जमशेदपुर: जमशेदपुर टाइगर क्लब के अध्यक्ष आजाद गिरी ने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हाल ही में हुई एक चर्चित घटना को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए पुलिस पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया है।
आजाद गिरी ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि पुलिस की पीसीआर (PCR) गाड़ी से निकालकर किसी व्यक्ति की हत्या जैसी दुस्साहसिक वारदात होना और उसके बाद मामले की जांच को जल्दबाजी में बंद करने की कोशिश करना प्रशासन की नीयत पर कई बड़े संदेह पैदा करता है।
आम जनता का भरोसा डगमगा रहा है: आजाद गिरी
टाइगर क्लब के अध्यक्ष ने कहा कि यदि ऐसे गंभीर और संवेदनशील आपराधिक मामलों की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच नहीं की जाएगी, तो आम जनता का कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा। उन्होंने देश और राज्य की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भ्रष्ट कानून व्यवस्था और प्रशासनिक खामियां समाज के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन चुकी हैं।
पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग
आजाद गिरी ने सरकार और जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने या मामले को दबाने के बजाय प्रशासन को सच्चाई सामने लानी चाहिए। दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई है। आम लोग आजाद गिरी के इस पोस्ट का समर्थन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जमशेदपुर की बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
– तीसरी धारा न्यूज











