जमशेदपुर (तीसरी धारा न्यूज): शहर के नीलडीह इवनिंग क्लब के पास मुख्य सड़क पर जंगली जलेबी के पेड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया है। पिछले दो दिनों से पेड़ की यह भारी-भरकम और कटीली टहनी बेहद खतरनाक स्थिति में सड़क पर ही पड़ी हुई है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
दुर्घटना को आमंत्रण दे रही कटीली टहनी
मुख्य सड़क पर इस तरह टहनी के पड़े होने से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह एक बड़ा खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पड़ा यह कटीला पेड़ हर पल किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक लापरवाही साफ नजर आ रही है।
जिम्मेदार तंत्र मौन, सबक लेने को तैयार नहीं प्रशासन
स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर काफी रोष है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी किसी जिम्मेदार संस्था, जैसे जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC), कॉर्पोरेट घरानों या पुलिस प्रशासन ने इस ओर कोई संज्ञान नहीं लिया है। लोगों का सवाल है कि आखिर पूर्व में हुई दुर्घटनाओं से प्रशासन सबक क्यों नहीं लेता?
आनंदमय पात्रा ने उठाई तत्काल टहनी हटाने की मांग
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंदमय पात्रा ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और जेएनएसी से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना सड़क पर गिरी इस कटीली टहनी को तत्काल प्रभाव से हटाया जाना चाहिए ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
तीसरी धारा न्यूज – जन-सरोकार से जुड़ी हर खबर का नाम।





















