एक नई सोच, एक नई धारा

1001965460
टाटा स्टील ने ओडिशा सरकार के नोटिस को कोर्ट में दी चुनौती

कंपनी पर खान विकास एवं उत्पादन समझौते (एमडीपीए) के तहत अपने डिस्पैच से संबंधित दायित्वों को पूरा नहीं करने का है आरोप

टाटा स्टील ने ओडिशा सरकार की ओर से भेजे गये 2410.89 करोड़ रुपये के डिमांड नोटिस को कटक स्थित ओडिशा हाइकोर्ट में चुनौती दी है.

इसकी जानकारी कंपनी की ओर से कंपनी सेक्रेटरी और चीफ लीगल ऑफिसर पार्वथीसम कांचीनाधाम ने दी है. उन्होंने बताया है कि कंपनी की ओर से ओडिशा सरकार, केंद्रीय खनन मंत्रालय, ओडिशा के डायरेक्टर ऑफ माइंस और ओडिशा जाजपुर के डिप्टी डायरेक्टर माइंस के खिलाफ याचिका कटक स्थित ओडिशा हाइकोर्ट में दायर की है. टाटा स्टील लिमिटेड को 2,410.89 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है. कंपनी को 3 अक्टूबर को जाजपुर स्थित खान उप निदेशक कार्यालय से यह आदेश मिला था. यह नोटिस कंपनी के सुकिंदा क्रोमाइट ब्लॉक से पांचवें ऑपरेशनल इयर, 23 जुलाई 2024 से 22 जुलाई 2025 तक, क्रोम अयस्क डिस्पैच में कथित कमी के कारण मिला है. यह डिमांड, मिनरल (परमाणु एवं हाइड्रोकार्बन ऊर्जा खनिजों के अलावा) रियायत नियम, 2016 के रूल 12ए के तहत है.

1001965460

अधिकारियों का आरोप है कि कंपनी ने खान विकास एवं उत्पादन समझौते (एमडीपीए) के तहत अपने डिस्पैच से संबंधित दायित्वों को पूरा नहीं किया. टाटा स्टील का मानना है कि राज्य सरकार द्वारा उठायी गयी मांग में “कोई लॉजिक या ठोस आधार नहीं है ” और उसके पास इस मामले को कानूनी और गुण-दोष, दोनों ही आधारों पर चुनौती देने के लिए ठोस आधार हैं, इसलिए कंपनी ने कहा कि वह संबंधित न्यायिक या अर्ध-न्यायिक मंचों के सामने उचित कानूनी कदम उठा रही है. इससे पहले टाटा स्टील ने ओडिशा राज्य द्वारा चौथे वर्ष के लिए की गयी इसी तरह की मांग को पहले ही ओडिशा हाइकोर्ट में दायर एक रिट याचिका के माध्यम से चुनौती दी है. कोर्ट ने इस मामले में अपने आदेश द्वारा सरकारी अधिकारियों पर बलपूर्वक कार्रवाई करने पर अंतरिम रोक लगा दी है.

1001965454
टाटानगर स्टेशन पर बनेगा स्थायी होल्डिंग एरिया, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी

देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने की मिली मंजूरी

1001965454

रेलवे लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और यात्री सुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है.

इस कड़ी में गुरुवार को रेल मंत्री ने देश भर के 75 रेलवे स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने के फैसले को मंजूरी दे दी. इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे के अधीन टाटानगर स्टेशन भी शामिल है. टाटानगर के अलावा शालिमार और रांची स्टेशन को भी इसमें शामिल किया गया है. त्योहारी सीजन के दौरान टाटानगर में होल्डिंग एरिया बनाया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा, जिसको देखते हुए यह कदम उठाया गया है.

इस सुविधा की मदद से टाटानगर स्टेशन ने दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर भारी भीड़ को आसानी से संभाला था. रेलवे स्टेशन पर यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंजूरी दी है. यह निर्णय स्टेशन पर यात्री होल्डिंग एरिया की सफलता को देखते हुए लिया गया है. लक्ष्य है कि 2026 के त्योहारी सीजन से पहले अन्य स्टेशन की तरह ही टाटानगर स्टेशन पर स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा कर लिया जाये. इस होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने, टिकट काउंटर, शौचालय, पूछताछ, लगेज चेकिंग और खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही यहां पर भीड़ को कंट्रोल करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे और सहायक कर्मी तैनात किये जायेंगे.

1001963479
झारखंड में 2003 की वोटर लिस्ट के आधार पर एसआईआर की तैयारी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की बैठक

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के पूर्व मतदाताओं की पैतृक मैपिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इसके लिए वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट को आधार माना गया है. मौजूदा मतदाताओं के नाम का मिलान इस वोटर लिस्ट से किया जाएगा.

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और हेल्प डेस्क मैनेजरों के साथ समीक्षा सह प्रशिक्षण बैठक की. उन्होंने कहा कि पैतृक मैपिंग इसलिए कराई जा रही है ताकि मतदाताओं को एसआईआर के दौरान न्यूनतम दस्तावेज प्रस्तुत करने पड़ें.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर पैतृक मैपिंग के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएं. इन कैंपों में संबंधित मतदान केंद्रों के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए.

1001963479

उन्होंने कहा कि बीएलओ वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान सूची के मतदाताओं की भौतिक रूप से मैपिंग करें और सभी सत्यापित आंकड़े बीएलओ ऐप पर अपलोड करें.

के रवि कुमार ने कहा कि कैंप स्थलों पर हाई स्पीड इंटरनेट और पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर ऑपरेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने इसे एसआईआर अभियान के लिए अत्यंत आवश्यक बताया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ईसीआईनेट पोर्टल पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विथ बीएलओ’ सुविधा की समीक्षा करते हुए कहा कि इस सुविधा के तहत मतदाता अपने बीएलओ से ऑनलाइन संपर्क कर सकते हैं, लेकिन राज्य में इस पर बीएलओ का रिस्पॉन्स कम देखा जा रहा है.

उन्होंने निर्देश दिया कि इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और प्राप्त कॉल्स पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो. समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्प डेस्क मैनेजर ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए.

1001960048
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगद समेत अब तक कुल ₹2 करोड़ 91 लाख 21 हजार रू. के मूल्य की सामग्री जब्त

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार विधानसभा उप निर्वाचन-2025 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने हेतु जिले में सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। निगरानी दलों द्वारा अंतरराज्यीय सीमाओं, चेकपोस्टों एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच एवं सतत कार्रवाई के तहत अब तक बड़ी मात्रा में नकदी, शराब, मादक पदार्थ एवं फ्रीबीज जब्त किए गए हैं।

1001960048

*विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा अब तक निम्नलिखित सामग्रियों की जब्ती की गई है—*

नकद राशि- ₹42 लाख 71 हजार रू
शराब – 12,837 लीटर (बाजार मूल्य ₹10 लाख 11 हजार रू )
ड्रग्स/मादक पदार्थ – ₹5 लाख 10 हजार रू
फ्रीबीज/अन्य सामग्री – ₹2 करोड़ 33 लाख 38 हजार रू
कुल जब्ती – ₹2 करोड़ 91 लाख 21 हजार रू

बता दें कि जिले में स्थापित फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), स्थैतिक निगरानी दल (SST), आबकारी विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला स्तरीय व्यय निगरानी दल द्वारा संयुक्त रूप से सतत कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध गतिविधि, धन या वस्तु वितरण की सूचना तुरंत सी-विजिल एप के माध्यम से दें। प्रशासन ऐसी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करेगा।

1001963392 scaled
सामान्य प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन, बूथवार आवंटित किए गए ईवीएम

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 के मद्देनजर सामान्य प्रेक्षक श्रीमती राखी विश्वास एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि की उपस्थिति में ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन समाहरणालय सभागार में किया गया । रेंडमाइजेशन से पूर्व राजनीतिक दलों को प्रक्रिया समझाई गई ।

1001963392

रेंडमाइजेशन में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों की संख्या अनुसार आरक्षित सहित बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट का आवंटन किया गया। कुल 300 मतदान केन्द्रों के लिए 390 बीयू, 390 सीयू एवं 420 वीवीपैट आवंटित किए गए । इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, ईवीएम कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, डीआईओ श्री किशोर प्रसाद, ईडीएम श्री मनीष प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे ।

1001963395
1001811065
बुरूडीह के जंगल में मिले नाबालिग नेहा नायक के शव मामले की उच्चस्तरीय जांच हो : सुमन

कांड्रा : कांड्रा थाना अन्तर्गत बुरूडीह के जंगल में 17 वर्षीय नाबालिग युवती नेहा नायक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। इस मामले को लेकर मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सरायकेला खरसावां जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने कहा कि आये दिन अपराधियों द्वारा एक एक कर जिले में हत्यायें कर जिले में दहशत फैलाया जा रहा है। अपराधी बिना डर भय के खुले हवा में विचरण कर रहे हैं।

1001811065

मालूम हो कि गम्हरिया थाना अन्तर्गत पाकुड़गोड़ा निवासी राकेश कारूवा 22 वर्ष की पाकुड़गोड़ा गांव समीपवर्ती रेल पटरी में मिलना, आदित्यपुर थाना अन्तर्गत संजय माहली का नदी में शव मिलना चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन को इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जिले के पुलिस कप्तान श्री मुकेश कुमार लुणायत को गंभीरता पूर्वक तकनीकी सेल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए उच्चस्तरीय जांच कर मामले का उद्भेदन करना चाहिए, अन्यथा लोगों का पुलिस प्रशासन से विश्वास उठ जाएगा।

1001962543
1001962786
बिरसानगर : महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आल्मंड ब्लॉक के आस्था ट्वीन सिटी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. गुरुवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव सौंपते ही दोनों पक्षों के बीच हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद मायके पक्ष वालों को समझाकर ससुराल पक्ष वालों को शव सौंपा गया. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी अनुसार मृत महिला बर्खा अग्रवाल की शादी 2010 में मुकेश अग्रवाल से हुई थी. वह अपने दो बच्चों के साथ जमशेदपुर में अकेले रहती थी. उसका पति सिंगापुर में रहकर काम करता था. अभी फिलहाल छुट्टी पर घर आया था. मृतका के भाई वरुण ने बताया कि बर्खा बुधवार रात घर पर साड़ी के फंदे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसकी सूचना ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें दिया गया. वे लोग घाटशिला में रहते है, एक घंटे में मर्सी अस्पताल पहुंचा तो देखा कि उनकी बहन के साथ ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं है.

1001962786

उन्होंने बताया कि उनके जीजा मुकेश अग्रवाल दो वर्षों से सिंगापुर में अकेले रह रहे थे. अभी फिलहाल छुट्टी पर घर आये थे. घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था. घर के सदस्य हमारे यहां मायके आ रहे थे. घटना की जानकारी मृतका के बेटे ने परिजनों को दी फिर उनके पड़ोसी और जेठानी के सहयोग से शव को उतारकर मर्सी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां से मायके पक्ष वालों ने उन्हें एमजीएम पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मायके पक्ष वालों का आरोप है कि उनकी बेटी ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है. उसके साथ कुछ अनहोनी हुआ है, जिसे ये लोग बता नहीं रहे है. फिलहाल इस मामले में कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. बर्खा के ससुराल वाले दो बिल्डिंग छोड़कर रहते है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. वहीं बर्खा के पति से आत्महत्या का कारण पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया.

1001962287
कदमा : 20 लाख की डकैती का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एसआईटी ने तीन कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार

कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-02 में 9 अक्टूबर की शाम लगभग 7:30 बजे हुई 20 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

1001962287

घटना के संबंध में पीड़ित दीप राज दास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि करीब 7-8 हथियारबंद अपराधी उनके घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिए और जेवरात व कीमती सामान समेत लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लूटकर फरार हो गए थे.

मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने पेशेवर ढंग से जांच करते हुए तीन अपराधियों — गुड्डू पाजी उर्फ श्रवण कुमार निर्मलकर (लोको कॉलोनी मछुआ बस्ती, परसुडीह), विजय उर्फ विशाल सवैया (सोमाय झोपड़ी, बागबेड़ा) और शिवम कालिंदी (धालभूमगढ़) — को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच 05 डीज़ेड 5810) बरामद की है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अपराधियों पर हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं. एसआईटी टीम इससे पहले इस कांड में शामिल पांच अन्य अपराधियों को जेल भेज चुकी है. पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया जाएगा.

1001962238
भाजपा से जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा समेत कई प्रमुख नेताओं ने झामुमो का दामन थामा

जमशेदपुर : राजनीति में कब क्या हो और कौन किस पाले जाकर बैठ जाए यह कहना काफी मुश्किल होता है, वह भी तब जब किसी भी प्रकार का चुनाव सर पर सवार हो। यही हाल पूर्वी सिंहभूम में भी देखने को मिल रहा है। पूर्वी सिंहभूम जिले की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। झामुमो नेता एवं जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू तथा पूर्व विधायक कुणाल सारंगी की उपस्थिति में भाजपा से जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा समेत कई प्रमुख नेताओं ने झामुमो का दामन थाम लिया।

1001962238

झामुमो परिवार में शामिल होने वालों में खगेन महतो, सौरभ चक्रवर्ती, कौशिक कुमार, तुषार पातर सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं। इस दौरान सभी का झामुमो पार्टी में स्वागत किया गया और “जोहार” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस मौके पर नेताओं ने कहा कि वे झामुमो के नेतृत्व और जनहित की नीतियों से प्रभावित हैं और अब वे जनता के बीच जाकर संगठन को और मजबूत करेंगे। आगामी घाटशिला उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश दिख रहा है और यह दल बदल उपचुनाव के परिणामों पर क्या असर डालेगी यह जनता का मत ही बता पाएगा।

1001962257
जमशेदपुर: परसुडीह में हिंसक झड़प — चार आरोपी गिरफ्तार, इलाके में तनाव बरकरार

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर-2 में मंगलवार देर शाम हुए हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

1001962257

सूत्रों के अनुसार, पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें दो लोग घायल हो गए। झड़प के दौरान एक कार में आग भी लगा दी गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। देर रात तक छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने मोहम्मद सकील, मोहम्मद नौशाद, कलीम कुरैशी और मोहम्मद आशीफ कुरैशी को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

न्यूज़ स्प्रिट, अंकित सिन्हा की रिपोर्ट।

error: Content is protected !!