जमशेदपुर, 31 जुलाई (तीसरी धारा न्यूज़):
मानगो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सामान्य पूछताछ के सिलसिले में लाए गए एक युवक को प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को सकुशल छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आज तड़के सुबह लगभग 4:00 बजे मानगो थाना पुलिस द्वारा स्थानीय निवासी श्रीमती जमुना प्रसाद के पुत्र विक्की प्रसाद को किसी मामले में सामान्य पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। घटना की सूचना शाम को सामाजिक कार्यकर्ता शक्ति प्रसाद को मिलने पर वे तुरंत मानगो थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली।
पूछताछ के बाद शाम को रिहा
थाना प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया कि विक्की प्रसाद को केवल आवश्यक जानकारी और सामान्य पूछताछ के लिए लाया गया था। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम लगभग 7:45 बजे उन्हें सुरक्षित रिहा कर दिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता ने की पुलिस और सरकार की सराहना
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान शक्ति प्रसाद ने पीड़ित परिवार को सहयोग प्रदान किया। युवक की रिहाई के समय उनकी माता श्रीमती जमुना प्रसाद और सहयोगी राजेश कुमार भी मानगो थाना में मौजूद थे।
मामले के समाधान के बाद शक्ति प्रसाद ने आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति झारखंड सरकार की संवेदनशील नीति की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने मानगो थाना पुलिस एवं झारखंड पुलिस के त्वरित, पारदर्शी और सहयोगपूर्ण रवैये के लिए उनका आभार जताया।
रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज़











