हजारीबाग : जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में शनिवार को मानवता को शर्मशार करने वाली घटना हुई है। दरअसल, थाना क्षेत्र निवासी एक अधेड़ पर पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। मामले में पीड़िता बच्ची की मां ने चौपारण थाना में लिखित आवेदन दिया है। इसके बाद चौपारण पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
बच्ची की मां के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज :
इस संबंध में थाना प्रभारी शंभु नंद ईश्वर ने बताया कि पीड़िता बच्ची की मां ने थाना में आवेदन दिया है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि ग्राम पपरो के तारकेश्वर चन्द्रवंशी ने उनकी पांच वर्षीय पुत्री के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म किया है। उक्त आवेदन के आलोक में थाना कांड संख्या 92/23 में धारा 341, 376, 506 भादवि एवं छह पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश :
इधर, इस घटना से गांव में लोगों में काफी आक्रोश है। गांव को लोगों ने आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे लोग सभ्य समाज के लिए अभिषाप के समान हैं। इसलिए इस जघन्य अपराध के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित पक्ष को इंसाफ मिल सके।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है. शुक्रवार को अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 2024 में भी सरकार बनाएगी और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे।
अमित शाह ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद तीन अहम मुद्दों जम्मू कश्मीर, पूर्वोत्तर और नक्सली समस्या का मोटे तौर पर समाधान कर दिया गया है. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करने के बाद किसी भी विदेशी ताकत ने देश के आतंरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं की है.
जनता तय करेगी कौन होगा अगला पीएम
उन्होंने आगे कहा, ‘‘जनता तय करेगी कि कौन देश का अगला प्रधानमंत्री होगा. मैंने देश के सभी हिस्सों का दौरा किया है और महसूस किया है कि भाजपा अगली सरकार बनाएगी और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे.’’
बीजेपी को मिलने वाली कुल सीटें भी बताईं
अमित शाह यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा कि 1970 के बाद पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री को लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए जनादेश मिलेगा. शाह से जब 2024 के चुनाव में राजग को मिलने वाली सीटों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह 2019 में मिली सीटों से अधिक होगी. उन्होंने मिलने वाली कुल सीट के बारे में भी बताया. अमित शाह ने कहा, ‘‘हमें (भाजपा) 303 से अधिक सीटें मिलेंगी.’’
ममता और अखिलेश का नया गठबंधन
आपको बता दें कि बीजेपी को वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अकेले ही 303 सीटें मिली थीं, जबकि एनडीए गठबंधन को 543 सदस्यीय लोकसभा में करीब 350 सीटें मिली थीं. वहीं, शुक्रवार को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर एक और बड़ी घटना हुई. दरअसल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी-नीत तृणमूल कांग्रेस और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को कहा कि दोनों दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दूरी बनाकर रखेंगे. साथ ही उन्होंने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए क्षेत्रीय पार्टियों से बातचीत करने के संकेत दिए. इसी के साथ अब महागठबंधन के बाद एक और नए गठबंधन के आसार बन रहे हैं.
जिस टुना सबर को मरणासन्न हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था उसका सफलतापूर्वक इलाज करते हुए आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि भयावह रूप से चर्म रोग से पीड़ित डुमरिया प्रखंड के दंपाबेड़ा के रहने वाले टुना सबर का मामला सामने आने के बाद उपायुक्त श्रीमती विजया जाधव ने तत्काल संज्ञान में लिया था । एक महीने से ज्यादा चले इलाज के बाद टुना को आज घर भेजा गया तो टुना के चेहरे की चमक नया जीवन मिलने की खुशियां बयां कर रही थी ।
टुना स्वस्थ होकर घर लौटेगा हमें पूर्ण विश्वास था- सिविस सर्जन
हीमोग्लोबिन निम्नतम स्तर पर तथा किसी तरह सिर्फ सांस ले रहे, चलने-फिरने में असमर्थ टुना सबर की जान बच जाये इसको लेकर सभी की संवेदना थी। सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी कहते हैं कि कि टुना की हालत ऐसी थी कि इतनी जल्दी ठीक होने का भरोसा भी किसी को नहीं था, हालांकि इलाज कर रहे चिकित्सकों की टीम ने पहले दिन से ही आश्वस्त किया था कि देर भले हो सकता है लेकिन टुना को बिल्कुल स्वस्थ हालत में घर भेजेंगे । चिकित्सकों के विश्वास एवं जिलेवासियों की दुआ से टुना सबर अब पूरी तरह स्वस्थ है ।
टुना को स्वस्थ व खुशहाल जीवन की शुभकामनायें – उपायुक्त
मुख्यधारा से दूर रहने वाले सबर जनजाति के उत्थान के प्रति जिले की उपायुक्त शुरू से संवेदनशील रहीं हैं । टुना को सदर अस्पताल में भर्ती कराने के बाद रात हो या दिन उन्होने खुद उसके स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग की । सदर अस्पताल जाकर टुना के स्वास्थ्य में प्रगति की जानकारी लेनी हो या चिकित्सकों से संपर्क में रहकर दिशा-निर्देश देना, उन्होने टुना के हालात सामान्य होने तक 24×7 इसकी निगरानी की। अब जब टुना सबर को अस्पताल से छुट्टी मिली है तो उन्होने प्रसन्नता जाहिर करते हुए टुना के स्वस्थ व खुशहाल जीवन की शुभकामनायें दी हैं। साथ ही उन्होने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी के नेतृत्व में टुना का इलाज कर रहे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पूरी टीम को बधाई दी है।
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत मथुरा बगान निवासी 27 वर्षीय अभिषेक कुमार ने अपने घर के बाथरुम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को इसकी जानकारी तब हुई जब अभिषेक काफी देर तक बाथरुम से बाहर नही निकला। परिजनों ने दरवाजा ठकठकाते हुए उसे बाहर से अवाज भी लगाई पर अभिषेक ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद परिजनों ने बाथरुम का दरवाजा तोड़ा तो पाया कि अभिषेक फंदे से लटका हुआ है।
उसने बाथरुम के एसबेस्टस में लगे लोहे के पाइप से गमछे के सहारे फांसी लगाई। घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारने की तैयारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक ट्रांस्पोर्ट में काम करता था वह घर में एकलौता था, बहन की शादी हो चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक ने स्मॉल क्रेडिटबी एप से ₹10000 का लोन लिया था जिसको उसने चुकता कर दिया उसके बावजूद भी लोन कंपनी वाले उसे बार-बार परेशान कर रहे थे और 70 से ₹80000 की देने की डिमांड कर रहे थे।
लोन एप वालों ने अभिषेक के परिजन और उसके दोस्तों को भी कॉल करना शुरू कर दिया था और पैसा ना देने पर धमकी भी देने लगे। जिसको लेकर अभिषेक परेशान रहता था। उसने व्हाट्सएप पर एक मैसेज लिख कर अपने सभी दोस्तों को पैसे ना देने की अपील की थी और उसमें यह लिखा था कि उसका मोबाइल फोन किसी ने हैक कर लिया है।
नई दिल्ली के इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च सेंटर में इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स (मोटे अनाज) वर्ष 2023 के ग्लोबल कांफ्रेस का आयोजन हुआ। जिसका लाइव प्रसारण जिला के सभी प्रखण्डों में कृषि विभाग एवं आत्मा के प्रसार कर्मी के सहयोग से कृषकों को दिखाया गया । इसमें बताया गया कि भारत सरकार के प्रस्ताव एवं प्रयासों के बाद संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित किया गया है।
कांफ्रेस में वक्ताओं ने कहा मिलेट्स सिर्फ खेती करने और खाने तक ही सीमित नहीं है। मिलेट्स अब लोगोें के लिए रोजगार का जरिया बन रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रहा है। भारत विश्व में मिलेट्स उत्पादन में प्रथम स्थान रखता है। ग्लोबल कांफ्रेस के माध्यम से मिलेट्स को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने एवं हमारे यहाँ के किसानों को विश्व बाजार के हिसाब से अपनी तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित करने का यह एक अच्छा अवसर है। मिलेट्स की उपयोगिता, उत्पादन एवं विपणन को आम जनमानस के बीच में बढ़ावा देने हेतु इस कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से लाइव प्रसारण 200 से अधिक किसानों ने देखा।
कृषि विभाग अन्तर्गत आत्मा संस्थान द्वारा मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती करने के लिए एवं इससे तैयार होने वाले मूल्य सवंर्धित सामग्री की जानकारी किसानों को विभिन्न कृषक गोष्ठी एवं बैठकों के माध्यम से दी जा रही है।
गोड्डा: ओडिशा की एक लड़की को बिहार के एक लड़के से हैदराबाद में प्यार हुआ। लेकिन बदले में उसे धोखा मिला और उसके प्रेमी ने उसे झारखंड के गोड्डा लाकर उसकी हत्या कर दी। कहानी बिल्कुल फिल्मी है, लेकिन इसे हकिकत में अंजाम दिया गया है। गोड्डा के देवहाड़ थाना पुलिस को 12 मार्च को सुंदरमारी नदी से एक कटा हुआ हाथ मिला था। बाद में जब उन्होंने इस मामले की जांच की गई और स्वान दस्ते को लगया है तो, 14 मार्च को सिर और फिर शव के बाकी हिस्से भी बरामद किए गए। इस बाद जब पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया तो हैरान कर देने वाले खुलासे हुए। इस पूरे मामले में गोड्डा पुलिस को पहली लीड शव के साथ ही मिली। शव का सिर जिस पॉलिथीन में मिला था वह हैदराबाद का था पुलिस ने इसी को आधार बना कर अपनी जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि जिस लड़की की हत्या की गई है वह ओडिशा की रहने वाली है और उसका नाम देविका है। पुलिस के अनुसार देविका को हैदराबाद में रहने के दौरान बिहार के बांका जिले के रहने वाले संजय नाम के युवक से प्यार हो गया। चार साल पहले इन्होंने शादी भी कर ली। हालांकि जब देविका को पता चला कि संजय शादी शुदा है उसी वक्त से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
लगातार विवाद और लड़ाई झगड़े से तंग आकर संजय ने देविका को अपने रास्ते से हटाने का सोचा और फिर अपनी पहली पत्नी के साथ मिलकर देविका की हत्या की साजिश रची। इसी साजिश के तहत उसने देविका को हैदराबाद से अपनी साली के घर गोड्डा के सुंदरमारा ले आया। 12 मार्च 2023 की शाम को वह देविका को नदी किनारे घुमाने ले गया और वहीं पर उसके सिर पर वार कर उसे पहले उसे जख्मी किया फिर जब वह बेहोश हो गई को उसकी हत्या कर दी। शव की पहचान ना हो सके इसलिए उसने सिर को धड़ से अलग कर दिया और हाथ काट डाले और कुछ हिस्से को जला भी दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी संजय की पत्नी और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं संजय की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने इस मामले की सूचना ओडिशा में रहने वाले देविका के भाई को भी दे दी है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए सामन में ब्लेड, कुदाल, पॉलिथीन और दो मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तोशखाना मामले में पेशी के लिए इमरान खान सैंकड़ों समर्थकों के साथ लाहौर से इस्लामाबाद की ओर निकले। इस दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गई। हादसे के बाद कई गाड़ियां सड़क पर पलट गई। कई लोग जख्मी हो गए हैं। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम भी लग गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस हादसे में इमरान खान को चोट नहीं आई है। वह बाल-बाल बचे हैं। हादसे के बाद इमरान ने वीडियो जारी किया है।
दरअसल, तोशखाना केस में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान आज सुबह लाहौर से इस्लामाबाद के लिए रवाना हुए थे। उन्हें इस्लामाबाद जिला सत्र न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया गया है। सुनवाई आज दोपहर बाद शुरू होनी है। इससे पहले भी तोशखाना केस में इमरान को कई बार पेश होने के लिए आदेश दिया गया था लेकिन, वह पेशी के लिए कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके थे।
काफिला हादसे का शिकार
जब इमरान खान इस्लामाबाद जा रहे थे, तो इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में काफिला मौजूद था। सड़क मार्ग से जाते हुए काफिले की गाड़ियां बेकाबू होकर आपस में टकरा गई। इससे बड़ा हादसा हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायलों की संख्या 3 बताई जा रही है। हालांकि, इमरान खान इस हादसे में बाल-बाल बच गए हैं।
इस्लामाबाद में चप्पे-चप्पे पर पुलिस सुरक्षा
उधर, इमरान खान की पेशी को लेकर कोई बवाल न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के खास बंदोबस्त किए गए हैं। इस्लामाबाद शहर में शुक्रवार रात से ही धारा 144 लागू कर दी गई है।
इमरान ने जारी किया वीडियो
इमरान खान ने हादसे के बाद अपने वीडियो संदेश कहा, “मैं सरकार के इरादों को जानता हूं, जो ‘कानून के शासन’ में नहीं बल्कि मुझे गिरफ्तार करने के लिए उनका विश्वास था। मैं अदालत जा रहा हूं यह जानते हुए कि वे मुझे गिरफ्तार कर लेंगे। मैं कानून के शासन में विश्वास करता हूं लेकिन सरकार नहीं करती है।
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर से दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाए चोर की पति-पत्नी ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर डाली है। घटना शनिवार सुबह की है. मृतक चोर की पहचान लेलको गोप के रूप में हुई है, जो शिवनारायण पुर का ही रहनेवाला है। वह पूर्व में भी चोरी के आरोप में जेल जा चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक को शिवनारायण पुर के ही रहने वाले ट्रेक्टर मालिक पुटूरु टुडू और उसकी पत्नी ने रंगे हाथ बैटरी चोरी करते पकड़ा, और लाठी डंडे से मार-पीट कर उसे अधमरा कर दिया। फिर उसे ट्रेक्टर में बांधकर दुबारा पीट-पीट कर मार डाला। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस सुबह करीब 8:00 बजे घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर अपने साथ थाना ले आई है। जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद बस्ती में आक्रोश व्याप्त है।
जमशेदपुर/मऊ : उत्तर प्रदेश के ईनामी अपराधी अनुज कन्नौजिया और उसकी पत्नी को सिमकार्ड देने वाले उसके सहयोगी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने जमशेदपुर के परसुडीह बारीगोड़ा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। यहीं से पुलिस ने उनकी पत्नी रीना राय को भी गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार व्यक्ति शिवरतन रजक है, जो बारीगोड़ा का रहने वाला है। बताया जाता है कि अनुज कन्नौजिया की तलाश पांच साल से उत्तर प्रदेश की पुलिस कर रही है। पकड़ा गया शिवरतन रजक टाटा मोटर्स के फाउंड्री डिवीजन में बाइसिक्स कर्मचारी है और वह शार्प शूटर का रिश्तेदार है। सूत्र बताते है कि वह साला लगता है।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंकाउंटर फार्मूला के डर से वह और उसकी पत्नी और रिश्तेदार भागे हुए थे, जो जमशेदपुर में ही शरण लिये हुए थे। अनुज कन्नौजिया पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी है और शार्प शूटर भी रहा है। उसकी पत्नी रीना राय की तलाश वहां की पुलिस कर रही थी, जिसका मोबाइल लोकेशन बारीगोड़ा मिला था, जिसके बाद पुलिस ने उस तक पहुंची और सिम कार्ड मुहैया कराने वाले उसके रिश्तेदार श्री रजक को भी गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि अनुज कन्नौजिया और उसकी पत्नी को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश की मऊ पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। लेकिन उसका सिम लगातार बदलता रहा है।
बताया जाता है कि जो सिम कार्ड उसको मिलता रहा है, वह शिवरतन रजक ही मुहैया कराता था, जिसके माध्यम से वह रंगदारी वसूलता था। बताया जाता है कि जो सिमकार्ड से रंगदारी मांगी गयी थी, वह झारखंड के जमशेदपुर से जारी की गयी थी, जिसके माध्यम से हीरनपुर गांव निवासी भोलानाथ इंटर कॉलेज के मैनेजर हंसनाथ यादव से एक लाख रुपये रंगदारी मांगी गयी थी। इस मामले में केस दर्ज है. पुलिस ने काफी तकनीकी तरीके से छानबीन की, जिसके बाद शिवरतन रजक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसको मऊ पुलिस ले गयी।
मऊ थाना के सब इंस्पेक्टर कमला पटेल और उनकी टीम यहां आयी थी और उसको पकड़कर ले गयी। शिवरतन रजक अनुज कन्नौजिया का रिश्तेदार है और यहां से सिमकार्ड मुहैया कराता था। उत्तर प्रदेश के मऊ जिला के चिरैयाकोट क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर अनुज कन्नौजिया पिछले पांच साल से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ पुलिस ने ईनाम घोषित कर रखा है। 28 फरवरी को चिरैयाकोट क्षेत्र के हिरनपुर कमथरी निवासी हंसनाथ यादव ने अनुज कन्नौजिया, उसकी पत्नी रीना राय और उसके अन्य रिश्तेदार के खिलाफ रंगदारी का केस दर्ज कराया था।
इसके बाद पुलिस ने रीना राय को भी झारखंड से ही गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेरी पर मऊ जिले के थाना चिरैया कोट के उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल, हेड कांस्टेबल दिलीप पटेल, कांस्टेबल रिंकू कुमार, महिला कांस्टेबल प्रभावती और सरोज के साथ छापामारी कर गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसको जमशेदपुर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस लेकर चली गयी। मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना के थानाअद्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर झारखंड के जमशेदपुर के बारीगोड़ा में दबिश देकर अनुज कन्नौजिया की पत्नी रीना राय को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है।
गुमला : धान कूटने वाली मशीन के संपर्क में आने से एक महिला का सर धड़ से अलग हो गया है। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के केंदटोली गांव की 40 वर्षीय नैहरी देवी शुक्रवार को धान कूटने वाली मशीन लाकर धान कुटवा रही थी। इसी दौरान नैहरी का दुपट्टा मशीन की चक्की में फंस गया और नैहरी का सर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना घाघरा थाना को दी।
काम शुरू होने के साथ ही जिंदगी खत्म
खबर मिलने के बाद थानेदार अमित कुमार चौधरी व एसआई अभिषेक कुमार घटनास्थल पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। धान कुटने वाले ने बताया कि धान कुटना प्रारंभ हुआ ही था कि महिला मशीन की चपेट में आ गई।
धान कूटने के लिए भाड़े पर मंगाई थी मशीन
घटना के बाद परिजनों व गांव में मातम का माहौल है। इस संबंध में थानेदार अमित कुमार चौधरी से पूछने पर उन्होंने कहा पति रामलाल भगत व पत्नी नैहरी दोनों ने धान कूटने के लिए मशीन भाड़े पर मंगाया था। दोनों मिलकर धान कूटवाना प्रारंभ किया ही था कि इसी दौरान नैहरी का दुपट्टा मशीन के चक्की में फंस गया और महिला पूरी तरह से मशीन की चपेट में आ गई जिससे महिला का सर धड़ से अलग हो गया।
मशीन से होते रहे हैं कई हादसे
हालांकि, ऐसी घटनाएं समय-समय पर सामने आती हैं। कभी साड़ी का पल्लू, तो कभी दुपट्टा या चुनरी फंसकर महिलाओं की दर्दनाक मौत हो जाती है। ऐसे में इस तरह के काम में और अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। बता दें कि इस मशीन की बनावट कुछ ऐसी होती है जिससे कि धान के दाने में से मिट्टी के छोटे-छोटे कण और धूल बाहर गिर जाते हैं।
धान की कुटाई घास-फूस तथा पुआल को निकाल रबर के सहारे होती है, जिसमें चावल के ऊपरी परत ब्रान को हटाया जाता है। इसे मवेशियों को चारा के साथ मिलाकर खिलाने के काम आता है। साथ ही, रिफाइंड तेल व कई खाद्य पदार्थो में राइस ब्रान का प्रयोग कंपनियों द्वारा किया जा रहा है। वहीं, धान का बाहरी हिस्सा भूसी जलावन के काम आ जाता है।