जमशेदपुर (तीसरी धारा न्यूज): महान क्रांतिकारी एवं भारत माता के वीर सपूत शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
देश की एकता और सम्मान की रक्षा का लें संकल्प: मनजीत सिंह
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह ने शहीद भगत सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग की अनुपम मिसाल है। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं व आम लोगों से शहीद भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
भगत सिंह का त्याग आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा: रविंद्र सिंह रिंकू
विशेष रूप से उपस्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, झारखंड के प्रदेश नेता रविंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति और समर्पण का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी।
रिंकू ने जोर देकर कहा कि शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करें और देश की एकता, अखंडता व सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह, प्रदेश नेता रविंद्र सिंह रिंकू के अलावा बलबीर सिंह, बबलू, अमरदीप सिंह भाटिया, बलजीत सिंह, वरयाम सिंह, दलजीत सिंह एवं साहिब सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश सेवा का संकल्प लिया।
तीसरी धारा न्यूज – सकारात्मक सोच, समाज का दर्पण।






















