में नोटिस मिले हैं। नोटिस में मेंशन किया गया है कि जहां पैन इनएक्टिव थे उन्होंने ऐसे ट्रांजेक्शन करते टाइम टीडीएस /टीसीएस की कम कटौती/ कलेक्ट करने की चूक की है। ऐसे मामलों में चूंकि कटौती/ कलेक्शन ऊंची दर पर नहीं किया गया है। लिहाजा विभाग ने टीडीएस/ टीसीएस डिटेल्स के प्रसंस्करण के दौरान टैक्स मांग की है।
एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
इसके बारे में की गई शिकायतों के समाधान के लिए सीबीडीटी ने कहा कि 31 मार्च, 2024 तक किए गए ट्रांजेक्शन से जुड़े अगर 31 मई, 2024 को या उससे पहले पैन (आधार के साथ लिंक करने के बाद) चालू हो जाता है तो डिडक्टर/कलेक्टर पर टैक्स (उच्च दर पर) डिडक्शन/कलेक्शन करने का कोई दायित्व नहीं होगा।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा कहा गया कि अगर टैक्सपेयर 31 मई 2024 तक अपने पैन को आधार से लिंक नहीं करता, तो चालू दर से दोगुना दर पर टीडीएस वसूला जाएगा।
आधार और पैन कार्ड को ऑनलाइन कैसे करें लिंक?
सबसे पहले आयकर विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट (Income Tax)पर जाना होगा।
साइन अप करें और अगर पहले से रजिस्टर्ड हैं तो लॉगिन करके आगे बढ़ें।
लॉगिन करने के लिए पैन कार्ड का नंबर, पासवर्ड और DOB को भरें।
होम पेज पर लिंक आधार का ऑप्शन दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
अपने पैन कार्ड का नंबर, आधार नंबर और नाम डालें।
वेरीफाई करने के बाद स्क्रीन पर शो हो रहा कैप्चा कोड एंटर कर दें।
Link Aadhaar बटन पर क्लिक करना होगा।
आपको बता दें कि आपने जो भी डिटेल्स एंटर की हैं अगर पैन और आधार के रिकॉर्ड से मैच होती हैं, तो आपको आगे बढ़ते हुए Link Now बटन पर क्लिक करना होगा। लिंकिंग प्रोसेस पूरा करने के बाद पॉप-अप मैसेज के जरिए कंफर्म हो सकेगा कि पैन-आधार नंबर से लिंक होगया है।
पटना : बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, बीजेपी में शामिल हो गए हैं. इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, मनोज तिवारी और मनीष कश्यप की मां भी मौजूद रहीं. उन्होंने जेपी नड्डा को भगवत गीता की एक पुस्तक भेंट की. बता दें कि यूट्यूबर मनीष कश्यप पश्चिमी चंपारण जिले से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और वह लगातार अपना चुनाव प्रचार कर रहे थे. माना जा रहा है कि बीजेपी में शामिल होने के बाद मनीष कश्यप को बीजेपी कोटे से एमएलसी बनाया जाएगा.
पश्चिमी चंपारण लोकसभा सीट पर जहां एक तरफ बीजेपी के उम्मीदवार डॉक्टर संजय जयसवाल चुनाव लड़ रहे थे. तो वहीं कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार मदन मोहन तिवारी को बनाया था. इन दोनों के बीच एक यूट्यूबर मनीष कश्यप चुनाव मैदान में अपने भाग्य को आजमा रहे थे. लोगों से जनसंपर्क में थे.
इस सीट पर था त्रिकोणीय मुकाबला
बता दें कि यूट्यूबर पर मनीष कश्यप के चुनाव लड़ने से पश्चिमी चंपारण लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला हो गया था. लगातार मनीष कश्यप लोगों के बीच में जाकर चुनाव पर चर्चा कर रहे थे. लोगों के जनसंपर्क में थे. चुनाव प्रचार कर रहे थे. जिस कारण बेतिया की राजनीतिक सिरगर्मी तेज हो गई थी. एक तरफ बीजेपी से लगातार तीन बार हैट्रिक लगा चुके डॉक्टर संजय जयसवाल चौथी बार चुनाव लड़ रहे थे. तो वहीं कांग्रेस ने बेतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक मदन मोहन तिवारी पर इस बार विश्वास जताया है और बहुत बड़ा ब्राह्मण कार्ड खेला है.
भाजपा से मिलती है विचारधारा
मनीष कश्यप ने कहा कि मेरी विचारधारा बीजेपी से मिलती है. इसलिए मैं बीजेपी में शामिल हो रहा हूं. मैं बीजेपी में शामिल नहीं होना चाहता था लेकिन भाजपा नेता मनोज तिवारी ने मेरी मां को फोन कर मुझे बीजेपी में शामिल होने के लिए कहा. तो मैं अपनी मां का बात नहीं टाल सकता था. जिस कारण मैं आज बीजेपी में शामिल हो रहा हूं. बीजेपी के सामने मैंने जो भी शर्त रखी है बीजेपी ने वह सारी शर्त मान ली है. मेरी लड़ाई भाजपा से नहीं थी क्योंकि मेरी विचारधारा बीजेपी से बखूबी मिलती है.