जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आहूत बैठक में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने लोक अभियोजक, सरकारी अधिवक्ता, अपर लोक अभियोजक, सहायक लोक अभियोजक, प्रभारी अधिकारी विधी शाखा, सहायक लोक अभियोजक समेत अन्य सम्बन्धित के साथ लंबित वादों को लेकर समीक्षा की। (जारी…)
बैठक में केस रिपोर्ट (क्रिमिनल और सिविल मामले), पोक्सो एक्ट, सरकारी भूमि की सुरक्षा, महिला उत्पीड़न, एससी एसटी, साइबर अपराध व जघन्य अपराध से जुड़े लंबित वादों पर विमर्श किया गया। लंबित मामलों का निपटारा ससमय किया जाए इसके लिए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी लंबित वादों की ऑनलाइन इंट्री करते हुए कार्य योजना तैयार करने करने की बात कही। सभी मामलों के रिकॉर्ड्स को योजनाबद्ध तरीके से रिकॉर्ड कीपिंग किये जाने पर बल दिया गया। साथ ही महिला उत्पीड़न, पोक्सो, एससी एसटी से जुड़े कम से कम 50 मामलों की प्राथमिकता सूची बनाने की बात कही जिनके गहन अनुश्रवण की आवश्यकता है।
जमशेदपुर : समाहरणालय परिसर से जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा पीएम- जनमन योजना के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । मौके पर उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार, निदेशक एनईपी श्रीमती ज्योत्सना सिंह, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती नेहा संजना खलखो मौजूद रहीं। (जारी…)
इस मौके पर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड द्वारा आदिम जनजाति समूहों को विकास योजनाओं को लेकर जागरूक करने एवं उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया गया है। पीएम जनमन योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका में अंतर समाप्त कर पीवीटीजी सदस्यों की सामाजिक आर्थिक स्थिति में सुधार करना है। साथ ही विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों, परिवारों एवं बस्तियों को बुनियादी सुविधाओं एवं सेवाओं से युक्त किया जाना है। उन्होंने कहा कि आदिम जनजाति समूहों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान हेतु जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। (जारी…)
इस महाअभियान के तहत पीवीटीजी बसाहटो का सर्वे कर आवास, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका आदि की शत प्रतिशत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव, आयुष्मान कार्ड का लाभ तथा स्वच्छ पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं को लाभ, आजीविका के साधन, वन अधिकार पट्टा, राशन जैसी सुविधाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा। (जारी…)
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रचार रथ संचलाकों को दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करने के लिए निर्देशित किया जिससे हितग्राही विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर लाभन्वित हो सके। उन्होने बताया कि यह प्रचार रथ जिले के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों, वनांचलों में निवासरत सभी पीवीटीजी बसाहटों में जाकर जनजाति लोगों के मध्य पीएम जनमन योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर उन्हें जागरूक करने का कार्य करेगा।
चाकुलिया : मकर संक्रांति के अवसर पर चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर अंतर्गत अन्तर्गत एनएच 18 से सटे केरूकोचा हाट में लगाये गए पटाखों की दूकान में अचानक भीषण आग लगने से करीब एक दर्जन मोटरसाइकिल एवं कई टेम्पो जलकर राख हो गए। आग की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है की महज़ कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे बाज़ार को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची झारखण्ड अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। (जारी…)
घटना के सम्बन्ध में ग्रामीणों ने बताया की मकर संक्रांति के अवसर पर केरुकोचा में हाट लगाया गया था। इस हाट में चार दुकानों में पटाखों की बिक्री की जा रही थी। इसी क्रम में किसी एक पटाखे की दूकान में आग लग गयी। जिसने अपने अगल -बगल के पटाखों की दुकानों भी चपेट में ले लिया और फिर आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और आतिशबाजी होने लगी और चारों तरफ धुआं फ़ैल गया। इसी दौरान आग फैलती हुई हाट के पास खड़ी मोटरसाइकिलों तक पहुँच गयी और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे करीब एक दर्जन मोटरसाइकिल मौके पर ही स्वाहा हो गयी। (जारी…)
इसके बाद वहां खड़े यात्री एवं मालवाहक टेम्पो भी आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गए। आग पर काबू नहीं होता देखकर किसी ने श्यामसुंदरपुर थाना को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुँच कर अग्निशमन विभाग को खबर दिया। जिसके बाद दमकल की गाड़ियाँ और अग्निशमन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 20 लाख के नुक्सान होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जमशेदपुर : समाजसेवी रवि जयसवाल ने एक बार फिर से सकारात्मक पहल करते हुए शनिवार को वेस्ट पंजाब रिफ्यूजी मध्य विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर 54 बच्चों के बीच नि:शुक्ल स्कूल यूनिफार्म का वितरण किया। इसे लेकर स्कूल परिसर में प्रधानाध्यापक अरुंजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां रवि जयसवाल ने अपने हाथों से बच्चों के बीच पोषक का वितरण किया।
समाज को मजबूत करने के लिए शिक्षा जरूरी : रवि
बच्चों को ड्रेस देते हुए उनकी खुशी देखकर रवि भी खुद को रोक नहीं पाये और बच्चों को चूमकर अपनी खुशी प्रकट की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ये बच्चे समाज का भविष्य हैं। समाज और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए इन्हें शिक्षा लेनी जरूरी है। कोई बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसी उद्देश्य के साथ एक छोटी सी पहल समाज को शिक्षित करने के लिए की गई है। उन्होंने सरकार और सक्षम लोगों को भी इसके लिए कदम बढ़ाने की अपील की। रवि ने बच्चों से कहा कि अच्छे से पढ़ाई करें, यही पढ़ाई आपको एक दिन सफल इंसान बनाएगी।”इस अवसर पर वस्त्र पा कर बच्चे भी काफी खुश नजर आए। (जारी…)
मौक़े पर उपस्थित स्कूल सचिव एवं रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा के प्रधान हरमिंदर सिंह मिन्दी ने रवि जयसवाल की सोच और उनके द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की ओर से शिक्षिका हरजीत कौर, आशीष कुमार दास, सीमा कुमारी, रंजना कुमारी समेत अन्य कर्मियों का योगदान रहा।
बहरागोड़ा के जगन्नाथपुर में चिकन पॉक्स फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने जांच में 9 लोगों को चिकन पॉक्स से ग्रसित पाया। टीम ने चार लोगों का सैंपल ली, जिसकी जांच कराई जाएगी। सैंपल को जांच में मेडिकल कॉलेज का लैब भेजा गया। टीम में शामिल महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मो. असद ने ग्रामीणों को झाड़-फूंक नहीं कराने, साफ-सफाई रखने, साफ पानी व ताजा खाना खाने की बात कही। टीम में डॉ. असद के अलावा सुशील तिवारी, दीपक कुमार, अरुण कुमार, सहिया, सेविका व सीएचओ शामिल थे।
जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर उस वक्त अपनातफरी मच गई, जब तीन नंबर प्लेटफार्म पर जा रही महिला यात्री अनियंत्रित होकर एस्केलेटर से नीचे गिर गई। बताया जाता है कि मानगो निवासी तबस्सुम अली 50 वर्ष को नीलांचल एक्सप्रेस से यूपी जाना था। इससे वह परिजनों के साथ एस्केलेटर के माध्यम से प्लेटफार्म नंबर तीन पर जा रही थी कि अचानक गिर गई। हालांकि, रेलकर्मियों ने तत्काल एस्केलेटर बंद कर दिया, लेकिन महिला के शरीर में काफी चोटे आई हैं और हाथ टूटने की आशंका है। इधर, स्टेशन ड्यूटी कर्मचारियों ने तत्काल रेलवे अस्पताल से डॉक्टर को बुलाया था। इससे महिला की मरहमपट्टी की गई। इसके बाद वह ट्रेन पर सवार होने के बजाय घर चली गई। मालूम हो कि सावधानी नहीं बरतने के कारण स्टेशन के एस्केलेटर से गिरकर पहले भी कई महिलाएं एवं बुजुर्ग जख्मी हो चुके हैं।
जमशेदपुर : दोमुहानी संगम महोत्सव 2024 को लेकर हिन्दू उत्सव समिति और उम्मीद एक अभियान की तरफ से एक प्रेसवार्ता दोमुहानी घाट सोनारी में किया गया। जिसमें मुख्य रूप से अयोध्या से आये श्री विश्वमभर दास जी महाराज, हिन्दू उत्सव समिति के संरक्षक शिवशंकर सिंह, मार्गदर्शक कन्हैया सिंह, मार्गदर्शक पूर्व आईपीएस सह भाजपा नेता राजीव रंजन, आयोजक रवि प्रकाश सिंह, सुखदेव सिंह सहित अन्य उपस्थित थे। (जारी…)
इस मौके पर संस्था के ओर से सभी ने संयुक्त रूप से कहा कि आगामी 13-14 जनवरी को दोमुहानी घाट पर भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन 13 जनवरी को होगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री विद्युत वरण महतो जी के साथ पर्यावरण विद् के रूप में पद्म श्री जमुना टुडु जी एवं खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के सदस्य एवं नदियों पर शोध का विशेष अनुभव रखने वाले श्री मनोज कुमार सिंह जी उपस्थित रहेंगे। (जारी…)
उद्घाटन के बाद कार्यक्रम में पर्यावरण पर एक विशेष सत्र में उपस्थित अतिथि अपना अनुभव साझा करेंगे। पर्यावरण पर चर्चा के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम में छऊ नृत्य एवं अपने शहर के जाने माने लोक गायक श्री अभिषेक पाठक जी, बोलीवुड के गायक श्री अरुण देव यादव जी एवं लोक गायक सोनू सिंह दुलरुआ की प्रस्तुति होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही समाज व धर्म क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। (जारी…)
14 जनवरी को भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत नदी पूजन एवं अभिषेक के साथ होगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के माननीय कृषि मंत्री श्री अर्जुन मुंडा जी, झारखंड सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता जी एवं ईचागढ़ विधानसभा की माननीय विधायक श्रीमती सविता महतो जी उपस्थित रहेंगी। आरती से पूर्व ओड़िशा से एक नृत्य ग्रुप की प्रस्तुति होगी। इस नृत्य कि विशेष आकर्षण गंगा जी की धरती पर अवतरण का नृत्य रूपांतरण होगा। नृत्य के पश्चात गंगा स्वरूपा मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती होगी।
आरती स्थल 5100 दियों से जगमगाएगा
भव्य गंगा आरती के दिन आयोजन समिति द्वारा नदी तट पर दीपोत्सव का भी कार्यक्रम है जिसमे कार्यकर्ताओं द्वारा 5100 दीपों से नदी तट को सजाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोगों के उपस्थित होने की संभावना है। मौके पर सोनू ठाकुर, हेमंत सिंह, अभिषेक, अभिमन्यु प्रताप, कल्याणी पाठक, इंद्रजीत, नीलेश पांडेय, यश दुर्गे, अमर सिंह, संतोषी साहू, शशि सिंह, दुर्गा देवी इत्यादि उपस्थित रहें।
जमशेदपुर : भाजपा नेता अभय सिंह एवम उनके सहयोगियों के नेतृत्व में राम जन्मभूमि कार्यक्रम के तहत आगामी 14 जनवरी 2023 संध्या 3:30 बजे राजस्थान धर्मशाला मानगो से बबुआ सिंह अखाड़ा बजरंगबली मंदिर तक भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें हिंदूवादी संगठन, राम भक्त सभी खुशी उत्सव मनाते हुए निकलेंगे। (जारी…)
ढोल, बाजा, नगाड़ा, झांकी, लाइट के साथ यह कार्यक्रम संपन्न होगा। जिसमें भारी संख्या में महिलाएं, बच्चे, पुरुष शामिल होंगे। यह यात्रा कार्यक्रम में राम, लक्ष्मण, वीर बजरंगबली सहित सारे किरदार होंगे साथ ही डीजे सॉन्ग भगवान राम के धुन में बजेगा। आगामी 22 जनवरी को घर-घर दीपक जले यह जानकारी भी प्रचारित प्रकाशित होगी। (जारी…)
ट्रैफिक समस्या ना हो इसके लिए भी कार्यकर्ता मुस्तैद रहेंगे। आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि 3:30 बजे से इस यात्रा में सूचना अनुसार अपने कार्यक्रम बना ले जिससे आवाजाही करते समय कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। यात्रा शांतिपूर्ण, सफलीभूत संपन्न करने के लिए सारे कार्यकर्ता भी मुस्तैदी से काम करेंगे। जिला प्रशासन से भी आग्रह किया गया है कि ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करें जिससे यह कार्यक्रम अच्छे ढंग से निष्पादित हो जाए।
जादूगोड़ा : समाज के कमज़ोर वर्ग के लोगों की सेवा करने के अभियान में लगे जादूगोड़ा के युवा समाज सेवी सह भाजपा नेता वर्धमान गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान में आये जादूगोड़ा क्षेत्र के तीन जरुरतमंद व्यक्तियों को ठण्ड से राहत के लिए कम्बल प्रदान किया। कड़ाके की ठण्ड में कम्बल पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने बताया की पिछले दिनों भाजपा नेता वर्धमान गुप्ता ने जादूगोड़ा के रंकिनी मंदिर एवं अन्य क्षेत्रों में कम्बल का वितरण किया था। इसीलिए वे लोग भी कम्बल पाने के लिए उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचे हैं। (जारी…)
वर्धमान गुप्ता ने कहा की समाज के कमज़ोर तबको के लोगों की सहायता के लिए उनके दरवाज़े हमेशा खुले हैं। आगे भी ये अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर उनके साथ समाजसेवी विकास शर्मा, हर्ष अग्रवाल, अमर सिंह, भोला महतो, मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।
जमशेदपुर : सोनारी के पंचवटी नगर के शिव मंदिर प्रांगण में पंचवटी नगर एवं बलराम बस्ती में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भारतीय जनता पार्टी सोनारी मंडल के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी जुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ झारखंड प्रदेश के संयोजक विकास सिंह के द्वारा मकर सक्रांति एवं टुसू पर्व के पूर्व स्थानीय सैकड़ो लोगों के बीच साड़ी और धोती का वितरण किया गया। मौके में उपस्थित महिलाओं के द्वारा टुसू पर्व का गीत गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। (जारी…)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा झारखंड प्रदेश की पहचान टुसू पर्व है। झारखंड प्रदेश की सांस्कृतिक को जीवित रखने के लिए उपस्थित लोगों को टुसू पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर उत्सव मनाने की बात कही। विकास सिंह ने कहा आने वाले पीढ़ी को पर्व मनाकर अपनी सांस्कृतिक पहचान लोग बताएं और सांस्कृतिक पर्व को लोग जीवित रखें इसलिए स्थानीय लोगों के बीच साड़ी और धोती का वितरण किया गया।
झारखंड प्रदेश की पहचान है टुसू , सोनारी में व्याप्त समस्याओं के लिए होगा जन आंदोलन – विकास सिंह
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों ने सोनारी पंचवटी नगर में व्याप्त समस्याओं के बारे में बताया कि आज तक कभी भी नाली की सफाई नहीं हुई है, हल्की बारिश आने में पूरे घर में नाली प्रवेश कर जाता है। कोई शासन अथवा प्रशासन का जनप्रतिनिधि पंचवटी नगर की सुद लेने वाला नहीं है। स्थानीय लोगों की समस्या सुनकर भाजपा नेता विकास सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा की टुसू पर्व के बाद सारी समस्याओं को सूचीबद्ध कर उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद भी बात नहीं बनी, समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ उपायुक्त कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। (जारी…)
साड़ी धोती वितरण के कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास सिंह, प्रशांत पोद्दार, प्रो राजीव गुप्ता, सुनील सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोनु ठाकुर, प्रदीप सिंह, नारायण प्रसाद, सतेन्द्र सिंह यादव, सरिता लाज, प्यारे लाल साह, रवि शंकर सिंह, विनोद सिंह, बिराज डे, अनिता देवी, सिमा देवी, विजय कुमार, राहुल भट्टाचार्य, नरेश प्रसाद, भोला सिंह, राहुल, नितीन, विजय सिंह, संजय प्रसाद लल्ला, सहित सैकड़ो उपस्थित हुए।