जमशेदपुर, बागबेड़ा कॉलोनी के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि मैया सम्मान योजना में लगातार हो रही त्रुटियों का सही कारण स्पष्ट करें। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद बड़ी संख्या में लाभुक महिलाओं के खाते में राशि नहीं पहुंच पा रही है।
पंसस सुनील गुप्ता ने कहा कि कई लाभुकों को प्रारंभिक किस्तें मिलने के बाद भी वर्तमान में भुगतान बंद हो गया है। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी इस समस्या का समाधान या कारण स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं, जिससे लाभुक महिलाएं बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं और आक्रोशित हैं।
पंसस सुनील गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि बचे हुए लाभुकों के खाते में शीघ्र राशि निर्गत नहीं की गई तो महिलाओं को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों की होगी।
जमीनी स्तर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मज़बूत करने की एक ऐतिहासिक पहल के तहत टाटा मोटर्स ने जमशेदपुर के खगड़ीपाड़ा में महिला उद्यमिता विकास केंद्र का उद्घाटन किया. इस केंद्र का उद्घाटन टाटा मोटर्स लिमिटेड के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सीताराम कंडी और खगड़ीपाड़ा ग्राम पंचायत की मुखिया चांदमुनी बरदा ने संयुक्त रूप से किया. इस यात्रा के दौरान सीताराम कंडी ने लाभार्थियों, स्थानीय सामुदायिक नेताओं और युवा प्रशिक्षुओं से बातचीत की और समावेशी एवं सतत विकास के प्रति टाटा मोटर्स की प्रतिबद्धता की पुष्टि की.
महिला उद्यमिता विकास केंद्र की परिकल्पना महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा करने के लिए एक जीवंत संसाधन केंद्र के रूप में की गई है. यह केंद्र महिलाओं को उद्यमिता अपनाने और अपने समुदायों के आर्थिक विकास में योगदान देने के प्रोत्साहित करने हेतु मार्गदर्शन, व्यावहारिक प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को एक साथ लाएगा.
गुरुवार को उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), उप स्वास्थ्य केंद्र (SHC) एवं अनुमंडलीय अस्पताल (BPHU) के निर्माण कार्यों की प्रगति, व्यय की स्थिति (Expenditure) एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके. प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए. विभागीय समन्वय को और प्रभावी बनाया जाए ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनी रहे. स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके.
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य अवसंरचना से संबंधित योजनाएँ तभी सार्थक होंगी जब उन्हें निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए. इस संदर्भ में सभी कार्यपालक अभिकरणों को यह निर्देश दिया गया कि वे कार्य में तेजी लाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में सिविल सर्जन, विभिन्न कार्य एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी ऑनलइन उपस्थित रहे
सोनारी पुलिस ने वर्धमान ज्वैलर्स में हुई लूट का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मास्टरमाइंड भी शामिल है। यह अंतरराज्यीय गिरोह झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में लूट और डकैती की घटनाओं में सक्रिय था।
गिरफ्तार अपराधियों में विष्णु शंकर राय, सौरभ मेहता उर्फ सोनू और सूरज कुमार शामिल हैं। विष्णु शंकर राय बिहार के आरा जिले के नेवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर बैंक कॉलोनी के निवासी हैं। सौरभ मेहता झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नदियाइन गांव के रहने वाले हैं, जबकि सूरज कुमार पलामू के हरिहरगंज के निवासी हैं। उनके ठिकानों से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक हुंडई अलकाजार कार, दो पल्सर मोटरसाइकिलें, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन बरामद किए।
सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि 3 सितंबर को सोनारी के गुदड़ी मार्केट स्थित वर्धमान ज्वैलर्स में लूट हुई थी। अपराधियों ने लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की पांच सोने की चेन लूट ली।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने विष्णु शंकर राय को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। बिहार भेजी गई टीम ने कई संदिग्ध इलाकों में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सौरभ मेहता और सूरज कुमार भी इस लूट में शामिल थे। दोनों को पलामू से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों ने लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की और बताया कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह सक्रिय था। पुलिस अभी अन्य फरार अपराधियों की तलाश में है।
गिरफ्तारी के बाद विष्णु शंकर राय की निशानदेही पर डोबो पुल के पास झाड़ियों में एक देशी पिस्टल बरामद की गई। इसके अलावा हुंडई कार, दो मोटरसाइकिलें, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह झारखंड और बिहार के कई जिलों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
एसआईटी टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर और सन्नी वर्धन ने किया। उनके साथ सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे, साइबर थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, जांच अधिकारी धनंजय कुमार सिंह और तकनीकी शाखा की टीम भी शामिल थी।
भारतीय चुनाव आयोग ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आरोपों को निराधार और गलत बताते हुए उनका खंडन किया है. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन वोट डिलीशन संभव नहीं है और किसी मतदाता को सुनवाई का मौका दिए बिना वोटों को हटाया नहीं जा सकता है.
कांग्रेस सांसद की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने कहा, “किसी भी आम नागरिक की तरफ से किसी भी वोट को ऑनलाइन नहीं हटाया जा सकता, जैसा कि राहुल गांधी ने गलत धारणा बनाई है. प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना वोटों को हटाया नहीं जा सकता.”
आलंद निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं के वोट हटाने के आरोपों पर चुनाव आयोग ने जवाब दिया, “2023 में आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए थे और मामले की जांच के लिए स्वयं चुनाव आयोग की ओर से एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आलंद में चुनाव निष्पक्ष परिणाम दर्शाते हैं, जिसमें 2018 में भाजपा के सुभाध गुट्टेदार और 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल जीते.”
इससे पहले, राहुल गांधी ने आरोप लगाए कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मतदाता सूची से नाम हटाने के मामले में शामिल लोगों को बचा रहे हैं. उन्होंने कर्नाटक के आलंद और महाराष्ट्र के राजुरा निर्वाचन क्षेत्रों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सॉफ्टवेयर प्रोग्राम का इस्तेमाल करके पूरे देश में व्यवस्थित रूप से मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं.
राहुल गांधी ने दावा किया कि कर्नाटक सीआईडी ने पिछले 18 महीनों में चुनाव आयोग को 18 बार पत्र लिखकर मतदाताओं के नाम हटाने से संबंधित तकनीकी विवरण मांगा था, लेकिन चुनाव आयोग ने जानकारी साझा नहीं की.
सरायकेला-खरसावां पुलिस ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ रखा है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर नीमडीह थाना क्षेत्र से पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब और अन्य सामान बरामद किया है.
थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सरायकेला-खरसावां पुलिस ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ रखा है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के दिशानिर्देश पर नीमडीह थाना पुलिस तेतलो गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब और उसे बनाने का सामान बरामद किया है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निरंजन गोराई और प्रकाश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान नकली अंग्रेजी शराब की बोतलें, लगभग 100 लीटर स्पिरिट, नकली शराब बनाने के लिए उपयोग होने वाले विभिन्न ब्रांड के लेबल, स्टिकर, बोतल के ढक्कन, झारखंड सरकार का लोगो और क्यूआर कोड वाले स्टिकर जब्त किए हैं.
रांची जिले के हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने मौर्या एक्सप्रेस ट्रेन से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्करों के पास से 14 पैकेट में कुल 30 किलो मादक पदार्थ बरामद किये गये हैं. दूसरी ओर हटिया स्टेशन पर आरपीएफ की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रांची की डीएमएफटी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान एक नाबालिग लड़के को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया.
जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा बिरसानगर में पीएम आवास योजना (शहरी) के घटक-3 के तहत बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन का उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया । निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन दो टॉवर में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति तथा स्थल पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की । इस योजना के तहत निर्माणाधीन दो टॉवरों में लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उपायुक्त ने संवेदकों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष कार्य पूर्ण किया जाए ताकि लाभुकों को शीघ्र ही आवास उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहरी गरीब परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है और इसमें किसी भी प्रकार से अब विलंब नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कार्य के दौरान सुरक्षात्मक मानकों का पालन करने तथा न्यूनतम मजदूरी भुगतान नियमित रूप से करने का निर्देश संवेदकों को दिया। साथ ही उन्होंने बिजली, पेयजल, ड्रेनेज, एवं पहुंच पथ जैसी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों के शिफ्टिंग के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अग्रिम रूप से सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिला प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि हर योग्य लाभुक को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिले, जिससे उनके जीवनस्तर में सुधार हो। मौके पर उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्री चंद्रजीत सिंह, कार्यपाल अभियंता श्री दीपक सहाय व अन्य तकनीकी पदाधिकारी एवं संवेदक उपस्थित थे।
जमशेदपुर : दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने शहर क्षेत्र में स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री भगीरथ प्रसाद व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में भोजपुर घाट, सुवर्णरेखा घाट, पांडेय घाट, नया पुल घाट, दोमुहानी घाट, सती घाट, सब स्टेशन घाट, बेली बोधनवाला घाट तथा बड़ौदा घाट का स्थल निरीक्षण कर प्रशासनिक इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने नगर निकाय एवं जुस्को प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु घाटों तक जाने वाले पहुंच पथों का मरम्मतीकरण, घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, तथा सुरक्षा मानकों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त द्वारा घाटों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया ताकि किसी भी प्रकार के दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने गोताखोर एवं आपदा प्रबंधन टीमों को विसर्जन के दौरान अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विसर्जन के समय विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान सभी सुरक्षा उपायों को मूर्त रूप दिया जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष भूमिका होगी।
मौके पर उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, एसडीएम धालभूम श्री चंद्रजीत सिंह, बीडीओ जमशेदपुर सदर श्री सुमित प्रकाश तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर के पास सोमवार शाम को सनसनीखेज घटना घटित हुई, जब बादल नामक अपराधी ने पोपो मुंडा नाम के युवक पर फायरिंग कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोपो मुंडा अपने घर पर आराम कर रहा था कि अचानक बादल वहां पहुंचा और अकारण फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पोपो मुंडा के गुप्तांग में दो गोली लगीं। गोली चलने के साथ ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल पोपो को टाटा मेमोरियल अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
प्रत्यक्षदर्शी गुड़िया ने बताया कि बादल नामक युवक ने पोपो मुंडा पर दो राउंड फायर किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस के साथ-साथ विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है। गोली चलाने वाले युवक की पहचान भी पुलिस ने कर ली है।
डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात ने गांधीनगर क्षेत्र में सनसनी मचा दी है, और स्थानीय लोग तनाव में हैं। पुलिस लगातार इस मामले की पड़ताल कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके में पुलिस बल को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।