एक नई सोच, एक नई धारा

पूर्वी सिंहभूम शिक्षा विभाग में बड़ा खेल: पहली और दूसरी सूची से बाहर बच्चों का भी हो रहा नामांकन, जांच के घेरे में प्रक्रिया

तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर | 10 अगस्त 2026

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला शिक्षा विभाग में नामांकन प्रक्रिया को लेकर एक बड़े फर्जीवाड़े और अनियमतता का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी और मजबूत साक्ष्यों के अनुसार, जिन बच्चों का नाम पहली और दूसरी मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) में नहीं आया था, उनका भी नियमों को दरकिनार कर नामांकन लिया जा रहा है।

​आरोप है कि बिना उचित ऑनलाइन सत्यापन और पोर्टल पर स्थिति जांचे ही बैकडोर से दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। योग्य और मेधावी छात्र जो सूची में जगह बनाने के बाद भी प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं, उनके अधिकारों पर सीधा डाका डाला जा रहा है। मामले में प्रस्तुत किए गए ठोस दस्तावेजों और साक्ष्यों ने विभागीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​स्थानीय अभिभावकों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को दरकिनार कर इस तरह बैकडोर एंट्री देना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। इस खेल में निचले स्तर के कर्मियों से लेकर विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

​साक्ष्यों के सार्वजनिक होने के बाद अब मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। अभिभावकों ने मांग की है कि ऐसे अवैध नामांकनों को तुरंत रद्द किया जाए और पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी जांच कराकर योग्य बच्चों को उनका हक दिलाया जाए।

तीसरी धारा न्यूज

error: Content is protected !!