जमशेदपुर/बागबेड़ा: टाटानगर स्टेशन परिसर रविवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रनिंग रूम के ठीक सामने अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे रेलवे महकमे और स्थानीय इलाके में दहशत का माहौल है।
ड्यूटी खत्म होते ही घात लगाकर किया हमला
मृतक की पहचान ज्ञानेंदु कुमार गौतम (जी.के. गौतम) के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12:30 बजे वे मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद करीब 12:40 बजे वे संयुक्त चालक एवं परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रनिंग रूम के गेट के पास बाइक सवार दो अपराधी पीछे से आए और उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटे आला अधिकारी, इलाके की घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीना और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम ने भी देर रात घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
ठेकेदारी और जमीन विवाद की आशंका
सूत्रों के अनुसार, लोको पायलट जी.के. गौतम रेलवे में अपनी सेवा देने के साथ-साथ ठेकेदारी और जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस हत्या के पीछे पेशेवर रंजिश या व्यावसायिक विवाद के पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। स्टेशन जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज











