जमशेदपुर : पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की पहल पर टीएमएच ने पोटका दिगारसाई के रहने वाले संजय सरदार के पुत्र पवन सरदार का माफ किए 34,800/- रु का चिकित्सा शुल्क। पोटका दिगारसाई के रहने वाले संजय सरदार के पुत्र पवन सरदार जिनका टीएमएच हॉस्पिटल में बकाया बिल 34,800/ हो गया, जिस राशि को भुगतान करने में परिवार असर्मथ थे।
पोटका निवासी समाजसेवी मनोज सरदार ने कुणाल षाड़ंगी को जानकारी दी और अविलंब इस पर हस्तक्षेप का आग्रह किया। उन्होंने परिवार की वित्तीय स्थिति पर संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल प्रबंधन से सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आग्रह किया। अस्पताल प्रबंधन ने बाकी बचे 34,800/- रुपये का शेष बिल माफ़ कर दिया। परिजनों ने अपने इस दुख की घड़ी में साथ देने के लिए पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के प्रति आभार जताया।
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित एक उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की विस्तृत जानकारी रखी गई. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि अपराध मुक्त झारखंड, राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को अवगत कराया गया कि पिछले दिनों नामकुम थाना अंतर्गत असामाजिक तत्वों के द्वारा जेएसएससी बिल्डिंग में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया है जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज किया जा चुका है और अनुसंधान भी जारी है. मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में एसआईटी (एसआइटी) गठित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी का गठन कर जल्द से जल्द मामले का उदभेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इस निमित्त घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा धनबाद के झरिया में हुई घटना की भी जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झरिया में घटित घटना पर एफआईआर दर्ज कर त्वरित जांच की जाए. पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी कि इस घटना पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर है. कई गिरफ्तारियां भी की गई हैं. अनुसंधान जारी है.
हत्या, महिला उत्पीड़न, पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों का उद्भेदन सुनिश्चित हो
मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मौके पर महिला अत्याचार से संबंधित समीक्षा की. महिला अत्याचार के संबंध में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य में विधि व्यवस्था संधारण में प्रयासों की वजह से सांप्रदायिक एवं संवेदनशील घटनाओं में कमी आई है. झारखंड पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से अपराध शीर्ष यथा दहेज प्रताड़ना, चोरी, पोक्सो एवं हत्या के मामलों में भी कमी आई है. मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारियों ने कहा कि महिला अत्याचार के विभिन्न मामलों में वर्ष 2019 में 7650 केस दर्ज किए गए थे. वहीं वर्ष 2020 में 7464, वर्ष 2021 में 7279, वर्ष 2022 में 6963 वर्ष 2023 से अब तक 6132 मामले दर्ज किए गए हैं. पिछले 4 वर्षों में महिला अत्याचार के मामलों में निरंतर कमी आई हैय मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दहेज हत्या के मामलों का शीघ्र उद्भेदन किया जाना सुनिश्चित करें. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके इस निमित्त अनुसंधान ससमय पूरा करें.
रांची, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर, हजारीबाग में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखें
मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने हत्या अपराध से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि हत्या के मामलों में जरूर कमी हुई है परंतु इनका शीघ्र उद्भेदन जरूरी है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची में विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर एवं हजारीबाग में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखें, क्योंकि ऐसी जगहों पर कोई अपराध होता है तो इसका नकारात्मक असर पूरे राज्य में पड़ता है.
पोक्सो एक्ट जघन्य अपराध, नियंत्रण पर हो काम
बैठक में मुख्यमंत्री ने पोक्सो एक्ट से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पोक्सो के मामलों में भी निरंतर कमी आई है. वर्ष 2019 में 1012, वर्ष 2020 में 1236, वर्ष 2021 में 1181, वर्ष 2022 में 1180 वहीं वर्ष 2023 से अबतक 973 पोक्सो एक्ट के मामले दर्ज किए गए हैं. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि पोक्सो एक अत्यंत जघन्य अपराध है। पोक्सो के तहत दर्ज मामलों के अनुसंधान में कोई कोताही नहीं बरती जाए यह सुनिश्चित करें.
जेल में रहकर अपराध को बढ़ावा देने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें.
बैठक में मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि ऐसी भी खबरें मिल रही हैं कि जेल के भीतर से ही कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का गैंग राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनपर कड़ी कार्रवाई करें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एटीएस में एसपी एवं डीएसपी की पोस्टिंग शीघ्र की जाए. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में सहायक सभी संसाधन शीघ्र खरीदें. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी कि आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए वायरलेस उपकरणों के क्रय हेतु प्रशासनिक स्वीकृति तथा बजट उपलब्धता हेतु गृह विभाग से पत्राचार किया गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य सचिव एवं डीजीपी सभी जिलों के डीसी एवं एसपी के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर शीघ्र बैठक करें. बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, डीजीपी अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) संजय आनंद लाठकर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे.
राज्य के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सोमवार को विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे। एक ओर विधायकों को अपने पाले में करने को लेकर जोड़-तोड़ किया जा रहा है तो उधर जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने घोषणा कर डाली है कि वे चंपई सरकार को समर्थन नहीं करेंगे। वे विश्वास मत पर वोटिंग के दौरान तटस्थ रहेंगे।
सरयू राय ने यह भी कहा कि सत्तापक्ष अथवा विपक्ष किसी ने उनसे अपने पक्ष में मतदान के लिए संपर्क भी नहीं किया है। ऐसी स्थिति में गुण-दोष के आधार पर आगे वे सरकार के बारे में राय बनाएंगे। अभी नए सीएम बने हैं। उनके कामकाज को देखना होगा। उनकी रचनात्मक भूमिका सदन में होगी। उन्होंने आशा जताई कि चंपई सोरेन पुरानी राह को बदलेंगे। बड़ी और समानांतर लकीर खीचेंगे।
चंपई सोरेन अपनी अलग लकीर खींचे- सरयू राय
यह पूछे जाने पर कि चंपई सोरेन का कहना है कि हेमंत सोरेन ने विकास की लंबी लकीर खींची है, सरयू राय ने कहा कि वे अपनी अलग लकीर खींचे। वे सरकार के पक्ष में वोट नहीं करेगे। उनकी किसी को जरूरत भी नहीं है। हेमंत सोरेन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्होंने जान-बूझकर मक्खी निगला। वैसे लोगों को आपने आसपास बनाए रखा, जो हानिकारिक साबित हुए। ऐसा भी नहीं है कि उन्हें सचेत नहीं किया गया। उनका कृत्य पांव पर कुल्हाड़ी नहीं, कुल्हाड़ी पर पांव मारना सीखा है। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में सरयू राय ने तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को जमशेदपुर पूर्वी से पराजित किया था।
राज्य हित में निर्णय लेंगे- अमित यादव
बरकट्ठा के निर्दलीय विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि उनका वोट राज्य हित में होगा। सरकार के विपक्ष में वोट करेंगे। साथी विधायकों से भी इस संबंध में विमर्श करेंगे।
झारखंड : वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा रविवार को परोक्ष रूप से केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब ईडी हेमंत के खिलाफ सबूत ‘बनाएगी’। झारखंड राजस्व विभाग के एक उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद की गिरफ्तारी उसी दिशा में एक कदम थी। भानु प्रताप को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। सिब्बल ने कहा कि ईडी 5 फरवरी को भानु प्रताप को रिमांड पर लेगी और फिर उनसे हेमंत सोरेन के खिलाफ बयान दिलवाएगी। भानु प्रताप पहले से ही अपराधी हैं, लेकिन ईडी उनसे हेमंत के खिलाफ पुष्टि कराएगी।
सुप्रीम कोर्ट में सोरेन का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि वे (केंद्र) भानु प्रताप को पहले ही गिरफ्तार कर सकते थे, लेकिन वे हर उस राज्य में सरकार को अस्थिर करने का काम कर रहे हैं, जहां सीएम विपक्षी नेता हैं। सिब्बल ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कौन से मामले उसके पास आने चाहिए और कौन से नहीं…
हेमंत सोरेन के खिलाफ आगे क्या होगा? इस पर कपिल सिब्बल ने कहा कि अब क्या होगा कि हिरासत में रहते हुए हेमंत सोरेन पर 10 और मामले लाद दिए जाएंगे। वे सभी मामले बनाए गए हैं। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि हेमंत सोरेन जल्द ही जेल से बाहर न आएं और लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकें। हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति से भाजपा को फायदा होगा।
सिब्बल ने कहा कि मेरे मुवक्किल हेमंत सोरेन भानु प्रताप प्रसाद को जानते तक नहीं हैं, जबकि ईडी ने कहा कि भानु प्रताप के फोन चैट से संकेत मिलता है कि हेमंत सोरेन को भूमि अधिग्रहण से अवैध लाभ मिला। ईडी ने कहा कि भानु प्रताप ने जमीन के कुछ टुकड़ों का सत्यापन किया जो अवैध रूप से हेमंत सोरेन द्वारा अधिग्रहित किए गए थे।
गौरतलब है कि भानु प्रताप प्रसाद पहले से ही एक अलग जमीन घोटाले में जेल में थे लेकिन अब ईडी ने उन्हें कथित तौर पर हेमंत सोरेन मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी के मुताबिक, भानु प्रताप जमीन सौदे में हेमंत सोरेन के भरोसेमंद सहयोगी थे। बता दें कि झारखंड की राजनीति में तब उथल-पुथल मच गई थी जब घंटों पूछताछ के बाद ईडी ने 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले कि ईडी उन्हें हिरासत में लेती, उन्होंने इस्तीफा दे दिया और अगले मुख्यमंत्री के रूप में चंपई सोरेन के नाम की घोषणा कर दी गई थी।
जमशेदपुर : अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद आस्था स्पेशल से अयोध्या पहुंचे विश्व हिन्दू परिषद बजरंगदल और संघ के सभी अधिकारी भव्य मंदिर और श्रीराम लला व हनुमान गढी के अलौकिक दर्शन किये।
दिव्य अलौकिक दर्शन हेतू विहिप प्रांत से शंकर राव, जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, जिला मंत्री चंद्रिका भगत, सहमंत्री भोला लोहार, उपाध्यक्ष गोपी राव, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, प्रचार प्रसार प्रमुख उत्तम कुमार दास, सामाजिक समरसता चंदन दास, धर्म प्रसार प्रमुख एम साई दी, सह प्रमुख विवेक सिंह, कदमा उपाध्यक्ष विवेक शर्मा, संघ के विभाग के संजय सिंह जी संग विभाग व जिला और विभाग के कई अधिकारीगण मौजूद रहे।
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंदर सिंह रिंकू ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनवर हयात जी का पिछला कार्यकाल में काफी काम देखने को मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया है और उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने अल्पसंख्यकों के योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया था और हमें उम्मीद है कि यह कार्य आगे और भी बेहतरीन तरीके से बनेगा।
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के खबर के बाद जमशेदपुर के भाजपा सिख नेता सरदार सतबीर सिंह सोमू ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी जी को बधाई देते हुए कहा कि यह हम कार्यकर्ताओं के लिए काफी गौरवान्वित पल है। (जारी…)
2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब उनका जमशेदपुर आना हुआ था तब उनके साथ 2 दिन बिताने का सुअवसर मिला था। उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली, विचारधारा और सुबह से रात तक कार्य करने की उनकी ऊर्जा ने काफी प्रभावित किया था। उम्र के उस पड़ाव में भी जिस तरह से पार्टी के लिए वो समर्पित होकर पूरी ऊर्जा से वो कार्य कर रहें थे उससे पार्टी के हर कार्यकर्ताओं को सीखना चाहिए। श्री लालकृष्ण आडवाणी जी हम युवा कार्यकर्ताओं के दिल मे बसते हैं और भारत सरकार द्वारा उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने पर उन्हें हार्दिक बधाई।
सरायकेला : सरायकेला जिले में हुए तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामले में पांच साल बाद परिजनों को मुआवजा मिला है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अनुशंसा के बाद तबरेज आलम की पत्नी सहिस्ता परवीन को दो लाख का मुआवजा दिया गया. इससे संबंधित आदेश झारखंड गृह विभाग ने जारी कर दी है.
तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामला 17 जून 2019 का है. तबरेज जमशेदपुर से अपने गांव वापस लौट रहा था. तभी सरायकेला इलाके के धातकीडीह गांव के कुछ लोगों ने उसे चोरी के आरोप में पकड़ लिया था. उसके बाद बिजली के खंबे में बांधकर उ,की पिटाई की थी. पुलिस ने तबरेज को चोरी के आरोप में जेल भेज दिया था. जहां उसकी तबीयत बिगड़ गयी और 22 जून 2019 को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी.
सरायकेला कोर्ट ने इस मामले में बीते पांच जुलाई 2023 को 10 दोषियों को दस साल की सजा सुनायी. साथ ही सभी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. सरायकेला सिविल कोर्ट के एडीजे-1 अमित शेखर की कोर्ट ने आईपीसी की धारा 304 के तहत दोषियों को सजा सुनायी. कोर्ट ने जिन 10 लोगों को दोषी करार दिया, उनमें भीम सिंह मुंडा, कमल महतो, मदन नायक, अतुल महाली, सुमंत महतो, विक्रम मंडल, चामू नायक, प्रेमचंद महाली और महेश महाली शामिल हैं.
दुमका : राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दुमका में जारी है. यात्रा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमने जातिगत जनगणना की मांग उठायी. कहा कि देश का एक्स रे होना चाहिए. सबको यह पता चलना चाहिए कि देश में कितने आदिवासी, कितने दलित, कितने पिछड़े, कितने सामान्य हैं और उनके पास कितना धन है. PM मोदी यह काम नहीं कराना चाहते. लेकिन जैसे ही हमारी सरकार आयेगी, हम जातिगत जनगणना करायेंगे.
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इससे पहले शुक्रवार को बंगाल से नासीपुर के रास्ते झारखंड के पाकुड़ में प्रवेश की थी. यहां नासीपुर मोड़ मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सबसे पहले झारखंड वासियों को बधाई दी और कहा कि आपलोगों ने लोकतंत्र को बचा लिया. आपने अपने वोट से जो सरकार चुनी थी, उसे भाजपा ने चुराने की कोशिश की, उखाड़ने की कोशिश की.
लेकिन जनता के प्यार व भावना का सम्मान करते हुए उस साजिश के खिलाफ हमसब खड़े हो गये और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. इसी का नतीजा है कि नये मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज आपके सामने खड़े हैं. यह लड़ाई विचारधारा की है और इसे अंजाम तक पहुंचायेंगे. भाजपा के पास धन है, केंद्रीय एजेंसियां हैं. उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को चुनौती दी कि जितना दबाव डालना है, कोशिश करके देख लो, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. भाजपा और आरएसएस से हम डरने वाले नहीं हैं.
जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से गुरुवार को साकची सब्जी बाजार में प्रतिबंधित प्लास्टिक स्टॉक कर बेचने के आरोप में 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। सब्जी विक्रेता सुंदर प्रसाद के पास से 314 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक का बैग भी जब्त किया गया है। नगर प्रबंधक रवि भारती और प्रकाश साहू के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल ने छापेमारी कर प्लास्टिक बैग जब्त किया। सब्जी विक्रेता को दोबारा प्लास्टिक बैग बेचने पर कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई।