जमशेदपुर (तीसरी धारा न्यूज): जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग की साजिश में शामिल चार आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक टोल प्लाजा से धर दबोचा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में शामिल हैं:
- टीटू शर्मा (परसुडीह)
- मनोज सरकार (परसुडीह)
- शंकर मुंडा (परसुडीह)
- दीपू ओझा (सिदगोड़ा)
गाड़ी खराब हुई और रायपुर में बिछाया गया जाल
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दो वाहनों में सवार होकर शहर से फरार हो गए थे। रास्ते में एक गाड़ी खराब होने के कारण चारों आरोपी दूसरी गाड़ी में सवार होकर रायपुर की ओर बढ़ने लगे।
तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस को उनके भागने की सटीक जानकारी मिली, जिसके बाद बंगाल से लेकर छत्तीसगढ़ तक छापेमारी कर रही एसआईटी ने रायपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
जमीन और रेलवे ठेकेदारी के वर्चस्व की रंजिश!
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात के तार जमीन के कारोबार, रेलवे ठेकेदारी और पुराने वर्चस्व की रंजिश से जुड़े हैं।
हमले में घायल डोमनिक सैमसन रेलवे ठेकेदारी से जुड़ा हुआ है, जबकि रिजवान जमीन के कारोबार में सक्रिय है। पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी है।
क्या थी घटना?
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे उडुपी रेस्टोरेंट में जब डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और अन्य लोग भोजन कर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहाँ पहुँचे। इनमें से दो बदमाशों ने रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर करीब 11 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस घटना में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है।
शूटरों की तलाश जारी
फिलहाल गिरफ्तार किए गए चारों साजिशकर्ताओं से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और गोलियां चलाने वाले मूल शूटरों तक पहुँचा जा सके। पुलिस के लिए अब प्रत्यक्ष रूप से गोलीबारी करने वाले शूटरों की गिरफ्तारी मुख्य प्राथमिकता है।
तीसरी धारा न्यूज – अपराध पर नज़र, बेबाक खबर।





















